Connect with us

खेल

जूनियर नेशनल बास्केटबॉल : छत्तीसगढ़ की बेटियों ने जीता गोल्ड मेडल, फाइनल में केरल को दी शिकस्त

Published

on

राजनांदगांव। पंडुचेरी में बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) द्वारा पंडुचेरी बास्केटबॉल एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित जूनियर नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की बालिका टीम ने इतिहास रच दिया है। छत्तीसगढ़ की बेटियों ने अपने अदम्य साहस और उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में केरल की मजबूत टीम को बेहद रोमांचक संघर्ष में 55-51 अंकों से परास्त कर स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) पर कब्जा जमाया।
खिताबी मुकाबले में छत्तीसगढ़ की ओर से दिव्या रंगारी ने शानदार खेल दिखाते हुए सर्वाधिक 22 अंक बटोरे। वहीं कप्तान अंजलि कोडापे ने 14 अंक, रूमी कोनवर और अंजनी ने 7-7 अंक, अदिति कोडापे ने 3 अंक तथा सारा सिंह ने 2 अंक का योगदान देकर टीम की जीत में महती भूमिका निभाई। मैच के दौरान सोफी सिका एवं नंदनी माधो प्रधान का भी रक्षात्मक और आक्रामक प्रदर्शन सराहनीय रहा।
स्वर्ण पदक के सफर में छत्तीसगढ़ की टीम का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा। टीम ने सेमीफाइनल के कड़े मुकाबले में कर्नाटक को 67-62 से मात देकर फाइनल का टिकट कटाया था। इससे पहले मर्टर फाइनल मैच में छत्तीसगढ़ ने महाराष्ट्र की टीम को एकतरफा मुकाबले में 56-44 अंकों से धूल चटाई थी। लीग मैचों में भी छत्तीसगढ़ ने उलटफेर करते हुए पिछले कई सालों से लगातार गोल्ड मेडल जीत रही तमिलनाडु और कर्नाटक जैसी दिग्गज टीमों को शिकस्त दी थी।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश बास्केटबॉल संघ में आपसी विवाद होने के कारण बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया ने यहां के खिलाड़ियों के भविष्य को देखते हुए एक एड हॉक कमेटी (तदर्थ समिति) बनाई है। इस राष्ट्रीय समिति ने बिना किसी स्थानीय पक्षपात और दखल के प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया।
इस टीम को बीएफआई की चयन समिति के चेयरमैन शक्ति सिंह गोहिल और देश के दिग्गज बास्केटबॉल खिलाड़ी रहे ध्यानचंद अवार्ड (लाइफटाइम अचीवमेंट) से सम्मानित रामकुमार ने मिलकर चुना था। रामकुमार भारतीय टीम के कप्तान, रेलवे के कप्तान, कोच, चयनकर्ता और खेलो इंडिया टैलेंट आइडेंटिफिकेशन कमेटी के सदस्य भी हैं। निष्पक्ष चयन का ही नतीजा रहा कि वर्षों बाद छत्तीसगढ़ की टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर ऐसा उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विजेता छत्तीसगढ़ की बालिका टीम में राजनांदगांव के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। टीम की रीढ़ माने जाने वाली खिलाड़ी अंजलि कोडापे (कप्तान), अदिति कोडापे, अंजनी, रूमी कोनवर, सोफी सिका और नंदनी माधो प्रधान राजनांदगांव की सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल एकेडमी की छात्राएं हैं। ये सभी खिलाड़ी दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) राजनांदगांव में पढ़ती हैं, जहां स्कूल प्रबंधन ने खेल को बढ़ावा देने के लिए इन्हें निःशुल्क प्रवेश दिया है।
अंजलि कोडापे (कप्तान), अदिति कोडापे, अंजनी, रूमी कोनवर, सोफी सिका, नंदनी माधो प्रधान (सभी सर्वज्ञ राव एकेडमी राजनांदगांव), नताशा प्रजापति (साई ट्रेनिंग सेंटर राजनांदगांव), दिव्या रंगारी (महासमुंद), पारूल वर्मा व नित्या पांडे (रायपुर), कलश झा एवं सारा सिंह (भिलाई), टीम के मुख्य कोच अंतर्राष्ट्रीय कोच कालवा राजेश्वर राव, सहायक कोच लुमेंद्र साहू (एसईसीआर) और टीम मैनेजर अनीता तिर्की (सरगुजा) रहीं। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त किया है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खेल

राज्य स्तरीय शालेय हॉकी में गुरुनानक स्कूल का जलवा, दुर्ग संभाग बना ओवरऑल चैंपियन

Published

on

राजनांदगांव। जशपुर में 26 से 29 जुलाई तक आयोजित 26वीं राज्यस्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता में गुरुनानक हायर सेकेंडरी स्कूल, राजनांदगांव के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खिलाड़ियों के दमदार खेल की बदौलत दुर्ग संभाग ने हॉकी स्पर्धा में ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता में प्रदेश के दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर और सरगुजा संभागों की टीमों ने हिस्सा लिया। हॉकी के अंडर-15 बालक, अंडर-17 बालक और अंडर-17 बालिका वर्ग में दुर्ग संभाग की टीम ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए सभी मुकाबले 8 से 10 गोल के बड़े अंतर से जीतकर तीनों वर्गों का खिताब अपने नाम किया।
इस सफलता में गुरुनानक हायर सेकेंडरी स्कूल के अनुराज श्रीवास्तव, योगेश द्विवेदी, अशोक मेहरा, अभिनव मिश्रा और महिमा यादव की अहम भूमिका रही। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासित और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीमों पर अपना दबदबा बनाए रखा।
टीम की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रभास बघेल, गुरुनानक हायर सेकेंडरी स्कूल के डायरेक्टर जरनैल सिंह भाटिया, जिला खेल अधिकारी देवेंद्र ठाकुर, जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, सचिव शिवनारायण धकेता, भूषण साव, नीलमचंद जैन सहित खेल एवं शिक्षा जगत से जुड़े पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Continue Reading

खेल

कॉमनवेल्थ रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव के घर पहुंचे महापौर, परिवार को दी बधाई

Published

on

राजनांदगांव। कॉमनवेल्थ प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर जिले, प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाने वाली युवा खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव के निवास पर महापौर एवं पूर्व सांसद मधुसूदन यादव पहुंचे। उन्होंने ज्ञानेश्वरी के माता-पिता दुर्गा यादव और दीपक यादव से मुलाकात कर उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी तथा परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि ज्ञानेश्वरी की सफलता पूरे राजनांदगांव और छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के दम पर ज्ञानेश्वरी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में वह भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रचेंगी।

परिवार से चर्चा के दौरान महापौर ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए समाज और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे हर कदम पर उनका साथ दें। उन्होंने आश्वासन दिया कि ज्ञानेश्वरी के खेल जीवन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

ज्ञानेश्वरी के माता-पिता ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा परिवार के अभिभावक की तरह सहयोग और प्रोत्साहन दिया है। इस पर महापौर ने कहा कि ज्ञानेश्वरी उनके लिए केवल खिलाड़ी नहीं, बल्कि परिवार की सदस्य के समान हैं और वे आगे भी हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे।

इस दौरान महापौर ने वीडियो कॉल के माध्यम से ज्ञानेश्वरी यादव से बातचीत कर रजत पदक जीतने पर बधाई दी और आगामी प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य के साथ निरंतर अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। वहीं छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी वीडियो कॉल पर ज्ञानेश्वरी के माता-पिता से चर्चा कर खिलाड़ी को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में भाजपा उत्तर मंडल अध्यक्ष सुमित भाटिया, प्रदेश युवा मोर्चा मंत्री मोनू बहादुर, पार्षद सेवक उइके, पार्षद डूरेण साहू, जिला खेल संघ अध्यक्ष विवेक मोनू भंडारी, युवा मोर्चा महामंत्री ऋभय रीत यादव, मोहम्मद अयाज, निखिल सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Continue Reading

खेल

योगासन खेल स्पर्धा में योगशाला का जलवा : आठ खिलाड़ियों का संभागीय शालेय स्पर्धा के लिए चयन

Published

on

राजनांदगांव। नीरज पेरेंट्स प्राइड स्कूल, बलदेव बाग एवं योगशाला प्रशिक्षण संस्थान अनुपम नगर के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के आठ खिलाड़ियों का चयन संभाग स्तरीय शालेय योगासन खेल स्पर्धा के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 5 अगस्त को बालक वर्ग और 6 अगस्त को बालिका वर्ग में राजनांदगांव में आयोजित होगी।
विद्यालय के चयनित खिलाड़ी ट्रेडिशनल, आर्टिस्टिक एवं रिदमिक योगासन स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। ट्रेडिशनल सिंगल 14 वर्ष आयु बालक वर्ग पार्थ पारधी, बालिका वर्ग में खुशी सिन्हा, ट्रेडिशनल सिंगल इवेंट 17 वर्ष बालक आयु वर्ग में यशस्व ठाकुर, आर्टिस्टिक सिंगल 14 वर्ष आयु बालिका वर्ग प्रियांशी सिंह, आर्टिस्टिक पेयर 14 वर्ष आयु बालिका वर्ग में खुशी सिन्हा एवं देवांशी साहू, रिदमिक पेयर 14 वर्ष आयु बालिका वर्ग में समृद्धि विश्वकर्मा एवं दीक्षा सिन्हा, रिदमिक पेयर 14 वर्ष आयु बालक वर्ग में पार्थ पारधी एवं हरीश वर्मा संभाग स्तरीय शालेय योगासन खेल स्पर्धा के लिए अपने उत्कृष्ट खेल कौशल के आधार पर चयन हुआ हैं। खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय परिवार, योग प्रशिक्षण संस्थान, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है।
विद्यालय प्रबंधन एवं योग प्रशिक्षकों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया किए वे संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, योग प्रशिक्षण संस्थान तथा राजनांदगांव जिले का नाम गौरवान्वित करेंगे। विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य एवं प्रतियोगिता में सफलता की कामना की है।

Continue Reading

Trending