Connect with us

राजनांदगांव

कलेक्टर एवं एसपी ने शहर में पार्किंग व्यवस्था, आवागमन सुविधा, यातायात व्यवस्था के दृष्टिगत ठेला वाले, पसरा, घुुमंतु ठेला, ई-रिक्शा, फुटकर व्यापारी, ऑटोवाले तथा चेम्बर ऑफ कामर्स के प्रतिनिधियों की ली बैठक

Published

on

राजनांदगांव। कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में शहर में पार्किंग व्यवस्था, आवागमन सुविधा, यातायात व्यवस्था के दृष्टिगत ठेला वाले, पसरा, घुुमंतु ठेला, ई-रिक्शा, फुटकर व्यापारी, ऑटोवाले तथा चेम्बर ऑफ कामर्स के प्रतिनिधियों की बैठक ली तथा बेतरतीब पार्किंग व्यवस्था को सुधारने के लिए मंथन किया गया। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि शहर हमारा है और हमारी यह सामूहिक जिम्मेदारी है कि व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने कहा कि ठेला लगाने के लिए एक निर्धारित स्थान की व्यवस्था की जा रही है। शहर के ऐसे स्थान जहां ज्यादा भीड़ होती है, वहां व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लाई ओव्हर के नीचे पार्किंग की व्यवस्था होगी। साथ ही फ्लाई ओव्हर के नीचे ठेलेवालों के लिए निर्धारित स्थल पर दुकान लगाएंगे। उन्होंने कहा कि दीपावली त्यौहार को ध्यान में रखते हुए सभी पसरा वाले निर्धारित स्थानों में अपनी दुकान लगाएंगे। उन्होंने कहा कि गुरूनानक चौक, मण्डी के पीछे, फ्लाई ओव्हर के नीचे पार्किंग की व्यवस्था रहेगी, जिस पर सभी ने सहमति जतायी। गंज चौक, भारत माता चौक से चार पहिया वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घुमंतु ठेलेवाले एक निर्धारित स्थान पर अपना स्थायी ठेला लगाएंगे। छोटी-छोटी गलियों में कार, ई-रिक्शा एवं अन्य चार पहिया वाहन वन वे में चलेंगे। उन्होंने कहा कि मार्केट में सुबह 10 बजे से लेकर रात्रि 9 बजे तक चार पहिया वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। ऐसे वाहन जो निर्धारित लाईन में नहीं रहेंगे। उनका चालान काटने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेम्बर ऑफ कामर्स के प्रतिनिधियों से कहा कि ऐसे स्थान जहां ज्यादा भीड़ होती है, वहां कुछ वालिंटियर की ड्यूटी लगाएं।
पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने कहा कि मार्केट को ज्यादा फैलाने पर अव्यवस्था होगी और पार्किंग भी फैलेगी। जिससे ग्राहकों एवं उपभोक्ताओं को आवागमन में असुविधा होगी। उन्होंने कहा कि दीपावली त्यौहार को ध्यान में रखते हुए फ्लाई ओव्हर के नीचे पार्किंग के लिए स्थान निर्धारित कर रहे हैं तथा वहीं ठेला लगाने के लिए भी एक निर्धारित स्थान रहेगा। इसके साथ ही गुरूद्वारे के पास भी ठेला लगाने के लिए एक निश्चित स्थान होगा। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन नहीं करने तथा अव्यवस्था की स्थिति बनने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और चालान काटने एवं रोकने की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। कोई भी ठेला वाले नियमों में ढिलाई नहीं बरतेंगे। व्यवस्था बनाये रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर निगम द्वारा बनाये गए सफेद पट्टी को पार करके गाड़ी रखने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसमें उपभोक्ताओं के साथ ही दुकानदारों पर भी चालानी कार्रवाई की जाएगी। सभी को नियमों का पालन करना होगा। सुबह 10 बजे से लेकर रात्रि 9 बजे तक मार्केट में चार पहिया वाहन प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं एवं वाहनों का आवागमन बाधित नहीं हो, इसके लिए दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए एक सप्ताह के लिए ऐसी व्यवस्था की जा रही है। यदि इससे अच्छी व्यवस्था बनी रही तो बाद में इस तरह की व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पसरा लगाने वालों के लिए दिन निर्धारित होना चाहिए।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता ने कहा कि सभी दुकानदार पसरा कहीं और शिफ्ट करें, ताकि लोगों को आने-जाने में असुविधा नहीं हो। बड़े दुकानदार पार्किंग की व्यवस्था के लिए निर्धारित स्थान को अन्य कार्य के लिए उपयोग नहीं करें। उन्होंने कहा कि मार्केट में वाहन नहीं रखें, इसके स्थान पर फ्लाई ओव्हर के नीचे रखें, जिससे यातायात का दवाब कम होगा। उन्होंने कहा कि नैतिक कर्तव्य समझते हुए पार्किंग के कार्य को अन्य कार्य में उपयोग नहीं करें तथा अनुशासन में रहते हुए यातायात के नियमों का पालन करें। पार्षदगणों ने कहा कि सभी छोटे व फुटकर व्यावायियों के व्यापार का अहित नहीं हो। आपस में मिलकर समस्या के समाधान करने की आवश्यकता है। इस दौरान सभी ठेले, पसरा फुटकर व्यापारियों से व्यवस्था सुधारने के लिए गहन चर्चा की गई। सभी ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर पार्षदगण किशुन यदु, राजा माखीजा, पवन डागा, शरद सिन्हा, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा, एसडीएम अतुल विश्वकर्मा, चेम्बर ऑफ कामर्स के प्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, ठेला वाले, पसरा, घुुमंतु ठेला, ई-रिक्शा, फुटकर व्यापारी, ऑटोवाले उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि दीपावली पर्व के मद्देनजर गुड़ाखू लाईन, सिनेमा लाईन, मानव मंदिर, जय स्तंभ चौक, कामठी लाईन के सभी व्यापारियों, फल ठेला संचालकों, मिट्टी के बर्तन बेचने वाले, पसरा वाले, आटो एवं ई-रिक्शा चालकों का बैठक लेकर शहर में यातायात एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। सभी व्यापारियों को दुकान के सामने फ्लैक्स एवं सामान बाहर नहीं निकालने समझाईश दिया गया। सभी ठेलों में फल बेचने वालों के लिए गुरूद्वारा के पीछे शिवाजी पार्क के पास ठेला लगाने का निर्णय लिया गया। जय स्तंभ चौक के बीच में लगाने वाले वाहनों का पार्किंग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। 22 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2024 तक शाम 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक शहर के भगत सिंह चौक, महावीर चौक, भारत माता चौक, गांधी चौक, पेस्ट ऑफिस चौक से सभी ई-रिक्शा, ऑटो, चार पहिया वाहनों एवं कारों का शहर के भीतर प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही 27 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2024 तक समय सुबह 10 से रात्रि 9 बजे तक सभी ई-रिक्शा, ऑटो, चारपहिया वाहनों एवं कारों का शहर के भीतर फौव्वारा चौक, महावीर चौक, भगत सिंह चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, तिरंगा चौक, भारत माता चौक, गांधी चौक से प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। दुकान के बाहर 5 फीट सफेद पट्टी जिनके भीतर वाहनों को खड़े करना होगा। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र से शहर में खरीददारी करने वाले सभी दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों का पार्किंग फ्लाईओव्हर के नीचे पोस्ट ऑफिस से गुरूनानक चौक तक, पुराना गंज मंडी, पुत्री शाला स्कूल रहेगा। गंज चौक की ओर से आने वाले सभी वाहनों का पार्किंग पुराना गंज मंडी एवं गुरूद्वारा के तरफ से आने वाले दुपहिया वाहनों की पार्किंग पुत्री शाला स्कूल एवं चार पहिया वाहनों की पार्किंग फ्लाई ओव्हर के नीचे, महावीर चौक से आने वाले वाहनों की पार्किंग महावीर चौक के दोनों ओर फ्लाई ओव्हर के नीचे की जायेगी।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ, जिला साहू संघ ने गुरू पूर्णिमा पर किया पौधरोपण

Published

on

राजनांदगांव। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कबीर कुटीर सुंदरा में जिला साहू संघ राजनांदगांव द्वारा पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान को समर्पित एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ जिला साहू संघ के जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए जिलेभर में इस जनअभियान को व्यापक रूप से चलाने की घोषणा की।
जिला साहू संघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान मातृत्व के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण का अनूठा संगम है। उन्होंने बताया कि जिला साहू संघ इस अभियान को जिले के प्रत्येक गांव, परिक्षेत्र और तहसील स्तर तक पहुंचाएगा। समाज के सभी पदाधिकारियों एवं युवाओं को इस अभियान से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाया जाएगा, ताकि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उन्हें वृक्ष बनाने का जनआंदोलन बन सके।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक असंतुलन से निपटने का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, जिला साहू संघ के संरक्षक भागवत साहू, जिलाध्यक्ष नोबल साहू, महामंत्री नीलमणि साहू, डॉ. महेश साहू, तहसील अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, नगर अध्यक्ष राजेश साहू, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, सुंदरा सरपंच हीपेंद्र साहू, टेड़ेसरा सरपंच खिलेश्वर साहू, भेड़ीकला के पूर्व सरपंच कृष्णा साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधरोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम की जानकारी जिला साहू संघ के नव नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के सचिव परदेशी राम साहू ने दी।

Continue Reading

राजनांदगांव

आसिफ अली की पहल पर रेलवे ने हटाई नाली की दीवार, अंडरब्रिज क्षेत्र में जलनिकासी बहाल

Published

on

राजनांदगांव। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन रेलवे अंडरब्रिज के पास जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई थी। पानी निकासी बाधित होने से गंदा पानी आसपास के रहवासियों के घरों में घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
समस्या की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली ने स्टेशन प्रबंधक श्री बर्मन से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा नाली पर दीवार बना दिए जाने के कारण बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा है और लोगों के घरों में भर रहा है।
शिकायत मिलते ही स्टेशन प्रबंधक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रेलवे कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने नाली पर बनी दीवार को तोड़कर पानी निकासी की व्यवस्था बहाल कर दी, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर हो गई।
रेलवे की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय रहवासियों को राहत मिली। लोगों ने जनहित में तत्काल कदम उठाने के लिए रेलवे प्रशासन तथा समस्या को प्रमुखता से उठाने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली की सराहना की।

Continue Reading

राजनांदगांव

विपिन यादव ने संगठन सुदृढ़ीकरण के लिए की अहम नियुक्तियां, महामंत्रियों को मिली ब्लॉकों की जिम्मेदारी

Published

on

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव ने जिले में महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियां की हैं। जारी आदेश के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रितेश जैन को जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्रियों को विभिन्न ब्लॉकों का प्रभारी बनाया गया है। इसके तहत महेंद्र यादव को राजनांदगांव ग्रामीण, पंकज बांधव को घुमका, हेमंत बैष्णव को डोंगरगढ़ (ग्रामीण), राजकुमार सिन्हा को डोंगरगढ़ (शहर), रवि साहू को एलबी नगर, राजू सिंह राजपूत को छुरिया, शिशुपाल भारती को कुमरदा तथा चुम्मन साहू को डोंगरगांव ब्लॉक का प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी महामंत्री राहुल तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अनीस खान ने बताया कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाना है। नियुक्त सभी ब्लॉक प्रभारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों, अभियानों एवं संगठनात्मक गतिविधियों का अपने-अपने ब्लॉकों में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही वे अपने प्रभार क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ सतत समन्वय बनाए रखने तथा बूथ, पंचायत एवं वार्ड स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को गति देंगे। वहीं जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी रितेश जैन जिले में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समन्वय तथा कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण का दायित्व निभाएंगे।
अनीस खान ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान निरंतर जारी है। इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को अधिक सक्रिय एवं अनुशासित बनाते हुए जनता से निरंतर संवाद स्थापित करना, गांव-गांव तक कांग्रेस की पहुंच को सशक्त करना तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि आने वाले समय में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी भूमिका निभा सके।
उन्होंने बताया कि इन सभी नियुक्तियों की सूचना विधिवत छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रेषित कर दी गई है। विश्वास है कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में सभी नियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए जिले में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं गतिशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Continue Reading

Trending