Connect with us

Uncategorized

कलेक्टर ने धान उपार्जन केन्द्र तुमड़ीबोड़, कोहका और तेन्दूनाला का किया औचक निरीक्षण

Published

on

राजनांदगांव। खरीफ विवपण वर्ष 2024-25 के तहत समर्थन मूल्य पर जिले में धान खरीदी का कार्य तेजी से चल रहा है। धान उपार्जन केन्द्रों में विक्रय करने वाले किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है और इस कार्य की सतत निगरानी के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। इन नोडल अधिकारियों द्वारा धान उपार्जन केन्द्र का सतत भ्रमण कर केन्द्र में उपलब्ध धान और बारदानों का सत्यापन भी किया जा रहा है। इसी तारतम्य में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज जिले के डोंगरगांव विकासखंड के धान उपार्जन केन्द्र तुमड़ीबोड़, कोहका और तेन्दूनाला का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने समिति प्रबंधकों से धान खरीदी केन्द्र में कांटा-बांट, नामतौल, बारदाना, कम्प्यूटर सेट, प्रिंटर, रखरखाव, पेयजल, स्वास्थ्य किट, छांव, शौचालय, बायोमेट्रिक डिवाईस मशीन, मानव संसाधन सहित अन्य व्यवस्थाओं के साथ-साथ आर्द्रतामापी यंत्र के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर ने धान उपार्जन केन्द्र तुमड़ीबोड़ पहुंचकर धान विक्रय के लिए उपस्थित किसानों से चर्चा कर प्रशासन द्वारा द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। किसानों ने बताया कि इस वर्ष कई स्थानों पर माहो कीट इत्यादि लगने के कारण उत्पादन में कुछ कमी आई है। कलेक्टर ने कहा कि किसान इन उपार्जन केन्द्रों में अपने वास्तविक उपज का विक्रय सुनिश्चित करें। उन्होंने समिति प्रबंधक को कहा कि धान उपार्जन केन्द्र में किसी भी कोचियों एवं बिचौलियों से अवैध धान की खरीदी-बिक्री नहीं होनी चाहिए। ऐसा होने पर सख्त कार्रवाई करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने धान उपार्जन केन्द्र में महिलाओं कृषकों के लिए अस्थाई शौचालय बनाने के निर्देश दिए। ग्राम बाकल के कृषक टोकेश्वर साहू एवं कौशल ने बताया कि समय पर उनका धान तौलाई कर लिया गया है। इस दौरान समिति प्रबंधक ने बताया कि अब तक इस केन्द्र में 5 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है और आज 39 किसानों का टोकन वितरित किया गया है, जो आज धान विक्रय करेंगे। धान उपार्जन केन्द्र के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी वीके गणवीर को प्रतिदिन भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर संजय अग्रवाल आज डोंगरगांव के धान उपार्जन केन्द्र कोहका एवं तेन्दूनाला के औचक निरीक्षण के दौरान उपार्जित धान की गुणवत्ता, तौलाई के कार्य एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में किसानों से बातचीत की। किसानों ने धान उपार्जन केन्द्र में की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने यह भी बताया कि विगत दिनों विक्रय किए गए धान की राशि अंतरित हो गई है। कलेक्टर ने कहा कि किसान अपनी ऋण पुस्तिका किसी अन्य का न दें। उन्होंने रकबा समर्पण करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा। बताया गया कि धान उपार्जन केन्द्र तुमड़ीबोड़ में 7 किसानों का रकबा समर्पण हुआ है। वहीं धान उपार्जन केन्द्र तेन्दूनाला में 10 किसानों का रकबा समर्पण कराया गया है। धान उपार्जन केन्द्र तेन्दूनाला में 844 किसानों ने धान विक्रय के लिए अपना पंजीयन कराया है। करीब 77 किसानों ने 3 हजार 710 क्विंटल धान की बिक्री कर ली है। इस अवसर पर एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोर्राम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर 14 नवम्बर से धान खरीदी की जा रही है। कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान खरीदी किया जा रहा है। जिले में 96 धान उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से धान खरीदी की जा रही है। खरीदी केन्द्रों में विपणन संघ द्वारा पर्याप्त मात्रा में बारदाना प्रदाय किया गया है। किसानों को भुगतान शाखाओं, एटीएम, माईक्रो एटीएम एवं मोबाईल बैंकिग के माध्यम से की जा रही है। जिले में कुल 1 लाख 32 हजार 468 किसानों का पंजीयन हुआ है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Uncategorized

जिले में टीईटी परीक्षा का शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन

Published

on

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 2026 जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। परीक्षा का आयोजन जिले के कुल 45 परीक्षा केंद्रों में दो पालियों में किया गया। प्रथम पाली में कुल 8071 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 7022 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इसी प्रकार द्वितीय पाली में 13179 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 11823 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पर्यवेक्षक, उड़नदस्ता दल एवं सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। साथ ही परीक्षा की शुचिता बनाए रखने हेतु कड़ी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अनुचित गतिविधि की सूचना प्राप्त नहीं हुई। परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

Continue Reading

Uncategorized

रायपुर साहित्य महोत्सव में गूंजता रहा राजनांदगांव जिले का नाम, राजनांदगांव के रचनाकारों ने की रेखांकनीय भागीदारी

Published

on

राजनांदगांव। राजधानी रायपुर में जनसंपर्क विभाग एवं साहित्य अकादमी-रायपुर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय रायपुर साहित्य उत्सव के बहुरंगी विमर्शमयी वातावरण में राजनांदगांव जिले ने भी रेखांकनीय भागीदारी निभाकर यहां कि सृजनधर्मी परम्पराओं का सफल निर्वाहन किया। 23 से 25 जनवरी 2026 तक अटल नगर नया रायपुर के पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित इस साहित्योत्सव में एक ओर विशाल पंडालों में अलग अलग विषयों पर ख्यातिनाम लेखकों, साहित्यकारों, कवियों और संस्कृतिकर्मियों द्वारा विमर्श होते रहे, तो दूसरी ओर छत्तीसगढ़ लोकसंस्कृति, पुस्तक प्रदर्शनी, ओपन माइक, पारम्परिक व्यंजन के स्टॉल जनमानस के आकर्षण का केन्द्र रहे। संस्कारधानी राजनांदगांव के रचनाकारों ने इसमें शिरकत कर उत्सव का न केवल आनंद उठाया बल्कि संस्कारधानी का प्रतिनिधित्व भी किया।
राजनांदगांव की साहित्यिक विरासत के प्रकाश स्तंभ त्रिवेणी परिसर स्थित मुक्तिबोध स्मारक व संग्रहालय पर केंद्रित विशाल झांकी पूरे उत्सव में आकर्षण का केंद्र रही। जनसम्पर्क विभाग द्वारा बनाई गई यह कृति प्रवेश द्वार पर राजनांदगांव के साहित्य वैभव के साथ स्वागत-बिंदु थी। एक विशाल किताब के आकार में बनी इस झांकी के एक भाग में चित्रित मुक्तिबोध संग्रहालय और उसके दूसरे भाग में लिखे विवरण ने हजारों आने वाले को प्रेरित किया।
साहित्य उत्सव के प्रथम दिन राजनांदगांव के प्रख्यात इतिहासकार व साहित्यकार डॉ. चन्द्र शेखर शर्मा को छत्तीसगढ़ के साहित्यिक अवदान पर केन्दि्रत एक महत्वपूर्ण सत्र में अभिभाषण हेतु आमंत्रित किया गया था। डॉ. शर्मा ने हिंदी साहित्य के व्योम में छत्तीसगढ़ के नक्षत्र विषय पर श्याम लाल चतुर्वेदी पंडाल में अपना वक्तव्य दिया। इस सत्र में उन्होंने सूत्रधार की महती भूमिका भी निभाई। सत्र में कहानीकार डॉ. सरला शर्मा, कवि माणिक विश्वकर्मा, आलोचक डॉ. मनिकेतन प्रधान व छंद विशेषज्ञ अरूण कुमार निगम ने सहभागिता की। संस्कारधानी के डॉ. चंद्र शेखर शर्मा ने अपने वक्तव्य में राजनांदगांव के साहित्यिक योगदान के अलावा यहां के साहित्य सेवियों पर चर्चा कर पूरे पंडाल के समक्ष राजनांदगांव की मजबूत नींव का रहस्य बताया। अपने प्रवर्तन विषय हिंदी साहित्य के व्योम में छत्तीसगढ़ के नक्षत्र पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की माटी भाषाओं के प्रति उदार रही है। छत्तीसगढ़ी के साथ-साथ हिंदी भाषा और साहित्य में छतीसगढ़ और उसमें भी राजनांदगांव का योगदान उल्लेखनीय है। राजनांदगांव साहित्य की तीन अलग-अलग धाराओं के संगम के कारण हिंदी साहित्य की त्रिवेणी है। यह डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी, गजानन माधव मुक्तिबोध एवं डॉ. बल्देव प्रसाद मिश्र की प्रिय कर्मस्थली रही। गजानन माधव मुक्तिबोध ने अपने जीवन का स्वर्णिम सृजन राजनांदगांव में ही कर पाए, क्योंकि यहां उनको उनके अनुकूल परिस्थितियां मिलीं। इसी प्रकार बिलासपुर में लोचन प्रसाद पाण्डेय ने छायावाद का प्रवर्तन किया। वे छायावाद के प्रवर्तक हैं। इसी श्रृंखला में हिंदी की पहली कहानी लिखने की प्रेरणा भी इसी धरती से माधवराव सप्रे को मिली। छतीसगढ़ का योगदान हिंदी साहित्य में विशेष उल्लेखनीय है।
दूसरे दिन राजनांदगांव जिले के आमंत्रित कवियों ने सुरजीत नवदीप मंडप के मंच पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के कवियों हेतु सरस काव्य पाठ कर प्रशंसा बटोरी। इस कवि सम्मेलन का संयोजन डॉ. चन्द्र शेखर शर्मा ने किया था। संस्कारधानी राजनांदगांव के साहित्यकारों की सक्रिय भागीदारी रही। डॉ. चंद्रशेखर शर्मा के मंच संचालन में राजनांदगांव के दर्जनभर कवियों ने काव्य पाठ कर श्रोताओं को मुग्ध किया। काव्य पाठ करने वालो में डॉ. शंकर मुनि राय, अब्दुस्सलाम कौसर, प्रभात तिवारी, शत्रुघ्न सिंह राजपूत, नीलम तिवारी, डा. चंद्रशेखर शर्मा, डॉ. नीलम तिवारी, वीरेन्द्र कुमार तिवारी वीरू, अनुराग सक्सेना, ओमप्रकाश साहू अंकुर, महेन्द्र कुमार बघेल मधु, राज कुमार चौधरी रौना, डॉ. इकबाल खान, डी.आर.सिन्हा, फक¸ीर साहू शामिल थे। इस महती आयोजन में राजनांदगांव से अखिलेश तिवारी, डॉ. प्रवीण साव, सचिन निषाद, जितेंद्र कुमार पटेल, फकीर प्रसाद साहू फक्कड़, हेमलाल सहारे, लखन लाल कलामे, जसवंत मंडावी, चंचल साहू, लीलाधर सिन्हा सम्मिलित हुए।
सम्मेलन के तीसरे दिन भी नगर के रचनाकारों की सक्रिय भागीदारी रही। इस दिन आत्माराम कोसा, अखिलेश मिश्रा, मैन सिंह मौलिक, प्रभास गुप्ता आदि ने उपस्थिति दर्ज कराई। राजनांदगांव जिले की भागीदारी पर छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त कर आयोजन को सफल करने हेतु सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया है।

Continue Reading

Uncategorized

शादी का झांसा देकर महिला का दैहिक शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Published

on

राजनांदगांव। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

आरोपी गोपी श्रीवास (27 वर्ष), पिता परशुराम श्रीवास, निवासी हनुमान मंदिर के पास, तुमड़ीबोड़, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव है।

दिनांक 23 जनवरी 2026 को महिला ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि जून 2025 में उसकी तबियत खराब थी, तब उसने गोपी श्रीवास के बारे में सुना था। गोपी एक झाड़-फूंक बैगा और सेलून नाई का काम करता था। महिला ने बताया कि गोपी ने उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसे यह पता चला कि गोपी शादीशुदा है, जिसके बाद वह उसे नजरअंदाज करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा।

रिपोर्ट पर पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर, और नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेण्डर किरों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी गोपी श्रीवास को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार किया और आज उसे न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया है।

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, प्र0आर0 शम्भूनाथ द्विवेदी, आरक्षक प्रयंश सिंह, और लिलेन्द्र पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Continue Reading

Trending