Connect with us

राजनांदगांव

जिले में स्वास्थ्य अधोसंरचना को सशक्त बनाने की दिशा में किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्य

Published

on

राजनांदगांव। जिले में स्वास्थ्य अधोसंरचना को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे है। शासन स्तर से स्वीकृति उपरांत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के कार्य निर्माणाधीन एवं प्रगतिरत हैं। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने जिले के स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूती प्रदान करने के लिए निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए है। जिले के छुरिया विकासखंड में 2 करोड़ 50 लाख रूपए की लागत से नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन निर्माणाधीन है। जिससे दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचल के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। इसी प्रकार मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव में लगभग 2 करोड़ 94 लाख 55 हजार रूपए की लागत से फिजियोथेरेपी वार्ड का निर्माण किया जा रहा है। जिले में पूर्व में किसी भी प्रकार का क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल नहीं था। जिसकी मांग एवं आवश्यकता को देखते हुए 16 करोड़ 63 लाख रूपए की लागत से मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसी प्रकार विकासखंड डोंगरगढ़ एवं घुमका में 50-50 लाख रूपए की लागत से ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट निर्माण भी अंतिम चरण में है। बरसात के दिनों में जिला अस्पताल बसंतपुर में जल भराव की स्थिति बनती थी, उसे देखते हुए जिला चिकित्सालय में 3 करोड़ 56 लाख रूपए की लागत से कार्य किया जा रहा है। इसी प्रकार जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में विभिन्न प्रकार के 1 करोड़ रूपए का कार्य तथा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मोतीपुर के नवीन भवन हेतु 75 लाख की लागत से निर्माण कार्य जल्द प्रारम्भ किया जा रहा है। साथ ही साथ मेडिकल कॉलेज में 2 करोड़ 79 लाख रूपए की लागत से ट्रामा सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन तथा उप स्वास्थ्य केंद्र भवन, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बायो मेडिकल वेस्ट निपटान हेतु कार्य भी निर्माणाधीन है। जिले में स्वास्थ्य अधोसंरचनाओं में नवीन व बड़े कार्यों की स्वीकृति प्राप्त होने से आमजन को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से उपलब्ध होगी। साथ ही इन स्वास्थ्य केन्द्रों में बेहतर तकनीकी के उपकरण, मेडिकल उपकरण, लैब की व्यवस्था, मानव संसाधन की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है। वर्तमान में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत कुल 37 पद में 184 पद संख्या की भर्ती की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया की स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमलों द्वारा घर-घर जाकर आयुष्मान कार्ड सर्वे कर नवीन आयुष्मान कार्ड एवं आयुष्मान वय वंदन कार्ड बनाए जाने की कार्य में प्रगति लाई जा रही है। जिले में 94 प्रतिशत राशनकार्ड धारक हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बन गए हैं। जिले में वित्तीय वर्ष 2024-25 में राज्य स्तर से जारी विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों में प्राप्त उपलब्धियों के आधार पर जारी स्वास्थ्य सूचकांकों के रैंक में चौथे पायदान पर है। इसी प्रकार जिले को मितानिनों के मोबाइल एकेडमी कार्यक्रम में द्वितीय स्थान तथा 100 दिवसीय निश्चय निरामय कार्यक्रम में राज्य में नवीन पहल की श्रेणी में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु स्वास्थ्य मंत्री द्वारा पुरस्कृत किया गया है। स्वास्थ्य केन्द्रों की राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक सर्टिफिकेट 9 स्वास्थ्य केंद्रों द्वारा प्राप्त किए गए हैं एवं शेष स्वास्थ्य केन्द्रों में सर्टिफिकेशन प्राप्त करने हेतु आवश्यक तैयारी सुनिश्चित की जा रही है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ, जिला साहू संघ ने गुरू पूर्णिमा पर किया पौधरोपण

Published

on

राजनांदगांव। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कबीर कुटीर सुंदरा में जिला साहू संघ राजनांदगांव द्वारा पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान को समर्पित एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ जिला साहू संघ के जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए जिलेभर में इस जनअभियान को व्यापक रूप से चलाने की घोषणा की।
जिला साहू संघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान मातृत्व के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण का अनूठा संगम है। उन्होंने बताया कि जिला साहू संघ इस अभियान को जिले के प्रत्येक गांव, परिक्षेत्र और तहसील स्तर तक पहुंचाएगा। समाज के सभी पदाधिकारियों एवं युवाओं को इस अभियान से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाया जाएगा, ताकि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उन्हें वृक्ष बनाने का जनआंदोलन बन सके।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक असंतुलन से निपटने का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, जिला साहू संघ के संरक्षक भागवत साहू, जिलाध्यक्ष नोबल साहू, महामंत्री नीलमणि साहू, डॉ. महेश साहू, तहसील अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, नगर अध्यक्ष राजेश साहू, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, सुंदरा सरपंच हीपेंद्र साहू, टेड़ेसरा सरपंच खिलेश्वर साहू, भेड़ीकला के पूर्व सरपंच कृष्णा साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधरोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम की जानकारी जिला साहू संघ के नव नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के सचिव परदेशी राम साहू ने दी।

Continue Reading

राजनांदगांव

आसिफ अली की पहल पर रेलवे ने हटाई नाली की दीवार, अंडरब्रिज क्षेत्र में जलनिकासी बहाल

Published

on

राजनांदगांव। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन रेलवे अंडरब्रिज के पास जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई थी। पानी निकासी बाधित होने से गंदा पानी आसपास के रहवासियों के घरों में घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
समस्या की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली ने स्टेशन प्रबंधक श्री बर्मन से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा नाली पर दीवार बना दिए जाने के कारण बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा है और लोगों के घरों में भर रहा है।
शिकायत मिलते ही स्टेशन प्रबंधक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रेलवे कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने नाली पर बनी दीवार को तोड़कर पानी निकासी की व्यवस्था बहाल कर दी, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर हो गई।
रेलवे की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय रहवासियों को राहत मिली। लोगों ने जनहित में तत्काल कदम उठाने के लिए रेलवे प्रशासन तथा समस्या को प्रमुखता से उठाने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली की सराहना की।

Continue Reading

राजनांदगांव

विपिन यादव ने संगठन सुदृढ़ीकरण के लिए की अहम नियुक्तियां, महामंत्रियों को मिली ब्लॉकों की जिम्मेदारी

Published

on

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव ने जिले में महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियां की हैं। जारी आदेश के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रितेश जैन को जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्रियों को विभिन्न ब्लॉकों का प्रभारी बनाया गया है। इसके तहत महेंद्र यादव को राजनांदगांव ग्रामीण, पंकज बांधव को घुमका, हेमंत बैष्णव को डोंगरगढ़ (ग्रामीण), राजकुमार सिन्हा को डोंगरगढ़ (शहर), रवि साहू को एलबी नगर, राजू सिंह राजपूत को छुरिया, शिशुपाल भारती को कुमरदा तथा चुम्मन साहू को डोंगरगांव ब्लॉक का प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी महामंत्री राहुल तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अनीस खान ने बताया कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाना है। नियुक्त सभी ब्लॉक प्रभारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों, अभियानों एवं संगठनात्मक गतिविधियों का अपने-अपने ब्लॉकों में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही वे अपने प्रभार क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ सतत समन्वय बनाए रखने तथा बूथ, पंचायत एवं वार्ड स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को गति देंगे। वहीं जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी रितेश जैन जिले में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समन्वय तथा कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण का दायित्व निभाएंगे।
अनीस खान ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान निरंतर जारी है। इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को अधिक सक्रिय एवं अनुशासित बनाते हुए जनता से निरंतर संवाद स्थापित करना, गांव-गांव तक कांग्रेस की पहुंच को सशक्त करना तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि आने वाले समय में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी भूमिका निभा सके।
उन्होंने बताया कि इन सभी नियुक्तियों की सूचना विधिवत छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रेषित कर दी गई है। विश्वास है कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में सभी नियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए जिले में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं गतिशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Continue Reading

Trending