Connect with us

खेल

कमला कॉलेज में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण का आयोजन

Published

on

राजनांदगांव। शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 6 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में योग, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कबड्डी और कराटे का प्रशिक्षण स्कूली छात्राओं और महाविद्यालय की छात्राओं को दिया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजली अवधिया ने छात्राओं को खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि खेल हार का सामना करना सिखाते हैं और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ाधिकारी डॉ. नीता एस. नायर ने किया। उन्होंने छात्राओं को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए अपनी रुचि के अनुसार किसी एक खेल को अपनाने और नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।
इस वर्ष महाविद्यालय ने जिला कबड्डी संघ, जिला बैडमिंटन संघ और मार्शल आर्ट एकेडमी के साथ एमओयू किया है, जिसके तहत तीनों संघों के सहयोग से यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसमें बैडमिंटन प्रशिक्षक यशलोक, कराटे प्रशिक्षक दुर्गेश और जयदीप सोनी, योग प्रशिक्षक खिलेन्द्र सोनी तथा कु. अन्नपूर्णा द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस अवसर पर महाविद्यालय की पूर्व कबड्डी खिलाड़ी कु. छाया चन्द्रवंशी, जिन्होंने अहमदाबाद में एशियन खेलों के प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया, और कु. संतोपी चन्द्रवंशी एवं कु. संगीता, जो खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की विजेता टीम की सदस्य रही, का सम्मान प्राचार्य ने किया। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है कि पूर्व छात्राओं ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
कार्यक्रम में जिला कबड्डी संघ के सचिव ललित साहू, जिला बैडमिंटन संघ के सचिव शिरीश जैन, महाविद्यालय क्रीड़ा समिति के संयोजक आलोक कुमार जोशी, सदस्य चंदन साहू और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खेल

अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस : सीएम विष्णुदेव साय ने संस्कार सिटी इंटरनेशनल स्कूल के होनहार खिलाड़ियों और कोच को किया सम्मानित

Published

on

राजनांदगांव। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के गरिमामयी अवसर पर आयोजित एक विशेष समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने देश और राज्य का नाम रोशन करने वाले नेशनल खिलाड़ियों और कोचों को सम्मानित किया। इस भव्य कार्यक्रम में राजनांदगांव के प्रतिष्ठित संस्कार सिटी इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ विद्यालय की खेल विधा को नई ऊंचाइयां देने वाली कोच को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
संस्कार सिटी इंटरनेशनल स्कूल की कोच सुश्री विद्या सिंह को खेल के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान और उत्कृष्ट मार्गदर्शन के लिए मुख्यमंत्री के हाथों विशेष पुरस्कार से नवाजा गया। इसके साथ ही विद्यालय की होनहार छात्रा कुमारी वंदिता रावटे कक्षा 11वीं और छात्र सौरभ पोंडी कक्षा 10वीं को खेल में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र और स्पोर्ट्स किट प्रदान की गई।
इस उच्च स्तरीय सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप और ओलंपिक संघ के डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया विशेष रूप से मंच पर उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कोच सुश्री विद्या सिंह के मार्गदर्शन और खिलाड़ियों के हुनर की खुलकर सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस ऐतिहासिक दोहरी सफलता पर संस्था के प्रबंधकगण अतुल देशलहरा, आदित्य अग्रवाल ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों और कोच को अपनी शुभकामनाएं दीं।
प्राचार्या श्रीमती रेखा तिवारी ने बधाई देते हुए कहा, विद्यालय के इन होनहारों और हमारी कोच ने राज्य स्तर पर स्कूल का मान बढ़ाया है। खेल भावना और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है, और हमारे बच्चों ने इसे साबित कर दिखाया है।
खिलाड़ियों और कोच की इस बड़ी उपलब्धि पर विद्यालय के समस्त शिक्षकों और स्टाफ ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूरे खेल दल को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Continue Reading

खेल

दो बार की ओलंपियन टेस्स मेडगेन राजनांदगांव में देंगी बास्केटबॉल का विशेष प्रशिक्षण

Published

on

राजनांदगांव। बास्केटबॉल खिलाड़ियों के लिए राजनांदगांव में अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल अकादमी द्वारा दिल्ली पब्लिक स्कूल खेलो इंडिया अकादमी एवं युगांतर खेलो इंडिया अकादमी के सहयोग से 28 और 29 जून को दिग्विजय स्टेडियम तथा रेवाडीह स्थित सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल अकादमी में विशेष प्रशिक्षण शिविर सह ट्रायल का आयोजन किया जाएगा।
शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें ऑस्ट्रेलिया की दो बार की ओलंपियन और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता टीम की पूर्व कप्तान टेस्स मेडगेन खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगी। उनके साथ एडिलेड लाइटनिंग टीम की जनरल मैनेजर के रूप में भी वे मौजूद रहेंगी। इसके अलावा विनोद नायर, शरणी र, इन्न, लिना जहे एन तथा एडिलेड लाइटनिंग के ओनर मोहन पेंग कू भी शिविर में शामिल होंगे।
आयोजकों के अनुसार शिविर में राजनांदगांव के पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ देशभर के चुनिंदा बास्केटबॉल खिलाड़ी भाग लेंगे। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित महिला नेशनल लीग टीम एडिलेड लाइटनिंग के लिए प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों तथा डेवलपमेंट टीम के खिलाड़ियों के चयन का भी प्रयास किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि राजनांदगांव की दोनों खेलो इंडिया अकादमियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और यहां के खिलाड़ियों की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार सफलता को देखते हुए यह शिविर शहर में आयोजित किया जा रहा है। ओलंपिक स्तर की खिलाड़ी के आगमन से स्थानीय खिलाड़ियों में खासा उत्साह है और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक सीखने का अवसर मिलेगा।
बास्केटबॉल से जुड़े खेल प्रेमियों का मानना है कि राजनांदगांव में इस तरह का शिविर जिले के खिलाड़ियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा और उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने की प्रेरणा देगा।

Continue Reading

खेल

छत्तीसगढ़ हॉकी ने उत्साहपूर्वक मनाया ओलंपिक दिवस, प्रदर्शन मैच में खेलो इंडिया सेंटर जीता

Published

on

राजनांदगांव। हॉकी इंडिया नई दिल्ली के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ हॉकी द्वारा मंगलवार को ओलंपिक दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस ऐतिहासिक दिन के उपलक्ष्य में एक विशेष प्रदर्शन हॉकी मैच का आयोजन किया गया, जो खेलो इंडिया सेंटर बनाम भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के मध्य खेला गया। रोमांचक मुकाबले में खेलो इंडिया सेंटर ने साई को 2-0 गोल से पराजित कर जीत दर्ज की। खेलो इंडिया सेंटर की ओर से धनंजय यादव और प्राण साहू ने शानदार खेल दिखाते हुए 1-1 गोल किए।
मैच की शुरुआत में जिला हॉकी संघ के सचिव शिवनारायण धकेता, नीलमचंद जैन, भूषण साव, खेलो इंडिया हॉकी कोच शकील अहमद, अनुराज श्रीवास्तव और अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे ने मैदान के मध्य जाकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए ओलंपिक दिवस के गौरवशाली इतिहास की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक ओलंपिक खेलों का पुनर्जन्म फ्रांस के बैरन पियरे डी कुबर्तिन के प्रयासों से हुआ था, जिनके चलते वर्ष 1894 में अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) की स्थापना हुई। पहला आधुनिक ओलंपिक 1896 में एथेंस (ग्रीस) में आयोजित किया गया था। भारत ने पहली बार 1900 के पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लिया था। अंसारी ने गर्व के साथ याद दिलाया कि भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक 8 स्वर्ण पदक जीतकर विश्व में अपनी एक विशेष और अटूट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष 23 जून को ओलंपिक दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को खेल, स्वास्थ्य, फिटनेस और ओलंपिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना है।
समारोह के दौरान मैच की विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ हॉकी के सौजन्य से अतिथियों द्वारा पुरस्कृत व सम्मानित किया गया।
इस समापन एवं पुरस्कार वितरण अवसर पर प्रमुख रूप से साई हॉकी कोच परमजीत सिंह, हॉकी कोच शकील अहमद, वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी शेख महबूब शरीफ, आशीष सिन्हा, अभिनव मिश्रा, राजेश निर्मलकर, साई हॉकी कोच स्मृति सिंह एवं कृष्णा यादव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और खिलाड़ी उपस्थित थे।

Continue Reading

Trending