राजनांदगांव
बोरे-बासी के बहाने बैज का भाजपा पर प्रहार : बोले-यह केवल भोजन नहीं, हमारी माटी का गौरव, साय सरकार में बढ़ा भ्रष्टाचार
राजनांदगांव। मजदूर दिवस के अवसर पर राजनांदगांव जिले के ग्राम खुर्सीटिकुल आमबगीचा के प्राकृतिक वातावरण में आयोजित बोरे-बासी कार्यक्रम ने छत्तीसगढ़ की परंपरा, श्रम संस्कृति और कांग्रेस की जनसंवेदनशील सोच को प्रभावशाली रूप में अभिव्यक्त किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की उपस्थिति ने इस आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की, जहां श्रमिक सम्मान, सांस्कृतिक अस्मिता और जनहित के मुद्दों का सशक्त संगम देखने को मिला।
प्रदेश अध्यक्ष के जिले में प्रवेश करते ही टेड़ेसरा में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में ब्लॉक अध्यक्ष रोहित चंद्राकर, पूर्व जिला अध्यक्ष भागवत साहू, अंगेश्वर देशमुख सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आत्मीय व भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात उनका काफिला जिला अध्यक्ष विपिन यादव के साथ कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुआ। मार्ग में सीआईटी चौक पर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार के नेतृत्व में जिला उपाध्यक्ष रमेश डाकलिया, महामंत्री हनी ग्रेवाल, नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले, पूर्व महापौर हेमा देशमुख सहित शहर व जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओ ने जोरदार स्वागत किया।
आगे ग्राम जंगलपुर में महेंद्र यादव, अर्जुनी में विभा साहू एवं बलिराम साहू तथा डोंगरगांव में विधायक दलेश्वर साहू एवं ब्लॉक अध्यक्ष टिकेश्वर साहू के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने गरिमामयी स्वागत किया। खुर्सीटिकुल चौक पर युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष विनोद मंडलोई के नेतृत्व में बाइक रैली के साथ प्रदेश अध्यक्ष को कार्यक्रम स्थल तक लाया गया, जहां ब्लॉक अध्यक्ष प्रताप धावड़े एवं कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता व मिडिया प्रभारी अनीस खान ने बयान जारी कर बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने श्रमिकों को माला पहनाकर एवं गमछा भेंटकर सम्मानित किया। इसके पश्चात वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं जिला व ब्लॉक पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया।
स्वागत भाषण में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विपिन यादव ने प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा में श्रमिकों, किसानों और गरीबों का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और श्रमिक सम्मान को सहेजने के उद्देश्य से बोरे-बासी दिवस की शुरुआत की गई, जो आज भी कांग्रेस की जनभावना से जुड़ा हुआ है।
उद्बोधन के क्रम में शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार, विधायक भोलाराम राम साहू, विधायक दलेश्वर साहू, विधायक हर्षिता बघेल, पूर्व मंत्री धनेश पाटिला, पूर्व विधायकगण प्रकाश यादव, छन्नी साहू, भूनेश्वर बघेल सहित वरिष्ठ नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
अपने संबोधन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भव्य आयोजन के लिए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विपिन यादव एवं पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि बोरे-बासी केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की माटी, मेहनत, स्वाभिमान और श्रमशील समाज के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने श्रमिकों, मजदूरों और किसानों के सम्मान तथा छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से इस परंपरा की शुरुआत की थी, और इसे प्रतिवर्ष हम सम्मान और गौरव के साथ मनाते आ रहे है।
प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है, श्रमिकों व किसानों के साथ अन्याय हो रहा है और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी खरीद में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है और कम कीमत की सामग्री को कई गुना महंगे दामों पर खरीदा जा रहा है। महिला एवं बाल विकास सहित कई विभागों में अनियमितताएं सामने आ रही हैं तथा आंगनबाड़ी बहनों के लिए साड़ी खरीदी में भी भ्रष्टाचार कर उनके सम्मान के साथ खिलवाड़ किया गया है।
उन्होंने कहा कि महंगाई ने आमजन का जीवन कठिन बना दिया है। गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। चुनाव के समय 500 रुपये में सिलेंडर देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार अब कीमतें बढ़ाकर जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है। धान खरीदी के दौरान किसानों को भौतिक सत्यापन के नाम पर परेशान और अपमानित किया गयाए जो कांग्रेस शासनकाल में कभी नहीं हुआ।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को तत्काल लागू करने के बजाय परिसीमन से जोड़कर जानबूझकर विलंब किया जा रहा है। उन्होंने इसे महिला आरक्षण इंतजार विधेयक बताते हुए कहा कि भाजपा केवल बहानेबाजी कर रही है, जबकि स्थानीय निकायों में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य कांग्रेस ने किया है, जिसके परिणामस्वरूप आज लाखों महिलाएं जनप्रतिनिधि के रूप में देशभर में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री शाहिद भाई, थानेश्वर पाटिला, सकलैन कामदार, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष नवाज खान, पदम कोठारी, भागवत साहू, प्रदेश सचिव मेहुल मारू, वरिष्ठ कांग्रेसी कुतुबुद्दीन सोलंकी, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले, नरेश शुक्ला, मनोज सिन्हा, विवेक वासनिक, प्रदीप शर्मा, तरुण सिन्हा, संजीव गोमास्ता, चुम्मन साहू, राहुल देवांगन, हेमू सोनी, फरमान अली, अमित अग्रवाल सहित जिला व ब्लाक कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक साथ बैठकर बोरे-बासी का सेवन किया और श्रमिक सम्मान का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राहुल तिवारी ने किया। पूरा आयोजन उत्साह, अनुशासन और गरिमा के साथ संपन्न हुआ।
राजनांदगांव
परिजनों की सहमति से किशोरियों को लगाया जा रहा एचपीवी टीका, जिले में 4281 बालिकाओं का हुआ टीकाकरण
राजनांदगांव। सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से किशोरियों की सुरक्षा के लिए जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान लगातार जारी है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को परिजनों की सहमति से एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। अभियान के तहत अब तक जिले में 4281 बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के सभी स्वास्थ्य केंद्रों के साथ-साथ शासकीय और निजी विद्यालयों में चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य अमले द्वारा अभिभावकों की सहमति प्राप्त कर टीकाकरण किया जा रहा है। अभियान में प्रगति लाने के लिए संस्था प्रमुखों और अभिभावकों को भी जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शासकीय विद्यालय बैगापारा लखोली, दीपिका विद्या मंदिर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्हारपुरी, शासकीय स्कूल हल्दी, शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिंगदई तथा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर सहित विभिन्न केंद्रों पर मंगलवार को 154 बालिकाओं का यू-विन पोर्टल पर पंजीयन कर टीकाकरण किया गया।
सीएमएचओ ने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों एवं शहरी स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से अभियान संचालित किया जा रहा है। इस दौरान छात्राओं, प्राचार्यों और शिक्षकों को एचपीवी टीके की उपयोगिता की जानकारी देते हुए शत-प्रतिशत टीकाकरण में सहयोग करने की अपील भी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि समय पर लगाया गया एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है, इसलिए पात्र बालिकाओं का टीकाकरण आवश्यक रूप से कराया जाना चाहिए।
राजनांदगांव
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में लाएं तेजी : कलेक्टर
राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सभी नगरीय निकायों में जलभराव वाले स्थानों का चिन्हांकन कर प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन 1076, मुख्यमंत्री जनदर्शन, जन शिकायतों, सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, साप्ताहिक समय-सीमा, पीजीएन, पीजी पोर्टल एवं जनदर्शन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विधानसभा सत्र से संबंधित प्रश्नों के उत्तर निर्धारित समयावधि में प्रस्तुत करने तथा सभी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के आधार सत्यापन का कार्य प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का परीक्षण शीघ्र पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों के घरों में सोलर पैनल स्थापना का कार्य तेजी से कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की देरी अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्राकृतिक सौर ऊर्जा के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के लिए वार्डों एवं ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से सूर्यघर सभाएं आयोजित करने तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के बिजली व्यय में कमी लाने वाली महत्वपूर्ण योजना है। जिले में अब तक 3 हजार 828 हितग्राहियों के यहां सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे वे स्वयं ऊर्जा उत्पादक बन चुके हैं और उन्हें अतिरिक्त बिजली उत्पादन से आर्थिक लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित करने के लिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले में संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा संचालित इस अभियान के तहत किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को अभिभावकों एवं बच्चों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए अत्यंत प्रभावी है। जिले में अब तक 4 हजार 281 किशोरी बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है। कलेक्टर ने हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की स्क्रीनिंग का कार्य अनिवार्य रूप से तेज गति से करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की समय पर सोनोग्राफी, उपचार, आवश्यक दवाइयों एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही उनके स्वास्थ्य की प्रतिदिन मोबाइल के माध्यम से मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम डोंगरगढ़ एम भार्गव, एसडीएम राजनांदगांव गौतम पाटिल, एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोराम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
राजनांदगांव
ठाकुरटोला टोल प्लाजा से लेकर नेशनल हाईवे की बदहाली पर कांग्रेस का हमला
राजनांदगांव। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को जीई रोड की अव्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में ठाकुरटोला टोल प्लाजा में एक लेन बंद करने से उपजी अव्यवस्थाएं, राजनांदगांव पासिंग (सीजी 08 सीरीज) के वाहनों से कथित नियमविरुद्ध टोल वसूली, राष्ट्रीय राजमार्ग के खराब रख-रखाव, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट तथा सीआईटी कालेज के पास बाईपास पर बने गोल चौराहे की तकनीकी खामियों को प्रमुखता से उठाया गया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि प्रशासन और संबंधित एजेंसियां तत्काल व्यवस्था सुधारें, अन्यथा कांग्रेस आम जनता के साथ सड़क पर उतरकर व्यापक जनआंदोलन करेगी।
मुदलियार ने आरोप लगाया कि ठाकुरटोला टोल प्लाजा में एक लेन बंद रहने के कारण प्रतिदिन लंबा जाम लग रहा है। स्थानीय वाहन स्वामियों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि शासन के निर्देशों के बावजूद राजनांदगांव पासिंग (सीजी 08 सीरीज) के टोलमुक्त वाहनों से भी शुल्क वसूला जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग के रखरखाव पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। संगठन का कहना है कि कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, गड्ढे बने हुए हैं और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बरसात में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इसके बावजूद टोल प्रबंधन व्यवस्था सुधारने के बजाय केवल वसूली पर ध्यान दे रहा है।
ज्ञापन में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। मुदलियार ने कहा कि लंबे समय से अधिकांश लाइटें बंद होने के कारण रात में पूरे मार्ग पर अंधेरा छाया रहता है। संगठन ने सभी स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट की तत्काल मरम्मत कर नियमित रख-रखाव की जवाबदेह व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
सीआईटी कालेज के पास बाईपास पर बने गोल चौराहे को लेकर भी कांग्रेस ने गंभीर आपत्ति दर्ज कराई। ज्ञापन में कहा गया है कि चौराहे का आकार और डिजाइन तकनीकी दृष्टि से त्रुटिपूर्ण है, जिसके कारण विशेषकर भारी वाहनों को मोड़ने में कठिनाई होती है। कई बार वाहन असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। कांग्रेस ने विशेषज्ञों से तकनीकी परीक्षण कराकर चौराहे का पुनः डिजाइन तैयार करने और आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र कराने की मांग की है।
कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से टोल प्लाजा की सभी लेन चालू करने, नियम विरुद्ध टोल वसूली की जांच, सड़कों की मरम्मतए गड्ढों की भराई, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, बंद स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट चालू कराने, बाईपास रोटरी की तकनीकी जांच तथा राष्ट्रीय राजमार्ग एवं टोल प्लाजा की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस दौरान रूपेश दुबे, प्रवीण मेश्राम, कमलजीत सिंह पिंटू, हरिनारायण धकेता, प्रेम रूचंदानी, विनय झा, अशोक पंजवानी, वीरेन्द्र चंद्राकर, प्रदीप राठौड़, लक्ष्मण साहू, राजा तिवारी, राकेश चंद्राकर, ललित मरकाम, सुरेंद्र गजभिए, नरेश साहू, शरद खंडेलवाल, सीताराम श्रीवास, नरेश साहू, सुरेंद्र देवांगन, ऋषि शास्त्री, राजा यादव, महेंद्र सिंह बहादुर, हर्ष खोब्रागढ़े, नरेंद्र बिजलेकर, रूपेश कुमार साहू, शैलेश जैन, अरशद खान सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एशियन गेम्स में आब्सर्वर बनाये गये।*
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के रॉ टेलेंटेड बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।*
-
राजनांदगांव3 years agoविषयवार हो शिक्षकों की भर्ती, हाईकोर्ट में याचिका दायर, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने दर्ज की याचिका
-
राजनांदगांव4 years agoछत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी संघ भी हुआ शामिल
-
छत्तीसगढ़3 years agoसरकारी स्कूलों को बंद करने की साजिश, राज्यपाल करें हस्ताक्षेप : क्रिष्टोफर पॉल
-
राजनांदगांव3 years agoहेडमास्टर बनाने में हद पार, पैसे दो और मनचाहे स्कूल में जाओ
-
राजनांदगांव2 months agoघुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
-
राजनांदगांव5 years ago
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव। धारा 144 लागू किसी प्रकार के आयोजन, रैली, सामाजिक तथा अन्य आयोजन प्रतिन्धित
