Connect with us

राजनांदगांव

नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत, अध्यक्ष सहित पार्षद प्रत्याशियों ने तेज किया जनसंपर्क अभियान

Published

on

राजनांदगांव। नगर पंचायत घुमका के चुनावी माहौल में अब राजनीतिक गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। कांग्रेस पार्टी ने नगर पंचायत अध्यक्ष पद सहित सभी वार्डों के पार्षद पदों पर अपने प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क अभियान को और अधिक गति प्रदान कर दी है। कांग्रेस के नेता लगातार बैठकें कर चुनावी रणनीति तैयार करने और संगठन को मजबूत करने में जुटे हुए हैं।
इसी क्रम में पूर्व विधायक भुनेश्वर बघेल, वार्ड प्रभारी चुम्मन साहू एवं जितेंद्र सिंह भाटिया द्वारा कांग्रेस प्रत्याशियों और कार्यकारिणी सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनावी रणनीति, जनसंपर्क अभियान तथा वार्ड स्तर पर संगठन की गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सभी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय रहने और अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने का आह्वान किया गया।
बैठक के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष पद की कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती फुलमती वर्मा एवं वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के साथ व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क किया और उन्हें पार्टी की नीतियों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी। जनसंपर्क अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश देखने को मिला।
पूर्व विधायक भुनेश्वर बघेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चुनाव में जीत का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है और नगर के विकास के लिए पार्टी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनाव प्रचार में जुटने का आह्वान किया।
वहीं वार्ड प्रभारी चुम्मन साहू और जितेंद्र सिंह भाटिया भी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। दोनों नेताओं ने वार्डों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कीं और मतदाताओं से संपर्क स्थापित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और नगर के समग्र विकास को नई दिशा देना है।
नगर पंचायत अध्यक्ष पद की कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती फुलमती वर्मा ने कहा कि उन्हें जनता का भरपूर समर्थन और स्नेह मिल रहा है। उन्होंने कहा कि माताओं-बहनों का आशीर्वाद, युवाओं का उत्साह और वरिष्ठजनों का विश्वास यह स्पष्ट संकेत दे रहा है कि घुमका की जनता विकास, जनसेवा और कांग्रेस की जनहितकारी सोच के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने विश्वास जताया कि नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस पार्टी को जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त होगा और नगर के विकास की नई शुरुआत होगी। चुनावी माहौल के बीच कांग्रेस कार्यकर्ता भी जीत के प्रति आश्वस्त दिखाई दे रहे हैं और पूरी ऊर्जा के साथ चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

महापौर ने यातायात नगर जीर्णोद्धार कार्य का किया निरीक्षण : गुणवत्ता का ध्यान रखने और निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

Published

on

राजनांदगांव। शहर में संचालित विकास कार्यों के निरीक्षण की कड़ी में महापौर मधुसूदन यादव ने यातायात नगर के जीर्णोद्धार कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और मजदूरों की संख्या बढ़ाकर समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने राजस्व अधिकारियों को यातायात नगर के शेष भूखंडों का प्रीमियम निर्धारण करने के आदेश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम, निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, लोक निर्माण विभाग के प्रभारी सदस्य सावन वर्मा, राजस्व विभाग के प्रभारी सदस्य राजा माखीजा, पार्षद अमित कुशवाहा, अरुण साहू, पूर्व पार्षद शरद सिन्हा और निगम के तकनीकी व राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।

बजट स्वीकृत होने के बाद शुरू हुआ जीर्णोद्धार
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि यातायात नगर काफी पुराना होने के कारण जर्जर स्थिति में पहुंच चुका था। इसके कायाकल्प के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे बजट में स्वीकृति मिलने के बाद नगरीय प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार जीर्णोद्धार कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत परिसर में सड़क, नाली, पार्किंग स्थल का डामरीकरण, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत और हाईमास्ट लाइटें लगाने का काम होगा। इसके अलावा सामुदायिक भवन, शौचालय निर्माण और पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाएगी। परिसर के उद्यान में भी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, धर्मकांटा और पेट्रोल पंप के लिए दिए निर्देश
महापौर ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को प्रवेश द्वार पर आगमन-निर्गमन गार्ड रूम बनाने, जलभराव वाले स्थानों पर पेवर ब्लॉक लगाने और स्वावलंबन योजना की दुकानों के पास सीमेंटीकरण व रंगाई-पुताई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यावसायिक परिसर, धर्मकांटा, कोल्ड स्टोरेज और पेट्रोल पंप निर्माण के लिए चिन्हित स्थलों का मुआयना कर तत्काल ले-आउट तैयार करने को कहा।

चरणबद्ध काम और सतत निगरानी के आदेश
निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करें और प्रतिमाह समीक्षा कर उपयोगिता प्रमाण पत्र भेजना सुनिश्चित करें।

वहीं, महापौर ने राजस्व अधिकारियों को यातायात नगर के भूखंडों की शेष प्रीमियम राशि जमा कराने तथा स्वावलंबन योजना की दुकानों के आवंटियों को अनुबंध कराकर किराया जमा करने हेतु तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में ये रहे मौजूद
इस दौरान कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे, कार्यपालन अभियंता (संविदा) यू.के. रामटेके, प्र. सहायक अभियंता सुश्री सुषमा साहू, श्रीमती गरिमा वर्मा, राजस्व अधिकारी मोबिन अली, सहायक राजस्व अधिकारी हितेश ठाकुर सहित कई ट्रांसपोर्टर मौजूद थे।

Continue Reading

राजनांदगांव

सड़क पर रेत, गिट्टी और मलबा रखने वालों पर कार्रवाई : नगर निगम ने वसूला 5-5 सौ रुपये जुर्माना

Published

on

राजनांदगांव। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। साफ-सफाई और प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाने के साथ-साथ अब सड़कों पर बिल्डिंग मटेरियल व मलबा (डेब्रिस) जमा करने वालों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम के निर्देश पर स्वास्थ्य अमले ने ‘मलबा मण्डप’ के तहत कार्रवाई करते हुए सड़क पर रेत, गिट्टी और मलबा रखने वाले दो लोगों से 5-5 सौ रुपये का जुर्माना वसूला।

आवागमन बाधित होने और गंदगी फैलने पर एक्शन
निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने बताया कि कुछ नागरिकों और व्यवसायियों द्वारा सड़क पर अपने मकान या दुकान के सामने गिट्टी, रेत, मलबा और अन्य सामान रख दिया जाता है। इससे न केवल सड़क पर अतिक्रमण होता है और आवागमन बाधित होता है, बल्कि शहर की स्वच्छता भी प्रभावित होती है। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता प्रतिदिन निरीक्षण कर कार्रवाई कर रहा है।

दो अलग-अलग स्थानों पर वसूला गया अर्थदंड
निरीक्षण के दौरान गुरुद्वारा रोड पर जगदीश खोमानी द्वारा सड़क पर रेत-गिट्टी व बिल्डिंग मटेरियल और इलाहाबाद बैंक रोड (अवाना होटल के पास) श्रीमती अनिता बग्गा द्वारा मलबा फैलाकर रखने का मामला सामने आया। इस पर निगम अमले ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों संबंधितों से 5-5 सौ रुपये का अर्थदंड वसूला और मौके से सामग्री व मलबा हटाने की कड़ी समझाइश दी।

नियम तोड़ने पर होगी जब्ती व दंडात्मक कार्रवाई
निगम आयुक्त ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे निर्माण सामग्री अथवा मलबा सड़क पर न फैलाएं। दुकानदार अपने सामान को दुकान की तय सीमा के भीतर ही रखें और प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग बिल्कुल न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सामग्री की जब्ती के साथ-साथ आगे भी जुर्माना लगाने की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Continue Reading

राजनांदगांव

सूर्यघर योजना के लिए वार्ड 23 में बैठक, 300 घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य

Published

on

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार के तहत गुरुवार को गुरु गोविंद सिंह वार्ड क्रमांक 23 में जागरूकता बैठक आयोजित की गई। महापौर मधुसूदन यादव ने वार्डवासियों से अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाकर ऊर्जा उपभोक्ता से ऊर्जा दाता बनने की अपील की। बैठक में निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम, वार्ड पार्षद राजा माखीजा और पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष मंशाराम मोटलानी मौजूद रहे।

महापौर यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना घरेलू बिजली बिल कम करने के साथ लोगों को अतिरिक्त बिजली बेचकर आय अर्जित करने का अवसर भी देती है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देकर पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम की जा सकती है। उन्होंने सिंधी समाज से इस अभियान में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि विधायक डॉ. रमन सिंह ने जिस वार्ड में सबसे अधिक सोलर पैनल लगाए जाएंगे, उस वार्ड के विकास के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की है। इससे वार्डवासियों को योजना से जुड़ने का अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलेगा।

निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने नागरिकों से योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। विद्युत मंडल के कार्यपालन अभियंता श्री फ्लोरा ने सोलर पैनल की स्थापना, बिजली उत्पादन, स्मार्ट मीटर, बिजली खपत और रखरखाव सहित योजना की तकनीकी जानकारी दी। वहीं लीड बैंक मैनेजर मुनिष शर्मा ने योजना के तहत ऋण और ब्याज संबंधी प्रावधानों की जानकारी साझा की।

वार्ड पार्षद राजा माखीजा ने वार्ड के कम से कम 300 घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य तय करने की घोषणा की। सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने भी वार्ड और सिंधी कॉलोनी के हर घर तक योजना पहुंचाने तथा जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

बैठक में पूर्व पार्षद गुरूमुखदास वाधवा, अर्जुनदास पंजवानी, अवतारराम तेजवानी, राजकुमार मोटलानी, अर्जुन वाधवानी, अशोक तेजवानी, हरीश कटियारा, सत्येंद्र दास, कौशल शर्मा, रजक शर्मा सहित नगर निगम, विद्युत मंडल, बैंक के अधिकारी और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।

Continue Reading

Trending