राजनांदगांव
राजनांदगांव पुलिस का मानवीय चेहरा : डायल 112 की तत्परता से बची महिला की जान, एसपी ने टीम को किया सम्मानित
राजनांदगांव। घरेलू विवाद के बाद मौत के मुंह में समा रही एक महिला के लिए राजनांदगांव पुलिस की ‘डायल 112’ टीम संकटमोचक बनकर सामने आई। स्टाफ की संवेदनशीलता, तत्परता और अदम्य साहस के कारण न केवल महिला की जान बचाई जा सकी, बल्कि उसे तत्काल सुरक्षित माहौल और उपचार भी मुहैया कराया गया। इस उत्कृष्ट और मानवीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने डायल 112 की टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, डायल 112 को सूचना मिली थी कि एक अत्यंत भयभीत और घायल महिला जंगल की ओर से भागते हुए गांव की तरफ आई है। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम बिना एक पल गंवाए तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और घटनास्थल पर पहुंच कर महिला को अपनी सुरक्षा में लिया।
जान बचाने जंगल से भागकर आई थी पीड़िता
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम को महिला बेहद डरी-सहमी हालत में मिली। जब पुलिस कर्मियों ने उससे सहानुभूतिपूर्वक पूछताछ की, तो उसने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसका पति उसे जान से मारने की नीयत से घने जंगल में ले गया था। वहां उसने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की। किसी तरह पति के चंगुल से छूटकर वह अपनी जान बचाने के लिए जंगल से भागते हुए गांव की ओर आ रही थी। इसी बीच पुलिस वाहन को आता देख उसका आरोपी पति मौके से जंगल की ओर फरार हो गया।
अस्पताल में कराया भर्ती, वैधानिक कार्रवाई शुरू
डायल 112 की टीम ने महिला को तत्काल सुरक्षित अभिरक्षा में लिया और डोंगरगढ़ थाने लेकर आई। यहां आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए महिला को थाना स्टाफ के सुपुर्द किया गया। इसके साथ ही महिला की गंभीर शारीरिक और मानसिक स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डोंगरगढ़ ले जाकर भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है पुलिस: एसपी अंकिता शर्मा
आपात स्थिति में महिला को त्वरित सहायता और जीवनदान देने वाले आरक्षक क्रमांक 344 दीपेश मुद्दनकर एवं डायल 112 के चालक रविंद्र देवांगन के इस सराहनीय कार्य की पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने मुक्तकंठ से सराहना की। एसपी कार्यालय में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में दोनों जवानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं रक्षित निरीक्षक लोकेश कुमार कसेर भी विशेष रूप से उपस्थित थे। एसपी ने कहा कि राजनांदगांव पुलिस आमजन की सुरक्षा व सहायता के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और आपात स्थितियों में डायल 112 सेवा निरंतर तत्परता से कार्य कर रही है।
राजनांदगांव
मुड़पार में विशेष ग्रामसभा : प्रभारी सचिव ने दिलाई स्वच्छता की शपथ, विकास कार्यों की हुई समीक्षा
राजनांदगांव। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजनांदगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मुड़पार में विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रभारी सचिव श्री अविनाश चम्पावत, कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव, जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह तथा राज्य सलाहकार (एसबीएम-जी) श्रीमती अभिलाषा आनंद शामिल हुए।
ग्रामसभा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन, पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और स्वच्छता को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी सचिव श्री चम्पावत ने ग्रामीणों से संवाद कर ग्राम में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की तथा सुझाव भी प्राप्त किए।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित ग्राम का निर्माण सामूहिक भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने गांव में अधिक से अधिक पौधरोपण करने, नालियों पर सुरक्षा जाल या ढक्कन लगाने तथा स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए कहा कि सौर ऊर्जा अपनाकर न केवल बिजली खर्च में कमी लाई जा सकती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों को योजना से अधिक से अधिक जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह ने विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी दी और ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। राज्य सलाहकार श्रीमती अभिलाषा आनंद ने कचरा पृथक्करण, पुनर्चक्रण और उसके पर्यावरणीय लाभों पर प्रकाश डालते हुए स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
ग्रामसभा में उपस्थित अधिकारियों ने जल संरक्षण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता पर भी विस्तार से जानकारी दी। ग्रामीणों ने ग्राम को स्वच्छ, हरित और आदर्श ग्राम बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
राजनांदगांव
सुशासन तिहार 2026 : जनसमस्या निवारण शिविर में प्रभारी सचिव ने सुनीं समस्याएं, त्वरित निराकरण के निर्देश
राजनांदगांव। सुशासन तिहार 2026 के तहत गुरुवार को डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसंतपुर के स्कूल मैदान में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में जिले के प्रभारी सचिव श्री अविनाश चम्पावत शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर में कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव भी उपस्थित रहे। यह शिविर नगर पालिक निगम राजनांदगांव के वार्ड क्रमांक 41, 42, 43 एवं 46 के नागरिकों के लिए आयोजित किया गया था।
प्रभारी सचिव श्री चम्पावत ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को शासकीय सेवाएं आसानी से मिल सकें। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण भी किया तथा अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।
शिविर में कुल 201 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 180 मांग एवं 21 शिकायतें शामिल रहीं।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने जिले में चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़ी संख्या में आवासों का निर्माण हो रहा है तथा नगरीय क्षेत्र में प्रतिदिन लगभग 100 आवास पूर्ण किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत राज्य का पहला पूर्ण आवास राजनांदगांव जिले में तैयार हुआ है।
उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण के तहत पिछले एक वर्ष में 17 हजार से अधिक प्रकरणों का समाधान किया गया है, जिनमें 12 हजार से अधिक मामले ग्राम पंचायत स्तर पर ही निपटाए गए, जिससे ग्रामीणों का समय और संसाधन दोनों की बचत हुई है।
कलेक्टर ने बताया कि लखपति दीदी योजना के अंतर्गत जिले में निर्धारित लक्ष्य से 150 प्रतिशत अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया है। साथ ही शहर में नालंदा परिसर, ऑडिटोरियम, स्टेडियम उन्नयन एवं खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी कार्य किया जा रहा है।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं के स्टॉल लगाए गए, जहां आयुष्मान कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, नोनी सुरक्षा प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सेवाएं एवं लाभ वितरित किए गए। इसके साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष श्री टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा, आयुक्त नगर निगम श्री अतुल विश्वकर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
अपराध
अवैध शराब बेचते ओडिशा और मप्र के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, पुराना बस स्टैंड पर कोतवाली पुलिस की रेड
राजनांदगांव। शहर के पुराना बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास अवैध रूप से शराब बेच रहे दूसरे राज्यों के दो शातिर बदमाशों को सिटी कोतवाली पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं, जिनके खिलाफ छत्तीसगढ़ के अलग-अलग थानों में दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और चोरी जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, एएसपी कीर्तन राठौर व सीएसपी अलेक्जेंडर किंडो के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों और अवैध शराब तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि पुराना बस स्टैंड यात्री प्रतीक्षालय के पास दो व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
मोहम्मद मकसूद अली (35 वर्ष), पिता स्व. अलमास अली, निवासी सिनापल्ली, थाना धनकोटा, जिला संबलपुर (उड़िसा)।
किशोर भट्टाचार्य (43 वर्ष), पिता निरोद भट्टाचार्य, निवासी चोपना, जिला बैतूल (मध्य प्रदेश)।
शराब और नगदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 53 पौवा देशी प्लेन शराब (रोमियो ब्रांड), जिसकी मात्रा 9.540 बल्क लीटर और कीमत 4 हजार 240 रुपये है, जब्त की है। इसके साथ ही शराब बिक्री की नगद राशि 1 हजार 370 रुपये सहित कुल 5 हजार 610 रुपये का माल बरामद कर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पकड़े गए दोनों आरोपी बेहद शातिर और आदतन अपराधी हैं, जिनका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है:
मोहम्मद मकसूद अली: इसके खिलाफ रायपुर के डीडी नगर थाने में चोरी और डोंगरगढ़ थाने में नकबजनी, चोरी के प्रयास व डकैती की योजना बनाने जैसे गंभीर मामलों में चालान पेश हो चुका है।
किशोर भट्टाचार्य: इसके खिलाफ चिखली पुलिस चौकी में वर्ष 2023 में दुष्कर्म (376) और 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत संगीन मामला दर्ज है।
मकान मालिकों से पुलिस की विशेष अपील
राजनांदगांव पुलिस ने इस कार्रवाई के बाद आम नागरिकों और मकान मालिकों से एक विशेष अपील की है। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए दोनों आरोपी मध्य प्रदेश और ओडिशा जैसे बाहरी राज्यों के रहने वाले हैं, जो शहर के व्यस्ततम इलाके में अवैध गतिविधियां संचालित कर रहे थे। इसलिए शहरवासी किसी भी बाहरी प्रांत के व्यक्ति को बिना पूरी तस्दीक और जांच-पड़ताल किए किराए पर मकान न दें। बाहरी किरायेदारों को रखने से पहले उनकी सूचना और दस्तावेज नजदीकी थाने में अनिवार्य रूप से जमा कराएं।
इस टीम की रही मुख्य भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह, प्रधान आरक्षक जी. सिरिल कुमार और थाना पेट्रोलिंग पार्टी की सराहनीय एवं मुस्तैद भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि आगे भी अवैध शराब की बिक्री और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एशियन गेम्स में आब्सर्वर बनाये गये।*
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के रॉ टेलेंटेड बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।*
-
राजनांदगांव3 years agoविषयवार हो शिक्षकों की भर्ती, हाईकोर्ट में याचिका दायर, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने दर्ज की याचिका
-
राजनांदगांव4 years agoछत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी संघ भी हुआ शामिल
-
छत्तीसगढ़3 years agoसरकारी स्कूलों को बंद करने की साजिश, राज्यपाल करें हस्ताक्षेप : क्रिष्टोफर पॉल
-
राजनांदगांव3 years agoहेडमास्टर बनाने में हद पार, पैसे दो और मनचाहे स्कूल में जाओ
-
राजनांदगांव4 weeks agoघुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
-
राजनांदगांव4 years ago
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव। धारा 144 लागू किसी प्रकार के आयोजन, रैली, सामाजिक तथा अन्य आयोजन प्रतिन्धित
