Connect with us

राजनांदगांव

कृषि की नवीनतम एवं आधुनिक तकनीक को अपनाएं कृषक : डॉ. रमन सिंह

Published

on

राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज कृषि विज्ञान केन्द्र सुरगी में आयोजित जैविक कृषि कार्यशाला सह कृषक सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष का खुमरी पहनाकर भावमय स्वागत किया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने कृषकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर कृषकों का सम्मान किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश व दुनिया में इतिहास रचा है। किसानों की सुविधा के लिए उन्होंने विशेष तौर पर कार्य किया है। यूरिया मार्केट में 2220 रूपए प्रति क्विंटल महंगे कीमत पर मिल रही है। प्रधानमंत्री के प्रयासों से किसानों को सब्सिडी देते हुए 266 रूपए में यूरिया उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि जैविक कृषि की दिशा में किसान कदम बढ़ा रहे है। आज यूरिया, डीएपी जैसे रासायनिक उर्वरक के साथ ही कीटनाशक का बहुतायत प्रयोग किया जा रहा है, जिसके दुष्परिणाम के संबंध में कृषि वैज्ञानिकों ने जानकारी दी है। जो फसल बोते हैं, वही वापस लौटकर भोजन के माध्यम से हमारे शरीर में जाता है, ऐसे रासायनिक उर्वरक एवं कीटनाशक नुकसानदायक होते हैं। जिससे कैंसर सहित अन्य बीमारियां बढ़ गई है। किसानों को जैविक खाद एवं गोबर खाद का उपयोग करते हुए प्राकृतिक खेती करना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कहा कि राजनांदगांव जिले में कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि कृषि विज्ञान केन्द्र सुरगी में 6 राज्यों के बच्चे अध्ययन एवं अनुसंधान करने आ रहे हैं। सुरगी विधानसभा अध्यक्ष का गोद ग्राम है और यहां निरन्तर विकास कार्य किए जा रहे हैं। सुरगी-खरखरा डायवर्सन नहर लाईनिंग के तहत 19 करोड़ रूपए का कार्य प्रगति पर है, जिसका 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। शिवनाथ डायवर्सन से मुख्य नहर 50 किलोमीटर एवं लघु नहर का कार्य 27 करोड़ रूपए की लागत से किया जा रहा है, जिसका 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। सुरगी सौर चलित सिंचाई परियोजना 2 करोड़ 50 लाख रूपए, कृषि महाविद्यालय एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र 75 लाख रूपए, हाई स्कूल 73 लाख रूपए, शौचालय उन्नयन विद्युत उप केन्द्र एवं विभिन्न छोटे-छोटे मद में कांक्रीट के कार्य तथा अन्य कार्य लगभग 1 करोड़ 92 लाख रूपए से अधिक के कार्य सुरगी ग्राम पंचायत अंतर्गत किए गए है। उन्होंने कहा कि सुरगी मॉडल प्रदेश में चर्चा का विषय है। उन्नत खेती, प्रयोग, उत्पादन क्षमता बढ़ाने, नवाचार एवं खाद का कम उपयोग करने के लिए सुरगी कृषि विज्ञान केन्द्र प्रसिद्ध है। ड्रोन एवं मशीन के माध्यम से दवाईयों का छिड़काव एवं अन्य कृषि की आधुनिक पद्धति को अपनाने के लिए यहां अच्छा कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 में अपनी स्थापना के बाद से कृषि विज्ञान केन्द्र ने विकास के नए आयाम प्राप्त किए है। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं दी और कहा कि यहां आयोजित कार्यशाला में जैविक खेती से जुड़े नवीनतम तकनीक की जानकारी सीख कर जाएं और इसका क्रियान्वयन करें।
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि रासायनिक उर्वरक एवं कीटनाशक के प्रयोग से ब्लड प्रेशर एवं शुगर की बीमारी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती आज की समय की आवश्यकता है और स्वस्थ रहने के लिए यह जरूरी है। उन्होंने जैविक खेती पर सामूहिक गीत सुनाकर किसानों को प्रेरित किया। उन्होंने बताया गोबर, गौमूत्र, से बने जीवामृत, नीमास्त्र का उपयोग करने से किसानों को लाभ होगा। जैविक खेती के उत्पादों की मार्केट में मांग बढ़ी है। राजनांदगांव में 550 हेक्टेयर में जैविक खेती हो रही है। जिसका प्रमाणीकरण किया जा रहा है, जिले में नीमास्त्र, जीवास्त्र, जैविक खाद की ब्रिकी की जा रही है। ग्राम भर्रेगांव की महिला स्वसहायता समूह द्वारा प्राकृतिक उत्पाद तैयार कर बिक्री करने के लिए बधाई दी। समाज सेवी कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास, विश्वास एवं जनकल्याण की भावना के साथ कार्य किया गया है। विधानसभा के मार्गदर्शन में राजनांदगांव जिले के विकास के लिए बेहतरीन कार्य किया गया है। किसान बाहुल्य क्षेत्र सुरगी में कृषि विज्ञान केन्द्र की स्थापना से किसानों को लाभ मिला है।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि खरीफ 2025 में धान बिक्री करने वाले 1 लाख 24 हजार 101 किसानों को कृषक उन्नयन योजना अंतर्गत 1484 करोड़ रूपए की राशि उनके खाते में अंतरित की गई। किसानों को 454.12 करोड़ रूपए अंतर की राशि का भुगतान किया गया। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा इस वर्ष खरीफ 2026 के लिए धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, लघु धान्य व कपास बोने वाले कृषकों को 15 हजार रूपए प्रति एकड़ कृषक प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया गया है, जो पहले 11 हजार प्रति एकड़ था। साथ ही सभी प्रकार के खरीफ फसलों पर 10 हजार रूपए प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि का प्रावधान है। जिले के किसानों ने रबी 2025-26 में 70 प्रतिशत हेक्टेयर क्षेत्र में गर्मी धान को छोड़कर फसल चक्र परिवर्तन किया। जिसमें मक्का सहित चना, मसूर, सरसों फसल की बोआई कर 19 करोड़ रूपए से अधिक राशि के उपज का विक्रय कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पीएम आशा योजना के माध्यम से जिले में प्रथम बार दलहन, तिलहन फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी करते हुए 16224 क्विंटल चना, मसूर, सरसों फसलों का उपार्जन कर 9 करोड़ 37 लाख रूपए से अधिक राशि का उपार्जन किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में किसानों की आमदनी बढ़ी है और मक्के की खरीदी की जा रही है। पॉपकार्न कंपनी से अनुबंध करके जिले के किसानों से 5 करोड़ रूपए का मक्का खरीदा गया है। सोयाबीन की खरीदी भी की जाएगी।
उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर ने बताया कि जिले में किसानों के लिए पर्याप्त उर्वरक एवं बीज का भंडारण है। खरीफ 2026 में समितियों के माध्यम से 45650 मीट्रिक टन का उर्वरक वितरण का लक्ष्य रखा है। अब तक 34480 मीट्रिक टन का भंडारण (70 प्रतिशत) एवं 26183 मीट्रिक टन (76 प्रतिशत) का वितरण है। यूरिया 18500 मीट्रिक टन लक्ष्य के विरूद्ध 15459 मीट्रिक टन का भंडारण (83 प्रतिशत) अन्य उर्वरक जैसे डीएपी 3028 मीट्रिक टन, एनपीके 8200 मीट्रिक टन, पोटाश 3273 मीट्रिक टन, एसएसपी 4511 मीट्रिक टन का भंडारण कर वितरण किया जा रहा है। इसी प्रकार उन्नत प्रमाणित बीज वितरण हेतु 14331 क्विंटल बीज का समितियों में भंडारण जारी है। जिले में किसानों को कृषि ऋण एवं पर्याप्त मात्रा में बीज और उर्वरक समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 43 नवीन सेवा सहकारी समितियों की स्थापना की गई है।
इस दौरान कृषक एनेश्वर वर्मा एवं प्राकृतिक खेती करने वाली महिला स्वसहायता समूह की दीदी श्रीमती नीता साहू ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव के अध्यक्ष सचिन बघेल, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव के उपाध्यक्ष भरत वर्मा, संतोष अग्रवाल, कृषक आलोक ठाकुर, कृषक दाऊ राम शंकर, जितेन्द्र वर्मा, सुमीत उपाध्याय, उत्तम साहू, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. गुंजन झा, एसडीएम गौतम पाटिल, जनप्रतिनिधि, अधिकारी सहित बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ, जिला साहू संघ ने गुरू पूर्णिमा पर किया पौधरोपण

Published

on

राजनांदगांव। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कबीर कुटीर सुंदरा में जिला साहू संघ राजनांदगांव द्वारा पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान को समर्पित एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ जिला साहू संघ के जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए जिलेभर में इस जनअभियान को व्यापक रूप से चलाने की घोषणा की।
जिला साहू संघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान मातृत्व के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण का अनूठा संगम है। उन्होंने बताया कि जिला साहू संघ इस अभियान को जिले के प्रत्येक गांव, परिक्षेत्र और तहसील स्तर तक पहुंचाएगा। समाज के सभी पदाधिकारियों एवं युवाओं को इस अभियान से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाया जाएगा, ताकि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उन्हें वृक्ष बनाने का जनआंदोलन बन सके।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक असंतुलन से निपटने का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, जिला साहू संघ के संरक्षक भागवत साहू, जिलाध्यक्ष नोबल साहू, महामंत्री नीलमणि साहू, डॉ. महेश साहू, तहसील अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, नगर अध्यक्ष राजेश साहू, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, सुंदरा सरपंच हीपेंद्र साहू, टेड़ेसरा सरपंच खिलेश्वर साहू, भेड़ीकला के पूर्व सरपंच कृष्णा साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधरोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम की जानकारी जिला साहू संघ के नव नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के सचिव परदेशी राम साहू ने दी।

Continue Reading

राजनांदगांव

आसिफ अली की पहल पर रेलवे ने हटाई नाली की दीवार, अंडरब्रिज क्षेत्र में जलनिकासी बहाल

Published

on

राजनांदगांव। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन रेलवे अंडरब्रिज के पास जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई थी। पानी निकासी बाधित होने से गंदा पानी आसपास के रहवासियों के घरों में घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
समस्या की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली ने स्टेशन प्रबंधक श्री बर्मन से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा नाली पर दीवार बना दिए जाने के कारण बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा है और लोगों के घरों में भर रहा है।
शिकायत मिलते ही स्टेशन प्रबंधक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रेलवे कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने नाली पर बनी दीवार को तोड़कर पानी निकासी की व्यवस्था बहाल कर दी, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर हो गई।
रेलवे की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय रहवासियों को राहत मिली। लोगों ने जनहित में तत्काल कदम उठाने के लिए रेलवे प्रशासन तथा समस्या को प्रमुखता से उठाने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली की सराहना की।

Continue Reading

राजनांदगांव

विपिन यादव ने संगठन सुदृढ़ीकरण के लिए की अहम नियुक्तियां, महामंत्रियों को मिली ब्लॉकों की जिम्मेदारी

Published

on

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव ने जिले में महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियां की हैं। जारी आदेश के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रितेश जैन को जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्रियों को विभिन्न ब्लॉकों का प्रभारी बनाया गया है। इसके तहत महेंद्र यादव को राजनांदगांव ग्रामीण, पंकज बांधव को घुमका, हेमंत बैष्णव को डोंगरगढ़ (ग्रामीण), राजकुमार सिन्हा को डोंगरगढ़ (शहर), रवि साहू को एलबी नगर, राजू सिंह राजपूत को छुरिया, शिशुपाल भारती को कुमरदा तथा चुम्मन साहू को डोंगरगांव ब्लॉक का प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी महामंत्री राहुल तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अनीस खान ने बताया कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाना है। नियुक्त सभी ब्लॉक प्रभारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों, अभियानों एवं संगठनात्मक गतिविधियों का अपने-अपने ब्लॉकों में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही वे अपने प्रभार क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ सतत समन्वय बनाए रखने तथा बूथ, पंचायत एवं वार्ड स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को गति देंगे। वहीं जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी रितेश जैन जिले में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समन्वय तथा कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण का दायित्व निभाएंगे।
अनीस खान ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान निरंतर जारी है। इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को अधिक सक्रिय एवं अनुशासित बनाते हुए जनता से निरंतर संवाद स्थापित करना, गांव-गांव तक कांग्रेस की पहुंच को सशक्त करना तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि आने वाले समय में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी भूमिका निभा सके।
उन्होंने बताया कि इन सभी नियुक्तियों की सूचना विधिवत छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रेषित कर दी गई है। विश्वास है कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में सभी नियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए जिले में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं गतिशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Continue Reading

Trending