Connect with us

राजनांदगांव

टीएल बैठक में कलेक्टर के कड़े निर्देश : सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों का समय-सीमा में करें गुणवत्तापूर्ण निराकरण

Published

on

राजनांदगांव। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) की बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और जन-शिकायतों की गहन समीक्षा की। कलेक्टर ने कड़े लहजे में कहा कि ‘सीएम हेल्पलाइन 1076’ में प्राप्त होने वाले आवेदनों का सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ तय समय-सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने इस कार्य की लगातार ऑनलाइन मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन सहित जिला स्तर के सभी आला अधिकारी उपस्थित थे।

दिग्विजय स्टेडियम में मनेगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
कलेक्टर ने बताया कि आगामी 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय वृहद आयोजन शहर के दिग्विजय स्टेडियम में किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को इस गरिमामय आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूर्व पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि योग दिवस के अवसर पर जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारी अनिवार्य रूप से इस कार्यक्रम में शामिल होकर योग करेंगे।

कृषि चौपाल का होगा आयोजन, एग्रीस्टेक पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश
खरीफ सीजन 2026 की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले में खाद-बीज के भंडारण और वितरण की जानकारी ली।

फसल विविधीकरण: उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों को धान के बदले कम लागत में अधिक मुनाफा देने वाली दलहन, तिलहन एवं अन्य वैकल्पिक फसलें लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

कृषि चौपाल: किसानों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के लिए सभी गांवों में कृषि चौपाल आयोजित की जाएगी।

एग्रीस्टेक पंजीयन: जिले में अब तक 98 हजार 682 किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन पूर्ण हो चुका है। कलेक्टर ने शेष बचे किसानों का पंजीयन भी जल्द से जल्द पूरा करने को कहा है।

स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास की योजनाओं की समीक्षा
अस्पताल मरम्मत को प्राथमिकता: विधानसभा अध्यक्ष द्वारा जिला चिकित्सालय की मरम्मत एवं अधोसंरचना की मजबूती के लिए की गई घोषणा के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

एचपीवी वैक्सीनेशन: जिले में अब तक 3479 किशोरी बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग को स्कूलों का रोस्टर बनाकर एक महीने के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए हैं।

महतारी वंदन योजना: योजना के तहत जिले में 97 प्रतिशत महिलाओं का ई-केवाईसी सत्यापन कार्य पूर्ण हो चुका है। कलेक्टर ने शेष 3 प्रतिशत हितग्राहियों से सीधे संपर्क कर शत-प्रतिशत सत्यापन करने को कहा ताकि उन्हें योजना का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे। इसके साथ ही ‘प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना’ के हितग्राहियों को श्रम विभाग में पंजीकृत कराने के निर्देश दिए।

स्वरोजगार और पीएम सूर्यघर योजना पर फोकस
पीएम स्वनिधि योजना: शहरी क्षेत्र के 4328 हितग्राहियों को अब तक ऋण का वितरण किया जा चुका है। कलेक्टर ने अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स और पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना: आम नागरिकों के बिजली बिल के बोझ को कम करने वाली इस योजना के तहत जिले में अब तक 3 हजार 321 हितग्राहियों के घरों में सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। कलेक्टर ने इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।

लंबित प्रकरणों पर जिला पंचायत सीईओ की हिदायत
बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह ने भी सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने की बात कही। इसके साथ ही कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के कार्यपालन अभियंता को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनके भुगतान की प्रक्रिया तत्काल पूरी की जाए।

बैठक में ये रहे उपस्थित:
इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम राजनांदगांव गौतम पाटिल, एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोराम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ, जिला साहू संघ ने गुरू पूर्णिमा पर किया पौधरोपण

Published

on

राजनांदगांव। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कबीर कुटीर सुंदरा में जिला साहू संघ राजनांदगांव द्वारा पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान को समर्पित एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ जिला साहू संघ के जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए जिलेभर में इस जनअभियान को व्यापक रूप से चलाने की घोषणा की।
जिला साहू संघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान मातृत्व के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण का अनूठा संगम है। उन्होंने बताया कि जिला साहू संघ इस अभियान को जिले के प्रत्येक गांव, परिक्षेत्र और तहसील स्तर तक पहुंचाएगा। समाज के सभी पदाधिकारियों एवं युवाओं को इस अभियान से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाया जाएगा, ताकि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उन्हें वृक्ष बनाने का जनआंदोलन बन सके।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक असंतुलन से निपटने का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, जिला साहू संघ के संरक्षक भागवत साहू, जिलाध्यक्ष नोबल साहू, महामंत्री नीलमणि साहू, डॉ. महेश साहू, तहसील अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, नगर अध्यक्ष राजेश साहू, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, सुंदरा सरपंच हीपेंद्र साहू, टेड़ेसरा सरपंच खिलेश्वर साहू, भेड़ीकला के पूर्व सरपंच कृष्णा साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधरोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम की जानकारी जिला साहू संघ के नव नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के सचिव परदेशी राम साहू ने दी।

Continue Reading

राजनांदगांव

आसिफ अली की पहल पर रेलवे ने हटाई नाली की दीवार, अंडरब्रिज क्षेत्र में जलनिकासी बहाल

Published

on

राजनांदगांव। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन रेलवे अंडरब्रिज के पास जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई थी। पानी निकासी बाधित होने से गंदा पानी आसपास के रहवासियों के घरों में घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
समस्या की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली ने स्टेशन प्रबंधक श्री बर्मन से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा नाली पर दीवार बना दिए जाने के कारण बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा है और लोगों के घरों में भर रहा है।
शिकायत मिलते ही स्टेशन प्रबंधक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रेलवे कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने नाली पर बनी दीवार को तोड़कर पानी निकासी की व्यवस्था बहाल कर दी, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर हो गई।
रेलवे की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय रहवासियों को राहत मिली। लोगों ने जनहित में तत्काल कदम उठाने के लिए रेलवे प्रशासन तथा समस्या को प्रमुखता से उठाने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली की सराहना की।

Continue Reading

राजनांदगांव

विपिन यादव ने संगठन सुदृढ़ीकरण के लिए की अहम नियुक्तियां, महामंत्रियों को मिली ब्लॉकों की जिम्मेदारी

Published

on

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव ने जिले में महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियां की हैं। जारी आदेश के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रितेश जैन को जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्रियों को विभिन्न ब्लॉकों का प्रभारी बनाया गया है। इसके तहत महेंद्र यादव को राजनांदगांव ग्रामीण, पंकज बांधव को घुमका, हेमंत बैष्णव को डोंगरगढ़ (ग्रामीण), राजकुमार सिन्हा को डोंगरगढ़ (शहर), रवि साहू को एलबी नगर, राजू सिंह राजपूत को छुरिया, शिशुपाल भारती को कुमरदा तथा चुम्मन साहू को डोंगरगांव ब्लॉक का प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी महामंत्री राहुल तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अनीस खान ने बताया कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाना है। नियुक्त सभी ब्लॉक प्रभारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों, अभियानों एवं संगठनात्मक गतिविधियों का अपने-अपने ब्लॉकों में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही वे अपने प्रभार क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ सतत समन्वय बनाए रखने तथा बूथ, पंचायत एवं वार्ड स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को गति देंगे। वहीं जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी रितेश जैन जिले में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समन्वय तथा कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण का दायित्व निभाएंगे।
अनीस खान ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान निरंतर जारी है। इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को अधिक सक्रिय एवं अनुशासित बनाते हुए जनता से निरंतर संवाद स्थापित करना, गांव-गांव तक कांग्रेस की पहुंच को सशक्त करना तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि आने वाले समय में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी भूमिका निभा सके।
उन्होंने बताया कि इन सभी नियुक्तियों की सूचना विधिवत छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रेषित कर दी गई है। विश्वास है कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में सभी नियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए जिले में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं गतिशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Continue Reading

Trending