Connect with us

राजनांदगांव

महापौर ने मोतीपुर स्कूल में मनाया शाला प्रवेशोत्सव, विद्यार्थियों को बांटी पुस्तकें और गणवेश

Published

on

राजनांदगांव। नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर मोतीपुर स्कूल में शाला प्रवेशोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं मुंह मीठा कर स्वागत किया तथा उन्हें कॉपी, पुस्तक और गणवेश वितरित कर अध्ययन के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर महापौर ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का विशेष महत्व है। ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी बेहतर शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शासकीय स्कूलों में भी निजी विद्यालयों की तर्ज पर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
महापौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पीएमश्री योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे शासकीय विद्यालयों के छात्र भी उच्च स्तर की शिक्षा प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद मनोहर यादव भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को नए सत्र की शुभकामनाएं देते हुए नियमित अध्ययन और अनुशासन का पालन करने की प्रेरणा दी।
शाला प्रवेशोत्सव में प्रधान पाठक सुधीर कुमार पवार, शिक्षिका अनिता भोर, प्रतिभार सरजारे, उमाभारती टाक, शोभिता ठाकुर, हितेश कामड़े सहित विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में विद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करना और उन्हें शिक्षा के लिए प्रेरित करना रहा।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

महंगे दाम पर यूरिया बेचने वाले विक्रेता पर कार्रवाई : 47.47 मीट्रिक टन खाद जब्त, जिले में 129 केंद्रों की जांच

Published

on

राजनांदगांव। किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने और खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने कृषि विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। छुरिया विकासखंड के चिचोला रोड स्थित ग्रामोदय कृषि संसार निजी रासायनिक उर्वरक विक्रय केंद्र में निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर यूरिया बेचने की पुष्टि होने पर विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। केंद्र से 47.47 मीट्रिक टन रासायनिक उर्वरक भी जब्त किया गया है।

कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम जिलेभर में उर्वरक विक्रय केंद्रों की जांच कर रही है। इसी दौरान ग्रामोदय कृषि संसार केंद्र में यूरिया अधिक कीमत पर बेचने की शिकायत मिली थी। जांच के लिए अनुविभागीय कृषि अधिकारी कार्यालय के वाहन चालक श्री संजय कुमार सिन्हा को ग्राहक बनाकर केंद्र भेजा गया।

जांच में सामने आया कि केंद्र के कर्मचारी श्री गोविंद तिवारी ने उन्हें यूरिया खाद 600 रुपए प्रति बोरी की दर से बेची और राशि फोन-पे के माध्यम से प्राप्त की। जबकि निर्धारित दर से अधिक कीमत पर उर्वरक विक्रय करना उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 का उल्लंघन है। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए केंद्र में उपलब्ध खाद को जब्त कर लिया।

जब्त उर्वरक में 15.57 मीट्रिक टन यूरिया, 6.05 मीट्रिक टन डीएपी, 10.85 मीट्रिक टन ट्रिपल सुपर फास्फेट, 12.50 मीट्रिक टन सिंगल सुपर फास्फेट और 2.50 मीट्रिक टन म्यूरेट ऑफ पोटाश शामिल हैं।

उप संचालक कृषि श्री टीकम सिंह ठाकुर ने बताया कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए जिले में उर्वरक विक्रय केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। अब तक 129 केंद्रों का निरीक्षण किया जा चुका है। अनियमितता मिलने पर 44 केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

वहीं 12 केंद्रों से उर्वरक जब्ती की कार्रवाई की गई है और गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 9 विक्रय केंद्रों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इसके अलावा चार गंभीर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उचित मूल्य पर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने, कालाबाजारी या अन्य अनियमितता करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने किसानों से अपील की है कि ऐसी किसी भी शिकायत की जानकारी तत्काल कृषि विभाग को दें, ताकि दोषियों पर कार्रवाई की जा सके।

Continue Reading

राजनांदगांव

बरगा में कलेक्टर ने की सूर्यसभा : बोले- गांव को बनाएं 100% सोलर गांव, लाभार्थियों ने बताया कैसे शून्य हुआ बिजली बिल

Published

on

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार के लिए बुधवार को विकासखंड राजनांदगांव के ग्राम बरगा में सूर्यसभा आयोजित की गई। इसमें कलेक्टर जितेंद्र यादव और जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह शामिल हुए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से योजना का लाभ लेने और अधिक से अधिक पंजीयन कर गांव को शत-प्रतिशत सोलर गांव बनाने का आह्वान किया।

कलेक्टर ने कहा कि ग्राम बरगा ने जल संरक्षण, स्वच्छता और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई क्षेत्रों में बेहतर कार्य कर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं, जिससे बिजली बिल में बड़ी राहत मिल रही है। जिले में अब तक करीब 3500 घरों में सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं और अधिकांश उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य या 80 प्रतिशत तक कम हो गया है।

लाभार्थियों ने साझा किए अनुभव
सभा में योजना से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। ग्राम बरगा की श्रीमती सरिता सोनवानी ने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल हर महीने 1200 से 1500 रुपए तक आता था। जनवरी 2026 में 3 किलोवाट का सोलर संयंत्र लगाने के बाद उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त उत्पादित बिजली विद्युत विभाग को भेजी जा रही है, जिससे आर्थिक लाभ भी मिल रहा है।

ग्राम सरपंच विनोद कुमार कंवर ने बताया कि सोलर संयंत्र लगाने से पहले उनका मासिक बिजली बिल 2000 से 2500 रुपए तक आता था। संयंत्र स्थापित होने के बाद मई माह में उनका बिजली बिल 117 रुपए ऋणात्मक दर्ज हुआ। उन्होंने कहा कि अब वे केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि बिजली उत्पादक भी बन गए हैं।

3 किलोवाट संयंत्र पर 1.08 लाख रुपए तक सब्सिडी
अधिकारियों ने सभा में बताया कि योजना के तहत 1 किलोवाट सोलर संयंत्र पर केंद्र सरकार से 30 हजार और राज्य सरकार से 15 हजार रुपए, कुल 45 हजार रुपए की सब्सिडी मिलती है। वहीं 2 किलोवाट पर 90 हजार और 3 किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर कुल 1 लाख 8 हजार रुपए तक की सब्सिडी प्रदान की जाती है।

अधिकारियों ने बताया कि सोलर संयंत्र की लागत 3 से 4 वर्षों में पूरी हो जाती है। इसके बाद उपभोक्ताओं को लंबे समय तक मुफ्त बिजली का लाभ मिलता है। साथ ही अतिरिक्त बिजली बेचकर आय भी अर्जित की जा सकती है। सूर्यसभा में ग्रामीणों ने योजना को लेकर उत्साह दिखाया और पंजीयन कराने में रुचि दिखाई।

Continue Reading

अपराध

किराना दुकान से गुटखा-पान मसाला चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

Published

on

राजनांदगांव। ग्राम सिंघोला स्थित किराना दुकान से पान मसाला, गुटखा, सिगरेट और अन्य सामान चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस चौकी सुरगी ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान करीब 53 हजार 132 रुपए का बरामद किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार ग्राम सिंघोला निवासी किराना व्यवसायी अशोक साहू ने 7 जून को चौकी सुरगी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 6 जून की रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह दुकान खोलने पर सामान बिखरा मिला और सीसीटीवी कैमरा टूटा हुआ था। जांच करने पर दुकान से पान मसाला, गुटखा, सिगरेट के पैकेट, चिल्लर रकम सहित अन्य सामान गायब मिला।

मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में जांच के दौरान पुलिस को तीन युवकों पर संदेह हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के बताए स्थान से चोरी का सामान बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों में जावेद सोलंकी (28), निवासी केसर नगर अटल आवास राजनांदगांव, जुनैद अख्तर (26), निवासी कन्हारपुरी तिरंगा चौक राजनांदगांव और हिरेंद्र यादव (19), निवासी लखोली अटल आवास बैगापारा राजनांदगांव शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से पान मसाला, गुटखा एवं सिगरेट सहित कुल 53 हजार 132 रुपए का सामान जब्त किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में चौकी सुरगी प्रभारी निरीक्षक ढाल सिंह साहू, सउनि हरीश टेंभुकर, आरक्षक संतोष देशमुख, योगेश साहू, डिलेश मंडावी सहित पेट्रोलिंग टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में चोरी एवं अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Continue Reading

Trending