Connect with us

राजनांदगांव

‘कोरकोट्टी’ का मोहला में हुआ विमोचन

Published

on

राजनांदगांव। मानपुर क्षेत्र के कोरकोट्टी गांव में हुई नक्सल घटना पर पत्रकार अतुल श्रीवास्तव द्वारा लिखी गई किताब ‘कोरकोट्टी’ का जिला मुख्यालय मोहला में विमोचन किया गया। राजनांदगांव के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार चौबे सहित 29 जवानों की शहादत की 17वीं बरसी पर मोहला के पुलिस लाईन में अमर जवान स्तंभ के पास पुस्तक का विमोचन किया गया।
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले की जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, कलेक्टर तूलिका प्रजापति और पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में रविवार 12 जुलाई 2026 की सुबह 9 बजे शहीदों को श्रद्धांजलि का कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहीद जवानों की नाम पट्टिका और उनकी तस्वीरों के समक्ष सभी ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
12 जुलाई 2009 को मानपुर क्षेत्र के कोरकोट्टी में राजनांदगाँव के तत्कालीन एसपी विनोद कुमार चौबे के साथ निरीक्षक विनोद धु्रव, उप निरीक्षक धनेश साहू, उप निरीक्षक कोमल साहू, प्रधान आरक्षक गीता भंडारी, प्रधान आरक्षक संजय यादव, प्रधान आरक्षक जखरियस खलखो, आरक्षक रजनीकांत, आरक्षक लालबहादुर नाग, आरक्षक निकेश यादव, आरक्षक वेदप्रकाश यादव, आरक्षक श्यामलाल भोई, आरक्षक बेदूराम सूर्यवंशी, आरक्षक लोकेश छेदैया, आरक्षक अजय भारव्दाज, आरक्षक सुभाष बेहरा, आरक्षक रितेश देशमुख, आरक्षक मनोज वर्मा, आरक्षक अमित नायक, आरक्षक टिकेश्वर देखमुख, आरक्षक मिथलेश साहू, आरक्षक प्रकाश वर्मा, आरक्षक सूर्यपाल वट्टी, आरक्षक झाडूराम वर्मा, आरक्षक संतराम साहू और सातवीं वाहिनी सीएएफ भिलाई के दो प्रधान आरक्षक दुष्यंत राठौर और सुंदरलाल चौधरी भी शहीद हो गए थे।
कोरकोट्टी की घटना पर राजनांदगांव के पत्रकार अतुल श्रीवास्तव ने ‘कोरकोट्टी’ नाम से किताब लिखी है। चूंकि शहीदों के परिजन राजनांदगांव जिला मुख्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल हुए थे, ऐसे में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के जिला मुख्यालय मोहला में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, कलेक्टर तूलिका प्रजापति और पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में आयोजित शहीदों को श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद किताब ‘कोरकोट्टी’ का विमोचन किया गया।
‘कोरकोट्टी’ के विमोचन के बाद मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी कलेक्टर तूलिका प्रजापति ने किताब की सराहना की और कहा कि मानपुर क्षेत्र में हुई नक्सल घटना पर लिखी गई यह किताब पठनीय है। उन्होंने कहा कि लेखक को और मेहनत कर किताब में छूट गए शहीदों के परिजनों से बात कर उनके विषय को भी शामिल कर किताब का अगला संस्करण निकालना चाहिए। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह ने कहा कि उनके राजनांदगांव में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऑप्स रहने के दौरान से इस किताब के लेखक से करीबी संबंध रहे हैं और उन्होंने इस किताब के लेखन के लिए काफी मेहनत की है। उन्होंने कहा कि मानपुर क्षेत्र के साथ ही राजनांदगांव और छत्तीसगढ़ के हर पाठक को इस किताब को पढ़ना चाहिए।
मोहला में किताब के विमोचन के बाद किताब के लेखक अतुल ने मानपुर जाकर वहां बाजार चौक में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भी शामिल होकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद लेखक ने कोरकोट्टी गांव का भी भ्रमण किया, जहां वह हृदयविदारक घटना घटित हुई थी। कोरकोट्टी का वह स्कूल अभी भी वैसे ही है, जिसकी कुछ दूरी पर घटना घटित हुई थी। हालांकि 2009 में जब घटना हुई थी, तब मानपुर से कोरकोट्टी और उसके आगे की सड़क पतली थी, लेकिन अब इस सड़क का कायाकल्प हो गया है और यहां कई पेड़ काटकर सिक्स लेन सड़क बना दी गई है। सिक्स लेन सड़क बनाने के लिए उन कई पेड़ों को भी काट दिया गया, जिन पर घटना वाले दिन नक्सलियों द्वारा जवानों पर चलाई गई गोलियां लगीं थीं।
सुबह मोहला में किताब के विमोचन और फिर मानपुर व कोरकोट्टी के दौरे से लौटकर किताब ‘कोरकोट्टी’ के लेखक ने शाम को राजनांदगांव में मौजूद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात की और उन्हें अपनी किताब भेंट की। किताब ‘कोरकोट्टी’ की भूमिका डॉ. रमन सिंह ने ही लिखी है। किताब को सरसरी तौर पर देखने के बाद डॉ. रमन सिंह ने उसकी सराहना की और कहा कि यह किताब पठनीय है।
लेखक ने राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को भी किताब दी। उन्होंने पढ़कर प्रतिक्रिया देने की बात की। लेखक ने राजनांदगांव के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ शहीद जवानों के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें किताब दी और सबने किताब को पसंद किया। लेखक ने एक किताब राजनांदगांव की कुलदेवी माता शीतला के चरणों में और एक किताब अपने आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त के चरणों में अर्पित किया। लेखक अतुल श्रीवास्तव ने एक किताब अपने पिता प्रकाश श्रीवास्तव को भी भेंट की और उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के समाप्त होने के बाद आई यह किताब उनके पुत्र का अब तक के लेखन का सबसे श्रेष्ठ प्रयास है। अब लेखक को इस किताब को राजनांदगांव सहित प्रदेश के सभी शहीद परिवारों तक भिजवाने का काम करना है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ, जिला साहू संघ ने गुरू पूर्णिमा पर किया पौधरोपण

Published

on

राजनांदगांव। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कबीर कुटीर सुंदरा में जिला साहू संघ राजनांदगांव द्वारा पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान को समर्पित एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ जिला साहू संघ के जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए जिलेभर में इस जनअभियान को व्यापक रूप से चलाने की घोषणा की।
जिला साहू संघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान मातृत्व के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण का अनूठा संगम है। उन्होंने बताया कि जिला साहू संघ इस अभियान को जिले के प्रत्येक गांव, परिक्षेत्र और तहसील स्तर तक पहुंचाएगा। समाज के सभी पदाधिकारियों एवं युवाओं को इस अभियान से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाया जाएगा, ताकि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उन्हें वृक्ष बनाने का जनआंदोलन बन सके।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक असंतुलन से निपटने का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, जिला साहू संघ के संरक्षक भागवत साहू, जिलाध्यक्ष नोबल साहू, महामंत्री नीलमणि साहू, डॉ. महेश साहू, तहसील अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, नगर अध्यक्ष राजेश साहू, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, सुंदरा सरपंच हीपेंद्र साहू, टेड़ेसरा सरपंच खिलेश्वर साहू, भेड़ीकला के पूर्व सरपंच कृष्णा साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधरोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम की जानकारी जिला साहू संघ के नव नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के सचिव परदेशी राम साहू ने दी।

Continue Reading

राजनांदगांव

आसिफ अली की पहल पर रेलवे ने हटाई नाली की दीवार, अंडरब्रिज क्षेत्र में जलनिकासी बहाल

Published

on

राजनांदगांव। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन रेलवे अंडरब्रिज के पास जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई थी। पानी निकासी बाधित होने से गंदा पानी आसपास के रहवासियों के घरों में घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
समस्या की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली ने स्टेशन प्रबंधक श्री बर्मन से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा नाली पर दीवार बना दिए जाने के कारण बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा है और लोगों के घरों में भर रहा है।
शिकायत मिलते ही स्टेशन प्रबंधक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रेलवे कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने नाली पर बनी दीवार को तोड़कर पानी निकासी की व्यवस्था बहाल कर दी, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर हो गई।
रेलवे की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय रहवासियों को राहत मिली। लोगों ने जनहित में तत्काल कदम उठाने के लिए रेलवे प्रशासन तथा समस्या को प्रमुखता से उठाने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली की सराहना की।

Continue Reading

राजनांदगांव

विपिन यादव ने संगठन सुदृढ़ीकरण के लिए की अहम नियुक्तियां, महामंत्रियों को मिली ब्लॉकों की जिम्मेदारी

Published

on

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव ने जिले में महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियां की हैं। जारी आदेश के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रितेश जैन को जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्रियों को विभिन्न ब्लॉकों का प्रभारी बनाया गया है। इसके तहत महेंद्र यादव को राजनांदगांव ग्रामीण, पंकज बांधव को घुमका, हेमंत बैष्णव को डोंगरगढ़ (ग्रामीण), राजकुमार सिन्हा को डोंगरगढ़ (शहर), रवि साहू को एलबी नगर, राजू सिंह राजपूत को छुरिया, शिशुपाल भारती को कुमरदा तथा चुम्मन साहू को डोंगरगांव ब्लॉक का प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी महामंत्री राहुल तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अनीस खान ने बताया कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाना है। नियुक्त सभी ब्लॉक प्रभारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों, अभियानों एवं संगठनात्मक गतिविधियों का अपने-अपने ब्लॉकों में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही वे अपने प्रभार क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ सतत समन्वय बनाए रखने तथा बूथ, पंचायत एवं वार्ड स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को गति देंगे। वहीं जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी रितेश जैन जिले में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समन्वय तथा कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण का दायित्व निभाएंगे।
अनीस खान ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान निरंतर जारी है। इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को अधिक सक्रिय एवं अनुशासित बनाते हुए जनता से निरंतर संवाद स्थापित करना, गांव-गांव तक कांग्रेस की पहुंच को सशक्त करना तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि आने वाले समय में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी भूमिका निभा सके।
उन्होंने बताया कि इन सभी नियुक्तियों की सूचना विधिवत छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रेषित कर दी गई है। विश्वास है कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में सभी नियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए जिले में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं गतिशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Continue Reading

Trending