Connect with us

राजनांदगांव

100 ट्रैक्टर पैरा दान करने वाले सुरगी के किसानों ने पेश की मिसाल : बघेल

Published

on

राजनांदगांव। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि 100 ट्रैक्टर पैरा दान कर सुरगी के किसानों ने मिसाल प्रस्तुत की है, जो दूसरों के लिए अनुकरणीय है। किसानों द्वारा पैरा दान कर गोधन न्याय योजना में सहभागिता का अच्छा कार्य किया गया है। मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव विधानसभा के ग्राम सुरगी में भेंट-मुलाकात के मंच से पैरा दान करने वाले गांव के किसानों को बधाई दी। उन्होंने ग्रामीणों से ताली बजवाकर इन किसानों को प्रोत्साहित किया। इसके पहले सुरगी पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने हरी झण्डी दिखाकर पैरा दान करने वाले किसानों के 100 ट्रैक्टरों को गौठान के लिए रवाना किया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ भेंट-मुलाकात कार्यकम की शुरूआत की। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने सुरगी में भेंट मुलाकात के दौरान आम जनता से राज्य शासन की योजनाओं की मैदानी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जो किसान अपने खेतों में और बाड़ियों में वर्मी कंपोस्ट का उपयोग कर रहे हैं, वे जैविक खेती के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराएं, इससे उनकी उपज का अच्छा मूल्य मिलेगा। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से चर्चा के दौरान उन्हें शासन की योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने किसानों की कर्ज माफी की, किसानों के लिए राजीव गांधी किसान न्याय योजना लेकर आए, महिलाओं का राशन कार्ड बनवाया और भूमिहीन मजदूरों के लिए राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना लेकर आए। इस योजना में भूमिहीन मजदूरों सहित चिन्हित लोगों को सालाना सात हजार रूपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की मांग पर क्षेत्र के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की। सुरगी में जिला सहकारी बैंक की शाखा खोलने, सुरगी हाईस्कूल मैदान के विकास और लाइटिंग, हरदी-सुरगी सड़क की प्रशासकीय स्वीकृति देते हुए सोमनी-नवागांव सड़क के जीर्णोद्धार, सूखा नाला बैराज से आलीखूंटा तक सिंचाई सुविधा और नाली निर्माण, तोरणकट्टा के आश्रित गांव मनकी में धान खरीदी केंद्र खोलने, भरेगांव के बूढ़ादेव तालाब में सौंदर्यीकरण और पचरी निर्माण, ग्राम सिंघोला में भानेश्वरी मंदिर जीर्णोद्धार और तालाब सौंदर्यीकरण, रानीतराई में हाईस्कूल में दो अतिरिक्त कक्ष तथा धामनसारा स्कूल में एक अतिरिक्त कक्ष के निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम किसानों को नुकसान नहीं होने देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कोरोना संकट के दौरान भी हम आपके साथ खड़े रहे। आपको सहयोग करते रहेंगे।
भेंट-मुलाकात के दौरान ग्राम रानीतराई निवासी गंगा राम साहू ने मुख्यमंत्री श्री बघेल को बताया कि एक एकड़ के लिए कर्जा लिया था। सब माफ हो गया। धान का पैसा लगातार मिल रहा है। उपरहा अर्थात एक्स्ट्रा पैसे का क्या कर रहे हो, पूछने पर गंगा राम ने बताया कि जो लाभ हुआ उससे गन्ना लगा लिया। गंगा राम ने पूछा कि मैं राजीव गांधी किसान न्याय योजना का लाभ लेते हुए चंदन का पौधा लगाना चाहता हूं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा, जरूर लगाएं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा राशन कार्ड के सम्बंध में पूछने पर सुरगी की कमलेश्वरी बाई ने बताया मुफ्त में अभी चावल मिल रहा है। मेरे परिवार में 4 सदस्य हैं। 28 किलो चावल मिलता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ ही ऐसा राज्य है, जहां इतना सस्ता राशन है। हम लोग आपकी जेब में राशि डालने का कार्य कर रहे हैं।
गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों से चर्चा के दौरान सोनिया साहू ने बताया कि हर हफ्ते गोबर बेच रही हूँ, पैसा एक साथ राजीव गांधी किसान न्याय योजना के साथ आता है। कोटरभाठा की पार्वती ने बताया कि हफ्ता में 50 किलो गोबर बेचती हूँ। खाते में 8 हजार रूपए आया। संस्कार सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि 3 लाख रूपए कमा चुके हैं, सब बांट लिया। मैंने इस राशि से जनरल स्टोर खोल लिया। हम लोग मशरूम का उत्पादन करना चाहते हैं। खेतों में वर्मी कम्पोस्ट डालने वाले विदेशी राम निषाद ने बताया कि वे खेत में वर्मी कम्पोस्ट डाल रहे हैं घर में सात टांके बनवाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्मी का बढ़िया लाभ है। उन्होंने बताया कि वे 80 डिसमिल में सब्जी और 4 एकड़ में धान लगाते हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें जैविक खेती के लिए रजिस्ट्रेशन कराने कहा। राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना से लाभान्वित हितग्राही ओंकार प्रसाद बघेल ने बताया योजना का लाभ मिलने से बड़ी राहत मिली है। नियमित किश्त मिल रही है। हाट बाजार क्लीनिक योजना के बारे में जानकारी लेने पर मुख्यमंत्री को बच्चुराम ने बताया कि मैं भर्रेगांव का हूँ। गांव में नियमित गाड़ी आती है। वहां से दवाई ले रहा हूँ। पैसा नहीं लगता।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के छात्रों से छत्तीसगढ़ी में प्रश्न किए, जिनका विद्यार्थियों ने अंग्रेजी में उत्तर दिया। यशवंत जंघेल ने मुख्यमंत्री के पूछने पर अपने स्कूल के बारे में बताया। यशवंत जंघेल ने धाराप्रवाह अंग्रेजी में उत्तर देकर जनसमूह को खुश कर दिया। यशवंत ने अंग्रेजी में कहा कि इसके पहले जिस स्कूल में पढ़ते थे, वहां सालाना 20 हजार रूपए देने पड़ते थे। आत्मानंद स्कूल में एक भी पैसा नहीं लगता। मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़िया। पूनम साहू ने अंग्रेजी में उत्तर दिया कि पैंडेमिक में भी आपने स्कूल बना दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप मन सुनेव। बच्ची ह गितमीट गितमीट अंग्रेजी में तेजी ले बोलिस। कतका झन ल समझ आइस। फिर कहा कि देखिए कितना बढ़िया काम हो रहा है। हमारे बच्चों की अंग्रेजी कितनी अच्छी हो गई है।
इस अवसर पर अध्यक्ष अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण एवं डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू, महापौर श्रीमती हेमा देशमुख, छत्तीसगढ़ अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष धनेश पाटिला, युवा आयोग के अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष नवाज खान, पर्यटन मंडल का सदस्य निखिल द्विवेदी, समाजसेवी पदम कोठारी, पार्षद कुलबीर छाबड़ा, मुख्यमंत्री सचिव अंकित आनंद, संभागायुक्त महादेव कावरे, आईजी डॉ. आनंद छाबड़ा, कलेक्टर डोमन सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ, जिला साहू संघ ने गुरू पूर्णिमा पर किया पौधरोपण

Published

on

राजनांदगांव। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कबीर कुटीर सुंदरा में जिला साहू संघ राजनांदगांव द्वारा पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान को समर्पित एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ जिला साहू संघ के जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए जिलेभर में इस जनअभियान को व्यापक रूप से चलाने की घोषणा की।
जिला साहू संघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान मातृत्व के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण का अनूठा संगम है। उन्होंने बताया कि जिला साहू संघ इस अभियान को जिले के प्रत्येक गांव, परिक्षेत्र और तहसील स्तर तक पहुंचाएगा। समाज के सभी पदाधिकारियों एवं युवाओं को इस अभियान से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाया जाएगा, ताकि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उन्हें वृक्ष बनाने का जनआंदोलन बन सके।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक असंतुलन से निपटने का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, जिला साहू संघ के संरक्षक भागवत साहू, जिलाध्यक्ष नोबल साहू, महामंत्री नीलमणि साहू, डॉ. महेश साहू, तहसील अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, नगर अध्यक्ष राजेश साहू, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, सुंदरा सरपंच हीपेंद्र साहू, टेड़ेसरा सरपंच खिलेश्वर साहू, भेड़ीकला के पूर्व सरपंच कृष्णा साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधरोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम की जानकारी जिला साहू संघ के नव नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के सचिव परदेशी राम साहू ने दी।

Continue Reading

राजनांदगांव

आसिफ अली की पहल पर रेलवे ने हटाई नाली की दीवार, अंडरब्रिज क्षेत्र में जलनिकासी बहाल

Published

on

राजनांदगांव। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन रेलवे अंडरब्रिज के पास जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई थी। पानी निकासी बाधित होने से गंदा पानी आसपास के रहवासियों के घरों में घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
समस्या की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली ने स्टेशन प्रबंधक श्री बर्मन से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा नाली पर दीवार बना दिए जाने के कारण बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा है और लोगों के घरों में भर रहा है।
शिकायत मिलते ही स्टेशन प्रबंधक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रेलवे कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने नाली पर बनी दीवार को तोड़कर पानी निकासी की व्यवस्था बहाल कर दी, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर हो गई।
रेलवे की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय रहवासियों को राहत मिली। लोगों ने जनहित में तत्काल कदम उठाने के लिए रेलवे प्रशासन तथा समस्या को प्रमुखता से उठाने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली की सराहना की।

Continue Reading

राजनांदगांव

विपिन यादव ने संगठन सुदृढ़ीकरण के लिए की अहम नियुक्तियां, महामंत्रियों को मिली ब्लॉकों की जिम्मेदारी

Published

on

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव ने जिले में महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियां की हैं। जारी आदेश के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रितेश जैन को जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्रियों को विभिन्न ब्लॉकों का प्रभारी बनाया गया है। इसके तहत महेंद्र यादव को राजनांदगांव ग्रामीण, पंकज बांधव को घुमका, हेमंत बैष्णव को डोंगरगढ़ (ग्रामीण), राजकुमार सिन्हा को डोंगरगढ़ (शहर), रवि साहू को एलबी नगर, राजू सिंह राजपूत को छुरिया, शिशुपाल भारती को कुमरदा तथा चुम्मन साहू को डोंगरगांव ब्लॉक का प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी महामंत्री राहुल तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अनीस खान ने बताया कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाना है। नियुक्त सभी ब्लॉक प्रभारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों, अभियानों एवं संगठनात्मक गतिविधियों का अपने-अपने ब्लॉकों में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही वे अपने प्रभार क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ सतत समन्वय बनाए रखने तथा बूथ, पंचायत एवं वार्ड स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को गति देंगे। वहीं जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी रितेश जैन जिले में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समन्वय तथा कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण का दायित्व निभाएंगे।
अनीस खान ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान निरंतर जारी है। इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को अधिक सक्रिय एवं अनुशासित बनाते हुए जनता से निरंतर संवाद स्थापित करना, गांव-गांव तक कांग्रेस की पहुंच को सशक्त करना तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि आने वाले समय में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी भूमिका निभा सके।
उन्होंने बताया कि इन सभी नियुक्तियों की सूचना विधिवत छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रेषित कर दी गई है। विश्वास है कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में सभी नियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए जिले में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं गतिशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Continue Reading

Trending