राजनांदगांव
कलेक्टर ने अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनवाने एवं योजना के प्रचार-प्रसार के लिए साईकल रैली को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
राजनांदगांव। शासन के निर्देशानुसार आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के 6 वर्ष एवं आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के 3 वर्ष पूर्ण होने पर कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में 20 से 30 सितम्बर 2024 तक आयुष्मान भारत पखवाड़ा का आयोजन किया गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आयुष्मान भारत पखवाड़ा के दौरान अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनवाने एवं योजना के प्रचार-प्रसार के लिए कलेक्टोरेट परिसर से साईकल रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। साईकल रैली कलेक्टोरेट परिसर से ठाकुर प्यारे लाल चौक, महावीर चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, भारत माता चौक, मानव मंदिर चौक, गुरूद्वारा चौक, आंबेडकर चौक होते हुए वापस कलेक्टोरेट परिसर में समाप्त हुई। साईकल रैली में सर्वेश्वर दास उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल, शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महारानी लक्ष्मी बाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ठाकुर प्यारेलाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं डॉ. बल्देव प्रसाद मिश्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर के प्राचार्य, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं शामिल हुए। साईकल रैली के माध्यम से प्राचार्यों एवं शिक्षकों को आयुष्मान कार्ड पंजीयन हेतु सभी शेष रह गए छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड पंजीयन करने कहा गया। साथ ही आमजनों से अपने एवं अपने परिवार के सभी सदस्यों का आयुष्मान कार्ड पखवाड़े के दौरान आयुष्मान कार्ड पंजीयन करने की अपील की गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर, जिला टीकाकरण अधिकारी सह नोडल अधिकारी आयुष्मान भारत डॉ. बी एल तुलावी, सहायक संचालक शिक्षा नितिन हिरवानी, जिला परियोजना समन्वयक आयुष्मान भारत ऐश्वर्य साव, जिला स्कॉउट प्रभारी मयुक श्रीवास्तव, कि ओस्क ऑपरेटर पवन यादव, वासुदेव साहू, कृष्ण कुमार नागवंशी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी, स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि जिले में आयोजित आयुष्मान पखवाड़े के दौरान आयुष्मान कार्ड पंजीयन हेतु शेष समस्त हितग्राहियों के घर-घर जाकर शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड पंजीयन करने का कार्य किया जा रहा हैं। साथ ही आयुष्मान चौपाल व सभा, स्कूलों में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन, आयुष्मान भारत निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, स्वास्थ्य के लिए दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। जिले में योजनांतर्गत पंजीकृत चार शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोंगरगांव, घुमका, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लाल बहादुर नगर एवं सुरगी तथा तीन निजी चिकित्सालयों किश्चयन फेलोशिप हॉस्पिटल राजनांदगांव, सांई कृपा हॉस्पिटल राजनांदगांव एवं समदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल राजनांदगांव को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत सराहनीय योगदान दिये जाने हेतु सम्मानित किया गया है।
आयुष्मान भारत कार्ड बनाने हेतु राशन कार्ड, आधार कार्ड एवं आधार लिंक मोबाईल नम्बर लेकर आना आवश्यक है। परिवार के समस्त सदस्यों का अलग-अलग आयुष्मान भारत कार्ड बनाया जाएगा। परिवार के समस्त सदस्यों के साथ अपने क्षेत्र के नजदीकी च्वाईस सेंटर एवं समस्त शासकीय अस्पताल में जाकर निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनवा सकते है। राजनांदगांव शहरी क्षेत्र अंतर्गत समस्त च्वॉइस सेंटर एवं शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय पेंड्री, जिला चिकित्सालय बसंतपुर, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शंकरपुर, लखोली, मोतीपुर एवं पुराना अस्पताल गुरूद्वारा चौक में जाकर निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनवा सकते है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत पात्र बीपीएल परिवारों को 5 लाख रूपए एवं शेष परिवार अर्थात एपीएल परिवारों को शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना अंतर्गत 50 हजार रूपए तक का लाभ योजना के दिशा-निर्देशानुसार योजनांतर्गत पंजीकृत किसी भी शासकीय एवं निजी चिकित्सालय में आयुष्मान कार्ड द्वारा निःशुल्क ईलाज का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। अन्य अतिरिक्त गंभीर बीमारी हेतु मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत 25 लाख रूपए तक स्वास्थ्य सहायता प्रदान किया जा रहा हैं, मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत लाभ प्राप्त करने हेतु आयुष्मान कार्ड अनिवार्य हैं। आयुष्मान भारत बनाने की प्रक्रिया पूर्ण रूप से निःशुल्क हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी हेतु टोल फ्री नंम्बर 104 या निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र या कार्यालय मुख्य स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी राजनांदगांव में प्राप्त किया जा सकता है।
राजनांदगांव
ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी बढ़ी, परिवहन विभाग ने जारी की चेतावनी
राजनांदगांव। ई-चालान के नाम पर हो रही साइबर ठगी के मामलों को देखते हुए परिवहन विभाग ने वाहन चालकों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधी परिवहन विभाग की वेबसाइट जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइटें और लिंक बनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि ठग ट्रैफिक नियम उल्लंघन का डर दिखाकर मोबाइल पर फर्जी संदेश भेजते हैं। इन संदेशों में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही लोगों से बैंक खाते, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, यूपीआई और अन्य व्यक्तिगत जानकारी मांगी जाती है। जानकारी साझा करते ही उनके खातों से रकम निकाली जा सकती है।
उन्होंने बताया कि ठग अक्सर अज्ञात मोबाइल नंबरों से संदेश भेजते हैं और तत्काल चालान जमा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की धमकी देते हैं। कई मामलों में मोबाइल एप डाउनलोड कराने की कोशिश भी की जाती है, जिससे साइबर अपराधियों को मोबाइल का एक्सेस मिल जाता है।
केवल अधिकृत वेबसाइट से ही जांचें ई-चालान
परिवहन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि ई-चालान की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट echallan.parivahan.gov.in का ही उपयोग करें। वेबसाइट पर चालान नंबर और ओटीपी के माध्यम से वास्तविक चालान की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा जारी सभी वैध ई-चालान की सूचना अधिकृत प्रणाली के माध्यम से वाहन स्वामी के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी जाती है।
संदिग्ध लिंक मिलने पर करें शिकायत
परिवहन विभाग ने नागरिकों से किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी अनजान व्यक्ति को ऑनलाइन भुगतान नहीं करने तथा बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा करने से बचने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक मिलने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर सूचना देने को कहा गया है।
विभाग ने लोगों से सतर्क, जागरूक और सुरक्षित रहकर साइबर ठगी से बचने का आग्रह किया है।
राजनांदगांव
आधार सेवाओं को प्रभावी बनाने संचालकों का हुआ प्रशिक्षण, शंकाओं का समाधान
राजनांदगांव। आधार पंजीयन एवं अद्यतन कार्यों को अधिक प्रभावी और सुचारू बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के आधार संचालकों का वृहत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में आधार संचालन से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के प्रतिनिधि श्री शुभान जी ने आधार नामांकन और अद्यतन प्रक्रिया से संबंधित नियमों, दिशा-निर्देशों तथा तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने आधार संचालकों की जिज्ञासाओं एवं कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं का समाधान करते हुए गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण के दौरान आधार नामांकन एवं अपडेट कार्य में निर्धारित मानकों और प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया।
अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय ने कहा कि आधार सेवाएं नागरिकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए सभी संचालक निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करें तथा सेवा गुणवत्ता बनाए रखें। उन्होंने आधार से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, सहायक प्रबंधक श्री आशीष स्वर्णकार, जिला समन्वयक आधार श्री अंकित सिंह, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आधार संचालक उपस्थित रहे।
राजनांदगांव
कर्मचारी हितों पर निगम की परामर्शदात्री समिति की बैठक, वेतन और अनुकंपा नियुक्ति पर हुई चर्चा
राजनांदगांव। नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने विभिन्न कर्मचारी संघों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में परामर्शदात्री समिति की बैठक लेकर कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में वेतन भुगतान, अनुकंपा नियुक्ति, पदोन्नति, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित देयकों तथा प्लेसमेंट कर्मचारियों की समस्याओं सहित कई महत्वपूर्ण विषय उठाए गए।
बैठक में कर्मचारी संघों के प्रतिनिधियों ने नियमित वेतन भुगतान, कर्मचारियों की पदोन्नति एवं क्रमोन्नति, मृत कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अवकाश नगदीकरण और भविष्य निधि की लंबित राशि के भुगतान की मांग रखी। इसके अलावा नवीन अंशदायी पेंशन योजना की राशि जमा नहीं होने, प्लेसमेंट कर्मचारियों के वेतन भुगतान, ईपीएफ राशि जमा कराने तथा कर्मचारी आवासों की मरम्मत जैसे मुद्दे भी उठाए गए।
आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने बताया कि निगम की राजस्व वसूली और उपलब्ध वित्तीय संसाधनों के आधार पर वेतन तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के देयकों का भुगतान किया जाता है। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले एक वर्ष में 23 कर्मचारियों को अनुकंपा नियुक्ति दी जा चुकी है, जबकि तीन आवेदन प्रक्रियाधीन हैं। इसके अलावा 15 प्रकरण शासन स्तर पर स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं, जिनकी मंजूरी मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की पदोन्नति एवं क्रमोन्नति के लिए नियमानुसार प्रक्रिया जारी है तथा पदोन्नति हेतु वरिष्ठता सूची का प्रकाशन भी किया जा चुका है। कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलों के निराकरण के लिए शासन स्तर पर लगातार पत्राचार किया जा रहा है।
आयुक्त ने आश्वासन दिया कि कर्मचारी संघों के साथ समय-समय पर बैठक आयोजित कर उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जाएगा तथा शासन स्तर पर लंबित मामलों के निराकरण के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे, स्थापना प्रभारी राकेश नंदे, अधिकारी-कर्मचारी कल्याण संघ के जिला अध्यक्ष गोकुल प्रसाद कंवर, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रवीण झा, सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष गोलू नायक, प्लेसमेंट ठेका कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अजय मेश्राम, सेवानिवृत्त पेंशन संघ के अध्यक्ष दुर्गाराम साहू सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एशियन गेम्स में आब्सर्वर बनाये गये।*
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के रॉ टेलेंटेड बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।*
-
राजनांदगांव3 years agoविषयवार हो शिक्षकों की भर्ती, हाईकोर्ट में याचिका दायर, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने दर्ज की याचिका
-
राजनांदगांव4 years agoछत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी संघ भी हुआ शामिल
-
छत्तीसगढ़3 years agoसरकारी स्कूलों को बंद करने की साजिश, राज्यपाल करें हस्ताक्षेप : क्रिष्टोफर पॉल
-
राजनांदगांव3 years agoहेडमास्टर बनाने में हद पार, पैसे दो और मनचाहे स्कूल में जाओ
-
राजनांदगांव2 months agoघुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
-
राजनांदगांव4 years ago
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव। धारा 144 लागू किसी प्रकार के आयोजन, रैली, सामाजिक तथा अन्य आयोजन प्रतिन्धित
