Connect with us

राजनांदगांव

विधानसभा अध्यक्ष से उनके जन्मदिन पर जिला प्रशासन द्वारा संचालित पोट्ठ लईका पहल के तहत लाभान्वित नन्हे बच्चों एवं उनकी माताओं ने की मुलाकात

Published

on

राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से आज स्पीकर हाऊस राजनांदगांव में उनके जन्मदिन पर जिला प्रशासन द्वारा संचालित पोट्ठ लईका पहल के तहत लाभान्वित नन्हे बच्चों एवं उनकी माताओं ने मुलाकात की। विधानसभा अध्यक्ष का यह जन्मदिन खास एवं यादगार बन गया, जब सुपोषण की श्रेणी में आए नन्हे बच्चों के साथ मिलकर केक काटकर उन्होंने अपना जन्मदिन मनाया। इस दौरान सांसद संतोष पाण्डेय, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी उपस्थित रहे। विधानसभा अध्यक्ष ने बच्चों को स्नेह एवं आशीष दिया। सभी ने विधानसभा अध्यक्ष को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने पोट्ठ लईका पहल के तहत संवर्धित रेडी टू ईट वितरण का शुभारंभ किया। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। स्टॉल में रेडी टू ईट से बने पौष्टिक आहार प्रदर्शित गये थे।
उल्लेखनीय है कि राजनांदगांव जिले को कुपोषण मुक्त करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा यूनिसेफ एवं एबीस के सहयोग से पोट्ठ लईका पहल कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। जिसके तहत प्रत्येक शुक्रवार को आंगनबाड़ी केन्द्रों में पालक चौपाल के माध्यम से तिरंगा भोजन एवं पौष्टिक भोजन के प्रति पालकों को जागरूक किया जा रहा है तथा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं दवाईयां उपलब्ध कराई जा रही है। पोट्ठ लईका पहल कार्यक्रम के तहत लक्षित 3413 कुपोषित बच्चों में से 1147 बच्चे कुपोषण से बाहर आये हैं, जिसका प्रतिशत 33.61 है। पोट्ठ लईका पहल कार्यक्रम के तहत गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को संवर्द्धित रेडी टू ईट फूड का प्रदाय एबीस के सहयोग से प्रारंभ किया जा रहा है। रेडी टू ईट में सामान्य रेडी टू ईट से अधिक प्रोटीन एवं कैलोरी का समावेश किया गया है। जिससे गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को इसके नियमित सेवन से कुपोषण से बाहर लाया जा सकेगा। वर्तमान में राजनांदगांव ब्लॉक के 71 गंभीर कुपोषित बच्चों को संवर्द्धित रेडी टू ईट का प्रदाय प्रारंभ किया जा रहा है। इसके साथ ही डोंगरगांव विकासखंड में भी संवर्द्धित रेडी टू ईट का प्रदाय प्रारंभ किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, भरत वर्मा, रमेश पटेल, कोमल राजपूत, शिव वर्मा, राजेश श्यामकर, दिनेश गांधी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता, एसडीएम राजनांदगांव अतुल विश्वकर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल, कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती गुरप्रीत कौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी व बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

अवैध पशु तस्करी रोकने हिंदू जागरण मंच ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

Published

on

राजनांदगांव। हिंदू जागरण मंच जिला राजनांदगांव द्वारा जिले के बोरतलाव और डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत वाहनों के माध्यम से बड़े पैमाने पर हो रही मवेशी तस्करी पर रोक लगाने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया है। मंच ने आरोप लगाया है कि इन क्षेत्रों से होकर रोजाना दिन-रात पशुओं को अवैध रूप से मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र भेजा जा रहा है।
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि डोंगरगढ़ और बोरतलाव थाना क्षेत्र के रास्तों से होकर गाय, भैंस सहित अन्य मवेशियों को गाड़ियों में क्रूरतापूर्वक भरकर तस्करी की जा रही है। स्थानीय स्तर पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति इन वाहनों को थाना क्षेत्र सुरक्षित पार कराने के काम में संलिप्त हैं, जिससे बोरतलाव मार्ग तस्करों के लिए सुगम बन गया है।
विश्वस्त सूत्रों के हवाले से मंच ने दावा किया है कि रोजाना बाहरी क्षेत्रों से मवेशियों को डोंगरगढ़ लाया जाता है और फिर यहां से स्थानीय गाड़ियों के माध्यम से उन्हें महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बूचड़खानों में सप्लाई किया जाता है। डोंगरगढ़ क्षेत्र में संचालित कुछ डेयरियों की आड़ में भी मवेशियों को गाड़ियों में भरकर अवैध परिवहन व तस्करी का खेल चल रहा है।
हिंदू जागरण मंच ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि डोंगरगढ़ एवं बोरतलाव थाना क्षेत्र से गुजरने वाले सभी संदिग्ध मवेशी वाहनों की सघन जांच की जाए। जांच में दोषी पाए जाने वाले तस्करों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो, ताकि गौमाता को कटने के लिए ले जाने से बचाया जा सके। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त होने वाले वाहनों को भी जब्त कर सख्त कानूनी कदम उठाने की मांग की गई है।
मंच के पदाधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि प्रशासन द्वारा इस अवैध तस्करी पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो हिंदू जागरण मंच गौमाता की रक्षा के लिए स्वयं प्रतिबद्ध है। इसके लिए आगे जो भी कदम उठाना पड़ेगा, उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी पुलिस और स्थानीय प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सविता बोस, देवकुमारी साहू, ज्योति खंडेलवाल, तुईसा वान्दले, मौसमी शर्मा, ममता शर्मा, रेखा साहू, कांति मौर्य, निकिता मिश्रा, ऋतु रायजादा, कमलेश्वरी साहू, प्रतिभा साहू, दिप्ती साहू, मंजूरानी साहू, संगीता शुक्ला सहित हिंदू जागरण मंच की बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थीं।

Continue Reading

राजनांदगांव

बाईपास की जर्जर सड़क की मरम्मत तुरंत हो : शमसुल आलम

Published

on

राजनांदगांव। अजीत जोगी युवा मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसुल आलम ने कार्यकर्ताओं के साथ लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय पहुंचकर पेंड्री से सीआईटी कॉलेज तक बनी बाईपास सड़क की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने कार्यपालन अभियंता श्री चौरसिया को एक ज्ञापन सौंपा।
शमसुल आलम ने बताया कि पूर्व में भी पीडब्ल्यूडी कार्यालय में प्रदर्शन कर कई बार बाईपास सड़क का निर्माण व मरम्मत कार्य कराया गया है। परंतु, वर्तमान में इस बाईपास सड़क की स्थिति फिर से बेहद जर्जर हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे दुपहिया वाहन चालकों और सपरिवार सफर करने वाले लोगों की जान को हमेशा खतरा बना रहता है। इसके साथ ही पूरे बाईपास मार्ग पर स्थित पुलियों में दरारें आ गई हैं और सड़क का स्तर ऊपर-नीचे हो चुका है।
मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यपालन अभियंता से तत्काल प्रभाव से सड़क मरम्मत कार्य शुरू कराने की बात कही। कार्यपालन अभियंता श्री चौरसिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 दिनों के भीतर सड़क की जर्जर स्थिति को सुधारने का ठोस आश्वासन दिया है। मुलाकात के महज 2 घंटे बाद ही विभाग द्वारा सड़क निर्माण के आदेश संबंधी कॉपी कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष के व्हाट्सएप नंबर पर भेज दी गई।
जोगी कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसुल आलम ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि दिए गए 10 दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो जोगी कांग्रेस सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जोगी युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बिलाल सोलिन खान, विधानसभा अध्यक्ष नमन पटेल, जिला महासचिव ऋषभ रामटेके, मुकेश साहू, आकाश पटेल, किशन पटेल, आदि निषाद, आकाश गेडाम, साहिल खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Continue Reading

राजनांदगांव

सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव

Published

on

राजनांदगांव। बसंतपुर गोकुल नगर स्थित सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन बड़े उत्साह, उमंग एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर तथा मिठाई खिलाकर आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का अभिनंदन करते हुए उन्हें विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक शिक्षा संबंधी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय प्रबंधन एवं नैतिक मूल्यों के बारे में प्रेरणादायक जानकारी दी गई। साथ ही विद्यालय में संचालित विभिन्न सह-शैक्षणिक गतिविधियों, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विज्ञान एवं प्रतिभा विकास संबंधी आयोजनों से भी अवगत कराया गया। अभिभावकों को बताया गया कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित न होकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, व्यक्तित्व निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण की भावना का विकास करना है।
प्राचार्य बंशीलाल कश्यप ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा मनुष्य के जीवन को दिशा देने वाली सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर परिश्रम, अनुशासन एवं संस्कारों के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में शिक्षा ही सफलता एवं आत्मनिर्भरता का सबसे सशक्त माध्यम है। विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
उप-प्राचार्य सन्मय श्रीवास्तव ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण सदस्य बताया तथा नियमित उपस्थिति, सकारात्मक सोच एवं निरंतर सीखने की भावना विकसित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त दीदी, आचार्यगण, कर्मचारीगण, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, आनंद एवं नव ऊर्जा से परिपूर्ण रहा। शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति अपनत्व एवं शिक्षा के प्रति सकारात्मक भावना विकसित करने का सफल प्रयास किया गया। विद्यालय परिवार ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।

Continue Reading

Trending