Connect with us

राजनांदगांव

निगम में फंड का रोना और दूसरी तरफ आयुक्त कर रहे आर्थिक नुकसान : कुलबीर

Published

on

राजनांदगांव। वरिष्ठ पार्षद कुलबीर सिंह छाबड़ा ने निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता को पत्र लिखकर आपत्ति जताते हुए कहा कि नियम विरूद्ध आपके द्वारा पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम को 2 अगस्त से 8 अगस्त तक धार्मिक कथा के लिए दिया गया था, जिसका किराया-शुल्क की रसीद कटाये बगैर ही आडिटोरियम को 7 दिन के लिए दे दिया गया था। जिसमें सिर्फ ऑडिटोरियम हॉल साउंड सिस्टम अन्य व्यवस्था शुल्क एवं जीएसटी शुल्क का कुल किराया एक दिन का जोड़ने हुए 23275 रूपये आपके विभाग के द्वारा इस कार्यक्रम में देने हेतु लिखी गई, नोटशीट के अभिमत में इस तरह 07 दिवस तक कुल 1,62,925 रूपए निगम कोष में जमा कराया जाना लिखा गया है, जबकि सिर्फ ऑडिटोरियम के हॉल की ही नहीं पूरे आडिटोरियम की जगह का उपयोग हुआ है, जो कि वहां के कई विडियों में दिख रहा है, जिसका किराया निगम द्वारा निर्धारित किये गये दरों के अनुसार लगभग तीन से साढ़े तीन लाख रूपये के करीब आयेगा, जिसे आयुक्त द्वारा छुपाने का प्रयास किया जा रहा है। इस तरह किराया-शुल्क को कम दर्शाकर बिना किराया, शुल्क के राशि की रसीद कटवाये निगम कोष में राशि नहीं जमा करवाया जाना अनुमति पत्र क्रमंाक्र 453/राजस्व/न.पा.नि. 01.08.2024 तथा संशोधित अनुमति पत्र 477/राजस्व/न.पा.नि./2024 का दिया जाना प्रमाण है तथा यह घोर आर्थिक अनियमितता है।
श्री छाबड़ा ने आगे कहा कि नगर निगम के किसी भी भवन को किराये में लेने के लिए शहर के नागरिकों, समितियों के कार्यक्रम, शादी, तेरहवीं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैठक एवं अन्य कार्यक्रमों के लिए पूरा शुल्क नगर निगम में राशि जमा करवाकर भवन को दिया जाता है। इस तरह कहा जाए तो निगम आयुक्त शहरवासियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे है, जबकि शहरवासियों को निगम के भवनों को कार्यक्रम में लेने के लिए काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है और निगम आयुक्त नियम के विपरीत व्यक्ति विशेष लोगों को संरक्षण दिया गया है। साथ ही शासन के समस्त विभागों से अनुमति प्राप्त के दस्तावेज भी निगम द्वारा लिये गये हैं की नहीं यह भी स्पष्ट उल्लेख नहीं है।
पार्षद श्री छाबड़ा ने कहा कि एक तरफ शहर के सफाई व्यवस्था एवं शहर के विकास के लिए निगम की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, निगम के कर्मचारियों के वेतन तीन-तीन माह के नहीं मिल पाया है, निगम कमिशनर नगर निगम के पास आर्थिक तंगी का हवाला देकर निगम असहाय है यह बताया जाता है। वहीं दूसरी तरफ लाखों रूपए बिना शुल्क व रसीद लिये भवनों को किराये में देना और नगर निगम में राशि जमा नहीं होना ये इस बात का प्रमाण है कि ये शहर के अव्यवस्थाओं के प्रति एवं नगर निगम के दायित्वों के प्रति आयुक्त अभिषेक गुप्ता गंभीर नहीं है, बल्कि अप्रत्यक्ष रूप से निगम की आर्थिक व्यवस्था को बिगाड़ने का कार्य किया जा रहा है। यह इस बात का भी प्रमाण है कि निगम राजस्व विभाग की वर्तमान दिनांक तक कई बैठकें हुई, किन्तु उसके बाद भी ऑडिटोरियम की राशि निगम खाते में नहीं आई है तथा बिना राशि लिए निगम आडिटोरियम को किराये पर देना नियम विरूद्ध है।
श्री छाबड़ा ने आयुक्त को कड़े शब्दों में चेताते हुए कहा कि आप आर्थिक अनियमितता के हो रहे संरक्षण को बंद करें एवं नियम विरूद्ध किये गये कार्य के दोषियों के खिलाफ कार्यवाही कर नगर निगम में पूरे आडिटोरियम की राशि जमा करायें एवं सभी कार्यवाही की लिखित छायाप्रति उपलब्ध कराएं। मेरे द्वारा की गई आपत्ति का निराकरण नियमानुसार 30 अक्टूबर तक नहीं होने पर मैं विधिक अधिकारों के प्रवर्तन के लिए विधि प्रक्रिया की ओर अग्रसर होउंगा। उक्त विषय को लेकर मेरे द्वारा मुख्य सचिव छग शासन, सचिव छग शासन नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्रालय एवं संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को पत्र के माध्यम से जानकारी भेजी है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

अवैध पशु तस्करी रोकने हिंदू जागरण मंच ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

Published

on

राजनांदगांव। हिंदू जागरण मंच जिला राजनांदगांव द्वारा जिले के बोरतलाव और डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत वाहनों के माध्यम से बड़े पैमाने पर हो रही मवेशी तस्करी पर रोक लगाने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया है। मंच ने आरोप लगाया है कि इन क्षेत्रों से होकर रोजाना दिन-रात पशुओं को अवैध रूप से मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र भेजा जा रहा है।
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि डोंगरगढ़ और बोरतलाव थाना क्षेत्र के रास्तों से होकर गाय, भैंस सहित अन्य मवेशियों को गाड़ियों में क्रूरतापूर्वक भरकर तस्करी की जा रही है। स्थानीय स्तर पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति इन वाहनों को थाना क्षेत्र सुरक्षित पार कराने के काम में संलिप्त हैं, जिससे बोरतलाव मार्ग तस्करों के लिए सुगम बन गया है।
विश्वस्त सूत्रों के हवाले से मंच ने दावा किया है कि रोजाना बाहरी क्षेत्रों से मवेशियों को डोंगरगढ़ लाया जाता है और फिर यहां से स्थानीय गाड़ियों के माध्यम से उन्हें महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बूचड़खानों में सप्लाई किया जाता है। डोंगरगढ़ क्षेत्र में संचालित कुछ डेयरियों की आड़ में भी मवेशियों को गाड़ियों में भरकर अवैध परिवहन व तस्करी का खेल चल रहा है।
हिंदू जागरण मंच ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि डोंगरगढ़ एवं बोरतलाव थाना क्षेत्र से गुजरने वाले सभी संदिग्ध मवेशी वाहनों की सघन जांच की जाए। जांच में दोषी पाए जाने वाले तस्करों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो, ताकि गौमाता को कटने के लिए ले जाने से बचाया जा सके। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त होने वाले वाहनों को भी जब्त कर सख्त कानूनी कदम उठाने की मांग की गई है।
मंच के पदाधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि प्रशासन द्वारा इस अवैध तस्करी पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो हिंदू जागरण मंच गौमाता की रक्षा के लिए स्वयं प्रतिबद्ध है। इसके लिए आगे जो भी कदम उठाना पड़ेगा, उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी पुलिस और स्थानीय प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सविता बोस, देवकुमारी साहू, ज्योति खंडेलवाल, तुईसा वान्दले, मौसमी शर्मा, ममता शर्मा, रेखा साहू, कांति मौर्य, निकिता मिश्रा, ऋतु रायजादा, कमलेश्वरी साहू, प्रतिभा साहू, दिप्ती साहू, मंजूरानी साहू, संगीता शुक्ला सहित हिंदू जागरण मंच की बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थीं।

Continue Reading

राजनांदगांव

बाईपास की जर्जर सड़क की मरम्मत तुरंत हो : शमसुल आलम

Published

on

राजनांदगांव। अजीत जोगी युवा मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसुल आलम ने कार्यकर्ताओं के साथ लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय पहुंचकर पेंड्री से सीआईटी कॉलेज तक बनी बाईपास सड़क की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने कार्यपालन अभियंता श्री चौरसिया को एक ज्ञापन सौंपा।
शमसुल आलम ने बताया कि पूर्व में भी पीडब्ल्यूडी कार्यालय में प्रदर्शन कर कई बार बाईपास सड़क का निर्माण व मरम्मत कार्य कराया गया है। परंतु, वर्तमान में इस बाईपास सड़क की स्थिति फिर से बेहद जर्जर हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे दुपहिया वाहन चालकों और सपरिवार सफर करने वाले लोगों की जान को हमेशा खतरा बना रहता है। इसके साथ ही पूरे बाईपास मार्ग पर स्थित पुलियों में दरारें आ गई हैं और सड़क का स्तर ऊपर-नीचे हो चुका है।
मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यपालन अभियंता से तत्काल प्रभाव से सड़क मरम्मत कार्य शुरू कराने की बात कही। कार्यपालन अभियंता श्री चौरसिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 दिनों के भीतर सड़क की जर्जर स्थिति को सुधारने का ठोस आश्वासन दिया है। मुलाकात के महज 2 घंटे बाद ही विभाग द्वारा सड़क निर्माण के आदेश संबंधी कॉपी कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष के व्हाट्सएप नंबर पर भेज दी गई।
जोगी कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसुल आलम ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि दिए गए 10 दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो जोगी कांग्रेस सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जोगी युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बिलाल सोलिन खान, विधानसभा अध्यक्ष नमन पटेल, जिला महासचिव ऋषभ रामटेके, मुकेश साहू, आकाश पटेल, किशन पटेल, आदि निषाद, आकाश गेडाम, साहिल खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Continue Reading

राजनांदगांव

सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव

Published

on

राजनांदगांव। बसंतपुर गोकुल नगर स्थित सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन बड़े उत्साह, उमंग एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर तथा मिठाई खिलाकर आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का अभिनंदन करते हुए उन्हें विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक शिक्षा संबंधी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय प्रबंधन एवं नैतिक मूल्यों के बारे में प्रेरणादायक जानकारी दी गई। साथ ही विद्यालय में संचालित विभिन्न सह-शैक्षणिक गतिविधियों, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विज्ञान एवं प्रतिभा विकास संबंधी आयोजनों से भी अवगत कराया गया। अभिभावकों को बताया गया कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित न होकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, व्यक्तित्व निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण की भावना का विकास करना है।
प्राचार्य बंशीलाल कश्यप ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा मनुष्य के जीवन को दिशा देने वाली सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर परिश्रम, अनुशासन एवं संस्कारों के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में शिक्षा ही सफलता एवं आत्मनिर्भरता का सबसे सशक्त माध्यम है। विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
उप-प्राचार्य सन्मय श्रीवास्तव ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण सदस्य बताया तथा नियमित उपस्थिति, सकारात्मक सोच एवं निरंतर सीखने की भावना विकसित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त दीदी, आचार्यगण, कर्मचारीगण, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, आनंद एवं नव ऊर्जा से परिपूर्ण रहा। शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति अपनत्व एवं शिक्षा के प्रति सकारात्मक भावना विकसित करने का सफल प्रयास किया गया। विद्यालय परिवार ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।

Continue Reading

Trending