Connect with us

राजनांदगांव

मुख्यमंत्री साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह ने विराट कवि सम्मेलन में शिरकत की

Published

on

राजनांदगांव। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन के अवसर पर युवा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा म्युनिसिपल स्कूल प्रांगण में आयोजित विराट कवि सम्मेलन में शिरकत की। मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों ने देर रात्रि तक कवि सम्मेलन में कविता पाठ का आनंद लिया। मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष ने सभी कवियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर श्रीमती सीमा गर्ग द्वारा लिखित ‘‘हमारी संस्कृति हमारी धरोहर’’ किताब का विमोचन किया गया। इस अवसर पर प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास, हास्य कवि पद्मश्री सुरेन्द्र दुबे, गीत एवं गजल गायिका डॉ. सुमन दुबे, वीर रस की कवयित्री कविता तिवारी, हास्य कवि दिनेश बावरा ने अपनी कविताओं से समां बांध दिया। कविता, गीत, गजल एवं हास्य कविताओं के इस खुशनुमा लम्हों के राजनांदगांव नगरवासी साक्षी बने।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी और उनके स्वस्थ, सुदीर्घ, खुशहाल एवं मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि आज 15 अक्टूबर का दिन हम सभी के लिए गौरव का क्षण है। डॉ. रमन सिंह छत्तीसगढ़ के विकास पुरूष हैं, उन्होंने 15 वर्षों तक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में छत्तीसगढ़ की सेवा की है। उनका जन्मदिन मनाने के लिए राज्य के मंत्री, सांसद, विधायक और दूर-दूर से जनप्रतिनिधिएवं जनसामान्य एकत्र हुआ है। मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव की भूमि को प्रणाम करते हुए कहा कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का जन्म कबीरधाम जिले में हुआ था, लेकिन संस्कारधानी राजनांदगांव उनकी कर्मभूमि है। राजनांदगांव की जनता ने उन्हें विधायक, सांसद, केन्द्रीय मंत्री, तीन बार मुख्यमंत्री और वर्तमान में विधानसभा अध्यक्ष बनाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया, लेकिन उसे संवारने और गढ़ने का कार्य डॉ. रमन सिंह ने किया और 15 वर्षों में प्रदेश का चहुंमुखी विकास हुआ। वे गरीब एवं जरूरतमंदों के लिए चऊरवाले बाबा के नाम से जाने गए। यही कामना है कि आगे भी उनका मार्गदर्शन मिलता करते रहे। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि आज देश के सुप्रसिद्ध कवियों का कविता पाठ सुनने का अवसर मिलेगा।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज सुबह से रात तक रायपुर से राजनांदगांव तक सभी ने जन्मदिन पर जो स्वागत किया उसके लिए अभिभूत हूं। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिले ने उन्हें एक नई पहचान दी है और परिवर्तन की यात्रा राजनांदगांव की धरती से प्रारंभ हुई, जिसके लिए उन्होंने सभी का आधार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की धरती में जो कोई आता है, उसका विकास होता है। उन्होंने कहा कि राजा घासीदास और बलराम दास ने राजनांदगांव शहर का आधार रखा और इस नगरी की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। यह नगरी साहित्यकार पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी, डॉ. बल्देव प्रसाद मिश्र, गजानंद माधव मुक्तिबोध की नगरी है। यहां नंदूलाल चोटिया, कुंज बिहारी चौबे और गणेश खरे जैसे साहित्यकार रहे है। यहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर प्यारेलाल सिंह ने राजनांदगांव में जन्म लेकर स्वतंत्रता के लिए आंदोलन का नेतृत्व किया। उन्होंने सफल फिल्मकार किशोर साहू, दाऊ खुमान साव, दाऊ मंदरा जी जैसी हस्तियों का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव मेरा अभिमान और मेरा स्वाभिमान है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय किसानों के जीवन में परिवर्तन लेकर आये है। उन्होंने किसानों के लिए जो घोषणा की उसका क्रियान्वयन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने 3100 रूपए में धान खरीदी, 21 क्विंटल धान खरीदी, दो साल का बोनस, 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना से लाभान्वित कर रहे हैं।
प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास ने एक से बढ़कर एक कविताएं सुनाई, जिसे सुनकर श्रोता अभिभूत हुए। हास्य कवि दिनेश बावरा एवं पद्मश्री डॉ. सुरेन्द्र दुबे की कविताओं ने श्रोताओं को खूब हंसाया। पद्मश्री डॉ. सुरेन्द्र दुबे ने अपने हास्य व्यंग्य के चिर परिचित अंदाज में छत्तीसगढ़ी में कविता सुनाई। कार्यक्रम के प्रारंभ में वीर रस की कवियित्री सुश्री कविता तिवारी ने माँ शारदा की वंदना प्रस्तुत की। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग मंत्री विजय शर्मा, आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग मंत्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, कौशल विकास, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, खेलकूद एवं युवा कल्याण राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग मंत्री टंकराम वर्मा, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, बीस सूत्रीय कार्यन्वयन मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल, वाणिज्य-उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन देवांगन, महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक भरतपुर-सोनहत श्रीमती रेणुका सिंह आरंग विधायक गुरू खुशवंत साहेब, सांसद संतोष पाण्डेय, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद सुश्री सरोज पाण्डेय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि प्रेमप्रकाश पाण्डेय, महेश गागड़ा, संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी दीपक झा, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, युवा वेलफेयर फाउण्डेशन के अध्यक्ष भावेश बैद सहित अन्य जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य एवं अधिकारी व बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित थे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

अवैध पशु तस्करी रोकने हिंदू जागरण मंच ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

Published

on

राजनांदगांव। हिंदू जागरण मंच जिला राजनांदगांव द्वारा जिले के बोरतलाव और डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत वाहनों के माध्यम से बड़े पैमाने पर हो रही मवेशी तस्करी पर रोक लगाने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया है। मंच ने आरोप लगाया है कि इन क्षेत्रों से होकर रोजाना दिन-रात पशुओं को अवैध रूप से मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र भेजा जा रहा है।
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि डोंगरगढ़ और बोरतलाव थाना क्षेत्र के रास्तों से होकर गाय, भैंस सहित अन्य मवेशियों को गाड़ियों में क्रूरतापूर्वक भरकर तस्करी की जा रही है। स्थानीय स्तर पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति इन वाहनों को थाना क्षेत्र सुरक्षित पार कराने के काम में संलिप्त हैं, जिससे बोरतलाव मार्ग तस्करों के लिए सुगम बन गया है।
विश्वस्त सूत्रों के हवाले से मंच ने दावा किया है कि रोजाना बाहरी क्षेत्रों से मवेशियों को डोंगरगढ़ लाया जाता है और फिर यहां से स्थानीय गाड़ियों के माध्यम से उन्हें महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बूचड़खानों में सप्लाई किया जाता है। डोंगरगढ़ क्षेत्र में संचालित कुछ डेयरियों की आड़ में भी मवेशियों को गाड़ियों में भरकर अवैध परिवहन व तस्करी का खेल चल रहा है।
हिंदू जागरण मंच ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि डोंगरगढ़ एवं बोरतलाव थाना क्षेत्र से गुजरने वाले सभी संदिग्ध मवेशी वाहनों की सघन जांच की जाए। जांच में दोषी पाए जाने वाले तस्करों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो, ताकि गौमाता को कटने के लिए ले जाने से बचाया जा सके। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त होने वाले वाहनों को भी जब्त कर सख्त कानूनी कदम उठाने की मांग की गई है।
मंच के पदाधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि प्रशासन द्वारा इस अवैध तस्करी पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो हिंदू जागरण मंच गौमाता की रक्षा के लिए स्वयं प्रतिबद्ध है। इसके लिए आगे जो भी कदम उठाना पड़ेगा, उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी पुलिस और स्थानीय प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सविता बोस, देवकुमारी साहू, ज्योति खंडेलवाल, तुईसा वान्दले, मौसमी शर्मा, ममता शर्मा, रेखा साहू, कांति मौर्य, निकिता मिश्रा, ऋतु रायजादा, कमलेश्वरी साहू, प्रतिभा साहू, दिप्ती साहू, मंजूरानी साहू, संगीता शुक्ला सहित हिंदू जागरण मंच की बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थीं।

Continue Reading

राजनांदगांव

बाईपास की जर्जर सड़क की मरम्मत तुरंत हो : शमसुल आलम

Published

on

राजनांदगांव। अजीत जोगी युवा मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसुल आलम ने कार्यकर्ताओं के साथ लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय पहुंचकर पेंड्री से सीआईटी कॉलेज तक बनी बाईपास सड़क की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने कार्यपालन अभियंता श्री चौरसिया को एक ज्ञापन सौंपा।
शमसुल आलम ने बताया कि पूर्व में भी पीडब्ल्यूडी कार्यालय में प्रदर्शन कर कई बार बाईपास सड़क का निर्माण व मरम्मत कार्य कराया गया है। परंतु, वर्तमान में इस बाईपास सड़क की स्थिति फिर से बेहद जर्जर हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे दुपहिया वाहन चालकों और सपरिवार सफर करने वाले लोगों की जान को हमेशा खतरा बना रहता है। इसके साथ ही पूरे बाईपास मार्ग पर स्थित पुलियों में दरारें आ गई हैं और सड़क का स्तर ऊपर-नीचे हो चुका है।
मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यपालन अभियंता से तत्काल प्रभाव से सड़क मरम्मत कार्य शुरू कराने की बात कही। कार्यपालन अभियंता श्री चौरसिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 दिनों के भीतर सड़क की जर्जर स्थिति को सुधारने का ठोस आश्वासन दिया है। मुलाकात के महज 2 घंटे बाद ही विभाग द्वारा सड़क निर्माण के आदेश संबंधी कॉपी कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष के व्हाट्सएप नंबर पर भेज दी गई।
जोगी कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसुल आलम ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि दिए गए 10 दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो जोगी कांग्रेस सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जोगी युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बिलाल सोलिन खान, विधानसभा अध्यक्ष नमन पटेल, जिला महासचिव ऋषभ रामटेके, मुकेश साहू, आकाश पटेल, किशन पटेल, आदि निषाद, आकाश गेडाम, साहिल खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Continue Reading

राजनांदगांव

सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव

Published

on

राजनांदगांव। बसंतपुर गोकुल नगर स्थित सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन बड़े उत्साह, उमंग एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर तथा मिठाई खिलाकर आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का अभिनंदन करते हुए उन्हें विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक शिक्षा संबंधी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय प्रबंधन एवं नैतिक मूल्यों के बारे में प्रेरणादायक जानकारी दी गई। साथ ही विद्यालय में संचालित विभिन्न सह-शैक्षणिक गतिविधियों, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विज्ञान एवं प्रतिभा विकास संबंधी आयोजनों से भी अवगत कराया गया। अभिभावकों को बताया गया कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित न होकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, व्यक्तित्व निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण की भावना का विकास करना है।
प्राचार्य बंशीलाल कश्यप ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा मनुष्य के जीवन को दिशा देने वाली सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर परिश्रम, अनुशासन एवं संस्कारों के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में शिक्षा ही सफलता एवं आत्मनिर्भरता का सबसे सशक्त माध्यम है। विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
उप-प्राचार्य सन्मय श्रीवास्तव ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण सदस्य बताया तथा नियमित उपस्थिति, सकारात्मक सोच एवं निरंतर सीखने की भावना विकसित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त दीदी, आचार्यगण, कर्मचारीगण, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, आनंद एवं नव ऊर्जा से परिपूर्ण रहा। शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति अपनत्व एवं शिक्षा के प्रति सकारात्मक भावना विकसित करने का सफल प्रयास किया गया। विद्यालय परिवार ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।

Continue Reading

Trending