राजनांदगांव
जिला प्रशासन पहुंचा जिले के अंतिम छोर एवं वनांचल ग्राम परेवाडीह
राजनांदगांव। राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा गांव के अंतिम व्यक्ति को शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए जिले के छुरिया विकासखंड के अंतिम छोर एवं वनांचल ग्राम परेवाडीह में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक खुज्जी भोलाराम साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता साहू, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग शामिल हुए। जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अतिथियों द्वारा अवलोकन किया गया। उपस्थित अतिथियों द्वारा शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को संबंधित विभागों के स्टॉल में पहुंचकर सामग्री का वितरण किया गया। शिविर में शासन की योजनाओं के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा ट्रायसायकल, कृषि विभाग के हितग्राहियों को मोनोब्लॉक एवं स्प्रेयर पंप, श्रम विभाग के हितग्राहियों को श्रमिक कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत आवास निर्माण होने पर हितग्राहियों को पूर्णता प्रमाण पत्र एवं चाबी वितरण किया गया। इसी तरह मत्स्य विभाग में संचालित योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को मछली जाल एवं आईस बाक्स, परिवहन विभाग द्वारा शिविर में बनाए गए लर्निंग लाईसेंस, योजना एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा मृत्यु प्रमाण पत्र वितरण किया गया। शिविर में गर्भवती माताओं की गोद भराई के लिए सुपोषण किट प्रदान किया गया तथा नन्हे बच्चों का अन्न-प्राशन्न किया गया। गर्भवती माताओं को अच्छा खान-पान रखने की सलाह दी गई। ताकि उनके शिशु स्वस्थ एवं सुपोषित रहें। शिविर में 259 आवेदनों को निराकरण किया गया।
खुज्जी विधायक भोलाराम साहू ने कहा कि खुज्जी विधानसभा के अंतिम गांव के नागरिकों की समस्याएं, मांग एवं शिकायतों के निराकरण के लिए जिला स्तरीय जनसमस्या शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का निराकरण एवं योजनाओं की जानकारी देने जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित है। उन्होंने नागरिकों को सभी स्टॉलों का अवलोकन कर शासकीय योजनाओं से लाभान्वित होने कहा। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता साहू ने कहा कि शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए विकासखंड के अंतिम ग्राम परेवाडीह पूरा जिला प्रशासन पहुंचा है। उन्होंने लोगों को इसका लाभ अधिक से अधिक लेने कहा। शिविर में विभागीय स्टॉलों के माध्यम से शासकीय योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जाती है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड हर व्यक्ति को बनाना चाहिए। इसके तहत 5 लाख रूपए तक निःशुल्क ईलाज सभी अस्पतालों में करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत सभी गांवों में गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हो रहा है। राज्य शासन द्वारा महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को एक हजार रूपए खातों में सीधे मिल रहा है। जिससे महिलाएं अपनी आवश्यकताओं की वस्तुए खरीद पा रही है। उन्होंने लोगों को सभी विभागों की शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए कहा।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि जनसामान्य की सुविधा और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि समस्या समाधान शिविर में जिला स्तर के सभी अधिकारी अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी देने पहुंचे हैं, इसका अधिक से अधिक लाभ लेने कहा। उन्होंने कहा कि योजनाओं में पात्रता रखने वाले हितग्राहियों को शिविर के माध्यम से लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय समस्या निवारण शिविर आयोजित करने से नागरिकों के समय और राशि की बचत होती है। सभी विभाग एक ही स्थल पर उपलब्ध हो जाते हैं, जिससे जनसामान्य को भटकना नहीं पड़ता है। शिविर के माध्यम से स्थानीय लोगों से प्रशासन रूबरू होता है। जिससे क्षेत्र की स्थिति के संबंध में जानकारी होती है। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से शासकीय योजनाओं में पात्रता रखने वाले हितग्राहियों को तत्काल लाभान्वित किया जाएगा। शिविर के माध्यम से राशन कार्ड, श्रम कार्ड, लर्निंग लायसेंस बनाना, आयुष्मान कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड जैसे शासकीय योजनाओं के कार्य पात्रतानुसार बनाया जाता है। इसके अलावा शिविर में क्षेत्र के लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। जिला स्तरीय समस्या शिविर का बहुत फायदा होता है। बहुत सारे ऐसे लोग है कि जिला स्तर पर नहीं जा सकते हैं ऐसे लोगों के लिए शिविर बहुत अच्छा होता है और सभी शासकीय विभागों की जानकारी मिलती है। शिविर में विभागीय अधिकारियों द्वारा बहुत सारी अच्छी बातों को बताया जाता है। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा खेती-किसानी के लिए मिलने वाली सब्सिडी के संबंध में जानकारी दी जाती है।
कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि जिले में अभी पानी का संकट है। उन्होंने कहा कि पानी को संरक्षित करना बहुत जरूरी है। कलेक्टर ने कहा कि पहले पानी 100 से 150 फीट में बोर कराने से पानी आ जाता था, लेकिन भू-जल स्तर अब इतना कम हो गया है कि 400-600 फीट नीचे चला गया है। कलेक्टर ने बताया कि पिछले वर्ष रबी मौसम में अधिक मात्रा में धान की खेती के लिए 42 हजार पंप के माध्यम से सिंचाई करने से भू-जल स्तर 60 फीट नीचे चला गया है। उन्होंने इससे बचने के लिए सभी किसानों को रबी मौसम में कम पानी उपयोग वाली फसल लगाने के लिए आग्रह किया। उन्होंने बताया कि धान में अधिक पानी की जरूरत होती है और कम आय भी होती है। इसके लिए धान की जगह अन्य फसल लेने की सलाह दी। उन्होंने गांव-गांव में पानी बचाने के लिए संकल्प लेने कहा। उन्होंने बताया कि उद्यानिकी एवं कम पानी उपयोग वाली फसलों में अधिक आय और खर्च कम होता है। ग्रामीणों को सामूहिक रूप से धान की फसल नहीं लेने के लिए निर्णय लेने कहा। उन्होंने कहा कि सभी को सोच बदलना होगा। उन्होंने बताया कि विदेशों से दलहन-तिलहन आयात किया जाता है। यह उत्पादन स्थानीय स्तर पर होगा तो दूसरे देशों से आयात करने की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने किशोरी बालिकाओं को हिमोग्लोबिन बढ़ाने के लिए अच्छे खान-पान रखने और आयरन, प्रोटिन, पोषण आहार सेवन करने कहा।
पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने कहा कि जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से शासन-प्रशासन आपके गांव तक पहुंचा है। शिविर में सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित है, जिनके द्वारा ग्रामीणों एवं ग्राम की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने ऑनलाईन ठगी और नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। उन्होंने साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले ऑनलाईन फ्रॉड के तरीकों के संबंध में जानकारी दी। एसपी ने ऑनलाईन फ्रॉड एवं साइबर अपराध की पहचान, साइबर अपराध का शिकार होने से बचने सहित अन्य आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को मोबाईल पर आने वाले ओटीपी एवं अन्य जानकारी नहीं देने कहा। मोबाईल पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक को ओपन नहीं करने की सलाह दी। अनजान व्यक्ति द्वारा मोबाईल पर प्राप्त ओटीपी मांगने एवं संदिग्ध फोन आने पर नजदीक के पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत पुलिस एवं हेल्पलाईन नंबर 1930 पर संपर्क करने कहा। उन्होंने शासन द्वारा नागरिकों की सुविधाओं एवं सुरक्षा के लिए बनाए गए अभिव्यक्ति एप के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एप के माध्यम घटित अपराध, असामाजिक तत्वों एवं अन्य शिकायत दर्ज करा सकते हैं तथा पुलिस से सहायता भी प्राप्त कर सकते हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा शरीर और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बहुत खराब होता है। उन्होंने कहा कि नशे के कारण महिलाएं एवं परिवार परेशान रहता है। गांव में कोचियों द्वारा नशे के सामग्री विक्रय करने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने कहा। उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर नशे के पदार्थ को विक्रय प्रतिबंध करने से भी नशे से मुक्ति मिल सकती है। गांव और परिवार को सुधारने के लिए नशा मुक्ति के लिए संकल्प लेना होगा। शिविर में जनपद सदस्य श्रीमती किरण वैष्णव और सरपंच श्रीमती शैल बाई भुआर्य ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर एसडीएम श्रीकांत कोर्राम, जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती शिल्पा देवांगन सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
राजनांदगांव
सुबह-सुबह शहर के दौरे पर निकले निगम आयुक्त, गंज चौक और इंदिरा नगर में नाला सफाई का देखा काम
राजनांदगांव। मानसून की आमद से पहले शहर को जलभराव (वॉटर लॉगिंग) की मुसीबत से बचाने के लिए नगर निगम ने ताकत झोंक दी है। पहले चरण की सफाई के बाद अब दूसरे चरण का काम भी युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। बुधवार सुबह नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने खुद मोर्चा संभाला और ग्राउंड जीरो पर उतरकर इंदिरा नगर, गंज चौक, गोल बाजार और तुलसीपुर में नाला सफाई व निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। आयुक्त ने कड़े लहजे में कहा कि केवल खानापूर्ति के लिए सफाई न करें, नालों की तलहटी (निचले स्तर) से कचरा निकाला जाए ताकि बारिश में पानी बस्तियों में न भरे।
दौरे के दौरान आयुक्त सबसे पहले इंदिरा नगर और गंज चौक पहुंचे। यहां चल रहे नाला सफाई कार्य की धीमी गति और तरीके को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों के ऊपर लगी लोहे की जालियां हटाई जाएं, ताकि अंदर जमा सिल्ट और कचरे को पूरी तरह बाहर निकाला जा सके। उन्होंने कहा कि सफाई का पैमाना ऐसा होना चाहिए जिससे भारी बारिश के दौरान भी पानी का बहाव न रुके।
इसके बाद आयुक्त का काफिला गोल बाजार पहुंचा। बाजार क्षेत्र की नालियों की स्थिति देख उन्होंने स्वच्छता अमले को यहां रोजाना सफाई करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने स्वच्छता निरीक्षकों से कहा कि वे सब्जी पसरा लगाने वाले दुकानदारों को बुलाकर साफ तौर पर समझाएं कि नाली में कचरा और सड़ी-गली सब्जियां न फेंकें। अगर नाली ब्लॉक हुई तो पहली ही बारिश में पूरा बाजार जलमग्न हो जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने बाजार में बने ‘आकांक्षी शौचालय’ को भी जल्द से जल्द आम जनता के लिए शुरू करने की डेडलाइन तय की।
तुलसीपुर क्षेत्र में चल रहे नई नाली के निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए आयुक्त विश्वकर्मा ने काम की रफ्तार बढ़ाने और इसे समय-सीमा में पूरा करने को कहा। उन्होंने इंजीनियरिंग विभाग को तकनीकी हिदायत देते हुए कहा कि नाली निर्माण में ढलान (स्लोप) का विशेष ध्यान रखा जाए। अगर ढलान सही नहीं होगा, तो पानी की निकासी नहीं होगी और निर्माण का कोई फायदा नहीं मिलेगा।
आयुक्त ने स्वच्छता निरीक्षकों को आदेश दिए हैं कि शहर के उन सभी निचले इलाकों की सूची तैयार करें जहां हर साल पानी भरता है। उन जगहों पर बारिश से पहले ही ड्रेनेज क्लियर रखने की जिम्मेदारी वार्ड प्रभारियों की होगी।
राजनांदगांव
बारिश से पहले निगम की तैयारी तेज, नालों की सफाई से लेकर सड़क सुधार तक अभियान जारी
राजनांदगांव। मानसून की दस्तक के साथ ही नगर पालिक निगम राजनांदगांव ने शहर में सफाई, जल निकासी, सड़क मरम्मत और सौंदर्यीकरण कार्यों को तेज कर दिया है। बारिश पूर्व तैयारियों के तहत शहर के छोटे-बड़े नालों और नालियों की सफाई जेसीबी मशीनों एवं सफाई गैंग के माध्यम से कराई जा रही है।
नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने विभिन्न क्षेत्रों से मिली शिकायतों और सुझावों पर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। निगम प्रशासन का फोकस बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को रोकने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर है।
नालों की सफाई, जलभराव वाले क्षेत्रों पर नजर
निगम स्वास्थ्य अमले द्वारा शहर के वार्डों के साथ फ्लाईओवर के नीचे नियमित सफाई अभियान चलाया जा रहा है। आंधी-तूफान से जमा सूखे पत्तों और कचरे को हटाया गया है। बारिश पूर्व अभियान के तहत नालों और नालियों की प्रथम चरण की सफाई पूरी होने के बाद दूसरे चरण का काम जारी है।
कलेक्टोरेट परिसर, डॉक्टर कॉलोनी, बलदेव बाग सहित जलभराव वाले क्षेत्रों में नालियों की सफाई की जा रही है। वहीं नालियों पर हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी प्रस्तावित है, ताकि बारिश के पानी की निकासी सुचारू हो सके।
सड़कों की मरम्मत और पेचवर्क की तैयारी
शहर की पुरानी सड़कों के सुधार के लिए भी निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। स्टेशनपारा से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क सहित कई मार्गों के डामरीकरण का प्रस्ताव है। डामर उपलब्ध नहीं होने से कुछ कार्य प्रभावित हुए हैं, जिसके लिए संबंधित ठेकेदारों को जल्द काम शुरू करने नोटिस जारी किए गए हैं।
मोहारा-सिंगदई मार्ग, कलेक्टोरेट गार्डन के पास सर्विस रोड, गौरव पथ सहित अन्य मार्गों की स्थिति सुधारने के लिए संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं। वार्डों में सीसी रोड और नाली निर्माण के प्रस्ताव भी शासन को भेजे गए हैं।
पौधों की सुरक्षा और शहर का सौंदर्यीकरण
गर्मी से बचाने के लिए डिवाइडरों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे पौधों की नियमित सिंचाई टैंकरों से की जा रही है। झुके हुए पौधों को व्यवस्थित करने के साथ बड़े वृक्षों की छंटाई भी कराई जा रही है।
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और डिवाइडरों के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू किए जाएंगे। रानी सागर और बूढ़ा सागर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए बजट में प्रावधान किया गया है। वहीं लक्ष्मण झूला की मरम्मत प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
मोहारा जल संयंत्र की विद्युत व्यवस्था सुधरी
आंधी-बारिश के कारण 33/11 केवी सब स्टेशन में आई तकनीकी खराबी से मोहारा जल संयंत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। निगम और विद्युत अमले ने समय पर सुधार कर आपूर्ति बहाल कर दी है। बिजली मिलने के बाद टंकियों को भरकर नियमित जलापूर्ति शुरू कर दी गई है।
मोहारा सर्विस रोड की बंद स्ट्रीट लाइटों को भी शॉर्ट सर्किट के बाद दुरुस्त कर दिया गया है।
आवारा कुत्तों पर चलेगा विशेष अभियान
सन सिटी क्षेत्र की घटना के बाद नगर निगम ने आवारा और आक्रामक कुत्तों के नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई है। सूचना मिलने पर ऐसे कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई
निगम क्षेत्र में खाली प्लॉट और निर्माणाधीन क्षेत्रों में कचरा फेंकने वालों को समझाइश दी जा रही है। भू-स्वामियों को भी साफ-सफाई बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने कहा गया है।
अवैध विज्ञापन लगाने वालों को नोटिस जारी कर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की गई है। सार्वजनिक स्थानों पर लगे डस्टबिन को नुकसान पहुंचाने वालों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।
शिकायतों के निराकरण पर भी जोर
नगर निगम में प्राप्त शिकायतों के निराकरण के लिए जांच समितियां गठित की जा रही हैं। आम रास्ता बंद होने की शिकायत पर आयुक्त ने स्वयं मौके का निरीक्षण कर भूमि अभिलेखों की जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
निगम द्वारा निर्मित व्यावसायिक परिसरों की दुकानों का नियमानुसार नीलामी और आबंटन किया गया है। लंबे समय से बंद दुकानों को नोटिस जारी किए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर आबंटन निरस्त कर पुन: नीलामी की जाएगी।
नागरिकों से सहयोग की अपील
नगर निगम ने शहरवासियों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने, नालियों में कचरा नहीं डालने, सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा करने और पौधों के संरक्षण में सहयोग की अपील की है। साथ ही विसर्जन कुंड निर्माण संबंधी सुझावों पर भी सकारात्मक पहल करने की बात कही गई है।
अपराध
बाइक पर अवैध शराब बेचते अधेड़ गिरफ्तार, गैंदाटोला पुलिस की कार्रवाई, महाराष्ट्र निर्मित देसी मदिरा जब्त
राजनांदगांव। नशे के कारोबार के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गैंदाटोला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम आलीवारा के पास घेराबंदी कर एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर अवैध रूप से शराब बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से महाराष्ट्र निर्मित देसी शराब और परिवहन में प्रयुक्त बाइक जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फगढुटोला मोड़ के पास की नाकेबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी श्रीमती मंजू लता बाज के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध शराब, गांजा और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 23 जून को गैंदाटोला पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ग्राम आलीवारा के पास फगढुटोला जाने वाले मोड़ पर एक व्यक्ति बाइक पर शराब रखकर अवैध रूप से बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर नाकेबंदी की और रेड की कार्रवाई की।
आलीवारा का रहने वाला है आरोपी, कुल ₹17,500 का मशरूका जब्त
पुलिस ने मौके से मोटरसाइकिल पर शराब बेच रहे व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम तोखराम साहू (55 वर्ष), पिता पुहुपदास साहू, निवासी वार्ड नंबर 01, ग्राम आलीवारा (थाना गैंदाटोला) बताया।
जब पुलिस ने उसके पास रखे सामान की तलाशी ली, तो उसके पास से बिना किसी वैध दस्तावेज के बेची जा रही महाराष्ट्र निर्मित ‘देशी दारू प्रीमियम डीलक्स सुपर संतरा’ के 20 नग सीलबंद पौवे (प्रत्येक 90 एमएल, कुल मात्रा 1.8 बल्क लीटर) बरामद हुए। इसकी कुल कीमत 900 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से शराब बिक्री की नगद रकम 1,600 रुपये और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हीरो एचएफ मोटरसाइकिल (क्रमांक CG08R7118, कीमत करीब 15,000 रुपये) को भी जब्त किया है।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
थाना गैंदाटोला पुलिस ने आरोपी तोखराम साहू के कब्जे से कुल 17,500 रुपये मूल्य का मशरूका जब्त कर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत विधिवत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। स्थानीय स्तर पर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एशियन गेम्स में आब्सर्वर बनाये गये।*
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के रॉ टेलेंटेड बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।*
-
राजनांदगांव3 years agoविषयवार हो शिक्षकों की भर्ती, हाईकोर्ट में याचिका दायर, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने दर्ज की याचिका
-
राजनांदगांव4 years agoछत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी संघ भी हुआ शामिल
-
छत्तीसगढ़3 years agoसरकारी स्कूलों को बंद करने की साजिश, राज्यपाल करें हस्ताक्षेप : क्रिष्टोफर पॉल
-
राजनांदगांव3 years agoहेडमास्टर बनाने में हद पार, पैसे दो और मनचाहे स्कूल में जाओ
-
राजनांदगांव2 months agoघुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
-
राजनांदगांव4 years ago
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव। धारा 144 लागू किसी प्रकार के आयोजन, रैली, सामाजिक तथा अन्य आयोजन प्रतिन्धित
