राजनांदगांव
छत्तीसगढ़ अद्भुत संभावनाओं से भरा प्रदेश : डॉ. रमन सिंह
राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय के पद्मश्री गोविन्दराम निर्मलकर ऑडिटोरियम गौरव पथ राजनांदगांव में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सभी को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण 1 नवम्बर 2000 में हुआ था, तब से लेकर 2024 तक छत्तीसगढ़ राज्य की यात्रा और विकसित राज्य बनाने की पहल ने सभी के समक्ष गवाही दी है। उन्होंने कहा कि 24 वर्षों का यह उत्सव और राज्य निर्माण का यह श्रेय देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी को है। राज्य निर्माण के बाद छत्तीसगढ़ अग्रणी राज्य में शामिल है और प्रदेश ने विभिन्न उपलब्धियां हासिल की है। उन्होंने बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री के पद कार्य करते हुए 15 वर्षों में छत्तीसगढ़ में पलायन की पीड़ा को देखते हुए प्रदेश को इस पीड़ा से मुक्त करने के लिए श्रमिकों को अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य किया गया। गांव में 1 रूपए की दर से प्रति किलो चावल उपलब्ध कराने से पलायन रूक जाएगा, इस सोच के साथ यह कार्य आरंभ किया गया। छत्तीसगढ़ में मुख्यतः कुपोषण को दूर करने की दिशा में नीतिगत निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री खाद्यान्न सुरक्षा अधिनियम कानून बनाया गया। जनसामान्य को यह गारंटी है कि इस कानून को नहीं बदल सकते। उन्होंने बताया कि 24 वर्षों में प्रदेश में अद्भुत परिवर्तन आया है। हम अपने प्रदेश पर गर्व करना सीखें और इसे आगे बढ़ाएं। डॉ. रमन सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित शासकीय योजनाओं से हितग्राहियों सामग्री एवं चेक वितरण कर लाभान्वित किया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ अद्भुत संभावनाओं से भरा प्रदेश है। यहां 44 प्रतिशत भू-भाग वना आच्छादित है। यहां के वनों में साल, सागौन, आंवला, हर्रा, बहेरा प्रचुर मात्रा में पाए जाते हंै। छत्तीसगढ़ में वनवासियों के जीवन में परिवर्तन आया है। स्वास्थ्य, शिक्षा, रोड कनेक्टिीविटी, विद्युत, जैसी सुविधाएं अबूझमाड़ के क्षेत्रों तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में देश के कोयला भंडार का 18 प्रतिशत है। वहीं लोहा एवं अन्य खनिज पदार्थ प्रचुर मात्रा में पाए जाते हंै। ऊर्जा के क्षेत्र में भी प्रदेश सशक्त बना है। प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने में देश के महान विभूतियों ने अपना योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि इसी तरह राजनांदगांव में अनमोल कड़ियों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर प्यारे लाल सिंह, गजानंद माधव मुक्तिबोध, डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बखशी, डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र का महान साहित्यकरों का योगदान रहा है। राजनांदगावं में रमेश खर्रे, रम्मु वास्तव, विरेन्द्र बहादुर, पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर एवं कई विभूतियों ने सेवा की है। राजनांदगांव तेजी से विकास की दिशा में अग्रसर है। 370 करोड़ रूपए की लागत से मेडिकल कालेज का निर्माण, 300 करोड़ रूपए की लागत से शासकीय मातृ शिशु अस्पताल तथा दिव्यांगजनों के लिए सीआरसी सेंटर का निर्माण किया गया है। छत्तीसगढ़ की यात्रा में प्रदेश 26वें राज्य बनने के बाद स्थापित हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करते हंै कि वर्ष 2047 में हमारा देश 100 वर्ष की शताब्दी को पूर्ण करेगा, तब यह विकसित राज्य की श्रेणी में पहले या दूसरे पायदान पर होगा। इसी तरह हमारा छत्तीसगढ़ 2047 में देश के पहले या दूसरे पायदान पर होगा। हम छत्तीसगढ़ को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि 500 वर्ष के बाद इतिहास को बदलने तथा संस्कृति एवं स्वाभिमान के संरक्षण का कार्य अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के रूप में की गई है।
अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती गीता साहू ने कहा कि आज राज्य स्थापना का 24वां वर्ष मनाया जा रहा है। उन्होंने सभी को राज्य स्थापना की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश से अलग होकर छत्तीसगढ़ राज्य बना है इसका पूरा श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की स्थापना हुई है। छत्तीसगढ़ नाम हमारी शान है। कही भी जाते हैं तो शान से छत्तीसगढ़ राज्य का नाम लेते हैं। छत्तीसगढ़ का निर्माण हुआ तो 15 वर्षों में छत्तीसगढ़ के तत्कालीन मुख्यमंत्री के रूप में डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ को चलना सिखाया। उन्होंने शिक्षा को मजबूत किया, सड़क बनवाएं एवं प्रदेश को विकास पथ की ओर आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि कुपोषण को दूर करने के लिए शासन द्वारा बहुत अच्छा कार्य किया जा रहा है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कार्यक्रम के आरंभ में स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना के 24 वर्ष पूर्ण हो गए हैं और हमारा प्रदेश सभी दिशाओं में चहंुमुखी विकास कर रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, किसानों के विकास सहित शासन की लोककल्याणकारी योजनाओं को जनमानस तक पहुंचाने के लिए कार्य किए गए हैं। प्रदेश ने विकास के नए आयाम गढ़े हैं और राजनांदगांव जिले में बहुमुखी विकास हुआ है। विधानसभा अध्यक्ष के मार्गदर्शन में जिले में अच्छा कार्य किया जा रहा है। आंगनबाड़ी केन्द्र, स्कूल, बारहमासी सड़कों की संख्या बढ़ी है। जिले को मेडिकल कॉलेज की सौगात मिली है। डोंगरगढ़ में माँ बम्लेश्वरी पर्यटन स्थल का विकास, परिक्रमा पथ, ब्रिज निर्माण कार्य किए जा रहे हंै। इसके साथ ही कुपोषित बच्चों की संख्या में कमी आयी है। जिले में 93 प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाएं गए हंै, जो प्रदेश में सर्वाधिक है। धान खरीदी के कार्य में किसानों को दिक्कत नहीं हो रही है।
इस अवसर पर अध्यक्ष जनपद पंचायत राजनांदगांव श्रीमती प्रतिक्षा सूर्यकान्त भंडारी, अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित सचिन बघेल, रमेश पटेल, राजेन्द्र गोलछा, पद्मश्री पुखराज बाफना, विनोद खाण्डेकर, भरत वर्मा, किशुन यदु, सुश्री मणीभास्कर गुप्ता, राधेश्याम गुप्ता, आईजी दीपक झा, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डे, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम राजनांदगांव खेमलाल वर्मा, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।
राजनांदगांव
सुबह-सुबह शहर के दौरे पर निकले निगम आयुक्त, गंज चौक और इंदिरा नगर में नाला सफाई का देखा काम
राजनांदगांव। मानसून की आमद से पहले शहर को जलभराव (वॉटर लॉगिंग) की मुसीबत से बचाने के लिए नगर निगम ने ताकत झोंक दी है। पहले चरण की सफाई के बाद अब दूसरे चरण का काम भी युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। बुधवार सुबह नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने खुद मोर्चा संभाला और ग्राउंड जीरो पर उतरकर इंदिरा नगर, गंज चौक, गोल बाजार और तुलसीपुर में नाला सफाई व निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। आयुक्त ने कड़े लहजे में कहा कि केवल खानापूर्ति के लिए सफाई न करें, नालों की तलहटी (निचले स्तर) से कचरा निकाला जाए ताकि बारिश में पानी बस्तियों में न भरे।
दौरे के दौरान आयुक्त सबसे पहले इंदिरा नगर और गंज चौक पहुंचे। यहां चल रहे नाला सफाई कार्य की धीमी गति और तरीके को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों के ऊपर लगी लोहे की जालियां हटाई जाएं, ताकि अंदर जमा सिल्ट और कचरे को पूरी तरह बाहर निकाला जा सके। उन्होंने कहा कि सफाई का पैमाना ऐसा होना चाहिए जिससे भारी बारिश के दौरान भी पानी का बहाव न रुके।
इसके बाद आयुक्त का काफिला गोल बाजार पहुंचा। बाजार क्षेत्र की नालियों की स्थिति देख उन्होंने स्वच्छता अमले को यहां रोजाना सफाई करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने स्वच्छता निरीक्षकों से कहा कि वे सब्जी पसरा लगाने वाले दुकानदारों को बुलाकर साफ तौर पर समझाएं कि नाली में कचरा और सड़ी-गली सब्जियां न फेंकें। अगर नाली ब्लॉक हुई तो पहली ही बारिश में पूरा बाजार जलमग्न हो जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने बाजार में बने ‘आकांक्षी शौचालय’ को भी जल्द से जल्द आम जनता के लिए शुरू करने की डेडलाइन तय की।
तुलसीपुर क्षेत्र में चल रहे नई नाली के निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए आयुक्त विश्वकर्मा ने काम की रफ्तार बढ़ाने और इसे समय-सीमा में पूरा करने को कहा। उन्होंने इंजीनियरिंग विभाग को तकनीकी हिदायत देते हुए कहा कि नाली निर्माण में ढलान (स्लोप) का विशेष ध्यान रखा जाए। अगर ढलान सही नहीं होगा, तो पानी की निकासी नहीं होगी और निर्माण का कोई फायदा नहीं मिलेगा।
आयुक्त ने स्वच्छता निरीक्षकों को आदेश दिए हैं कि शहर के उन सभी निचले इलाकों की सूची तैयार करें जहां हर साल पानी भरता है। उन जगहों पर बारिश से पहले ही ड्रेनेज क्लियर रखने की जिम्मेदारी वार्ड प्रभारियों की होगी।
राजनांदगांव
बारिश से पहले निगम की तैयारी तेज, नालों की सफाई से लेकर सड़क सुधार तक अभियान जारी
राजनांदगांव। मानसून की दस्तक के साथ ही नगर पालिक निगम राजनांदगांव ने शहर में सफाई, जल निकासी, सड़क मरम्मत और सौंदर्यीकरण कार्यों को तेज कर दिया है। बारिश पूर्व तैयारियों के तहत शहर के छोटे-बड़े नालों और नालियों की सफाई जेसीबी मशीनों एवं सफाई गैंग के माध्यम से कराई जा रही है।
नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने विभिन्न क्षेत्रों से मिली शिकायतों और सुझावों पर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। निगम प्रशासन का फोकस बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को रोकने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर है।
नालों की सफाई, जलभराव वाले क्षेत्रों पर नजर
निगम स्वास्थ्य अमले द्वारा शहर के वार्डों के साथ फ्लाईओवर के नीचे नियमित सफाई अभियान चलाया जा रहा है। आंधी-तूफान से जमा सूखे पत्तों और कचरे को हटाया गया है। बारिश पूर्व अभियान के तहत नालों और नालियों की प्रथम चरण की सफाई पूरी होने के बाद दूसरे चरण का काम जारी है।
कलेक्टोरेट परिसर, डॉक्टर कॉलोनी, बलदेव बाग सहित जलभराव वाले क्षेत्रों में नालियों की सफाई की जा रही है। वहीं नालियों पर हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी प्रस्तावित है, ताकि बारिश के पानी की निकासी सुचारू हो सके।
सड़कों की मरम्मत और पेचवर्क की तैयारी
शहर की पुरानी सड़कों के सुधार के लिए भी निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। स्टेशनपारा से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क सहित कई मार्गों के डामरीकरण का प्रस्ताव है। डामर उपलब्ध नहीं होने से कुछ कार्य प्रभावित हुए हैं, जिसके लिए संबंधित ठेकेदारों को जल्द काम शुरू करने नोटिस जारी किए गए हैं।
मोहारा-सिंगदई मार्ग, कलेक्टोरेट गार्डन के पास सर्विस रोड, गौरव पथ सहित अन्य मार्गों की स्थिति सुधारने के लिए संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं। वार्डों में सीसी रोड और नाली निर्माण के प्रस्ताव भी शासन को भेजे गए हैं।
पौधों की सुरक्षा और शहर का सौंदर्यीकरण
गर्मी से बचाने के लिए डिवाइडरों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे पौधों की नियमित सिंचाई टैंकरों से की जा रही है। झुके हुए पौधों को व्यवस्थित करने के साथ बड़े वृक्षों की छंटाई भी कराई जा रही है।
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और डिवाइडरों के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू किए जाएंगे। रानी सागर और बूढ़ा सागर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए बजट में प्रावधान किया गया है। वहीं लक्ष्मण झूला की मरम्मत प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
मोहारा जल संयंत्र की विद्युत व्यवस्था सुधरी
आंधी-बारिश के कारण 33/11 केवी सब स्टेशन में आई तकनीकी खराबी से मोहारा जल संयंत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। निगम और विद्युत अमले ने समय पर सुधार कर आपूर्ति बहाल कर दी है। बिजली मिलने के बाद टंकियों को भरकर नियमित जलापूर्ति शुरू कर दी गई है।
मोहारा सर्विस रोड की बंद स्ट्रीट लाइटों को भी शॉर्ट सर्किट के बाद दुरुस्त कर दिया गया है।
आवारा कुत्तों पर चलेगा विशेष अभियान
सन सिटी क्षेत्र की घटना के बाद नगर निगम ने आवारा और आक्रामक कुत्तों के नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई है। सूचना मिलने पर ऐसे कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई
निगम क्षेत्र में खाली प्लॉट और निर्माणाधीन क्षेत्रों में कचरा फेंकने वालों को समझाइश दी जा रही है। भू-स्वामियों को भी साफ-सफाई बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने कहा गया है।
अवैध विज्ञापन लगाने वालों को नोटिस जारी कर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की गई है। सार्वजनिक स्थानों पर लगे डस्टबिन को नुकसान पहुंचाने वालों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।
शिकायतों के निराकरण पर भी जोर
नगर निगम में प्राप्त शिकायतों के निराकरण के लिए जांच समितियां गठित की जा रही हैं। आम रास्ता बंद होने की शिकायत पर आयुक्त ने स्वयं मौके का निरीक्षण कर भूमि अभिलेखों की जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
निगम द्वारा निर्मित व्यावसायिक परिसरों की दुकानों का नियमानुसार नीलामी और आबंटन किया गया है। लंबे समय से बंद दुकानों को नोटिस जारी किए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर आबंटन निरस्त कर पुन: नीलामी की जाएगी।
नागरिकों से सहयोग की अपील
नगर निगम ने शहरवासियों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने, नालियों में कचरा नहीं डालने, सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा करने और पौधों के संरक्षण में सहयोग की अपील की है। साथ ही विसर्जन कुंड निर्माण संबंधी सुझावों पर भी सकारात्मक पहल करने की बात कही गई है।
अपराध
बाइक पर अवैध शराब बेचते अधेड़ गिरफ्तार, गैंदाटोला पुलिस की कार्रवाई, महाराष्ट्र निर्मित देसी मदिरा जब्त
राजनांदगांव। नशे के कारोबार के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गैंदाटोला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम आलीवारा के पास घेराबंदी कर एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर अवैध रूप से शराब बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से महाराष्ट्र निर्मित देसी शराब और परिवहन में प्रयुक्त बाइक जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फगढुटोला मोड़ के पास की नाकेबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी श्रीमती मंजू लता बाज के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध शराब, गांजा और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 23 जून को गैंदाटोला पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ग्राम आलीवारा के पास फगढुटोला जाने वाले मोड़ पर एक व्यक्ति बाइक पर शराब रखकर अवैध रूप से बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर नाकेबंदी की और रेड की कार्रवाई की।
आलीवारा का रहने वाला है आरोपी, कुल ₹17,500 का मशरूका जब्त
पुलिस ने मौके से मोटरसाइकिल पर शराब बेच रहे व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम तोखराम साहू (55 वर्ष), पिता पुहुपदास साहू, निवासी वार्ड नंबर 01, ग्राम आलीवारा (थाना गैंदाटोला) बताया।
जब पुलिस ने उसके पास रखे सामान की तलाशी ली, तो उसके पास से बिना किसी वैध दस्तावेज के बेची जा रही महाराष्ट्र निर्मित ‘देशी दारू प्रीमियम डीलक्स सुपर संतरा’ के 20 नग सीलबंद पौवे (प्रत्येक 90 एमएल, कुल मात्रा 1.8 बल्क लीटर) बरामद हुए। इसकी कुल कीमत 900 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से शराब बिक्री की नगद रकम 1,600 रुपये और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हीरो एचएफ मोटरसाइकिल (क्रमांक CG08R7118, कीमत करीब 15,000 रुपये) को भी जब्त किया है।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
थाना गैंदाटोला पुलिस ने आरोपी तोखराम साहू के कब्जे से कुल 17,500 रुपये मूल्य का मशरूका जब्त कर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत विधिवत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। स्थानीय स्तर पर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एशियन गेम्स में आब्सर्वर बनाये गये।*
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के रॉ टेलेंटेड बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।*
-
राजनांदगांव3 years agoविषयवार हो शिक्षकों की भर्ती, हाईकोर्ट में याचिका दायर, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने दर्ज की याचिका
-
राजनांदगांव4 years agoछत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी संघ भी हुआ शामिल
-
छत्तीसगढ़3 years agoसरकारी स्कूलों को बंद करने की साजिश, राज्यपाल करें हस्ताक्षेप : क्रिष्टोफर पॉल
-
राजनांदगांव3 years agoहेडमास्टर बनाने में हद पार, पैसे दो और मनचाहे स्कूल में जाओ
-
राजनांदगांव2 months agoघुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
-
राजनांदगांव4 years ago
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव। धारा 144 लागू किसी प्रकार के आयोजन, रैली, सामाजिक तथा अन्य आयोजन प्रतिन्धित
