राजनांदगांव
शासन की योजनाओं से जनसामान्य को अधिक से अधिक लाभान्वित करने की जरूरत : अविनाश चंपावत
राजनांदगांव। जिले के प्रभारी सचिव अविनाश चंपावत ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कार्यों एवं उनके प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग विशेष रूप से उपस्थित थे। प्रभारी सचिव ने कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर होना चाहिए और उनका लाभ संबंधित जनसामान्य को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले में जल संरक्षण पर विशेष रूप से ध्यान देने की आवश्यकता है। जहां पर भी जल संरक्षण के कार्य हो रहे हैं, वहां पर स्वसहायता समूहों द्वारा मत्स्य पालन की भी व्यवस्था की जानी चाहिए, जिससे लोगों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि जिले में किसानों द्वारा व्यापक तौर पर धान की खेती की जाती है और इसके लिए अधिक मात्रा में जल का उपयोग होता है, इससे भू-जल के स्तर में गिरावट आती है। इसके लिए कृषि विभाग और उसके मैदानी अमलों द्वारा कम जल में उत्पादित होने वाले फसलें जैसे चना, अरहर, रागी, बाजरा, मक्का, तिलहनी एवं लघु धान्य फसलों की खेती करने के लिए किसानों को प्रेरित करना चाहिए। इससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। श्री चंपावत ने जल संसाधन विभाग के अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जहां भी जलाशयों से तालाबों को भरा जाता है, वहां नाली इत्यादि की पर्याप्त व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि पानी की पूर्ण उपयोगिता के साथ सिंचाई भी हो सके।
जिले के प्रभारी सचिव अविनाश चंपावत ने कहा कि श्रम विभाग संचालित योजनाओं के तहत श्रम अधिकारी अधिक से अधिक श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पंजीयन के साथ प्रशिक्षण से भी जोड़े और उन्हें लाभ दिलाएं। उन्होंने मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत युवाओं को प्रशिक्षण देने और रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि जिले में गिरते भू-जल को देखते हुए जल संरक्षण के लिए नरेगा सहित अन्य मदो से कार्य किया गया है। यहां धान की जगह अन्य कम जल उपयोगिता वाली विभिन्न फसले लेने के लिए किसानों को प्रेरित भी किया जा रहा है। इसके अलावा जल शक्ति अभियान के तहत जल संरक्षण के कार्य कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि कुपोषण को दूर करने के लिए जिले में पोट्ठ लईका पहल की शुरूआत की गई है और इसमें सफलता भी मिल रही है। जिले के विद्यालयों में स्मार्ट क्लास के माध्यम से बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। उन्होंने अन्य विभागों के विशेष कार्यों का भी उल्लेख किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने जिले में पुलिस विभाग के संबंधित कार्य के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के अलावा साईबर अपराध को रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए सतत रूप से अभियान चलाकर साईबर अपराध से बचने के लिए लोगों को जानकारी दी जा रही है। इसके लिए वालिंटियर्स भी बनाए गए हैं, जो लोगों को जागरूक कर रहे हैं। ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार कार्रवाई भी की जा रही है।
जिले के प्रभारी सचिव अविनाश चंपावत द्वारा ली गई बैठक में सभी विभागों की गतिविधियों की बारी-बारी से समीक्षा की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्य एवं योजनाओं के संबंध में प्रगति एवं इसके तहत कराए गए विशेष कार्यों अंतर्गत नरेगा जल संरक्षण एवं अन्य कार्यों का उल्लेख किया। इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, मछली पालन, पशुधन, श्रम, खनिज, खाद्य, राजस्व, क्रेडा, विद्युत, व्यापार एवं उद्योग, समाज कल्याण, लोक निर्माण विभाग, आदिवासी विकास, योजना एवं सांख्यिकीय सहित अन्य विभागों की गतिविधियों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम राजनांदगांव खेमलाल वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
राजनांदगांव
शंकरपुर चाकूबाजी कांड का फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
राजनांदगांव। शंकरपुर क्षेत्र में अप्रैल माह में हुए चाकूबाजी प्रकरण के फरार आरोपी को चिखली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्टील का चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 14 अप्रैल 2026 को प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने दोस्त के साथ चिखली से शंकरपुर जा रहा था। इसी दौरान बजरंग चौक झरना के पास पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी अमन डोंगरे, एक विधि से संघर्षरत बालक और अंकित वासनिक ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। आरोपियों ने लकड़ी के डंडे और चाकू से मारपीट की, जिसमें प्रार्थी का दोस्त घायल हो गया था।
मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। जांच के दौरान आरोपी अमन डोंगरे और विधि से संघर्षरत बालक को पहले ही गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा चुकी थी, जबकि तीसरा आरोपी अंकित वासनिक घटना के बाद से फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 22 जून को आरोपी के शांतिनगर क्षेत्र में होने की सूचना मिली। सूचना पर चौकी चिखली पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अंकित वासनिक (20) निवासी अंबेडकर चौक, शांतिनगर को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त एक स्टील का चाकू बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई, उप निरीक्षक सत्तुलाल कंवर, आरक्षक सुनील बैरागी, चंद्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, आदित्य सोलंकी एवं चौकी चिखली स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
राजनांदगांव
कोतवाली पुलिस की संवेदनशील पहल, सरगुजा से भटके युवक को परिजनों से मिलाया
राजनांदगांव। सिटी कोतवाली पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सरगुजा से भटककर राजनांदगांव पहुंचे एक युवक को उसके परिजनों से मिलाकर सुरक्षित सुपुर्द किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई।
पुलिस के अनुसार 22 जून को सूचना मिली कि एक व्यक्ति रेलवे स्टेशन के आसपास भटक रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उससे पूछताछ की। युवक ने अपना नाम दयाशंकर और जिला सरगुजा का निवासी होना बताया, लेकिन वह अपने गांव और अन्य जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था। इसके बाद पुलिस उसे सुरक्षित थाना लेकर आई और मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने युवक के परिजनों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद युवक के भाई आर्यन सिंह का पता लगाया गया, जो भिलाई में रहकर पढ़ाई कर रहा है।
सूचना मिलने पर आर्यन सिंह थाना पहुंचा और उसने भटके हुए युवक की पहचान अपने चचेरे भाई दयाशंकर (27) निवासी ग्राम करेपा, थाना दरिमा, जिला सरगुजा के रूप में की। परिजनों ने बताया कि दयाशंकर मानसिक रूप से अस्वस्थ है और इसी कारण भटकते हुए राजनांदगांव पहुंच गया था।
पहचान की पुष्टि के बाद कोतवाली पुलिस ने दयाशंकर को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने भाई को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राजनांदगांव पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस पहल को मानवीय संवेदना का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।
अपराध
शांति व्यवस्था भंग करने वाले आदतन बदमाश पर कार्रवाई, कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल
राजनांदगांव। शहर की शांति व्यवस्था भंग करने वाले आदतन बदमाश के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी द्वारा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में लोगों से विवाद करने तथा समझाइश के बाद भी आक्रामक व्यवहार करने पर पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दीनदयाल आवास चिखली निवासी 29 वर्षीय शेरा कश्यप के रेलवे स्टेशन के पास आम लोगों से विवाद करने की सूचना डायल-112 को मिली थी। सूचना पर पुलिस उसे थाना लेकर आई। अगले दिन उसकी बहन को थाना बुलाकर समझाइश दी गई, लेकिन आरोपी आक्रोशित होकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने लगा तथा जोर-जोर से चिल्लाने लगा, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति निर्मित हो गई।
स्थिति को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तारी की कार्रवाई करते हुए धारा 126 एवं 135(3) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया। बाद में उसे कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी शेरा कश्यप आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पूर्व में मारपीट, चोरी, आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट तथा धमकी जैसे विभिन्न मामलों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा उसके विरुद्ध कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह, प्रधान आरक्षक जी. सिरिल कुमार एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एशियन गेम्स में आब्सर्वर बनाये गये।*
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के रॉ टेलेंटेड बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।*
-
राजनांदगांव3 years agoविषयवार हो शिक्षकों की भर्ती, हाईकोर्ट में याचिका दायर, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने दर्ज की याचिका
-
राजनांदगांव4 years agoछत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी संघ भी हुआ शामिल
-
छत्तीसगढ़3 years agoसरकारी स्कूलों को बंद करने की साजिश, राज्यपाल करें हस्ताक्षेप : क्रिष्टोफर पॉल
-
राजनांदगांव3 years agoहेडमास्टर बनाने में हद पार, पैसे दो और मनचाहे स्कूल में जाओ
-
राजनांदगांव1 month agoघुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
-
राजनांदगांव4 years ago
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव। धारा 144 लागू किसी प्रकार के आयोजन, रैली, सामाजिक तथा अन्य आयोजन प्रतिन्धित
