Connect with us

राजनांदगांव

आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय : चिंटू सोनकर

Published

on

राजनांदगांव। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिलाध्यक्ष चिंटू सोनकर ने 25 जून 1975 को देश में लागू किए गए आपातकाल की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय करार देते हुए कहा कि इस दिन देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं, संविधान, अभिव्यक्ति की आजादी और नागरिक अधिकारों का बेरहमी से गला घोंटा गया था।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने तत्कालीन सरकार के फैसलों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि आपातकाल के दौरान देश के हजारों लोकतंत्र सेनानियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रमुख राजनेताओं को बिना किसी कसूर के जेल की सलाखों के पीछे डाल दिया गया था। यही नहीं, मीडिया की आवाज को दबाने के लिए प्रेस की स्वतंत्रता पर भी पूरी तरह अंकुश लगा दिया गया था। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र केवल एक शासन व्यवस्था का नाम नहीं है, बल्कि यह भारत की आत्मा में बसा है। आपातकाल की यह दर्दनाक और दमनकारी घटनाएँ हमें हमेशा यह याद दिलाती रहेंगी कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमें हर पल सजग और समर्पित रहना होगा।
चिंटू सोनकर ने भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से देश के युवाओं का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के युवा संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रहित के मूल्यों को सर्वोपरि रखें। एक सशक्त, समृद्ध और सजग लोकतांत्रिक भारत के निर्माण में युवाओं को अपनी सक्रिय और सकारात्मक भागीदारी निभानी होगी, ताकि भविष्य में कभी भी देश को ऐसे काले दौर से न गुजरना पड़े।
बयान के अंत में भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने आपातकाल के उस क्रूर दौर में लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए संघर्ष करने वाले वीर सेनानियों को याद किया। उन्होंने कहा कि देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने को बचाने के लिए जिन सेनानियों ने लाठियां खाई, जेल गए और अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया, उनके साहस, त्याग और अद्वितीय बलिदान को भारतीय जनता युवा मोर्चा और पूरा देश श्रद्धापूर्वक नमन करता है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

चलती 108 संजीवनी एक्सप्रेस में गूंजी किलकारी, ईएमटी और पायलट की सूझबूझ से सुरक्षित प्रसव

Published

on

राजनांदगांव। जिले में आपातकालीन चिकित्सा सेवा 108 संजीवनी एक्सप्रेस एक बार फिर गर्भवती महिला और उसके नवजात शिशु के लिए संकटमोचक बनकर उभरी है। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में महिला को तेज प्रसव पीड़ा होने पर 108 के स्टाफ ने सूझबूझ का परिचय देते हुए एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खजरी निवासी सुदर्शन यादव ने अपनी पत्नी राधिका यादव को प्रसव पीड़ा होने पर शाम करीब 7.30 बजे घुमका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। अस्पताल में राधिका की प्रसव पीड़ा तेजी से बढ़ने लगी, जिसे देखते हुए वहां के डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
गर्भवती महिला को तुरंत 108 संजीवनी एक्सप्रेस से राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रवाना किया गया। एम्बुलेंस अभी ग्राम डूमरडीह के पास ही पहुंची थी कि महिला की प्रसव पीड़ा असहनीय हो गई। स्थिति को नाजुक भांपते हुए वाहन में मौजूद ईएमटी ललिता बघेल ने तत्परता दिखाई और पायलट छगन साहू को तुरंत गाड़ी सड़क के किनारे रोकने को कहा।
ईएमटी ललिता बघेल और पायलट छगन साहू ने अपनी सूझबूझ और मेडिकल ट्रेनिंग का इस्तेमाल करते हुए एम्बुलेंस के भीतर ही सुरक्षित प्रसव कराने का निर्णय लिया। स्टाफ की कुशलता से राधिका यादव ने एक स्वस्थ पुत्री को जन्म दिया। सुरक्षित प्रसव के बाद परिजनों और एम्बुलेंस स्टाफ ने राहत की सांस ली।
इस सफल और सुरक्षित प्रसव के बाद एम्बुलेंस में मौजूद मितानिन और नवजात के पिता सुदर्शन यादव सहित अन्य परिजनों ने संजीवनी 108 एक्सप्रेस की त्वरित सेवा और कर्मचारियों की संवेदनशीलता के लिए उनका सहृदय धन्यवाद दिया। परिजनों ने कहा कि यदि सही समय पर कर्मचारियों ने सूझबूझ न दिखाई होती, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

Continue Reading

राजनांदगांव

शक्तिधाम के स्थापना दिवस पर विशाल रक्तदान एवं निःशुल्क आयुर्वेदिक परीक्षण शिविर

Published

on

राजनांदगांव। शहर के वार्ड नंबर 1 स्थित शक्तिधाम महाकाली मंदिर 5 जुलाई को अपना 6वां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। इस अवसर पर शक्तिधाम महाकाली मंदिर के प्रधान संस्थापक व मुख्य पुजारी गुरुदेव हरीश यादव के मार्गदर्शन में विशाल रक्तदान के साथ ही वृक्षारोपण व निःशुल्क आयुर्वेदिक परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी भी अपनी सेवा देंगे। साथ ही सामाजिक समरसता का संदेश देने सभी समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान किया जायेगा।
ज्ञात हो कि शहर के वार्ड नंबर 1 बाबुटोला स्थित प्रसिद्ध शक्तिधाम मां महाकाली मंदिर का 6वां स्थापना दिवस 5 जुलाई को मनाया जा रहा है। शक्तिधाम के संस्थापक हरीश यादव ने बताया कि मंदिर के स्थापना दिवस पर प्रत्येक वर्ष हमारी जनसेवा संस्था शक्तिधाम धर्मार्थ सेवा समिति द्वारा कुछ न कुछ जनसेवा के कार्य आयोजित करती आयी है। हमारी संस्था का मूल उद्देश्य सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाए के चरितार्थ पिछले वर्षो में भी रक्तदान, वृक्षारोपण का आयोजन किया गया,ए जहां प्रदेश के दूसरे जिले से भी बड़ी संख्या में भक्तगण रक्तदान करने पहुंचे थे। हमारी सेवा संस्था द्वारा ग्रीष्म में रेल यात्रियों को शीतल पानी पिलाना, वृद्धा आश्रम में भोजन सेवा, अभिलाषा मुकबधिर शाला में लेखनी सामग्री वितरण सहित स्टेशनों व फुटपाथ में रहने वालों को आवश्यक सामग्री भेंट कर सेवा किया जाता रहा है।
श्री यादव ने बताया कि इस वर्ष 5 जुलाई को शक्तिधाम के स्थापना दिवस पर विशाल रक्तदान का आयोजन किया जा रहा है वहीं वृक्षारोपण भी किया जायेगा। इस वर्ष मंदिर के दर्शनार्थियों की अपील पर निःशुल्क आयुर्वेदिक परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है, जहां आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी भी सेवा देंगे। मंदिर समिति ने अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सम्मिलित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Continue Reading

राजनांदगांव

आवास सूची पर ग्राम सभा में हंगामा, महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास

Published

on

राजनांदगांव। ग्राम पंचायत डिलापहरी में 24 जून 2026 को आयोजित ग्राम सभा की बैठक उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस सर्वे 2.0 (2024) की पात्र हितग्राहियों की सूची में अपना नाम नहीं मिलने से नाराज एक महिला ने ग्राम सभा स्थल पर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को रोक लिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
ग्राम पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत आवास प्लस सर्वे 2.0 (2024) में शामिल ग्रामीण परिवारों की सूची का परीक्षण एवं सत्यापन किया गया। इस दौरान सूची का सार्वजनिक रूप से वाचन किया गया। बैठक के दौरान ग्राम डिलापहरी निवासी श्रीमती संतोषी राजपूत ने सूची में अपना नाम नहीं होने पर आपत्ति जताते हुए कारण पूछा। इस पर सरपंच द्वारा बताया गया कि उनका नाम पात्र हितग्राहियों की सूची में शामिल नहीं है। बताया गया कि इस जवाब से असंतुष्ट होकर श्रीमती संतोषी राजपूत ने ग्राम सभा में अभद्र व्यवहार किया और प्रधानमंत्री आवास कब मिलेगा कहते हुए अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ (पेट्रोल) डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उन्हें पकड़ लिया और घटना को गंभीर रूप लेने से रोक दिया। घटना के बाद ग्राम पंचायत के सरपंच ने तत्काल इसकी सूचना अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) राजनांदगांव तथा स्थानीय पुलिस चौकी प्रभारी को दी। मामले की जांच कराई गई, जिसमें यह तथ्य सामने आया कि श्रीमती संतोषी राजपूत के परिवार के नाम पर ग्राम डिलापहरी के वार्ड क्रमांक-01 में दो पक्के मकान दर्ज हैं। इनमें से एक मकान दो मंजिला बताया गया है। जांच के आधार पर ग्राम पंचायत का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रावधानों के अनुसार पक्का मकान होने की स्थिति में संबंधित परिवार योजना का पात्र हितग्राही नहीं माना जाता। इसी कारण श्रीमती संतोषी राजपूत का नाम पात्रता सूची में शामिल नहीं किया गया।
सरपंच ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि किसी भी परिस्थिति में आत्मदाह जैसा कदम उचित नहीं है। उन्होंने श्रीमती संतोषी राजपूत द्वारा लगाए गए सभी आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत ने शासन के निर्धारित नियमों एवं पात्रता मानकों के अनुरूप ही कार्यवाही की है। ग्राम पंचायत प्रशासन ने अपील की है कि शासन की योजनाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की आपत्ति या शिकायत का समाधान वैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए तथा किसी भी प्रकार का आत्मघाती कदम न केवल अनुचित है, बल्कि कानून व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती बन सकता है।

Continue Reading

Trending