राजनांदगांव
पटेवा में बुलडोजर चलाकर हटाया गया शासकीय भूमि से अतिक्रमण
राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर जिले में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को घुमका तहसील के ग्राम पंचायत पटेवा में राजस्व विभाग ने कार्रवाई करते हुए बुलडोजर की मदद से शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
तहसीलदार मुकेश ठाकुर के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम पटेवा स्थित शासकीय भूमि खसरा नंबर 796/1 का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पीतांबर यादव, ठाकुर राम यादव तथा खेदूराम साहू द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण किए जाने की पुष्टि हुई।
इसके बाद राजस्व अमले ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बुलडोजर से अतिक्रमण हटाया और भूमि को कब्जामुक्त कराया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में आगे भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
राजनांदगांव
किसानों को धान की जगह कम पानी वाली वैकल्पिक फसलों के लिए करें प्रोत्साहित : गजेन्द्र यादव
राजनांदगांव। स्कूल शिक्षा एवं जिले के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आगामी मानसून की तैयारियों एवं कार्ययोजना के संबंध में जिला स्तरीय अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए वर्षा ऋतु के दौरान आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होना चाहिए। इस दौरान महापौर मधुसूदन यादव, अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती किरण वैष्णव, कलेक्टर जितेन्द्र यादव उपस्थित थे। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव ने विकसित भारत-जीरामजी (ग्रामीण रोजगार गारंटी एवं आजीविका मिशन) योजना के अंतर्गत मेट के रूप में कार्य कर रहे ग्राम पंचायत सुंदरा के दिव्यांग चंद्रप्रकाश साहू एवं ग्राम पंचायत कोहका की दिव्यांग सुश्री रंभा मंडावी को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव ने जिले में खरीफ फसल की स्थिति एवं कृषि विभाग की तैयारियों की समीक्षा करते हुए किसानों को धान की जगह कम पानी में होने वाली वैकल्पिक फसलों के लिए प्रोत्साहित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लगातार गिरते भू-जल स्तर और जल संरक्षण की आवश्यकता को देखते हुए किसानों को दलहन, तिलहन, सब्जी एवं अन्य कम पानी वाली लाभकारी फसलों की खेती के लिए प्रेरित करें तथा उन्हें पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा खरीफ वर्ष 2026 से किसानों को फसल विविधीकरण के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अब धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी एवं कपास जैसी वैकल्पिक फसलों की खेती करने वाले किसानों को 15 हजार रूपए प्रति एकड़ की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। कृषि विभाग किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाकर वैकल्पिक खेती के आर्थिक लाभों की जानकारी भी दे। प्रभारी मंत्री यादव ने विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि बिना आवश्यक कारण बिजली आपूर्ति बाधित न की जाए। यदि किसी तकनीकी कारण से बिजली बंद करना आवश्यक हो तो संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ताओं को पूर्व सूचना दी जाए तथा समय-सारणी निर्धारित कर किसानों को सिंचाई के लिए निर्बाध विद्युत उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाया जाए, जिससे वे सौर ऊर्जा अपनाकर अपने बिजली बिल को शून्य कर सकें।
प्रभारी मंत्री श्री यादव ने स्वास्थ्य विभाग को वर्षा ऋतु में संभावित बीमारियों की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में सर्पदंश एवं डॉग बाइट से संबंधित जीवनरक्षक दवाइयों एवं एंटी रेबीज वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी चिकित्सालयों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम विभिन्न चुनौतियां लेकर आता है। ऐसे समय में सभी विभाग सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करें ताकि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न न हो और आम नागरिकों को समय पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध होती रहें। उन्होंने अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में मानसून के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सभी कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू, संतोष अग्रवाल, अपर कलेक्टर सीएल मारण्कडेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
राजनांदगांव
निजी स्कूलों तक पहुंचा एचपीवी टीकाकरण अभियान, जिले में 4010 किशोरियों को लगा सुरक्षा कवच
राजनांदगांव। सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) से किशोरियों की सुरक्षा के लिए जिले में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। अब यह अभियान निजी स्कूलों तक भी पहुंच गया है, जहां 102 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। जिले में अब तक कुल 4010 किशोरी बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष तक की बालिकाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल सहित अन्य शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में एचपीवी वैक्सीन की एकल खुराक नि:शुल्क दी जा रही है। अब तक हुए टीकाकरण के दौरान किसी भी किशोरी में प्रतिकूल प्रभाव सामने नहीं आया है।
उन्होंने बताया कि टीकाकरण की पूरी प्रक्रिया को यू-विन डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है, जिससे लाभार्थियों का रिकॉर्ड सुरक्षित रहता है और डिजिटल प्रमाण-पत्र भी डाउनलोड किया जा सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन और चिकित्सकों के अनुसार सही आयु में लगाई गई एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव में 93 से 100 प्रतिशत तक प्रभावी मानी जाती है।
डॉ. नवरतन ने बताया कि अभियान के तहत शासकीय एवं निजी हाई स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित कर टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए उन्हें निकटतम शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। वैक्सीन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क किया जा सकता है।
राजनांदगांव
सीएम हेल्पलाइन की पहल रंग लाई, तीजन बाई को मिला नया राशन कार्ड
राजनांदगांव। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत मेंढा निवासी श्रीमती तीजन बाई मंडावी को हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत के निराकरण के बाद नया राशन कार्ड मिल गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम मेंढा निवासी बलराम मंडावी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई थी कि श्रीमती तीजन बाई मंडावी का नया राशन कार्ड नहीं बन पाने से उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ नहीं मिल रहा है।
शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित विभाग ने मामले की जांच कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और नया राशन कार्ड जारी कर दिया। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने दूरभाष के माध्यम से हितग्राही से संपर्क कर समाधान की पुष्टि भी की।
श्रीमती तीजन बाई मंडावी ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी समस्या का शीघ्र निराकरण हुआ और अब उन्हें राशन कार्ड मिल गया है। उन्होंने इस प्रभावी व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हेल्पलाइन आम लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है।
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एशियन गेम्स में आब्सर्वर बनाये गये।*
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के रॉ टेलेंटेड बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।*
-
राजनांदगांव3 years agoविषयवार हो शिक्षकों की भर्ती, हाईकोर्ट में याचिका दायर, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने दर्ज की याचिका
-
राजनांदगांव4 years agoछत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी संघ भी हुआ शामिल
-
छत्तीसगढ़3 years agoसरकारी स्कूलों को बंद करने की साजिश, राज्यपाल करें हस्ताक्षेप : क्रिष्टोफर पॉल
-
राजनांदगांव3 years agoहेडमास्टर बनाने में हद पार, पैसे दो और मनचाहे स्कूल में जाओ
-
राजनांदगांव2 months agoघुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
-
राजनांदगांव4 years ago
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव। धारा 144 लागू किसी प्रकार के आयोजन, रैली, सामाजिक तथा अन्य आयोजन प्रतिन्धित
