राजनांदगांव
अग्नि दुर्घटना से सुरक्षा के लिए प्रारंभिक स्तर पर ही नियंत्रित करने की जरूरत : कलेक्टर
राजनांदगांव। आग से सुरक्षा एवं बचाव के लिए आज जिला पंचायत सभाकक्ष में फायर एण्ड सिक्योरिटी एसोसिएशन ऑफ इंडिया रायपुर तथा द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) भिलाई लोकल सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में फायर सेफ्टी इन इंस्टीट्यूशनल कमर्शियल बिल्डिंग एंड इंडस्ट्रीज विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि अग्नि सुरक्षा के संबंध में जानकारी एवं सावधानी रखने के लिए आयोजित यह कार्यशाला समसामयिक है। आग कैसे लगती है और इससे सुरक्षित रहने के उपाय के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई है। उन्होंने कहा कि घर बनाते समय अग्नि से सुरक्षा रखने की आवश्यकता है। आग लगने पर तत्काल इसका समाधान करने पर आग बढ़ेगी नहीं और स्थानीय स्तर पर इसका समाधान हो जाएगा। बहुत से ऐसे कारण होते हंै, जिसके कारण आग लगती है, फिर उसे नियंत्रित करना कठिन होता है। रासायनिक कारणों से भी आग लगती है। कई स्थानों पर अग्निशामक यंत्र नहीं रखते हैं या रखते भी हैं तो उसकी एक्सपायरी डेट निकल जाती है या इसका उपयोग करने के लिए प्रशिक्षित लोग नहीं होते हैं। वातावरण में बढ़ते हुए तापमान को देखते हुए सिस्टम में ज्यादा लोड पड़ने पर भी शार्ट सर्किट की स्थिति बनती है। जिससे आग लगने की संभावना होती है। गुणवत्ताहीन वायर का उपयोग करने से भी आग लगने की संभावना होती है। उन्होंने कहा कि आज यहां सौभाग्य से अग्नि दुर्घटना एवं आग से सुरक्षा के लिए जानकारी देने हेतु विशेषज्ञ है, जिनसे हमें अच्छे से जानकारी लेना चाहिए। आग लगने पर फायर ब्रिगेड की पाईप लाईन छोटी गली में नहीं पहुंच पाती। जब भी घर बनाये तो इस सोच के साथ बनाएं, जहां फायर ब्रिगेड एवं एम्बुलेंस पहुंच सकें। उन्होंने बिलासपुर का उदाहरण देते हुए बताया कि पेंट की दुकान में आग लगने पर भीषण स्वरूप ले लिया। प्रारंभिक स्तर पर ही आग को बुझाने का प्रयास करना चाहिए। समय रहते अग्नि पर नियंत्रित नहीं करने पर बुझाने में मशक्कत करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि ऐसे दुकान जहां पर ऐसी वस्तुएं जो ज्वलशील पदार्थ रखते हैं, वहां पर लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। दैनिक जीवन में आग से सावधानी रखने की आवश्यकता है। अपने घरों में जनसामान्य अग्निशामक यंत्र रख सकते हैं।
पुनीत चौबे ने कहा कि द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) भिलाई लोकल सेंटर द्वारा इंजीनियरिंग समुदाय की सेवा करने के लिए कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में यह आयोजन किया गया है, ताकि अग्नि सुरक्षा के संबंध में इंजीनियर समुदाय के समसामयिक एवं प्रासंगिक ज्ञान से समाज को लाभ मिल सके। देश में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी का लगातार विकास हुआ है। इसी संदर्भ में अग्नि एवं जीवन की सुरक्षा के लिए सभी भवनों एवं उद्योगों में सुनियोजित तरीके से ऐसी संरचना का निर्माण करना चाहिए, जिससे अग्नि सुरक्षा के मापदण्डों का पालन हो सके तथा अग्नि की रोकथाम व जीवन सुरक्षित किया जा सके। उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा से संबंधित योजनाबद्ध क्रियान्वयन, प्रशिक्षण तथा जागरूकता के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, ताकि सभी सजग एवं सतर्क रहकर सुरक्षित रहें।
मुख्य वक्ता एवं संयुक्त सचिव फायर एण्ड सिक्योरिटी एसोसिएशन ऑफ इंडिया रायपुर अरविंद रस्तोगी ने प्रजेंटेशन के माध्यम से अग्नि सुरक्षा के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आग लगने पर आपातकालीन स्थिति में अलार्म सिस्टम होना चाहिए। ज्यादातर शार्ट सर्किट होने के कारण आग लगती है। टर्मिनल ठीक नहीं होने के कारण तथा घरों में विद्युत के संबंध में उपेक्षा के कारण आग लगती है। आग की आपात की स्थिति को ध्यान में रखते हुए जनसामान्य को सबसे पहले फायर एग्जिट देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि चाहे वह सिनेमा हॉल हो या कोई होटल, भवन या अन्य स्थान फायर एग्जिट से संबंधित जानकारी और सूचना होना आवश्यक है। यदि ऐसी सूचना न हो तो ऐसे स्थानों में नहीं जाना चाहिए। उन्होंने दिल्ली के करोल बाग की दुर्घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि फायर एग्जिट होना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि अग्नि से सुरक्षा के लिए तीन तत्वों के संबंध में जानकारी होना चाहिए। जिनमें से फ्यूल या ज्वलनशील सामग्री, तापमान, ऑक्सीजन जिसे फायर ट्रायंगल भी कहा जाता है। इन तीनों ही तत्वों के एक साथ होने पर आग लग सकती है। इनमें से एक तत्व को हटाएं तो आग बुझ सकती है। उन्होंने बताया कि आग लगती है तो कार्बन डाई आक्साईड ऑक्सीजन को विस्थापित कर देता है। फिर धीरे-धीरे आग बुझ जाती है। उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा के लिए चेन रियेक्शन को खत्म करना जरूरी होता है। आग से सुरक्षा के लिए व्यवस्था हेतु इसी अवधारणा पर कार्य किया जाता है। प्रजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश ठाकुर, सचिव द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) भिलाई लोकल सेंटर बंसत साहू सहित भारतीय सेना के अधिकारी, शासकीय व निजी चिकित्सालय, शासकीय व निजी कार्यालय, उद्योगों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में जिला सेनानी होमगार्ड एके सिंह ने आभार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सूर्य एवं अग्नि पूजनीय है और इनके साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। अग्नि एक व्यापक विषय है और आज अग्नि से सुरक्षा के लिए विभिन्न आयामों पर चर्चा की गई।
राजनांदगांव
चलती 108 संजीवनी एक्सप्रेस में गूंजी किलकारी, ईएमटी और पायलट की सूझबूझ से सुरक्षित प्रसव
राजनांदगांव। जिले में आपातकालीन चिकित्सा सेवा 108 संजीवनी एक्सप्रेस एक बार फिर गर्भवती महिला और उसके नवजात शिशु के लिए संकटमोचक बनकर उभरी है। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में महिला को तेज प्रसव पीड़ा होने पर 108 के स्टाफ ने सूझबूझ का परिचय देते हुए एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खजरी निवासी सुदर्शन यादव ने अपनी पत्नी राधिका यादव को प्रसव पीड़ा होने पर शाम करीब 7.30 बजे घुमका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। अस्पताल में राधिका की प्रसव पीड़ा तेजी से बढ़ने लगी, जिसे देखते हुए वहां के डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
गर्भवती महिला को तुरंत 108 संजीवनी एक्सप्रेस से राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रवाना किया गया। एम्बुलेंस अभी ग्राम डूमरडीह के पास ही पहुंची थी कि महिला की प्रसव पीड़ा असहनीय हो गई। स्थिति को नाजुक भांपते हुए वाहन में मौजूद ईएमटी ललिता बघेल ने तत्परता दिखाई और पायलट छगन साहू को तुरंत गाड़ी सड़क के किनारे रोकने को कहा।
ईएमटी ललिता बघेल और पायलट छगन साहू ने अपनी सूझबूझ और मेडिकल ट्रेनिंग का इस्तेमाल करते हुए एम्बुलेंस के भीतर ही सुरक्षित प्रसव कराने का निर्णय लिया। स्टाफ की कुशलता से राधिका यादव ने एक स्वस्थ पुत्री को जन्म दिया। सुरक्षित प्रसव के बाद परिजनों और एम्बुलेंस स्टाफ ने राहत की सांस ली।
इस सफल और सुरक्षित प्रसव के बाद एम्बुलेंस में मौजूद मितानिन और नवजात के पिता सुदर्शन यादव सहित अन्य परिजनों ने संजीवनी 108 एक्सप्रेस की त्वरित सेवा और कर्मचारियों की संवेदनशीलता के लिए उनका सहृदय धन्यवाद दिया। परिजनों ने कहा कि यदि सही समय पर कर्मचारियों ने सूझबूझ न दिखाई होती, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
राजनांदगांव
आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय : चिंटू सोनकर
राजनांदगांव। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिलाध्यक्ष चिंटू सोनकर ने 25 जून 1975 को देश में लागू किए गए आपातकाल की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय करार देते हुए कहा कि इस दिन देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं, संविधान, अभिव्यक्ति की आजादी और नागरिक अधिकारों का बेरहमी से गला घोंटा गया था।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने तत्कालीन सरकार के फैसलों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि आपातकाल के दौरान देश के हजारों लोकतंत्र सेनानियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रमुख राजनेताओं को बिना किसी कसूर के जेल की सलाखों के पीछे डाल दिया गया था। यही नहीं, मीडिया की आवाज को दबाने के लिए प्रेस की स्वतंत्रता पर भी पूरी तरह अंकुश लगा दिया गया था। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र केवल एक शासन व्यवस्था का नाम नहीं है, बल्कि यह भारत की आत्मा में बसा है। आपातकाल की यह दर्दनाक और दमनकारी घटनाएँ हमें हमेशा यह याद दिलाती रहेंगी कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमें हर पल सजग और समर्पित रहना होगा।
चिंटू सोनकर ने भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से देश के युवाओं का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के युवा संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रहित के मूल्यों को सर्वोपरि रखें। एक सशक्त, समृद्ध और सजग लोकतांत्रिक भारत के निर्माण में युवाओं को अपनी सक्रिय और सकारात्मक भागीदारी निभानी होगी, ताकि भविष्य में कभी भी देश को ऐसे काले दौर से न गुजरना पड़े।
बयान के अंत में भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने आपातकाल के उस क्रूर दौर में लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए संघर्ष करने वाले वीर सेनानियों को याद किया। उन्होंने कहा कि देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने को बचाने के लिए जिन सेनानियों ने लाठियां खाई, जेल गए और अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया, उनके साहस, त्याग और अद्वितीय बलिदान को भारतीय जनता युवा मोर्चा और पूरा देश श्रद्धापूर्वक नमन करता है।
राजनांदगांव
शक्तिधाम के स्थापना दिवस पर विशाल रक्तदान एवं निःशुल्क आयुर्वेदिक परीक्षण शिविर
राजनांदगांव। शहर के वार्ड नंबर 1 स्थित शक्तिधाम महाकाली मंदिर 5 जुलाई को अपना 6वां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। इस अवसर पर शक्तिधाम महाकाली मंदिर के प्रधान संस्थापक व मुख्य पुजारी गुरुदेव हरीश यादव के मार्गदर्शन में विशाल रक्तदान के साथ ही वृक्षारोपण व निःशुल्क आयुर्वेदिक परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी भी अपनी सेवा देंगे। साथ ही सामाजिक समरसता का संदेश देने सभी समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान किया जायेगा।
ज्ञात हो कि शहर के वार्ड नंबर 1 बाबुटोला स्थित प्रसिद्ध शक्तिधाम मां महाकाली मंदिर का 6वां स्थापना दिवस 5 जुलाई को मनाया जा रहा है। शक्तिधाम के संस्थापक हरीश यादव ने बताया कि मंदिर के स्थापना दिवस पर प्रत्येक वर्ष हमारी जनसेवा संस्था शक्तिधाम धर्मार्थ सेवा समिति द्वारा कुछ न कुछ जनसेवा के कार्य आयोजित करती आयी है। हमारी संस्था का मूल उद्देश्य सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाए के चरितार्थ पिछले वर्षो में भी रक्तदान, वृक्षारोपण का आयोजन किया गया,ए जहां प्रदेश के दूसरे जिले से भी बड़ी संख्या में भक्तगण रक्तदान करने पहुंचे थे। हमारी सेवा संस्था द्वारा ग्रीष्म में रेल यात्रियों को शीतल पानी पिलाना, वृद्धा आश्रम में भोजन सेवा, अभिलाषा मुकबधिर शाला में लेखनी सामग्री वितरण सहित स्टेशनों व फुटपाथ में रहने वालों को आवश्यक सामग्री भेंट कर सेवा किया जाता रहा है।
श्री यादव ने बताया कि इस वर्ष 5 जुलाई को शक्तिधाम के स्थापना दिवस पर विशाल रक्तदान का आयोजन किया जा रहा है वहीं वृक्षारोपण भी किया जायेगा। इस वर्ष मंदिर के दर्शनार्थियों की अपील पर निःशुल्क आयुर्वेदिक परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है, जहां आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी भी सेवा देंगे। मंदिर समिति ने अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सम्मिलित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एशियन गेम्स में आब्सर्वर बनाये गये।*
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के रॉ टेलेंटेड बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।*
-
राजनांदगांव3 years agoविषयवार हो शिक्षकों की भर्ती, हाईकोर्ट में याचिका दायर, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने दर्ज की याचिका
-
राजनांदगांव4 years agoछत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी संघ भी हुआ शामिल
-
छत्तीसगढ़3 years agoसरकारी स्कूलों को बंद करने की साजिश, राज्यपाल करें हस्ताक्षेप : क्रिष्टोफर पॉल
-
राजनांदगांव3 years agoहेडमास्टर बनाने में हद पार, पैसे दो और मनचाहे स्कूल में जाओ
-
राजनांदगांव2 months agoघुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
-
राजनांदगांव4 years ago
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव। धारा 144 लागू किसी प्रकार के आयोजन, रैली, सामाजिक तथा अन्य आयोजन प्रतिन्धित
