Connect with us

राजनांदगांव

सर्वे के दौरान गरीब एवं जरूरतमंदों को ध्यान में रखते हुए दिलाए प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ : कलेक्टर

Published

on

राजनांदगांव। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि आदर्श आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए मतदान केन्द्रों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। मतदान केन्द्रों में पेयजल, प्रकाश, छांव के साथ ही मतदान कर्मियों के रूकने की व्यवस्था भी अच्छी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी शासन की प्राथमिकता का कार्य है, इसे गंभीरतापूर्वक करने की आवश्यकता है। 31 जनवरी धान खरीदी का अंतिम दिन है। नोडल अधिकारी धान उपार्जन केन्द्रों में स्टैक की अच्छी तरह गिनती करें तथा भौतिक सत्यापन के कार्य में कोई लापरवाही नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोचिया, बिचौलिया द्वारा अवैध धान की बिक्री पर रोक लगाने के लिए कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना के लिए पंजीयन करते समय गरीब एवं जरूरतमंदों को ध्यान में रखते हुए पंजीयन करें। सर्वे के दौरान उनका नाम नहीं छूटना चाहिए। ऐसे जरूरतमंद जो पात्रता की श्रेणी में आते है, उन्हें अनिवार्यतः लाभान्वित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत रेत, छड़, सीमेंट सहित अन्य आवास निर्माण के लिए सामग्री में विशेष छूट के लिए चेम्बर ऑफ कामर्स राजनांदगांव से सहमति बनी है। कलेक्टर ने एचएमपीवी वायरस की रोकथाम एवं इससे सावधानी बरतने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस बीमारी से घबराने की जरूरत नहीं है, इससे सभी आवश्यक सावधानी बरते। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों के चौक-चौराहों में शासन की योजनाओं की जानकारी तथा विभिन्न मुद्दों पर जागरूकता से संबंधित विडियो दिखाए जा सकते है। उन्होंने मुख्यमंत्री की घोषणा को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। सड़क दुर्घटना से बचाव के लिए यह जरूरी है कि सभी हेलमेट पहनें तथा सीट बेल्ट बांधे। उक्त बातें कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक के दौरान कही।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि स्कूल के आस-पास नशीले पदार्थों के अवैध बिक्री पर कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में चला जाए तो नशे की आदत से वापस आना दुष्कर होता है। युवाओं को इस लत से दूर रखना है, इसके लिए जिले में दो पुनर्वास केन्द्र हंै, ऐसे युवाओं को चिन्हांकित कर उन्हें नशे की लत को दूर करते हुए समाज की मुख्य धारा में लाना है। उन्होंने कहा कि साईबर क्राईम में आम जनता न फंसे, इसके लिए सजग रहना चाहिए। साईबर क्राईम के लिए स्कूल स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में स्मार्ट टीवी के माध्यम से जागरूकता से संबंधित नशे से दूर रहने, साइबर क्राईम, सड़क दुर्घटना से बचाव के उपाय, कैरियर गाइडेंस एवं अन्य शार्ट वीडियो के माध्यम से जानकारी देने के लिए कहा। उन्होंने गर्मी के मौसम में पेयजल की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को प्रस्ताव देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पानी की टंकी के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराएं। नगरीय निकाय में पेयजल की व्यवस्था, सफाई की व्यवस्था, तालाब सफाई, वेतन भुगतान, कार्य की गुणवत्ता, प्रापर्टी टेक्स वसूली, सड़क का डामरीकरण, कचरे के ढेर का निपटान तथा बेहतर व्यवस्था बनाने के लिए ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले 10 वर्षों में पौधरोपण के लिए विशेष तौर पर कार्य करने की आवश्यकता है, तब जाकर तापमान पर नियंत्रण कर सकेंगे। पौधरोपण के साथ ही उनके संरक्षण एवं संवर्धन की जरूरत है। सड़क निर्माण से जुड़े कार्यों में पौधरोपण का भी प्रावधान होना चाहिए। कलेक्टर ने अवैध प्लाटिंग पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अव्यवस्थित तरीके से निर्माण कार्य नहीं होना चाहिए। उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए पेंशन, छात्रवृत्ति योजना, ट्रायसाईकिल, प्रमाण पत्र के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का पृथक राशन कार्ड होना चाहिए। कलेक्टर ने आयुष्मान वय वंदना योजना, पोट्ठ लईका अभियान, अनुकंपा नियुक्ति की कार्रवाई, राजस्व शिविर, घुमंतू मवेशियों, मनरेगा, प्रधानमंत्री वंदन योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना एवं राष्ट्रीय फायलेरिया कार्य की समीक्षा की।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने कहा कि घुमंतू पशुओं के नियंत्रण के लिए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग को नोडल अधिकारी बनाया गया है। अंजोरा, मनकी, भानपुरी में पशु आश्रय स्थल बनाने के कार्य में गति लाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि पशुओं को चारे की उपलब्धता के लिए पैरादान के लिए अभियान चलायें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब एवं जरूरतमंदों के सर्वे के लिए विशेष तौर पर कार्य किए जा रहे है। इस अवसर पर प्रशिक्षु आईपीएस इशु अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम राजनांदगांव खेमलाल वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ, जिला साहू संघ ने गुरू पूर्णिमा पर किया पौधरोपण

Published

on

राजनांदगांव। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कबीर कुटीर सुंदरा में जिला साहू संघ राजनांदगांव द्वारा पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान को समर्पित एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ जिला साहू संघ के जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए जिलेभर में इस जनअभियान को व्यापक रूप से चलाने की घोषणा की।
जिला साहू संघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान मातृत्व के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण का अनूठा संगम है। उन्होंने बताया कि जिला साहू संघ इस अभियान को जिले के प्रत्येक गांव, परिक्षेत्र और तहसील स्तर तक पहुंचाएगा। समाज के सभी पदाधिकारियों एवं युवाओं को इस अभियान से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाया जाएगा, ताकि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उन्हें वृक्ष बनाने का जनआंदोलन बन सके।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक असंतुलन से निपटने का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, जिला साहू संघ के संरक्षक भागवत साहू, जिलाध्यक्ष नोबल साहू, महामंत्री नीलमणि साहू, डॉ. महेश साहू, तहसील अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, नगर अध्यक्ष राजेश साहू, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, सुंदरा सरपंच हीपेंद्र साहू, टेड़ेसरा सरपंच खिलेश्वर साहू, भेड़ीकला के पूर्व सरपंच कृष्णा साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधरोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम की जानकारी जिला साहू संघ के नव नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के सचिव परदेशी राम साहू ने दी।

Continue Reading

राजनांदगांव

आसिफ अली की पहल पर रेलवे ने हटाई नाली की दीवार, अंडरब्रिज क्षेत्र में जलनिकासी बहाल

Published

on

राजनांदगांव। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन रेलवे अंडरब्रिज के पास जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई थी। पानी निकासी बाधित होने से गंदा पानी आसपास के रहवासियों के घरों में घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
समस्या की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली ने स्टेशन प्रबंधक श्री बर्मन से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा नाली पर दीवार बना दिए जाने के कारण बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा है और लोगों के घरों में भर रहा है।
शिकायत मिलते ही स्टेशन प्रबंधक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रेलवे कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने नाली पर बनी दीवार को तोड़कर पानी निकासी की व्यवस्था बहाल कर दी, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर हो गई।
रेलवे की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय रहवासियों को राहत मिली। लोगों ने जनहित में तत्काल कदम उठाने के लिए रेलवे प्रशासन तथा समस्या को प्रमुखता से उठाने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली की सराहना की।

Continue Reading

राजनांदगांव

विपिन यादव ने संगठन सुदृढ़ीकरण के लिए की अहम नियुक्तियां, महामंत्रियों को मिली ब्लॉकों की जिम्मेदारी

Published

on

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव ने जिले में महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियां की हैं। जारी आदेश के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रितेश जैन को जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्रियों को विभिन्न ब्लॉकों का प्रभारी बनाया गया है। इसके तहत महेंद्र यादव को राजनांदगांव ग्रामीण, पंकज बांधव को घुमका, हेमंत बैष्णव को डोंगरगढ़ (ग्रामीण), राजकुमार सिन्हा को डोंगरगढ़ (शहर), रवि साहू को एलबी नगर, राजू सिंह राजपूत को छुरिया, शिशुपाल भारती को कुमरदा तथा चुम्मन साहू को डोंगरगांव ब्लॉक का प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी महामंत्री राहुल तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अनीस खान ने बताया कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाना है। नियुक्त सभी ब्लॉक प्रभारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों, अभियानों एवं संगठनात्मक गतिविधियों का अपने-अपने ब्लॉकों में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही वे अपने प्रभार क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ सतत समन्वय बनाए रखने तथा बूथ, पंचायत एवं वार्ड स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को गति देंगे। वहीं जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी रितेश जैन जिले में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समन्वय तथा कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण का दायित्व निभाएंगे।
अनीस खान ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान निरंतर जारी है। इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को अधिक सक्रिय एवं अनुशासित बनाते हुए जनता से निरंतर संवाद स्थापित करना, गांव-गांव तक कांग्रेस की पहुंच को सशक्त करना तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि आने वाले समय में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी भूमिका निभा सके।
उन्होंने बताया कि इन सभी नियुक्तियों की सूचना विधिवत छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रेषित कर दी गई है। विश्वास है कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में सभी नियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए जिले में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं गतिशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Continue Reading

Trending