Connect with us

राजनांदगांव

कलेक्टर ने जिले में जल संरक्षण को गति देने मिशन जल रक्षा के तहत निर्मित संरचनाओं का किया निरीक्षण

Published

on

राजनांदगांव। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने आज ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण की दिशा में चल रहे मिशन जल रक्षा एवं मोर गांव मोर पानी अभियान के तहत विभिन्न ग्रामों में निर्मित एवं निर्माणाधीन जल संरचनाओं और अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह उपस्थित रही। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत बरगा में परकोलेशन टैंक एवं उसमें निर्मित इंजेक्शन वेल का अवलोकन किया। उन्होंने भू-जल संवर्धन के तकनीकी विशेषताओं के संबंध में चर्चा की तथा पास में ही बने बोरवेल रिचार्ज सॉफ्ट सैंड फिल्टर के निर्माण कार्य को भी देखा। उन्होंने जिले में जल संरक्षण के लिए युद्ध स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में डीएमएफ, सीएसआर के सहयोग से 1000 इंजेक्शन वेल लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बोरवेल रिचार्ज साफ्ट सेंटर एक अच्छी तकनीक है, जिसके माध्यम से असफल बोरवेल पर तकनीकी संरचनाओं से पुनर्भरण कर भू-जल स्तर को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने जल संरक्षण के लिए जिले में नवीन तकनीक को विस्तार देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने ग्राम बरगा में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का निरीक्षण किया तथा महिला स्वच्छता दीदीयों से चर्चा कर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। दीदियों ने बताया कि वह ग्राम पंचायत क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करती हैं तथा योजना को स्वावलंबी बनाने के लिए घरों से 20 रूपए और दुकानों से 50 रूपए यूजर चार्ज एकत्रित करती हैं। कलेक्टर ने निर्माणाधीन ग्रे वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी अवलोकन किया। ग्रे वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से ग्राम पंचायत के नालियों के पानी को शुद्ध कर तालाब में प्रवाहित किया जाएगा। इस तरह की योजना से ग्रामीणों को जलजनित बीमारियों से सुरक्षा मिलेगी और जल स्रोत संरक्षित रहेंगे।
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने जनपद पंचायत डोंगरगांव के ग्राम पंचायत टप्पा स्थित उड़ारबांध टप्पा जलाशय का निरीक्षण किया, जहां वे स्थानीय ग्रामीणों से रूबरू हुए। ग्रामीणों ने उड़ारबांध टप्पा जलाशय को संभावित पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किए जाने हेतु अनुरोध किया। कलेक्टर ने स्थल के इतिहास एवं स्थानीय महत्व के संबंध में ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने डोंगरगढ़ जनपद पंचायत के ग्राम गिधवा में निर्मित स्टैगर्ड ट्रेंच एवं पर्कोलेशन टैंक जैसी संरचनाओं को देखकर जिले में अधिक से अधिक जलसंरक्षण कार्यों को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्राम गिधवा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों का जायजा लिया और हितग्राहियों से आवास निमर्पाण के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें पहली किश्त मिल चुकी है और वे बारिश से पहले निर्माण कार्य पूर्ण करने हेतु प्रयासरत हैं।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री सुरूचि सिंह ने उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत बनाए जा रहे आवास, जिले में जल संरक्षण की नवीन तकनीक, जल संरक्षण के विभिन्न संरचनाओं, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन इकाई के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर वन विभाग के उपवन मंडल अधिकारी अभिषेक अग्रवाल, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता निलेश रामटेके तथा संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ, जिला साहू संघ ने गुरू पूर्णिमा पर किया पौधरोपण

Published

on

राजनांदगांव। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कबीर कुटीर सुंदरा में जिला साहू संघ राजनांदगांव द्वारा पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान को समर्पित एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ जिला साहू संघ के जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए जिलेभर में इस जनअभियान को व्यापक रूप से चलाने की घोषणा की।
जिला साहू संघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान मातृत्व के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण का अनूठा संगम है। उन्होंने बताया कि जिला साहू संघ इस अभियान को जिले के प्रत्येक गांव, परिक्षेत्र और तहसील स्तर तक पहुंचाएगा। समाज के सभी पदाधिकारियों एवं युवाओं को इस अभियान से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाया जाएगा, ताकि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उन्हें वृक्ष बनाने का जनआंदोलन बन सके।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक असंतुलन से निपटने का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, जिला साहू संघ के संरक्षक भागवत साहू, जिलाध्यक्ष नोबल साहू, महामंत्री नीलमणि साहू, डॉ. महेश साहू, तहसील अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, नगर अध्यक्ष राजेश साहू, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, सुंदरा सरपंच हीपेंद्र साहू, टेड़ेसरा सरपंच खिलेश्वर साहू, भेड़ीकला के पूर्व सरपंच कृष्णा साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधरोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम की जानकारी जिला साहू संघ के नव नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के सचिव परदेशी राम साहू ने दी।

Continue Reading

राजनांदगांव

आसिफ अली की पहल पर रेलवे ने हटाई नाली की दीवार, अंडरब्रिज क्षेत्र में जलनिकासी बहाल

Published

on

राजनांदगांव। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन रेलवे अंडरब्रिज के पास जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई थी। पानी निकासी बाधित होने से गंदा पानी आसपास के रहवासियों के घरों में घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
समस्या की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली ने स्टेशन प्रबंधक श्री बर्मन से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा नाली पर दीवार बना दिए जाने के कारण बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा है और लोगों के घरों में भर रहा है।
शिकायत मिलते ही स्टेशन प्रबंधक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रेलवे कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने नाली पर बनी दीवार को तोड़कर पानी निकासी की व्यवस्था बहाल कर दी, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर हो गई।
रेलवे की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय रहवासियों को राहत मिली। लोगों ने जनहित में तत्काल कदम उठाने के लिए रेलवे प्रशासन तथा समस्या को प्रमुखता से उठाने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली की सराहना की।

Continue Reading

राजनांदगांव

विपिन यादव ने संगठन सुदृढ़ीकरण के लिए की अहम नियुक्तियां, महामंत्रियों को मिली ब्लॉकों की जिम्मेदारी

Published

on

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव ने जिले में महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियां की हैं। जारी आदेश के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रितेश जैन को जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्रियों को विभिन्न ब्लॉकों का प्रभारी बनाया गया है। इसके तहत महेंद्र यादव को राजनांदगांव ग्रामीण, पंकज बांधव को घुमका, हेमंत बैष्णव को डोंगरगढ़ (ग्रामीण), राजकुमार सिन्हा को डोंगरगढ़ (शहर), रवि साहू को एलबी नगर, राजू सिंह राजपूत को छुरिया, शिशुपाल भारती को कुमरदा तथा चुम्मन साहू को डोंगरगांव ब्लॉक का प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी महामंत्री राहुल तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अनीस खान ने बताया कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाना है। नियुक्त सभी ब्लॉक प्रभारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों, अभियानों एवं संगठनात्मक गतिविधियों का अपने-अपने ब्लॉकों में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही वे अपने प्रभार क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ सतत समन्वय बनाए रखने तथा बूथ, पंचायत एवं वार्ड स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को गति देंगे। वहीं जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी रितेश जैन जिले में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समन्वय तथा कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण का दायित्व निभाएंगे।
अनीस खान ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान निरंतर जारी है। इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को अधिक सक्रिय एवं अनुशासित बनाते हुए जनता से निरंतर संवाद स्थापित करना, गांव-गांव तक कांग्रेस की पहुंच को सशक्त करना तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि आने वाले समय में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी भूमिका निभा सके।
उन्होंने बताया कि इन सभी नियुक्तियों की सूचना विधिवत छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रेषित कर दी गई है। विश्वास है कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में सभी नियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए जिले में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं गतिशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Continue Reading

Trending