राजनांदगांव
खैरागढ़ में जनता कांग्रेस के विधायक प्रतिनिधि, सरपंच, पंच, कार्यकर्ता सहित 500 कांग्रेस में शामिल
राजनांदगांव। जनता कांग्रेस के विधायक प्रतिनिधि, जनपद सदस्य, समाज प्रमुखों सहित सैकड़ों पंच, सरपंच और प्रमुख कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रवेश कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा यह प्रदेश का सौभाग्य है कि श्री बघेल जैसा सशक्त मुख्यमंत्री मिला है। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का गौरव वापस लौटा है। दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह भी चाहते थे कि हम सब कांग्रेस में शामिल हों, आज उनकी इच्छा पूरी हो गई है। संभवत बाकी साथी भी घर वापसी करेंगे। कार्यकर्ताओं ने हाउसिंग बोर्ड के डायरेक्टर विनोद तिवारी के प्रति आभार जताया, जिनके सहयोग से यह कांग्रेस प्रवेश सुगम हो सका।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में आस्था जताते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे कांग्रेस मूल के ही लोग हैं। कांग्रेस से कभी अलग महसूस ही नहीं किया। तत्कालीन राजनीतिक हालात की वजह से अपने नेता के साथ गए थे। जैसा सब जानते हैं कि स्वर्गीय देवव्रत सिंह ने कांग्रेस में आने की इच्छा जताई थी। हम सब उनकी अंतिम इच्छा को पूरी कर रहे हैं। खैरागढ़ की जनता प्रसन्न है और कांग्रेस के लिए मन से, वचन से और कर्म से कार्य करने का संकल्प लेती है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा स्व. देवव्रत सिंह भी घर वापसी चाहते थे, किंतु आज वो हमारे बीच नहीं रहे, उपस्थित जनता कांग्रेस के सभी साथियों की घर वापसी पर मंै बधाई शुभकामनाएं देता हूं, इससे निश्चित तौर पर कांग्रेस को मजबूती मिलेगी, आगे सभी को मिल कर एक साथ पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करना है।
कृषि मंत्री रवीन्द्र चौबे ने भी स्व. देवव्रत सिंह को स्मरण किया और बताया कि देवव्रत सिंह घर वापसी चाहते थे और हर जगह खुल कर कांग्रेस से पक्ष में अपना समर्थन भी व्यक्त करते थे। मरवाही में भी उन्होंने कांग्रेस के पक्ष में कार्य किया। आप सभी का घर वापसी का हम स्वागत करते है। सभी को एक जुट हो कर आगे काम करना है।
कांग्रेस में प्रवेश करने वालों ने कहा कि अब खैरागढ़ ही नहीं, छत्तीसगढ़ में भी जनता कांग्रेस का न अस्तित्व है न भविष्य। कांग्रेस ही कार्यकर्तायों की ताकत है, उनका गुरूर है। कांग्रेस ही देश का भविष्य है। भूपेश बघेल के नेतृत्व से स्पष्ट हो गया है कि छत्तीसगढ़ का भविष्य स्वर्णिम है।
कांग्रेस प्रवेश के इस कार्यक्रम के संयोजक श्रीमती ममता राजेश पाल, दयालु वर्मा, शिरीष मिश्रा, किशून मिर्चें आदि थे।
प्रवेश कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शिरीष मिश्रा विधायक प्रतिनिधि, लक्ष्मण विश्वकर्मा विधायक प्रतिनिधि, मोहन भारती विधायक प्रतिनिधि, किशुन मिर्चे प्रदेश महामंत्री जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ एवं महंत सतनामी समाज, सरपंच प्रांजल सिंह, चंद्रकमल बंजारे, कुंवरियाजती पटेल, धनुष साहू, ललित साहू, रेखा पाल, राजेश भारती, सेवन वर्मा, चेतन मानिकपुरी, गणेश धुर्वे, खेदू साहू, खुमेश बंजारे, केशव पटेल, उबारन धृतलहरे, दीपक अग्रवाल, दिनेश साहू, अश्वन धुर्वे, मंगल केलकर, अनुज पटेल, विजय यदु जिला महासचिव जकाछ, सूरज यदू उपाध्यक्ष युवा जकाछ, नंदकिशोर सिन्हा सचिव युवा जकाछ, रवि गहने पंच सत्यम सारथी, प्रेम यादव, अमरनाथ यादव, हेमंत, ज्ञानेश्वर, दिनेश पटेल, नंदू, वीरेंद्र पप्पू, सुजीत, मनोज वर्मा, हिरेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में साथी उपस्थित रहे।
राजनांदगांव
प्रयास आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों ने लगाया फूड स्टॉल, व्यवहारिक शिक्षा व कौशल का दिया परिचय
राजनांदगांव। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और व्यवहारिक शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रयास आवासीय विद्यालय राजनांदगांव में कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों द्वारा एक विशेष फूड स्टॉल का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने न केवल स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए, बल्कि सामग्री प्रबंधन से लेकर ग्राहकों के साथ संवाद तक की पूरी जिम्मेदारी खुद संभाली।
छात्रों ने तैयार किए कई लजीज व्यंजन
फूड स्टॉल में विद्यार्थियों द्वारा अपनी पाक कला का प्रदर्शन करते हुए नींबू पानी, फिंगर चिप्स, स्वीट डिश, स्वीट कॉर्न, सूप, भेल, आलू गोलगप्पा और करोंदा चाट सहित कई प्रकार के व्यंजन तैयार किए गए थे। स्टॉल के संचालन के दौरान सामग्री का प्रबंधन, लागत का हिसाब-किताब और आए हुए अतिथियों से संवाद स्थापित करने का पूरा प्रबंधन विद्यार्थियों ने स्वयं किया।
व्यवहारिक ज्ञान और नेतृत्व क्षमता बढ़ाना उद्देश्य
विद्यालय प्रशासन के अनुसार विद्यार्थियों में जीवनोपयोगी कौशल, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, आत्मविश्वास, बेहतर संचार कौशल और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए समय-समय पर इस तरह की रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
अधिकारियों व अभिभावकों ने बढ़ाया उत्साह
आयोजित फूड स्टॉल में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर व्यंजनों का स्वाद चखा और विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
अपराध
गिरवी रखी जमीन छल से अपने नाम कराने वाले दो सहोदर भाई गिरफ्तार, फर्जीवाड़ा कर वसूल रहे थे 6% ब्याज
राजनांदगांव। गिरवी रखी जमीन को सुनियोजित तरीके से अपने नाम रजिस्ट्री कराने, झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर भारी-भरकम ब्याज वसूलने और धोखाधड़ी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में संलिप्त दो सगे भाइयों (कोठारी बंधुओं) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पैसों की जरूरत पर रखी थी जमीन गिरवी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पार्टीकला निवासी पीड़ित रोहित कुमार साहू (46 वर्ष) ने 26 जुलाई को थाने में आवेदन सौंपकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 25 नवंबर 2021 को उनके पिता आनंद राम साहू को पैसों की आवश्यकता थी, जिस पर उन्होंने अपनी 40 डिसमिल जमीन (खसरा नंबर 138/6) को कामठी लाइन निवासी निर्मल कोठारी के पास गिरवी रखा था।
निर्मल कोठारी ने 2 प्रतिशत ब्याज दर पर 5,11,000 रुपये दिए थे। सिक्योरिटी के तौर पर पीड़ित, उसके पिता और भाई से ब्लैंक चेक व कोरे कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए गए थे।
छल-कपट से अपने नाम कराई रजिस्ट्री, फिर वसूला 6% ब्याज
शिकायत के मुताबिक, निर्मल कोठारी ने छलपूर्वक गिरवी रखी जमीन की अपने नाम रजिस्ट्री करवा ली। इसके बाद पीड़ित परिवार को जान से मारने और मरवाने की धमकी देकर 6 प्रतिशत की दर से ब्याज वसूलना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, कोरे कागजों का दुरुपयोग कर अपने भाई नलिन कोठारी के जरिए फर्जी किरायानामा तैयार कराया और सिक्योरिटी चेक बाउंस कराकर अदालत में झूठा केस दर्ज करा दिया।
पैसे लौटाने के बाद भी नहीं लौटाई पूरी जमीन
पीड़ित ने बताया कि मूल रकम चुकाने के बावजूद जमीन वापस करने के नाम पर आरोपियों ने बैंक से 20 लाख रुपये का फाइनेंस करवाकर रकम ऐंठ ली। इसके बाद भी केवल 12 डिसमिल जमीन वापस की गई, जबकि शेष 28 डिसमिल जमीन अपने पास रख ली और उसे लौटाने के एवज में और रुपयों की मांग की जाने लगी।
पुलिस ने दर्ज की धाराएं और की गिरफ्तारी
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी निर्मलचंद कोठारी (58 वर्ष) एवं नलिन कोठारी (54 वर्ष) के खिलाफ अपराध क्रमांक 398/26, धारा 386, 420, 34 भादवि तथा छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन व अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन तथा कोतवाली थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में दोनों भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जुर्म स्वीकार करने पर पुलिस ने 26 जुलाई को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र शाह, उप निरीक्षक रतन सिंह नेताम, सुमेंद्र कुमार खरे, आरक्षक प्रियांश, लीलेंद्र और थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
राजनांदगांव
शांति भंग करने की आशंका पर दो असामाजिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
राजनांदगांव। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिटी कोतवाली पुलिस ने दो असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। दोनों पर सार्वजनिक स्थान पर विवाद कर शांति भंग करने की आशंका के चलते बीएनएसएस की धाराओं के तहत कार्रवाई कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई को सूचना मिली थी कि शंकरपुर उड़िया मोहल्ला निवासी किशन सोनी (40) गंज चौक में तथा राहुल नगर लखोली निवासी भीमा मंडावी (28) आम लोगों से विवाद और झगड़ा कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे उत्तेजित होकर विवाद करने लगे और समझाइश के बावजूद नहीं माने।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका पर दोनों को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया। इसके बाद उनके विरुद्ध धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। किशन सोनी के विरुद्ध चिखली पुलिस चौकी में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी का मामला दर्ज है, जबकि भीमा मंडावी के खिलाफ बसंतपुर थाना में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक रतन सिंह नेताम एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एशियन गेम्स में आब्सर्वर बनाये गये।*
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के रॉ टेलेंटेड बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।*
-
राजनांदगांव3 years agoविषयवार हो शिक्षकों की भर्ती, हाईकोर्ट में याचिका दायर, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने दर्ज की याचिका
-
राजनांदगांव4 years agoछत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी संघ भी हुआ शामिल
-
छत्तीसगढ़3 years agoसरकारी स्कूलों को बंद करने की साजिश, राज्यपाल करें हस्ताक्षेप : क्रिष्टोफर पॉल
-
राजनांदगांव3 years agoहेडमास्टर बनाने में हद पार, पैसे दो और मनचाहे स्कूल में जाओ
-
राजनांदगांव3 months agoघुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
-
राजनांदगांव5 years ago
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव। धारा 144 लागू किसी प्रकार के आयोजन, रैली, सामाजिक तथा अन्य आयोजन प्रतिन्धित
