Connect with us

राजनांदगांव

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से बिजली का बिल शत-प्रतिशत होगा कम : डॉ. रमन सिंह

Published

on

राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम गौरव पथ राजनांदगांव में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लिए आयोजित कार्यशाला में शामिल हुए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत प्रदेश के 5 लाख घरों में बिजली के लिए सोलर प्लांट लगाने की योजना है। इससे आपके घरों की छत पर बिजली बनाने की योजना से लाभ मिलेगा। बिजली का बिल शत-प्रतिशत कम हो जाएगा। एक से तीन किलोवॉट तक सोलर प्लांट लगाने के लिए केन्द्र सरकार ने 30 हजार से 78 हजार रूपए तक एवं हाल ही में वर्ष 2025-26 के बजट में छत्तीसगढ़ सरकार ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत 217 करोड़ रूपए सब्सिडी हेतु बजट में शामिल किया है। तकनीकी रूप से 3 किलोवॉट के सोलर प्लॉण्ट में हर माह 300 यूनिट की बिजली का उत्पादन होगा। चार वर्ष में इस सोलर प्लांट की कीमत निःशुल्क हो जाएगी। सोलर प्लांट के माध्यम से कालोनी को ऊर्जीकृत व्यवस्था से जोड़ सकते है। कार्यशाला तथा विभागीय स्टॉल में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में जानकारी दी जा रही है। जनसामान्य इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लिए लगाए गए विभागीय स्टॉल का अवलोकन किया।
कलेक्टर सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत आज यहां विभागीय स्टॉल में जानकारी दी गई है। नागरिक यहां से योजना के संबंध में पूर्ण जानकारी ले सकते है। सोलर प्लांट लगाने से बिजली का बिल शून्य हो जाता है। वर्तमान में लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में राजनांदगांव जिले में 5745 रजिस्ट्रेशन किये जा चुके हैं एवं 105 घरों में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए गए हैं। हरित ऊर्जा के विकास में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना उपयोगी है।
इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित के अध्यक्ष सचिन बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष किरण साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती देवकुमारी साहू, खूबचंद पारख, रामजी भारती, राजेन्द्र गोलछा, सौरभ कोठारी, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम खेमलाल वर्मा, कार्यपालन अभियंता सीएसईबी आरके गोस्वामी, जिला उप पंजीयक श्रीमती सोनाली बोर्डे, मास्टर ट्रेनर आकाश देवांगन, मुख्यालय से दिग्विजय चुनेन्द्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत बिजली बिल मुक्ति हेतु 1 किलोवॉट से 10 किलोवॉट तक छतों के ऊपर लगने वाले सोलर पैनल से बिजली उपभोक्ताओं के घर के बिजली बिल में 90 प्रतिशत तक की कटौती हो सकती है। 3 किलोवॉट के सोलर सिस्टम की लागत 1 लाख 90 हजार रूपए, सरकार की सब्सिडी 78 हजार रूपए, प्लांट की शुद्ध लागत 1 लाख 12 हजार रूपए, माह में बिजली उत्पादन 400 यूनिट, प्रति यूनिट बिजली की दर 7 रूपए, बिजली बिल में कटौती प्रति माह 2800 रूपए, बिजली बिल में कटौती प्रतिवर्ष 33 हजार 600 रूपए, लगाई गई लागत की वापसी 3.5 वर्ष है। इसी तरह 6 किलोवॉट के सोलर सिस्टम की लागत 3 लाख 50 हजार रूपए, सरकार की सब्सिडी 78 हजार रूपए, प्लांट की शुद्ध लागत 2 लाख 72 हजार रूपए, माह में बिजली उत्पादन 800 यूनिट, प्रति यूनिट बिजली की दर 7 रूपए, बिजली बिल में कटौती प्रति माह 5600 रूपए, बिजली बिल में कटौती प्रतिवर्ष 67 हजार 200 रूपए, लगाई गई लागत की वापसी 4 वर्ष है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपराध

घर में अकेली पाकर नाबालिग से दुष्कर्म, तुमडीबोड़ पुलिस ने चंद घंटों में आरोपी को दबोचा

Published

on

राजनांदगांव। महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस द्वारा चलाए जा रहे कड़े अभियान के तहत तुमडीबोड़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। घर में अकेली पाकर 17 वर्षीय एक नाबालिग बालिका के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

सूने मकान का आरोपी ने उठाया फायदा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला तुमडीबोड़ चौकी क्षेत्र के ग्राम धौराभाठा का है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में महिला और बालकों से जुड़े अपराधों पर पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में 14 जून को पीड़िता की मां ने तुमडीबोड़ चौकी पहुंचकर आपबीती सुनाई और लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

शिकायत के मुताबिक, रविवार को प्रार्थिया अपने पति के साथ किसी काम से राजनांदगांव गई हुई थी। घर पर उनकी 17 वर्षीय बेटी अकेली थी। इसी दौरान सूनेपन का फायदा उठाकर पड़ोस में रहने वाला आरोपी कुणाल जोशी (20 वर्ष) उनके घर में जबरन दाखिल हो गया।

पड़ोसियों ने दी सूचना, कूलर के पीछे छिपा मिला आरोपी
दोपहर करीब 1:00 बजे जब पड़ोसियों को कुछ आहट हुई और घर में किसी अज्ञात व्यक्ति के घुसने का शक हुआ, तो उन्होंने तत्काल फोन पर इसकी सूचना पीड़िता के माता-पिता को दी। सूचना मिलते ही दंपती दोपहर करीब 2:00 बजे आनन-फानन में अपने घर वापस लौटे।

दरवाजा खुलते ही भागा आरोपी
जब माता-पिता घर पहुंचे तो अंदर का दरवाजा बंद था। काफी आवाज देने और खटखटाने के बाद जब दरवाजा खुला, तो भीतर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। संदेह के आधार पर जब घर की तलाशी ली गई, तो आरोपी कुणाल जोशी कमरे में रखे कूलर के पीछे छिपा हुआ पाया गया। जैसे ही माता-पिता ने शोर मचाकर पड़ोसियों को एकत्र किया, आरोपी मौका पाकर वहां से भाग निकला। इसके बाद जब मां ने डरी-सहमी बेटी से पूछताछ की, तो पीड़िता ने रोते हुए आपबीती सुनाई और बताया कि आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती अनाचार किया है।

बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए तुमडीबोड़ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धनीराम नारंगे ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल टीम गठित की। पुलिस ने आरोपी कुणाल जोशी के खिलाफ अपराध क्रमांक 258/26, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 64 तथा धारा 04 पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस की मुस्तैदी के कारण घेराबंदी कर आरोपी को चंद घंटों के भीतर ही उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया गया। वैधानिक कार्रवाई पूरी होने के बाद सोमवार को आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय के आदेश पर उसे जेल दाखिल कर दिया गया है।

सराहनीय भूमिका: इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धनीराम नारंगे, सहायक उपनिरीक्षक चुन्नीलाल साहू, आरक्षक लोकेश कुमार साहू, महिला आरक्षक रानी साहू, महिला आरक्षक पूनम बैस तथा तुमडीबोड़ चौकी स्टाफ की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही।

Continue Reading

राजनांदगांव

नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा की तैयारियां तेज, 21 जून को होगी परीक्षा, 6 केंद्रों में 1982 परीक्षार्थी शामिल होंगे

Published

on

राजनांदगांव। जिले में नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में केंद्राध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर परीक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में बताया गया कि नीट (यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित होगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक संपन्न होगी, जबकि परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। जिले में कुल 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 1982 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

परीक्षा की तैयारियों को परखने के लिए 20 जून को सभी परीक्षा केंद्रों में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसमें प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, तकनीकी व्यवस्थाओं और परीक्षा संचालन से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का परीक्षण किया जाएगा।

अधिकारियों ने केंद्राध्यक्षों को एनटीए द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। परीक्षा सामग्री के सुरक्षित संधारण, पहचान सत्यापन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।

बैठक में सभी केंद्राध्यक्षों से आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की गई। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष उपस्थित रहे।

Continue Reading

राजनांदगांव

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी शुरू

Published

on

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा महावीर चौक स्थित फ्लाईओवर के नीचे तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। 15 से 17 जून तक चलने वाली इस प्रदर्शनी का शुभारंभ सांसद संतोष पाण्डेय एवं महापौर मधुसूदन यादव ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ली।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश एवं छत्तीसगढ़ में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों को चित्रों और जानकारीपूर्ण प्रदर्शनों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। साथ ही एलईडी स्क्रीन के जरिए भी केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी नागरिकों को दी जा रही है।
प्रदर्शनी में किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को दी गई आर्थिक सहायता, कृषि क्षेत्र में सुधार, ई-नाम पोर्टल का विस्तार, गरीब कल्याण योजनाओं के तहत पक्के आवास निर्माण, मुफ्त राशन वितरण तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों को प्रमुखता से दर्शाया गया है।
देश की सुरक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए रक्षा उत्पादन और निर्यात में हुई वृद्धि, स्वदेशी हथियार निर्माण तथा आधुनिक सैन्य क्षमताओं से संबंधित उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा विश्व के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज, अटल सेतु, राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के विस्तार और वंदे भारत ट्रेनों जैसी अधोसंरचना परियोजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शनी में दी गई है।
फोटो प्रदर्शनी में डिजिटल इंडिया, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, युवा सशक्तिकरण, लखपति दीदी अभियान, पोषण योजनाएं तथा अयोध्या में निर्मित भव्य राम मंदिर सहित विभिन्न विषयों पर आधारित प्रदर्श सामग्री आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा आगंतुकों को जनमन पत्रिका एवं सुशासन के नवीन आयाम पुस्तक का वितरण भी किया जा रहा है। कार्यक्रम में दिनेश गांधी, राजेश श्यामकर, रघु शर्मा, बलवंत साहू, प्रखर श्रीवास्तव, आशुतोष सिंह, ईशान शर्मा, अरविंद बैद, हेतल भोजानी, सज्जन सिंह ठाकुर, सतीश यादव, अश्विनी, परमेश्वर लहरे, मनोज साहू सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Continue Reading

Trending