राजनांदगांव
ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी फिल्ड में दौरा कर कृषकों की समस्याओं का प्राथमिकता से करें निराकरण : कलेक्टर
राजनांदगांव। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में विभिन्न विभागीय गतिविधियों एवं योजनाओं के मद्देनजर कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्यपालन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री सम्मान निधि, प्रधानमंत्री क्रेडिट कार्ड योजना से किसानों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि एग्रीस्टेक पोर्टल में किसान पंजीयन के कार्य में गति लाएं। 31 जुलाई तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री के्रडिट कार्ड एवं एग्रीस्टेक पोर्टल में किसानों के पंजीयन के कार्य को मिशन मोड में करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की महत्वपूर्ण योजना अंतर्गत कृषकों को शत-प्रतिशत लाभान्वित करने की दिशा में परिणाममूलक कार्य करें। सभी अधिकारी विजन के साथ लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कार्य करें, ताकि एक सकारात्मक परिवर्तन ला सकें। उन्होंने कहा कि जिले में किसानों के लिए खाद-बीज की कमी नहीं होना चाहिए। इसके लिए सतत मानिटरिंग करने के निर्देश दिए तथा ऐसे क्षेत्रों का चिन्हांकन करते हुए, जहां खाद-बीज की कमी हो सकती है, वहां तत्काल आपूर्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड एवं अन्य योजनाओं में आ रही तकनीकी दिक्कत को दूर करने के लिए केन्द्रीय सहकारी बैंक में कृषकों को निर्धारित तिथि में बुलाकर निराकरण करने के लिए कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों से डीएमएफ के अंतर्गत खनिज प्रभावित क्षेत्रों के तहत लोकहित में प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए कहा।
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने कहा कि ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी फिल्ड में निरंतर दौरा करें और कृषकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करें। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए यह जरूरी है कि व्यापक तौर पर किसानों को जानकारी प्रदान करें। कृषकों को धान के बदले दलहन, तिलहन एवं लघु धान्य फसल प्रोत्साहित करने के लिए कहा। ग्रीष्मकाल में धान के बदले दलहन, तिलहन, उद्यानिकी फसलों को बढ़वा देने के निर्देश दिए। उन्होंने उद्यानिकी विभाग अंतर्गत धान के बदले साग-सब्जी, फल-फूल की खेती को बढ़ावा देने के लिए कहा तथा विजन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों को चिन्हांकित करते हुए पाली हाऊस एवं अन्य योजनाओं के तहत खेती को बढ़ावा देने के लिए कहा। बैठक में बताया गया कि ऑइल पाम योजना के तहत खेती करने तथा कटहल के पौधे व्यापक तौर पर लगाए जाएंगे।
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने मत्स्य पालकों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड बनाने की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड बनाने के कार्य को प्राथमिकता देते हुए प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मछुआरों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने के लिए शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पशु चिकित्सालय में ऐसी व्यवस्था बनाएं कि क्लीनिक में पशुओं का समुचित उपचार हो सके। उन्होंने कहा कि सभी पशु चिकित्सक समय पर चिकित्सालय में उपस्थित रहे तथा शासन की योजनाओं के तहत कार्यों में प्रगति दिखना चाहिए। डीएमएफ के तहत प्रत्यक्ष प्रभावित ग्रामों के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कैटल फार्म, पोलेट्री फार्म एवं डेयरी फार्म के संबंध में जानकारी ली। बैठक में मछली बीज उत्पादन एवं बंद पड़ी खदानों में केज कल्चर के संबंध में जानकारी ली। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना तथा तालाबों में मत्स्य पालन एवं महिला स्वसहायता समूह को मछली पालन से जोड़ने, मत्स्य पालकों की आय में वृद्धि सहित अन्य विषयों पर चर्चा की गई। जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह ने कहा कि जिले में धान का रकबा कम करने के लिए कम पानी की आवश्यकता वाले दलहन, तिलहन एवं उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बीज निगम द्वारा गुणवत्तायुक्त बीज किसानों को मिलना चाहिए, इस पर ध्यान दें। इस अवसर पर उप संचालक कृषि टीकम ठाकुर, उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ. अनूप चटर्जी, सहायक संचालक उद्यानिकी राजेश शर्मा, सहायक संचालक मछली पालन सुदेश कुमार साहू, जिला खाद्य अधिकारी रविन्द्र सोनी, वरिष्ठ वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र श्रीमती गुंजन झा, डीएमओ श्रीमती हीना खान, राजाराम कंपनी, एबीस ग्रुप, बीज निगम के प्रभारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
राजनांदगांव
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ, जिला साहू संघ ने गुरू पूर्णिमा पर किया पौधरोपण
राजनांदगांव। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कबीर कुटीर सुंदरा में जिला साहू संघ राजनांदगांव द्वारा पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान को समर्पित एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ जिला साहू संघ के जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए जिलेभर में इस जनअभियान को व्यापक रूप से चलाने की घोषणा की।
जिला साहू संघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान मातृत्व के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण का अनूठा संगम है। उन्होंने बताया कि जिला साहू संघ इस अभियान को जिले के प्रत्येक गांव, परिक्षेत्र और तहसील स्तर तक पहुंचाएगा। समाज के सभी पदाधिकारियों एवं युवाओं को इस अभियान से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाया जाएगा, ताकि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उन्हें वृक्ष बनाने का जनआंदोलन बन सके।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक असंतुलन से निपटने का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, जिला साहू संघ के संरक्षक भागवत साहू, जिलाध्यक्ष नोबल साहू, महामंत्री नीलमणि साहू, डॉ. महेश साहू, तहसील अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, नगर अध्यक्ष राजेश साहू, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, सुंदरा सरपंच हीपेंद्र साहू, टेड़ेसरा सरपंच खिलेश्वर साहू, भेड़ीकला के पूर्व सरपंच कृष्णा साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधरोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम की जानकारी जिला साहू संघ के नव नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के सचिव परदेशी राम साहू ने दी।
राजनांदगांव
आसिफ अली की पहल पर रेलवे ने हटाई नाली की दीवार, अंडरब्रिज क्षेत्र में जलनिकासी बहाल
राजनांदगांव। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन रेलवे अंडरब्रिज के पास जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई थी। पानी निकासी बाधित होने से गंदा पानी आसपास के रहवासियों के घरों में घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
समस्या की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली ने स्टेशन प्रबंधक श्री बर्मन से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा नाली पर दीवार बना दिए जाने के कारण बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा है और लोगों के घरों में भर रहा है।
शिकायत मिलते ही स्टेशन प्रबंधक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रेलवे कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने नाली पर बनी दीवार को तोड़कर पानी निकासी की व्यवस्था बहाल कर दी, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर हो गई।
रेलवे की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय रहवासियों को राहत मिली। लोगों ने जनहित में तत्काल कदम उठाने के लिए रेलवे प्रशासन तथा समस्या को प्रमुखता से उठाने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली की सराहना की।
राजनांदगांव
विपिन यादव ने संगठन सुदृढ़ीकरण के लिए की अहम नियुक्तियां, महामंत्रियों को मिली ब्लॉकों की जिम्मेदारी
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव ने जिले में महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियां की हैं। जारी आदेश के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रितेश जैन को जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्रियों को विभिन्न ब्लॉकों का प्रभारी बनाया गया है। इसके तहत महेंद्र यादव को राजनांदगांव ग्रामीण, पंकज बांधव को घुमका, हेमंत बैष्णव को डोंगरगढ़ (ग्रामीण), राजकुमार सिन्हा को डोंगरगढ़ (शहर), रवि साहू को एलबी नगर, राजू सिंह राजपूत को छुरिया, शिशुपाल भारती को कुमरदा तथा चुम्मन साहू को डोंगरगांव ब्लॉक का प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी महामंत्री राहुल तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अनीस खान ने बताया कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाना है। नियुक्त सभी ब्लॉक प्रभारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों, अभियानों एवं संगठनात्मक गतिविधियों का अपने-अपने ब्लॉकों में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही वे अपने प्रभार क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ सतत समन्वय बनाए रखने तथा बूथ, पंचायत एवं वार्ड स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को गति देंगे। वहीं जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी रितेश जैन जिले में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समन्वय तथा कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण का दायित्व निभाएंगे।
अनीस खान ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान निरंतर जारी है। इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को अधिक सक्रिय एवं अनुशासित बनाते हुए जनता से निरंतर संवाद स्थापित करना, गांव-गांव तक कांग्रेस की पहुंच को सशक्त करना तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि आने वाले समय में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी भूमिका निभा सके।
उन्होंने बताया कि इन सभी नियुक्तियों की सूचना विधिवत छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रेषित कर दी गई है। विश्वास है कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में सभी नियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए जिले में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं गतिशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एशियन गेम्स में आब्सर्वर बनाये गये।*
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के रॉ टेलेंटेड बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।*
-
राजनांदगांव3 years agoविषयवार हो शिक्षकों की भर्ती, हाईकोर्ट में याचिका दायर, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने दर्ज की याचिका
-
राजनांदगांव4 years agoछत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी संघ भी हुआ शामिल
-
छत्तीसगढ़3 years agoसरकारी स्कूलों को बंद करने की साजिश, राज्यपाल करें हस्ताक्षेप : क्रिष्टोफर पॉल
-
राजनांदगांव3 years agoहेडमास्टर बनाने में हद पार, पैसे दो और मनचाहे स्कूल में जाओ
-
राजनांदगांव3 months agoघुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
-
राजनांदगांव5 years ago
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव। धारा 144 लागू किसी प्रकार के आयोजन, रैली, सामाजिक तथा अन्य आयोजन प्रतिन्धित
