राजनांदगांव
जिले में कोविड-19 संक्रमण से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध : कलेक्टर
राजनांदगांव। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कोविड-19 संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुए आज वर्चुअल मोड में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि कोविड संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। सभी को प्रोटोकॉल का पालन करते हुए अधिक संचेत रहने की जरूरत है। जिले में कोविड-19 संक्रमण से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध है। अस्पतालों में ऑक्सीजन बेड, दवाईयां, एम्बुलेंस सहित अन्य व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। होम आईसोलेशन में रहने वाले मरीजों की सुविधा के लिए कोविड-19 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। गांव तथा शहरों में सर्विलेंस टीम के माध्यम से घर-घर जाकर सर्दी, खांसी, बुखार लक्षण वाले नागरिकों की पहचान कर दवाई उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि आर्थिक गतिविधियां जारी रहना चाहिए। नागरिकों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए जागरूक करें। कोविड संक्रमित मरीजों के लिए कोविड केयर सेंटर तैयार किया गया है। संक्रमित मरीज की स्थिति गंभीर होने पर तत्काल हॉस्पिटल में रिफर करें। उन्होंने कहा कि कोविड संक्रमण से बचने का टीकाकरण सबसे अच्छा उपाय है। जिले में कोविड टीकाकरण का पहला डोज शत प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। दूसरे डोज से बचे हुए नागरिकों का टीकाकरण करने 19 जनवरी बुधवार और 20 जनवरी गुरूवार टीकाकरण विशेष महाअभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही फ्रंट लाईन वर्कर और 60 वर्ष से अधिक आयु वाले नागरिकों को बूस्टर डोज लगाया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को रणनीति बनाने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायतों में पहले ही इसकी मुनादी कराई जाए। जिन ग्रामों में टीकाकरण के लिए अधिक लोग छूटे हुए हैं उन ग्रामों की सूची बनाएं और वहां टीम भेजकर शत प्रतिशत टीकाकरण पूरा करें। सरपंच, सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से डोर-टू-डोर वैक्सीनेशन करें।
कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि जिले में कोविड-19 संक्रमण को ध्यान में रखते हुए सभी आंगनबाड़ी केन्द्र बंद किया गया है। लेकिन सघन सुपोषण अभियान जारी रहेगा। गर्भवती माता और बच्चों को गरम भोजन एवं पौष्टिक आहार लगातार पहुंचना चाहिए। उनके स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि जिले में 75 प्रतिशत किसानों ने धान का विक्रय कर लिया है। क्रय किए गए धान में 43 प्रतिशत धान का उठाव कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जिन खरीदी केन्द्र में अधिक किसान धान बेचने के लिए बचे हुए हैं वहां शेष दिनों के लिए सभी किसान का बराबर टोकन जारी करें। धान खरीदी के शेष दिनों में कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा धान खपाने की संभावना अधिक होती है। उन पर निगरानी रखते हुए कार्य करें। सीमावर्ती चेकपोस्ट में दूसरे राज्यों से आने वाले धान पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में खैरागढ़ में उप निर्वाचन होने की संभावना है। इसके लिए तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। सफल निर्वाचन के लिए जोनल अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। निर्वाचन की घोषणा होने के बाद पूरे जिले में आदर्श आचरण संहित लागू होगा। इस दौरान नये कार्य प्रारंभ नहीं किए जाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री सस्ती दवा योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स से नागरिकों को लाभ मिलना चाहिए। चिकित्सकों द्वारा विभिन्न सर्जिकल सामग्री भी धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स से क्रय किया जाना चाहिए। साथ ही उनके द्वारा मरीजों के लिए धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स से दवाई लेने के लिए प्रेरित करें।
कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि 26 जनवरी को राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन किसान न्याय योजना के तहत हितग्राहियों को राशि का भुगतान किया जाएगा। इसकी जानकारी अपडेट रखें। जिले के सभी विकासखंडों में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय भवन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। सभी स्कूलों में प्रयोगशाला सामग्री, खेल सामग्री और लाईब्रेरी के लिए पुस्तक क्रय किया जाए। बढ़ते हुए कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए स्कूलों को बंद किया गया है। इस दौरान स्कूलों की सभी व्यवस्था दूरूस्त कर ली जाए। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत आगामी खरीफ फसल के लिए किसानों को फसल विविधीकरण के लिए प्रोत्साहित करें। ग्राम स्तर पर अधिकारियों द्वारा योजनाओं की जानकारी किसानों को दें। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पंचायतों का बकाया राशि का भुगतान पूरा करें।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत लोकेश चंद्राकर ने कहा कि बारिश के पहले 100 प्रतिशत वर्मी कम्पोस्ट निर्माण का लक्ष्य पूरा करें। गौठानों में महिला स्वसहायता समूह द्वारा 5 आर्थिक गतिविधियां संचालित होनी चाहिए। मशरूम उत्पादन, मुर्गीपालन, मछलीपालन जैसे विविध गतिविधियों से आय प्राप्त होनी चाहिए। गौठानों में पैरा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। पैरा सुरक्षित और व्यवस्थित करके रखें। गौठानों में पौध रोपण कार्य किया गया है। सभी पौधे गर्मी में सुरक्षित रहना चाहिए। इसके लिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, संयुक्त कलेक्टर इंदिरा देवहारी उपस्थित थे। वर्चुअल मोड के माध्यम से जिला एवं विकासखंड स्तरीय सभी अधिकारी जुड़े रहे।
राजनांदगांव
प्रयास आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों ने लगाया फूड स्टॉल, व्यवहारिक शिक्षा व कौशल का दिया परिचय
राजनांदगांव। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और व्यवहारिक शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रयास आवासीय विद्यालय राजनांदगांव में कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों द्वारा एक विशेष फूड स्टॉल का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने न केवल स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए, बल्कि सामग्री प्रबंधन से लेकर ग्राहकों के साथ संवाद तक की पूरी जिम्मेदारी खुद संभाली।
छात्रों ने तैयार किए कई लजीज व्यंजन
फूड स्टॉल में विद्यार्थियों द्वारा अपनी पाक कला का प्रदर्शन करते हुए नींबू पानी, फिंगर चिप्स, स्वीट डिश, स्वीट कॉर्न, सूप, भेल, आलू गोलगप्पा और करोंदा चाट सहित कई प्रकार के व्यंजन तैयार किए गए थे। स्टॉल के संचालन के दौरान सामग्री का प्रबंधन, लागत का हिसाब-किताब और आए हुए अतिथियों से संवाद स्थापित करने का पूरा प्रबंधन विद्यार्थियों ने स्वयं किया।
व्यवहारिक ज्ञान और नेतृत्व क्षमता बढ़ाना उद्देश्य
विद्यालय प्रशासन के अनुसार विद्यार्थियों में जीवनोपयोगी कौशल, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, आत्मविश्वास, बेहतर संचार कौशल और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए समय-समय पर इस तरह की रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
अधिकारियों व अभिभावकों ने बढ़ाया उत्साह
आयोजित फूड स्टॉल में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर व्यंजनों का स्वाद चखा और विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
अपराध
गिरवी रखी जमीन छल से अपने नाम कराने वाले दो सहोदर भाई गिरफ्तार, फर्जीवाड़ा कर वसूल रहे थे 6% ब्याज
राजनांदगांव। गिरवी रखी जमीन को सुनियोजित तरीके से अपने नाम रजिस्ट्री कराने, झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर भारी-भरकम ब्याज वसूलने और धोखाधड़ी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में संलिप्त दो सगे भाइयों (कोठारी बंधुओं) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पैसों की जरूरत पर रखी थी जमीन गिरवी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पार्टीकला निवासी पीड़ित रोहित कुमार साहू (46 वर्ष) ने 26 जुलाई को थाने में आवेदन सौंपकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 25 नवंबर 2021 को उनके पिता आनंद राम साहू को पैसों की आवश्यकता थी, जिस पर उन्होंने अपनी 40 डिसमिल जमीन (खसरा नंबर 138/6) को कामठी लाइन निवासी निर्मल कोठारी के पास गिरवी रखा था।
निर्मल कोठारी ने 2 प्रतिशत ब्याज दर पर 5,11,000 रुपये दिए थे। सिक्योरिटी के तौर पर पीड़ित, उसके पिता और भाई से ब्लैंक चेक व कोरे कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए गए थे।
छल-कपट से अपने नाम कराई रजिस्ट्री, फिर वसूला 6% ब्याज
शिकायत के मुताबिक, निर्मल कोठारी ने छलपूर्वक गिरवी रखी जमीन की अपने नाम रजिस्ट्री करवा ली। इसके बाद पीड़ित परिवार को जान से मारने और मरवाने की धमकी देकर 6 प्रतिशत की दर से ब्याज वसूलना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, कोरे कागजों का दुरुपयोग कर अपने भाई नलिन कोठारी के जरिए फर्जी किरायानामा तैयार कराया और सिक्योरिटी चेक बाउंस कराकर अदालत में झूठा केस दर्ज करा दिया।
पैसे लौटाने के बाद भी नहीं लौटाई पूरी जमीन
पीड़ित ने बताया कि मूल रकम चुकाने के बावजूद जमीन वापस करने के नाम पर आरोपियों ने बैंक से 20 लाख रुपये का फाइनेंस करवाकर रकम ऐंठ ली। इसके बाद भी केवल 12 डिसमिल जमीन वापस की गई, जबकि शेष 28 डिसमिल जमीन अपने पास रख ली और उसे लौटाने के एवज में और रुपयों की मांग की जाने लगी।
पुलिस ने दर्ज की धाराएं और की गिरफ्तारी
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी निर्मलचंद कोठारी (58 वर्ष) एवं नलिन कोठारी (54 वर्ष) के खिलाफ अपराध क्रमांक 398/26, धारा 386, 420, 34 भादवि तथा छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन व अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन तथा कोतवाली थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में दोनों भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जुर्म स्वीकार करने पर पुलिस ने 26 जुलाई को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र शाह, उप निरीक्षक रतन सिंह नेताम, सुमेंद्र कुमार खरे, आरक्षक प्रियांश, लीलेंद्र और थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
राजनांदगांव
शांति भंग करने की आशंका पर दो असामाजिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
राजनांदगांव। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिटी कोतवाली पुलिस ने दो असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। दोनों पर सार्वजनिक स्थान पर विवाद कर शांति भंग करने की आशंका के चलते बीएनएसएस की धाराओं के तहत कार्रवाई कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई को सूचना मिली थी कि शंकरपुर उड़िया मोहल्ला निवासी किशन सोनी (40) गंज चौक में तथा राहुल नगर लखोली निवासी भीमा मंडावी (28) आम लोगों से विवाद और झगड़ा कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे उत्तेजित होकर विवाद करने लगे और समझाइश के बावजूद नहीं माने।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका पर दोनों को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया। इसके बाद उनके विरुद्ध धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। किशन सोनी के विरुद्ध चिखली पुलिस चौकी में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी का मामला दर्ज है, जबकि भीमा मंडावी के खिलाफ बसंतपुर थाना में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक रतन सिंह नेताम एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एशियन गेम्स में आब्सर्वर बनाये गये।*
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के रॉ टेलेंटेड बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।*
-
राजनांदगांव3 years agoविषयवार हो शिक्षकों की भर्ती, हाईकोर्ट में याचिका दायर, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने दर्ज की याचिका
-
राजनांदगांव4 years agoछत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी संघ भी हुआ शामिल
-
छत्तीसगढ़3 years agoसरकारी स्कूलों को बंद करने की साजिश, राज्यपाल करें हस्ताक्षेप : क्रिष्टोफर पॉल
-
राजनांदगांव3 years agoहेडमास्टर बनाने में हद पार, पैसे दो और मनचाहे स्कूल में जाओ
-
राजनांदगांव3 months agoघुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
-
राजनांदगांव5 years ago
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव। धारा 144 लागू किसी प्रकार के आयोजन, रैली, सामाजिक तथा अन्य आयोजन प्रतिन्धित
