Connect with us

राजनांदगांव

नगर निगम बजट : महापौर ने पेश किया 15 लाख के लाभ का बजट, शहर में बिछेगा सड़कों का जाल, पेयजल और सौंदर्यीकरण पर फोकस

Published

on

राजनांदगांव। नगर पालिक निगम की बजट बैठक आज 22 अपै्रल अपरान्ह 12 बजे नगर निगम टाउन हाल सभागृह में प्रारंभ हुई, बैठक में पुनरीक्षित आय-व्यय वर्ष 2025-26 एवं प्रस्तावित आय-व्यय बजट वित्तीय वर्ष 2026-27 के स्वीकृति के संबंध में विचार-विमर्श उपरांत निर्णय लिया जाना था।
बजट बैठक निर्धारित समय में राष्ट्रगीत तथा राज्य गीत के साथ प्रारंभ हुई। बैठक के प्रारंभ में महापौर मधुसूदन यादव ने अपना द्वितीय बजट प्रस्तुत करते हुए प्रतिवेदन का पठन किया, जिसके पश्चात पार्षदों ने चर्चा में भाग लिया। चर्चा उपरांत वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय व्यय का बजट सर्व सम्मति से पारित किया गया। बैठक के अंत में राष्ट्रगान के पश्चात निगम के दिवंगत कर्मचारी किशन सिंह राजपूत एवं पहलगाम में हुए आतंकी हमला में मृतकों को दो मिनट की मौन श्रृद्धांजली दी गयी।
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि नगर पालिक निगम, राजनांदगांव के द्वितीय बजट सत्र में नगर पालिक निगम, राजनांदगांव के इस सभा में सभापति, नेता प्रतिपक्ष, महापौर परिषद के प्रभारी सदस्यगण, पार्षदगण का मैं हार्दिक स्वागत करता हूं। हम नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा (94) से धारा (100) के अंतर्गत नगर पçालक निगम, राजनांदगांव का वर्ष 2025-26 का पुनरीक्षित बजट एवं वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक आय-व्यय की स्वीकृति हेतु सदन के समक्ष प्रस्तुत कर रहे हैं। हमारे कार्यकाल के इस द्वितीय बजट में हमारा यह प्रयास होगा कि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए शहर का सर्वांगीण विकास कर सकें एवं नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा सकें।
बजट प्रावधान में विभिन्न योजनाओं को शामिल किया गया है, जो कि अल्पकालीन एवं दीर्धकालीन योजनाओं के रूप में अलग-अलग विभाग से क्रियान्वित होगी। मैं अब तक के सभी निर्वाचित जन प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने शहर विकास को गति प्रदान करने में अपनी महत्वपूर्ण जवाबदारी का निर्वहन किया। साथ ही मैं आभार व्यक्त करना चाहता हूूं, देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जिन्होंने देश के साथ साथ छत्तीसगढ़ प्रदेश में विकास की अनके योजनाएं लागू की।
हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा विधानसभा अध्यक्ष व हमारे विधायक डॉ. रमन सिंह ने शहर को विकसित करने गत वर्ष के बजट में विभिन्न सौगात दिये थे, जो प्रक्रियाधीन है और इसी प्रकार इस बजट में भी शहर के लिए विभिन्न विभागों में विकास कार्यों के लिये बजट प्रावधान किया है, जिसमें हमें पूरा समर्थन व सहयोग मिल रहा है। हमारे उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव तथा हमारे प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव एवं हमारे सांसद संतोष पाण्डे मैं इन सभी का भी शहर विकास में सहयोग करने आभार व्यक्त करता हूँ।
श्री यादव ने कहा कि मैं इस सदन के माध्यम से शहर के समस्त नागरिकों से उम्मीद करता हूं कि गत वर्ष की तरह शहर विकास में उनका महत्वपूर्ण मार्गदर्शन व सहयोग मिलेगा। साथ ही लोकतंत्र के चौंथे स्तम्भ प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शहर विकास में मार्गदर्शन की अपेक्षा रखता हूं। जनता से जुड़ी हुई समस्याओं एवं योजनाओं का गुणवत्तापूर्व, समय-सीमा व ईमानदारी के साथ क्रियान्वयन में सभी अधिकारी-कर्मचारियों का पूर्ण सहयोग मिलेगाए मैं यही अपेक्षा करता हूँ।
नगर पालिक निगम, राजनांदगांव के वित्तीय वर्ष 2026-27 का आय-व्यय अनुमान पत्रक प्रस्तुत करते हुए मुझे अत्यन्त प्रसन्नता हो रही है। वर्ष 2025-26 के बजट प्रावधानों के विरूद्ध पुनरीक्षित आय 474 करोड़ 20 लाख 50 हजार रूपये तथा पुनरीक्षित व्यय 478 करोड़ 26 लाख रूपये है। बजट अनुमान अन्तर्गत कुल अनुमानित आय 646 करोड़ 23 लाख रूपये तथा व्यय 696 करोड़ 70 लाख 50 हजार रूपये था, जबकि वर्ष 2025-26 में प्रारंभिक अवशेष राशि 50 करोड़ 24 लाख 55 हजार रूपये था। वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रावधान में प्रस्तावित आय 579 करोड़ 83 लाख 18 हजार रूपये तथा व्यय 643 करोड़ 49 लाख 71 हजार रूपये है। वर्ष 2026-27 का अनुमानित प्रारंभिक अवशेष राशि 63 करोड़ 81 लाख 53 हजार की संभावना है, इसे मिलाकर कुल आय 643 करोड़ 64 लाख 71 हजार होता है। इस प्रकार लाभ का बजट 15 लाख रूपये प्रस्तावित है।
श्री यादव ने कहा कि हमने इस बजट में विकसित राजनांदगांव शहर के निर्माण की आधारशिला को आगे बढ़ाने हेतु सतत् विकास की प्रक्रिया के लिए मूलभूत ढांचा तैयार किया है। इस बजट में हमारा प्रयास होगा कि हम आम आदमी में विकास के प्रति विश्वास का भाव जागृत कर सकें तथा पिछड़े और कमजोर आय वर्ग के लोगों को आर्थिक सम्पन्नता के दायरे में ला सकें।
पेयजल व्यवस्था : शहर के कुछ क्षेत्रों में पेयजल की किल्लत को देखते हुए 03 उच्च स्तरीय जलागार टंकी निर्माण (गोकुल नगर क्षेत्र, नया ढाबा, चिखली से गौरी नगर के बीच) तथा पाईप पाईन का विस्तार एवं 10 एमएलडी का फिल्टर प्लांट निर्माण हेतु 15 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
जल संयंत्र गृह मरम्मत : नगर वासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने मोहारा स्थित जल संयंत्र गृह के 03 जल शोधन प्लांट मरम्मत हेतु 4 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
शुद्ध पेयजल (मिनरल वॉटरद्ध का बाटलिंग प्लांट स्थापना)ः नगर निगम द्वारा शुद्ध पेयजल (मिनरल वॉटर) का बाटलिंग प्लांट पीपीपी मॉडल से स्थापित करने हेतु 50 लाख रूपये का प्रावधान रखा गया है।
पाईप लाईन विस्तार : शहर में पेयजल व्यवस्था के सुचारू रूप से संचालन हेतु नवीन क्षेत्रों में पाईप लाईन विस्तार, इंटर कनेक्शन, सिन्टैक्स टैंक की स्थापना तथा गंज चौक से कंचनबाग टंकी तक राईजिंग मेन पाईप लाईन 300 एमएम डाया पाईप लाईन विस्तार करने हेतु 6 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
कुंओं का संरक्षण : शहर के पुराने कुंओं के संरक्षण हेतु 20 लाख रूपये का प्रावधान रखा गया है।
वॉटर हारवेस्टिंग : भूजल स्तर को ऊंचा करने शहर में आवश्यकता अनुसार वॉटर हार्वेस्टिंग लगाने हेतु 1 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
तालाब संरक्षण : शहर के प्रमुख तालाबों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण हेतु 1.50 करोड रूपये का प्रावधान रखा गया है।
रानीसागर, बूढासागर सौंदर्यीकरण एवं पुर्नविकास कार्य : नगरोत्थान योजनांतर्गत शहर के रानीसागर एवं बूढ़ासागर के सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण हेतु 14 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
वृक्षारोपण : पर्यावरण संरक्षण एवं शहर में हरियाली की दृष्टिकोण से वार्डो में आवश्यकता अनुसार वृक्षारोपण हेतु 50 लाख रूपये का प्रावधान रखा गया है।
उद्यान संरक्षण : शहर के विभिन्न वार्डो में स्थित उद्यानों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण, ओपन जीम, खेलकूद उपक्रम की स्थापना हेतु 3 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
शिक्षा : ठाकुर प्यारेलाल सिंह उच्चतर माध्यमिक शाला में हाईटेक प्रयोगशाला की स्थापना, वार्ड नं. 39 स्थित शासकीय प्राथमिक शाला अंग्रेजी माध्यम स्कूल तथा स्टेट हाईस्कूल स्थित पूर्व माध्यमिक अंग्रेजी माध्यम स्कूल एवं ई-लाइब्रेरी में सुविधा विस्तार हेतु 1 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
निर्धन छात्रा शिक्षा व्यवस्था : शहर के 02 कन्या हाईस्कूल में 50-50 निर्धन छात्राओं की शिक्षा व्यवस्था हेतु 5 लाख रूपये का प्रावधान रखा गया है।
क्रिकेट टर्फ एवं खेलकूद आयोजन : शहर के क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए बॉक्स-टर्फ क्रिकेट तथा कैफे निर्माण हेतु 50 लाख रूपये तथा खेलकूद आयोजन हेतु 10 लाख रूपये का प्रावधान रखा गया है।
स्वीमिंग पुल जीर्णोद्धार तथा कैफे हाऊस निर्माण : निगम सीमाक्षेत्र के नागरिकों को तैराकी सीखने नगर निगम द्वारा निर्मित स्वीमिंग पुल के जीर्णोद्धार तथा परिसर में कैफे हाऊस निर्माण हेतु 50 लाख रूपये का प्रावधान रखा गया है।
व्यवसायिक परिसर निर्माण : नगर निगम के आय में वृद्धि करने स्टेशन रोड, दूरसंचार विभाग के पास एवं ट्रांसपोर्ट नगर में व्यवसायिक परिसर निर्माण हेतु 5 करोड़ रूपये (लोन एवं अनुदान) का प्रावधान रखा गया है।
नगर निगम स्वामित्व के दुकानों का पुनः निर्माण : नगर निगम कार्यालय स्थित निगम स्वामित्व के दुकानों का पुनः निर्माण तथा प्रथम तल निर्माण हेतु 10 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
अधोसंरचना विकास कार्य : शहर के सभी 51 वार्डो में आवश्यकता अनुसार डामरीकृत सड़क, सीमेंट कांक्रीट रोड, नाली, नाला तथा पेवर ब्लॉक निर्माण हेतु 50 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
चौक-चौराहों का उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण : शहर के प्रमुख चौक जिसमें गांधी चौक, जयस्तंभ चौक, नंदई चौक, फरहद चौक, ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा तथा रामदरबार चौक के उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण हेतु 3 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
सड़क सौंदर्यीकरण : शहर के प्रमुख स्थल रेल्वे स्टेशन रोड सौंदर्यीकरण हेतु 1 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
कार्यक्रम आयोजन हेतु स्थल निर्माण : शहर में मांगलिक, परिवारिक, सामाजिक व अन्य कार्यक्रम आयोजित करने चिखली, ऑडिटोरियम के पीछे एवं पुष्पवाटिका के पीछे योगाहॉल, नीलगिरी पार्क में निर्मित भवन के व्यवस्थित निर्माण हेतु 2 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
प्रतिमा स्थापना : शहर के प्रमुख स्थलों में महात्मा गांधी, बाबा साहेब आम्बेडकर, महंत राजा सर्वेश्वर दास, जिले के निर्माता पं. किशोरीलाल शुक्ल, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कन्हैया लाल अग्रवाल, शहीद वीर नारायण सिंह, राजा रंजित सिंह तथा मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा स्थापना हेतु 3 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
शहर के प्रमुख मंदिरों का जीर्णोद्धार : नगर निगम सीमांतर्गत स्थित प्रमुख, सार्वजनिक एवं पुरातात्विक महत्व के ऐतिहासिक मंदिरों का जीर्णोद्धार करने 1 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
पेट्रोल पंप तथा एटीएम स्थापना : नगर निगम की आय में वृद्धि करने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित भूखण्ड में पेट्रोल पंप तथा एटीएम स्थापना हेतु 2 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
सड़क चौडीकरण : सुगम यातायात के लिए शासन द्वारा अधोसंरचना विकास योजनांतर्गत बाईपास कन्हारपुरी से तिरंगा चौक सड़क चौडीकरण करने 6.50 करोड़ रूपये तथा जीई रोड से लखोली कबाड़ी दुकान तक सड़क चौडीकरण हेतु 14.50 करोड़ रूपये, इसी प्रकार आरके नगर चौक से डोंगरगांव रोड तक सड़क निर्माण करने 7 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
मुक्तिधाम उन्नयन एवं इलेक्ट्रीक शवदाह की स्थापना : शहर के मोहारा, मोतीपुर तथा अन्य मुक्तिधामों के उन्नयन कार्य एवं मठपारा स्थित गौशाला पिंजरापोल मुक्तिधाम में इलेक्ट्रीक शवदाह गृह स्थापना, साथ ही पारसी एवं क्रिश्चियन कब्रिस्तान उन्नयन के अलावा 01 शव वाहन क्रय हेतु कुल 4 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
हाईमास्क स्थापना : शहर के प्रमुख स्थानों जैसे हॉट बाजार, फरहद चौक, प्रेस क्लब कॉलोनी के साथ, लखोली, स्टेट हाईस्कूल, चिखली, मोतीपुर स्कूल मैदान तथा अन्य स्थानों में हाईमास्क की स्थापना हेतु 3 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
शिवनाथ महोत्सव : शहर के सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए शिवनाथ महोत्सव हेतु छग शासन, संस्कृति विभाग तथा नगर निगम द्वारा आयोजन हेतु 50 लाख रूपये का प्रावधान रखा गया है।
टाऊन हॉल शताब्दी वर्ष : बलराम दास टाऊन हॉल (पूर्व नगर पालिका मुख्य कार्यालय) स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न आयोजन हेतु 30 लाख रूपये का प्रावधान रखा गया है।
इलेक्टि्रक चार्जिंग सेंटर निर्माण : शहर के इलेक्टि्रक वाहनों के लिए इलेक्टि्रक चार्जिंग सेंटर निर्माण हेतु 10 लाख रूपये का प्रावधान रखा गया है।
महिला प्रसाधन : शहर के प्रमुख 5 स्थानों में महिला प्रसाधन निर्माण हेतु 50 लाख रूपये का प्रावधान रखा गया है।
महिला हाट बाजार : शहर की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने महिला हाट बाजार निर्माण हेतु 1 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
हास्टल निर्माण : निगम सीमाक्षेत्र में कार्य करने वाली महिलाओं (वर्किंग वूमेन) के लिए हॉस्टल निर्माण हेतु 2 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
स्ट्रीट वेंडर हब : शहर के छोटे व्यवसायी (स्ट्रीट वेंडर) के व्यवस्थित संचालन करने स्ट्रीट वेंडर की स्थापना हेत 3 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
आवारा कुत्तों हेतु डॉग शेल्टर एवं फीडिंग पाईट निर्माण : शहर के आवारा एवं पालतु कुत्तों का बधियाकरण डीवर्मीकल तथा वेक्सीनेशन के लिए 100 कुत्ते रखने डॉग शेल्टर की स्थापना एवं वार्ड मे कम से कम एक फीडिंग पाईट का निर्माण किये जाने हेतु 1 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
पोषण आहार : शहर के चिन्हांकित टीबी मरीजों के पोषण आहार हेतु 5 लाख रूपये का प्रावधान रखा गया है।
डस्टबिन वितरण : स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत घर में ही कचरा पृथक करने नगर निगम क्षेत्र के घर-घर में डस्टबिन वितरण हेतु 1 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
शहर की स्वच्छता : शहर के प्रमुख सड़कों की सुंदरता एवं सौंदर्यीकरण तथा कचरा संग्रहण हेतु मुक्कड़ को समाप्त कर टेंचिग ग्राउण्ड में रखने 25 लाख रूपये का प्रावधान रखा गया है।
गौ चारा के लिए ट्राली संचालन : शहर में गौ-वंश को जगह-जगह हरा चारा खिलाने गौ सेवकों के लिए शहर में ट्राली संचालन किए जाने 10 लाख रूण् का प्रावधान रखा गया है।
मस्ती की पाठशाला : ग्रीष्मकालीन अवकाश में बच्चों के मनोरंजन के लिए रविवार को सुबह मस्ती की पाठशाला लगाने 10 लाख रूपये का प्रावधान रखा गया है।
वाहन खरीदी : नगर निगम के विभिन्न कार्यो के संचालन हेतु आवश्यकता अनुसार वाहन खरीदी करने 5 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है।
उपरोक्त प्रावधानों के अलावा पूर्व के बजट के दीर्घकालीन योजना, जैसे पुत्रीशाला, गुडाखु लाईन औषधालय व पुराना बस स्टैंड में शॉपिंग कॉम्पलेक्स निर्माण, ऑडिटोरियम निर्माण, चिखली ओव्हर ब्रिज से चिखली रोड चौडीकरण, रॉ वाटर के मोंगरा बैराज से पाईप लाईन विस्तार, शिवनाथ नदी उन्नयन, मोहरा शिवनाथ नदी के एनीकट की उचाई बढ़ाने आदि प्रावधान जो शासन एवं विभिन्न स्तर में प्रक्रियाधीन है के अलावा राज्य शासन द्वारा बजट प्रावधान के सभी कार्य को भी इस बजट में समाहित किया गया है।
लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत जनहित में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आप सभी के सहयोग से शहर विकास की मंशा को लेकर सभी वार्डों में आवश्यकता के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जाएंगे। साथ ही कुछ नये प्रस्ताव के साथ पुराने प्रस्ताव को पूर्ण करने कार्ययोजना में शामिल किया गया है।
अंत में मैं राजनांदगांव नगर की विकास योजनाओं को पूर्ण करने प्रधानमंत्री नरेन्द्र, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव के विधायक डॉ. रमन सिंह, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरूण साव, राजनांदगांव के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव, राजनांदगांव के सांसद संतोष पाण्डे सहित निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र çंसह पारस वर्मा, नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले एवं पार्षदों से पूर्व की भांति सहयोग प्रदान करने की आशा करता हूं। साथ ही संस्कारधानी के सर्वांगीण विकास के लिये एकजुट होकर समर्पित भाव से कार्य करने बजट को अंगीकार किये जाने के आग्रह के साथ अपनी वाणी को विराम देता हूं।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ, जिला साहू संघ ने गुरू पूर्णिमा पर किया पौधरोपण

Published

on

राजनांदगांव। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कबीर कुटीर सुंदरा में जिला साहू संघ राजनांदगांव द्वारा पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान को समर्पित एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ जिला साहू संघ के जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए जिलेभर में इस जनअभियान को व्यापक रूप से चलाने की घोषणा की।
जिला साहू संघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान मातृत्व के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण का अनूठा संगम है। उन्होंने बताया कि जिला साहू संघ इस अभियान को जिले के प्रत्येक गांव, परिक्षेत्र और तहसील स्तर तक पहुंचाएगा। समाज के सभी पदाधिकारियों एवं युवाओं को इस अभियान से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाया जाएगा, ताकि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उन्हें वृक्ष बनाने का जनआंदोलन बन सके।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक असंतुलन से निपटने का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, जिला साहू संघ के संरक्षक भागवत साहू, जिलाध्यक्ष नोबल साहू, महामंत्री नीलमणि साहू, डॉ. महेश साहू, तहसील अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, नगर अध्यक्ष राजेश साहू, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, सुंदरा सरपंच हीपेंद्र साहू, टेड़ेसरा सरपंच खिलेश्वर साहू, भेड़ीकला के पूर्व सरपंच कृष्णा साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधरोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम की जानकारी जिला साहू संघ के नव नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के सचिव परदेशी राम साहू ने दी।

Continue Reading

राजनांदगांव

आसिफ अली की पहल पर रेलवे ने हटाई नाली की दीवार, अंडरब्रिज क्षेत्र में जलनिकासी बहाल

Published

on

राजनांदगांव। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन रेलवे अंडरब्रिज के पास जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई थी। पानी निकासी बाधित होने से गंदा पानी आसपास के रहवासियों के घरों में घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
समस्या की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली ने स्टेशन प्रबंधक श्री बर्मन से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा नाली पर दीवार बना दिए जाने के कारण बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा है और लोगों के घरों में भर रहा है।
शिकायत मिलते ही स्टेशन प्रबंधक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रेलवे कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने नाली पर बनी दीवार को तोड़कर पानी निकासी की व्यवस्था बहाल कर दी, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर हो गई।
रेलवे की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय रहवासियों को राहत मिली। लोगों ने जनहित में तत्काल कदम उठाने के लिए रेलवे प्रशासन तथा समस्या को प्रमुखता से उठाने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली की सराहना की।

Continue Reading

राजनांदगांव

विपिन यादव ने संगठन सुदृढ़ीकरण के लिए की अहम नियुक्तियां, महामंत्रियों को मिली ब्लॉकों की जिम्मेदारी

Published

on

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव ने जिले में महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियां की हैं। जारी आदेश के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रितेश जैन को जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्रियों को विभिन्न ब्लॉकों का प्रभारी बनाया गया है। इसके तहत महेंद्र यादव को राजनांदगांव ग्रामीण, पंकज बांधव को घुमका, हेमंत बैष्णव को डोंगरगढ़ (ग्रामीण), राजकुमार सिन्हा को डोंगरगढ़ (शहर), रवि साहू को एलबी नगर, राजू सिंह राजपूत को छुरिया, शिशुपाल भारती को कुमरदा तथा चुम्मन साहू को डोंगरगांव ब्लॉक का प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी महामंत्री राहुल तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अनीस खान ने बताया कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाना है। नियुक्त सभी ब्लॉक प्रभारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों, अभियानों एवं संगठनात्मक गतिविधियों का अपने-अपने ब्लॉकों में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही वे अपने प्रभार क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ सतत समन्वय बनाए रखने तथा बूथ, पंचायत एवं वार्ड स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को गति देंगे। वहीं जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी रितेश जैन जिले में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समन्वय तथा कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण का दायित्व निभाएंगे।
अनीस खान ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान निरंतर जारी है। इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को अधिक सक्रिय एवं अनुशासित बनाते हुए जनता से निरंतर संवाद स्थापित करना, गांव-गांव तक कांग्रेस की पहुंच को सशक्त करना तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि आने वाले समय में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी भूमिका निभा सके।
उन्होंने बताया कि इन सभी नियुक्तियों की सूचना विधिवत छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रेषित कर दी गई है। विश्वास है कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में सभी नियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए जिले में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं गतिशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Continue Reading

Trending