Connect with us

राजनांदगांव

महिलाओं और बेटियों की शिक्षा समाज के विकास की सबसे बड़ी आवश्यकता : डॉ. रमन सिंह

Published

on

राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम डिलापहरी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने 3 करोड़ 77 लाख 36 हजार रूपए की लागत के 89 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्राम डिलापहरी में उप स्वास्थ्य केन्द्र निर्माण तथा डीएमएफ मद से विभिन्न स्कूलों में शौचालय निर्माण के लिए 1 करोड़ 50 लाख रूपए की घोषणा की। उन्होंने बताया कि ग्राम डिलापहरी क्षेत्र में 63 केवी क्षमता के ट्रांसफार्मर को बढ़ाकर 100 केवी किया जाएगा। जिससे वोल्टेज की समस्या दूर होगी और बिजली आपूर्ति में सुधार आएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 3 हितग्राहियों को आवास पूर्ण होने पर पूर्णता प्रमाण पत्र एवं चाबी सौंपी। इसी तरह 3 हितग्राहियों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड का वितरण किया। उन्होंने लखपति दीदीयों को प्रमाण पत्र एवं स्वच्छता दीदीयों को शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने शिविर में महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति की सराहना करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की शिक्षा समाज के विकास की सबसे बड़ी आवश्यकता है। शासन द्वारा गांव-गांव में स्कूलों की व्यवस्था की गई है और अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना से क्षेत्र की हजारों महिलाओं को हर माह आर्थिक सहायता मिल रही है। उन्होंने बताया कि 13 ग्रामों की 5 हजार 79 महिलाओं को हर माह लगभग 50 लाख रूपए से अधिक की राशि मिल रही है तथा बीते 27 माह में लगभग 14 करोड़ रूपए का लाभ पहुंचा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पिछले दो वर्षों में क्षेत्र के ग्रामों में करीब 22 करोड़ रूपए की लागत से आवास निर्माण किए गए हैं। इसके साथ ही पचरी निर्माण, तालाब निर्माण, सीसी रोड, नाली एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित विभिन्न कार्य स्वीकृत एवं पूर्ण किए गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार गांव, गरीब और किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है। किसानों के लिए 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी एवं 21 क्विंटल प्रति एकड़ खरीदी व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने कहा कि गांवों में सड़क, स्कूल एवं आधारभूत सुविधाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी प्रकरणों जैसे नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, त्रुटि सुधार एवं डायवर्सन जैसी समस्याओं का निराकरण गांव स्तर पर ही सुनिश्चित किया जा रहा है। यदि किसी नागरिक का कार्य लंबित है, तो वह शिविर में अपनी समस्या सीधे रख सकता है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने क्षेत्र में सिंचाई सुविधा के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के किसानों के सिंचाई सुविधा को ध्यान में रखते हुए 242.77 करोड़ रूपए की लागत से लमती फीडर लघु जलाशय एवं नहर परियोजना स्वीकृत की गई है। इस परियोजना से 36 ग्रामों में 1840 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। जिसमें राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र के 10 ग्राम सुकुलदैहान, बम्हनी, धनगांव, गातापार, डिलापहरी, धर्मापुर, ढाबा, बागतराई, लिटिया सहित अन्य गांव लाभान्वित होंगे। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का कार्य प्रगति पर है तथा अगले वर्ष तक किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के संबंध में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से जानकारी ली। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि 13 पंचायतों के 21 गांवों में मोंगरा मल्टी विलेज योजना के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य प्रगति पर है और अगले ग्रीष्मकाल तक ग्रामीणों को इसका लाभ मिल जाएगा। वर्तमान गर्मी को देखते हुए डिलापहरी, धर्मापुर एवं अन्य प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त पंप की व्यवस्था कर पेयजल संकट का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां नलकूप सूख गए हैं वहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण के संबंध में जानकारी ली। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ने क्षेत्र में राजस्व प्रकरणों के निराकरण की जानकारी देते हुए बताया कि अविवादित नामांतरण के 223 प्रकरणों में से 193 प्रकरण निराकरण हो चुके है। इसी तरह अविभाजित खाता विभाजन के 60 प्रकरण में से 51 प्रकरण, विभाजित खाता विभाजन के 57 प्रकरण में से 45 प्रकरण, सीमांकन के 76 प्रकरण में से 50 प्रकरण, त्रुटि सुधार के 46 प्रकरण में से 43 प्रकरण तथा डायवर्सन के सभी 25 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। शेष प्रकरणों का समय-सीमा के भीतर निराकरण किया जाएगा।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि जिले में सुशासन तिहार 2026 का आयोजन 4 मई से 10 जून तक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डिलापहरी शिविर में 13 ग्रामों के ग्रामवासी शामिल हुए हैं तथा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 821 आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें 370 से अधिक पूर्ण हो चुके हैं। एनआरएलएम के तहत 1100 से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं तथा नरेगा योजना अंतर्गत 53 कार्यों पर 1 करोड़ 49 करोड़ रूपए व्यय कर रोजगार उपलब्ध कराया गया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत पात्र हितग्राहियों को 12 हजार रूपए प्रति शौचालय की दर से स्वीकृति प्रदान कर शौचालय निर्माण सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत जिले में बड़ी संख्या में गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से जिले में 3 हजार से अधिक सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे कई परिवारों का बिजली बिल शून्य आने लगा है। उन्होंने सरपंचों से अपील की कि गांवों में अधिक से अधिक हितग्राहियों को इस योजना से जोड़ें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा 75 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है और अतिरिक्त बिजली ग्रिड को देने पर हितग्राहियों को आय भी प्राप्त हो रही है। उन्होंने कहा कि नामांतरण एवं खाता विभाजन जैसी राजस्व सेवाएं ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को सुविधा मिल सके।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा एवं अवैध शराब के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित की गई है। जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने जल संरक्षण, स्वच्छता एवं रोजगार मूलक योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में नीर एवं नारी जल यात्रा, इंजेक्शन वेल, परकोलेशन टैंक एवं बोरवेल रिचार्ज कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले को स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सचिन बघेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू, राजगामी संपदा न्यास अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू, कोमल सिंह राजपूत, रमेश पटेल, संतोष अग्रवाल, सरपंच डिलापहरी गोंविद वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ, जिला साहू संघ ने गुरू पूर्णिमा पर किया पौधरोपण

Published

on

राजनांदगांव। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कबीर कुटीर सुंदरा में जिला साहू संघ राजनांदगांव द्वारा पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान को समर्पित एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ जिला साहू संघ के जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए जिलेभर में इस जनअभियान को व्यापक रूप से चलाने की घोषणा की।
जिला साहू संघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान मातृत्व के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण का अनूठा संगम है। उन्होंने बताया कि जिला साहू संघ इस अभियान को जिले के प्रत्येक गांव, परिक्षेत्र और तहसील स्तर तक पहुंचाएगा। समाज के सभी पदाधिकारियों एवं युवाओं को इस अभियान से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाया जाएगा, ताकि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उन्हें वृक्ष बनाने का जनआंदोलन बन सके।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक असंतुलन से निपटने का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, जिला साहू संघ के संरक्षक भागवत साहू, जिलाध्यक्ष नोबल साहू, महामंत्री नीलमणि साहू, डॉ. महेश साहू, तहसील अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, नगर अध्यक्ष राजेश साहू, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, सुंदरा सरपंच हीपेंद्र साहू, टेड़ेसरा सरपंच खिलेश्वर साहू, भेड़ीकला के पूर्व सरपंच कृष्णा साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधरोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम की जानकारी जिला साहू संघ के नव नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के सचिव परदेशी राम साहू ने दी।

Continue Reading

राजनांदगांव

आसिफ अली की पहल पर रेलवे ने हटाई नाली की दीवार, अंडरब्रिज क्षेत्र में जलनिकासी बहाल

Published

on

राजनांदगांव। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन रेलवे अंडरब्रिज के पास जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई थी। पानी निकासी बाधित होने से गंदा पानी आसपास के रहवासियों के घरों में घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
समस्या की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली ने स्टेशन प्रबंधक श्री बर्मन से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा नाली पर दीवार बना दिए जाने के कारण बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा है और लोगों के घरों में भर रहा है।
शिकायत मिलते ही स्टेशन प्रबंधक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रेलवे कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने नाली पर बनी दीवार को तोड़कर पानी निकासी की व्यवस्था बहाल कर दी, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर हो गई।
रेलवे की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय रहवासियों को राहत मिली। लोगों ने जनहित में तत्काल कदम उठाने के लिए रेलवे प्रशासन तथा समस्या को प्रमुखता से उठाने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली की सराहना की।

Continue Reading

राजनांदगांव

विपिन यादव ने संगठन सुदृढ़ीकरण के लिए की अहम नियुक्तियां, महामंत्रियों को मिली ब्लॉकों की जिम्मेदारी

Published

on

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव ने जिले में महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियां की हैं। जारी आदेश के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रितेश जैन को जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्रियों को विभिन्न ब्लॉकों का प्रभारी बनाया गया है। इसके तहत महेंद्र यादव को राजनांदगांव ग्रामीण, पंकज बांधव को घुमका, हेमंत बैष्णव को डोंगरगढ़ (ग्रामीण), राजकुमार सिन्हा को डोंगरगढ़ (शहर), रवि साहू को एलबी नगर, राजू सिंह राजपूत को छुरिया, शिशुपाल भारती को कुमरदा तथा चुम्मन साहू को डोंगरगांव ब्लॉक का प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी महामंत्री राहुल तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अनीस खान ने बताया कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाना है। नियुक्त सभी ब्लॉक प्रभारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों, अभियानों एवं संगठनात्मक गतिविधियों का अपने-अपने ब्लॉकों में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही वे अपने प्रभार क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ सतत समन्वय बनाए रखने तथा बूथ, पंचायत एवं वार्ड स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को गति देंगे। वहीं जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी रितेश जैन जिले में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समन्वय तथा कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण का दायित्व निभाएंगे।
अनीस खान ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान निरंतर जारी है। इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को अधिक सक्रिय एवं अनुशासित बनाते हुए जनता से निरंतर संवाद स्थापित करना, गांव-गांव तक कांग्रेस की पहुंच को सशक्त करना तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि आने वाले समय में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी भूमिका निभा सके।
उन्होंने बताया कि इन सभी नियुक्तियों की सूचना विधिवत छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रेषित कर दी गई है। विश्वास है कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में सभी नियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए जिले में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं गतिशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Continue Reading

Trending