राजनांदगांव
घुमका की ऐतिहासिक जीत लेकर रायपुर पहुंचे विपिन यादव, शीर्ष नेतृत्व से की सौजन्य भेंट
राजनांदगांव। घुमका नगर पंचायत के ऐतिहासिक चुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत के बाद जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विपिन यादव एवं विधायक हर्षिता स्वामी बघेल के नेतृत्व में नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष फूलमती वर्मा, विजयी पार्षदगण एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने रायपुर पहुंचकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज एवं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत से सौजन्य भेंट की।
जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता अनीस खान ने बताया कि कांग्रेस शासनकाल में घोषित घुमका नगर पंचायत के प्रथम चुनाव में क्षेत्र की जनता ने कांग्रेस पार्टी पर विश्वास जताते हुए अध्यक्ष पद पर फूलमती वर्मा को विजयी बनाया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर पहुंचकर शीर्ष नेतृत्व से सौजन्य भेंट की, उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा घुमका की विजय के पीछे संगठनात्मक एकजुटता और कार्यकर्ताओं के योगदान पर विस्तार से चर्चा की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, पार्षदगण, जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा सरकार, उसके मंत्री, विधायक और संगठन की पूरी चुनावी ताकत मैदान में होने के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुटता और संघर्ष के बल पर भाजपा को पराजित किया है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम बताता है कि प्रदेश की जनता भाजपा की नीतियों से त्रस्त हो चुकी है और बदलाव का वातावरण तैयार हो रहा है।
श्री बैज ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव को अध्यक्षीय कार्यकाल के प्रथम चुनाव में सफलता प्राप्त करने पर विशेष बधाई देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत का यह परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी इसी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
श्री बैज ने चुनाव में पराजित प्रत्याशियों से भी चर्चा कर उनका मनोबल बढ़ाया और कहा कि वे अपने-अपने वार्डों में जनता के बीच सक्रिय रहकर जनसंपर्क बनाए रखें तथा विकास कार्यों में अपनी भूमिका निभाते रहें।
इस दौरान विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने प्रदेश अध्यक्ष को चुनावी परिस्थितियों, कार्यकर्ताओं के संघर्ष और चुनावी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने वार्ड क्रमांक 14 से विजयी निर्दलीय पार्षद संतोष गंधर्व का परिचय भी कराया। संतोष गंधर्व ने कांग्रेस की विचारधारा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए नगर के विकास के लिए कांग्रेस नेतृत्व के साथ मिलकर कार्य करने की बात कही।
इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत से भेंट की। महंत ने सभी विजयी जनप्रतिनिधियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि विपक्ष में रहते हुए यदि संगठन एकजुट होकर चुनाव लड़ता है तो जीत निश्चित होती है। उन्होंने कहा कि घुमका की जीत कांग्रेस की संगठनात्मक शक्ति, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है। इसी एकता और समर्पण को बनाए रखते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को पराजित करना होगा।
भेंट के दौरान प्रदेश कांग्रेस महामंत्री थानेश्वर पाटिला, पूर्व विधायक भुनेश्वर बघेल, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान, पदम कोठारी, जिला महामंत्री राहुल तिवारी, पंकज बांधव, जिला प्रवक्ता अनीस खान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राममूरत वर्मा, आफताब आलम, जय वर्मा, विष्णु लोधी, पियूष दुबे, दानीराम, अमित अग्रवाल, खेमचंद सहित सभी नवनिर्वाचित पार्षदगण एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
अपराध
7 माह की गर्भावस्था से खुला दुष्कर्म का मामला, दिव्यांग युवती से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव। डोंगरगांव थाना पुलिस ने दिव्यांग युवती से दुष्कर्म के मामले में आरोपी कमल नारायण साहू (24) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब युवती के पेट में सूजन आने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और जांच में उसके सात माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
पुलिस के अनुसार परिजनों की शिकायत पर 24 जुलाई को थाना डोंगरगांव में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(के) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में तत्काल जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि पीड़िता बोलने में असमर्थ है। ऐसे में उसका बयान सीआरसी सेंटर के सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ (दुभाषिया) की मदद से दर्ज कराया गया। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपी कमल नारायण साहू, निवासी ग्राम तुमडीलेवा, थाना डोंगरगांव की पहचान कर उसे उसके घर से हिरासत में लिया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, उपनिरीक्षक देवकुमार रावटे और प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
राजनांदगांव
570 से ज्यादा सरकारी सेवाएं अब एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर, सेवा सेतु व्यवस्था को बनाएगा ज्यादा जवाबदेह : कलेक्टर
राजनांदगांव। जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी की ओर से शनिवार को पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आधार, सेवा सेतु और कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालकों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के संचालकों ने भाग लिया। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने कहा कि शासन की सेवाओं को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और आम लोगों तक आसान तरीके से पहुंचाने के लिए सेवा सेतु महत्वपूर्ण पहल है।
कलेक्टर ने बताया कि सेवा सेतु के माध्यम से आय, जाति, निवास, विवाह प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और राजस्व समेत 570 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई गई हैं। इससे नागरिकों को समयबद्ध और सरल सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि सभी संचालक जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने सीएससी संचालकों को निर्देश दिए कि केंद्रों पर आवश्यकतानुसार कंप्यूटर ऑपरेटर की व्यवस्था करें और विभिन्न सेवाओं के लिए जरूरी दस्तावेजों की सूची प्रदर्शित करें। इससे कार्यों में एकरूपता आएगी, आवेदन निरस्त होने की संभावना कम होगी और लोगों का विश्वास बढ़ेगा। एसडीएम और तहसीलदारों को भी लंबित एवं निरस्त प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
कार्यशाला में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का भी उल्लेख करते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीएससी संचालकों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि भ्रामक जानकारी फैलाने या लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
स्टेट प्रोजेक्ट मैनेजर (आधार) प्रभात सिंह ने दस्तावेजों के सही सत्यापन और समय पर अपलोडिंग पर जोर दिया। जिला ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक सौरभ मिश्रा ने बताया कि पहले सीमित सेवाएं उपलब्ध थीं, लेकिन अब विभिन्न विभागों को जोड़कर 570 सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से तीनों जिलों में प्राप्त आवेदनों और सेवाओं की प्रगति की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में यूआईडीएआई हैदराबाद के खुर्शीद आलम, सीएससी राज्य प्रमुख जयनारायण पटेल, सीएससी प्रोजेक्ट मैनेजर नीरज हरदेव, अपर कलेक्टर सी.एल. मारकंडेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आधार, सेवा सेतु और सीएससी संचालकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
राजनांदगांव
गंज चौक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के जीर्णोद्धार कार्य का महापौर ने किया निरीक्षण
राजनांदगांव। नगर निगम की आय बढ़ाने और पुराने व्यावसायिक परिसरों को पुनर्जीवित करने की पहल के तहत गंज चौक स्थित निगम स्वामित्व वाले शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के जीर्णोद्धार कार्य का शनिवार को महापौर मधुसूदन यादव ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार को मरम्मत कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
महापौर ने निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम, निगम अध्यक्ष टोपेंद्र सिंह पारस वर्मा, पार्षद मनोहर यादव और पूर्व पार्षद विजय राय के साथ कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लंबे समय से यह व्यवसायिक परिसर जर्जर स्थिति में था, जिसे फिर से उपयोगी बनाने के लिए व्यापक जीर्णोद्धार कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि कॉम्प्लेक्स की सफाई के बाद मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके तहत प्लास्टर, पुट्टी, पेंट, रेलिंग, सीढ़ियां और विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। साथ ही परिसर के बाहर नाली और पुलिया निर्माण के अलावा पेवर ब्लॉक भी लगाए जाएंगे, ताकि परिसर का बेहतर उपयोग हो सके।
महापौर यादव ने अधिकारियों और ठेकेदार से कहा कि कार्य में अतिरिक्त श्रमिक लगाकर निर्माण की गति बढ़ाई जाए तथा प्रतिदिन मॉनिटरिंग कर गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि जीर्णोद्धार पूरा होने के बाद दुकानों की नीलामी की जाएगी, जिससे नगर निगम की आय में वृद्धि होगी।
निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने भी तकनीकी अमले को निर्देशित किया कि मरम्मत कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आने पाए और तय समय-सीमा में कॉम्प्लेक्स का जीर्णोद्धार पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे सहित तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे।
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एशियन गेम्स में आब्सर्वर बनाये गये।*
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के रॉ टेलेंटेड बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।*
-
राजनांदगांव3 years agoविषयवार हो शिक्षकों की भर्ती, हाईकोर्ट में याचिका दायर, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने दर्ज की याचिका
-
राजनांदगांव4 years agoछत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी संघ भी हुआ शामिल
-
छत्तीसगढ़3 years agoसरकारी स्कूलों को बंद करने की साजिश, राज्यपाल करें हस्ताक्षेप : क्रिष्टोफर पॉल
-
राजनांदगांव3 years agoहेडमास्टर बनाने में हद पार, पैसे दो और मनचाहे स्कूल में जाओ
-
राजनांदगांव3 months agoघुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
-
राजनांदगांव5 years ago
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव। धारा 144 लागू किसी प्रकार के आयोजन, रैली, सामाजिक तथा अन्य आयोजन प्रतिन्धित
