Connect with us

राजनांदगांव

अवैध प्‍लॉटिंग करने वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा पार्षद दल ने सौंपा ज्ञापन

Published

on

अवैध प्‍लॉटिंग करने वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा पार्षद दल ने सौंपा ज्ञापन

दर दर की ठोकरें खाने मजबूर है ठगे गए जमीन खरीददार – किशुन यदु

 

राजनांदगांव : नगर पालिक निगम राजनांदगांव सीमा क्षेत्र में अवैध प्‍लाटिंग और कॉलोनियों के निर्माण को लेकर नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने तत्‍कालीन कलेक्‍टर द्वारा शुरु की गई मुहिम की याद दिलाई है। आयुक्‍त आशुतोष चतुर्वेदी को ज्ञापन सौंपते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अवैध प्‍लाटिंग के विषय को लेकर पूर्व में दंडात्‍मक कार्रवाई किए जाने के आदेश जारी हुए थे। इन आदेशों के बावजूद निगम ने खानापूर्ति कर इसे पूरे मामले को ठंडे बस्‍ते में डाल दिया है। राजस्‍व विभाग की भूमिका समझ से परे है। जानकारी दी जाती है कि अवैध कॉलोनाईजरों की सूची तैयार की गई है लेकिन इस सूची में शामिल नामों पर कार्रवाई हुई या नहीं इसे लेकर कोई स्‍पष्‍टीकरण नहीं मिलता।

 

निगम के नेता प्रतिपक्ष यदु ने कहा कि, निगम और राजस्‍व अमले द्वारा अवैध प्‍लाटिंग के खिलाफ कड़े कदम न उठाए जाने से इनकी तादाद और बढ़ रही है। निगम सीमा में नवागांव, ढाबा, मोतीपुर, चिखली, शंकरपुर, शांति नगर, गौरी नगर, रामनगर, लखोली, कन्‍हारपुरी, नंदई, सिंगदई, मोहारा, हल्‍दी, बसंतपुर, रेवाडीह पेंड्री और ममता नगर इलाकों में धड़ल्‍ले से अवैध प्‍लाटिंग की जा रही है। यह कॉलोनाईज़र लोगों को ठग कर जमीनें बेच रहे हैं। जमीन खरीददार जब भवन अनुज्ञा, नल – बिजली कनेक्‍शन जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए निगम पहुंचते हैं तब उन्‍हें जमीन के अवैध विक्रय की जानकारी मिलती है। इसके बाद खरीददार दर-दर की ठोकरें खाता है। लोगों को होने वाली इस असुविधा के लिए कई हद तक निगम प्रशासन जिम्‍मेदार है।

 

यदु ने स्‍पष्‍ट किया कि, आयुक्‍त को सौंपे गए ज्ञापन में उन्‍होंने अवैध कॉलोनाईजरों के खिलाफ जल्‍द कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्‍होंने कहा कि हमारा उद्देश्‍य है कि लोगों को छला न जाए और निगम व शासन को मिलने वाला राजस्‍व जनहित में उपयोगी साबित हो। उन्‍होंने कहा कि अवैध प्‍लाटिंग का गोरखधंधा शहर में जोर-शोर से जारी है। जिस पर लगाम कसने की जरुरत है। उन्‍होंने कहा कि निगम प्रशासन इस भूल में न रहे कि हम हाथ पर हाथ धरे बैठे रहेंगे। हमने ज्ञापन सौंपा है और निगम को इस इस पर जल्‍द कार्रवाई करनी होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद सुश्री मणी भास्‍कर गुप्‍ता, शरद सिन्‍हा, श्रीमती मधु बैद, पारस वर्मा, रानू जैन, अरुण देवांगन, अजय छैदेया, कमलेश बंधे, अरुण साहू, सेवक उईक, दुर्गेश यादव व अरुण दामले भी मौजूद रहे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

पुतला उठाने का अधिकार भाजपा कार्यकर्ता को किसने दिया? : विपिन यादव

Published

on

राजनांदगांव। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव ने पूर्व सांसद एवं महापौर मधुसूदन यादव तथा भाजपा नेताओं के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा पूरे मामले में जनता का ध्यान असली मुद्दे से भटकाने का प्रयास कर रही है। छुरिया में कांग्रेस का कार्यक्रम पूर्व घोषित था तथा इसकी विधिवत सूचना प्रशासन को दी गई थी। छात्रों के हित, नीट परीक्षा में अनियमितताओं एवं शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित शांतिपूर्ण कार्यक्रम के दौरान भाजपा के एक कार्यकर्ता द्वारा कांग्रेस के वाहन में रखा पुतला उठाकर ले जाने का प्रयास किया गया, जिससे अनावश्यक विवाद की स्थिति निर्मित हुई।
विपिन यादव ने कहा कि भाजपा पहले यह बताए कि दूसरे दल के कार्यक्रम में घुसकर उसका पुतला उठाने का अधिकार उसके कार्यकर्ता को किसने दिया? आश्चर्य की बात है कि भाजपा आज कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की मांग कर रही है, जबकि सबसे पहले भाजपा के जिला अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं को उस भाजपा कार्यकर्ता के विरुद्ध संगठनात्मक अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी चाहिए, जिसने कांग्रेस के पूर्व घोषित कार्यक्रम में हस्तक्षेप कर पूरे विवाद को जन्म दिया। यही स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा और राजनीतिक मर्यादा है।
उन्होंने कहा कि महापौर मधुसूदन यादव पुतले के स्वामित्व और कीमत की बात कर रहे हैं, जबकि मूल प्रश्न यह है कि दूसरे दल के कार्यक्रम में हस्तक्षेप कर विवाद पैदा करने की अनुमति किसने दी? यदि कल कांग्रेस का कोई कार्यकर्ता भाजपा के कार्यक्रम में घुसकर उनका पुतला या अन्य सामग्री उठा ले जाए, तो क्या भाजपा उसे भी उचित ठहराएगी?
विपिन यादव ने कहा कि पूर्व महिला विधायक श्रीमती छन्नी साहू को सार्वजनिक रूप से जूते-चप्पल दिखाना क्या भाजपा की संस्कृति है या भारतीय संस्कृति? क्या यही भाजपा का नारी सम्मान है? यदि भाजपा वास्तव में महिलाओं के सम्मान की पक्षधर है तो उसे इस शर्मनाक कृत्य की खुले मंच से निंदा करनी चाहिए। भाजपा के नेताओं को यह भी बताना चाहिए कि क्या स्वतंत्र भारत के इतिहास में कांग्रेस के किसी कार्यकर्ता ने कभी भाजपा या किसी अन्य दल के पूर्व घोषित कार्यक्रम में घुसकर इस प्रकार का विवाद खड़ा किया है? यदि नहीं, तो छुरिया की घटना की शुरुआत किसने की, इसका उत्तर भी भाजपा को देना चाहिए।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राहुल तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक लड़ाई जनता के बीच लड़ी जाती है, दूसरे दल के कार्यक्रम में अराजकता फैलाकर नहीं। कांग्रेस किसी भी निष्पक्ष जांच से नहीं डरती, लेकिन भाजपा कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की मांग करने के बजाय पहले अपने उस कार्यकर्ता पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करें, जिसने पूरे विवाद को जन्म दिया, यदि भाजपा वास्तव में संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वस्थ राजनीतिक परंपराओं में विश्वास करती है, तो उसे दोषी कार्यकर्ता के विरुद्ध कार्रवाई कर सार्वजनिक रूप से यह संदेश देना चाहिए कि किसी भी राजनीतिक दल के लोकतांत्रिक कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न करना स्वीकार्य नहीं है।

Continue Reading

अपराध

7 माह की गर्भावस्था से खुला दुष्कर्म का मामला, दिव्यांग युवती से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

Published

on

राजनांदगांव। डोंगरगांव थाना पुलिस ने दिव्यांग युवती से दुष्कर्म के मामले में आरोपी कमल नारायण साहू (24) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब युवती के पेट में सूजन आने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और जांच में उसके सात माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई।

पुलिस के अनुसार परिजनों की शिकायत पर 24 जुलाई को थाना डोंगरगांव में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(के) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में तत्काल जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान सामने आया कि पीड़िता बोलने में असमर्थ है। ऐसे में उसका बयान सीआरसी सेंटर के सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ (दुभाषिया) की मदद से दर्ज कराया गया। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपी कमल नारायण साहू, निवासी ग्राम तुमडीलेवा, थाना डोंगरगांव की पहचान कर उसे उसके घर से हिरासत में लिया।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, उपनिरीक्षक देवकुमार रावटे और प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Continue Reading

राजनांदगांव

570 से ज्यादा सरकारी सेवाएं अब एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर, सेवा सेतु व्यवस्था को बनाएगा ज्यादा जवाबदेह : कलेक्टर

Published

on

राजनांदगांव। जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी की ओर से शनिवार को पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आधार, सेवा सेतु और कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालकों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के संचालकों ने भाग लिया। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने कहा कि शासन की सेवाओं को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और आम लोगों तक आसान तरीके से पहुंचाने के लिए सेवा सेतु महत्वपूर्ण पहल है।

कलेक्टर ने बताया कि सेवा सेतु के माध्यम से आय, जाति, निवास, विवाह प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और राजस्व समेत 570 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई गई हैं। इससे नागरिकों को समयबद्ध और सरल सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि सभी संचालक जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करें।

उन्होंने सीएससी संचालकों को निर्देश दिए कि केंद्रों पर आवश्यकतानुसार कंप्यूटर ऑपरेटर की व्यवस्था करें और विभिन्न सेवाओं के लिए जरूरी दस्तावेजों की सूची प्रदर्शित करें। इससे कार्यों में एकरूपता आएगी, आवेदन निरस्त होने की संभावना कम होगी और लोगों का विश्वास बढ़ेगा। एसडीएम और तहसीलदारों को भी लंबित एवं निरस्त प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।

कार्यशाला में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का भी उल्लेख करते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीएससी संचालकों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि भ्रामक जानकारी फैलाने या लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

स्टेट प्रोजेक्ट मैनेजर (आधार) प्रभात सिंह ने दस्तावेजों के सही सत्यापन और समय पर अपलोडिंग पर जोर दिया। जिला ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक सौरभ मिश्रा ने बताया कि पहले सीमित सेवाएं उपलब्ध थीं, लेकिन अब विभिन्न विभागों को जोड़कर 570 सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से तीनों जिलों में प्राप्त आवेदनों और सेवाओं की प्रगति की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम में यूआईडीएआई हैदराबाद के खुर्शीद आलम, सीएससी राज्य प्रमुख जयनारायण पटेल, सीएससी प्रोजेक्ट मैनेजर नीरज हरदेव, अपर कलेक्टर सी.एल. मारकंडेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आधार, सेवा सेतु और सीएससी संचालकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Continue Reading

Trending