Connect with us

राजनांदगांव

मलेरिया की रोकथाम के लिए गांव-गांव में होंगे जागरुकता कार्यक्रम

Published

on

राजनांदगांव। मलेरिया के कारण, लक्षण व इससे बचाव के उपाय से संबंधित जागरुकता कार्यक्रम आयोजित कर जिले में 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम की संयुक्त पहल पर जन-जागरुकता रैली भी निकाली जाएगी, ताकि मलेरिया से बचाव हेतु लोगों को सतर्क किया जा सके।
मलेरिया एक गंभीर बीमारी है, जो मच्छर के काटने से फैलती है और विश्व की स्वास्थ्य समस्याओं में यह अभी भी एक गंभीर चुनौती है। पिछले दो दशकों में मलेरिया के उन्मूलन के लिए चलाए गए वैश्विक कार्यक्रमों से इस गंभीर बीमारी के आंकड़ों में कमी तो आई है, लेकिन अभी भी इस पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका है। इस पर संपूर्ण नियंत्रण के लिए जारी प्रयासों के क्रम में हर साल 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस मनाया जाता है। विश्व मलेरिया दिवस के अवसर इस साल भी स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की ओर से जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मलेरिया विभाग की जिला सलाहकार संगीता पांडेय ने बतायाः राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत भी जिले में मलेरिया, डेंगू व फाइलेरिया रोग उन्मूलन के लिए जिले में कई जन-जागरुकता के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिले के विकासखण्डों, संवेदनशील गांवों, महाराष्ट्र व मध्यप्रदेश के सीमावर्ती सभी गांवों, सीआरपीएफ, आईटीबीपी कैम्प तथा पुलिस चौकी जैसे अन्य स्थानों पर मलेरिया उन्मूलन के लिए समय-समय पर गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। जिले के चिन्हित विकासखण्ड मानपुर-मोहला, खैरागढ़ व छुईखदान के अति संवेदनशील ग्रामों में मलेरिया, डेंगू एवं अन्य कीटनाशक बीमारियों से बचाव हेतु मच्छरदानी का उपयोग सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में हर वर्ष मच्छरदानियों का वितरण किया गया है। मच्छरदानी का उपयोग करने हेतु जन-जागरूकता के लिए मितानिन भी आवश्यक जिम्मेदारी निभा रही हैं। वे हर शाम 7 बजे सीटी बजाकर लोगों को मच्छरदानी लगाने की याद दिलाती हैं।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बताया, मलेरिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग के द्वारा हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। मलेरिया से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियों का प्रचार-प्रसार करने के लिए समय-समय पर जागरुकता कार्यक्रम किए जाते हैं। विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम की ओर से संयुक्त जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। अस्पतालों में जांच शिविर लगाए जाएंगे तथा मलेरिया जागरुकता रथ भी निकाला जाएगा। उन्होंने अपील की है कि तेज बुखार, बदन दर्द, सिरदर्द, उल्टी, शरीर पर दाने, नाक से खून आना या उल्टी में खून आना जैसी कोई भी शिकायत होने पर तुरंत निकट के स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं, ताकि शीघ्र बेहतर उपचार किया जा सके। साथ ही हमेशा मच्छरदानी लगाकर सोने की आदत डालें। मच्छर न पनप सके, इसलिए घर के आसपास को साफ सुथरा रखें।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

जिला साहू संघ चुनाव : उपाध्यक्ष प्रत्याशी ओमप्रकाश साहू ने मांगा आशीर्वाद, संगठन-अनुभव और समाजसेवा को लेकर उतरेंगे मैदान में

Published

on

राजनांदगांव। जिला साहू संघ के आगामी त्रिवार्षिक चुनाव को लेकर समाज में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में उपाध्यक्ष पद के मजबूत दावेदार ओमप्रकाश साहू (ग्राम एवं परिक्षेत्र पदुमतरा) ने समाज के मतदाताओं से संपर्क साधते हुए समर्थन और आशीर्वाद की अपील की है। लंबे समय से सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहने के कारण समाज के विभिन्न वर्गों में उनके प्रति सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है।

श्री साहू के पास राष्ट्रीय से लेकर स्थानीय स्तर तक काम करने का लंबा अनुभव है। वे वर्तमान में अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा (युवा प्रकोष्ठ), नई दिल्ली में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य हैं।

दो बार संभाल चुके हैं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष का जिम्मा
ओमप्रकाश साहू का संगठनात्मक ट्रैक रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है। वे दो बार प्रदेश साहू संघ (युवा प्रकोष्ठ), रायपुर में कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व निभा चुके हैं। इसके अलावा जिला साहू संघ राजनांदगांव के युवा प्रकोष्ठ में भी कार्यकारी अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों पर रहकर उन्होंने युवाओं को संगठन से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई है।

जनप्रतिनिधि और धार्मिक क्षेत्र का भी अनुभव
पूर्व जनपद सभापति: सामाजिक कार्यों के साथ-साथ उन्हें प्रशासनिक और जनप्रतिनिधि के रूप में भी काम का अच्छा अनुभव है। वे पूर्व में जनपद पंचायत राजनांदगांव के सभापति रह चुके हैं।

राम मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष: धार्मिक क्षेत्र में सक्रियता दिखाते हुए वे वर्तमान में श्री राम मंदिर ट्रस्ट समिति, पदुमतरा के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जहां वे सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने का कार्य कर रहे हैं।

समाज की एकता और युवाओं की शिक्षा पर फोकस
ओमप्रकाश साहू का विजन: उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी ओमप्रकाश साहू का कहना है कि यदि समाज उन्हें अवसर देता है, तो वे समाज की एकजुटता, युवाओं के विकास, शिक्षा के प्रोत्साहन और संगठन को और अधिक पारदर्शी व सशक्त बनाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे। उनका मुख्य लक्ष्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।

14 जून को क्रमांक (4) पर मुहर लगाने की अपील
श्री साहू ने जिला साहू संघ के सभी सम्मानित मतदाताओं से विनम्र निवेदन किया है कि आगामी 14 जून को होने वाले चुनाव में उपाध्यक्ष पद के लिए क्रमांक (4) पर मुहर लगाकर उन्हें विजयी बनाएं। उन्होंने भरोसा जताया कि समाज उनके अनुभव और सेवा भाव को देखते हुए अपना अमूल्य वोट जरूर देगा।

Continue Reading

राजनांदगांव

किराए के मकान की घुटन से मिली मुक्ति, पीएम आवास ने संवारा ऑटो मैकेनिक का आशियाना

Published

on

राजनांदगांव। “किराए के घर को कितना भी संवारो या सजाओ, वह हमेशा पराया ही रहता है। जब बारिश होती थी, तो मकान मालिक हमें कपड़े सुखाने तक की जगह नहीं देते थे। बच्चों के खेलने पर पाबंदी थी और हर छोटी बात पर विवाद होता था। उमस भरे उस छोटे से कमरे में पूरा परिवार घुट-घुट कर जीता था। लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना ने हमारी जिंदगी बदल दी और आज हमारा स्वयं का सुंदर आशियाना है।” यह भावुक कर देने वाले बोल शंकरपुर निवासी श्रीमती आशा पराते के हैं, जिनका परिवार अब अपने खुद के पक्के मकान में सुकून की जिंदगी बसर कर रहा है।

दरअसल, आशा के पति संतोष कुमार पराते पेशे से ऑटो मैकेनिक हैं। कम आय होने के कारण पत्नी और तीन बच्चों के इस छोटे से परिवार के लिए खुद का मकान बनाना एक बेहद चुनौतीपूर्ण सपना था।

खर्चों में कटौती कर खरीदी जमीन, फिर योजना से मिली मदद
संतोष पराते ने विपरीत परिस्थितियों के बीच हार नहीं मानी। अपने छोटे बेटे ऋषभ के जन्म के बाद उन्होंने और उनकी पत्नी ने पेट काटकर, अपने दैनिक खर्चों में भारी कटौती की। बूंद-बूंद से घड़ा भरने की तर्ज पर उन्होंने पैसे जोड़े और साल 2023 में एक छोटा सा जमीन का टुकड़ा खरीदा। जमीन खरीदने के बाद पक्का मकान बनाने के लिए उन्होंने नगर पालिक निगम में आवेदन किया। कुछ ही दिनों के भीतर उन्हें ‘प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0’ (शहरी) के तहत मकान बनाने की शासकीय स्वीकृति मिल गई। किस्तों में मिली राशि और खुद की जमापूंजी से आज उनका सर्वसुविधायुक्त पक्का मकान बनकर तैयार है, जिसमें टाइल्स वाले कमरे, सुंदर आंगन और व्यवस्थित किचन है।

राजनांदगांव में तेजी से स्वीकृत हो रहे आवास
योजना की प्रगति: राजनांदगांव शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 शहरी के माध्यम से अब तक कुल 869 आवासों की स्वीकृति बी.एल.सी. (हितग्राही द्वारा स्वयं निर्माण) घटक के तहत शासन से प्राप्त हो चुकी है।

निर्माणाधीन मकान: महापौर श्री मधुसूदन यादव एवं निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा के कुशल मार्गदर्शन में नगर निगम की टीम तेजी से काम कर रही है। अब तक शहर के विभिन्न वार्डों में 54 आवासों का निर्माण पूरी तरह से संपन्न हो चुका है, जबकि 520 आवास निर्माण के विभिन्न चरणों में हैं।

पूरे परिवार ने जताया प्रशासन का आभार:
अब मानसून की आहट के बीच संतोष पराते का परिवार बेहद खुश है। अब उन्हें बारिश में छत टपकने या मकान मालिक की प्रताड़ना का कोई डर नहीं है। अपनी खुशियों को साझा करते हुए मैकेनिक संतोष और उनकी पत्नी आशा ने देश के नेतृत्व और नगर निगम की पूरी टीम को सहृदय धन्यवाद दिया है, जिनकी वजह से आज उनके बच्चों को अपने घर के आंगन में खुलकर हंसने और खेलने का अधिकार मिला है।

Continue Reading

खेल

महक नरवासे बनीं भारतीय अंडर-19 टीम की उपकप्तान, कलेक्टर ने दी बधाई

Published

on

राजनांदगांव। जिले की प्रतिभाशाली क्रिकेटर महक नरवासे को भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें टी-20 और वनडे दोनों प्रारूपों में टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है।

इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव एवं वनमंडलाधिकारी श्री आयुष जैन ने महक नरवासे को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने कहा कि महक ने अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण से जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।

कलेक्टर ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि महक की यह सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास और लगन से किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

उल्लेखनीय है कि भारत और श्रीलंका के बीच अंडर-19 महिला टीम की टी-20 श्रृंखला 22 जून से शुरू होगी, जिसके बाद वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। महक नरवासे दोनों प्रारूपों में उपकप्तान की भूमिका निभाएंगी।

महक की इस उपलब्धि से जिले में खेल प्रेमियों और नागरिकों में उत्साह का माहौल है तथा उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

Continue Reading

Trending