राजनांदगांव
तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ का 7वां अधिवेश संपन्न, जीआर चंद्रा चुने गये प्रदेश अध्यक्ष
राजनांदगांव। गत् दिनों दुर्ग के खालसा पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल के हाल में छग प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ का सातवां अधिवेशन अरूण वोरा (विधायक) एवं धीरज बाकलीवाल (महापौर) के मुख्य आतिथ्य में तथा संरक्षकगण शालिक सिंह ठाकुर, पीआर यादव, विजय झा, एमपी आड़े, नंदू शर्मा के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ, जिसकी अध्यक्षता संघ के प्रदेशाध्यक्ष अजय तिवारी ने की। अतिथियों के स्वागत उपरांत अधिवेशन में उपस्थित प्रदेश के 30 जिले के अध्यक्षों और विभागीय उप समिति के जिला संयोजक के सामूहिक प्रस्ताव अनुसार बिलासपुर जिला के अध्यक्ष जीआर चंद्रा को संघ का प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया गया, जो कि वर्तमान अध्यक्ष के आगामी अगस्त माह में सेवानिवृत्ति उपरांत कार्यभार ग्रहण करेंगे।
इस अवसर पर प्रमुख अतिथियों सहित उमेश मुदलियार प्रदेश महामंत्री, संजय शर्मा संभागीय अध्यक्ष, मनोहर लोचनम प्रांतीय संयोजक-वन प्रकोष्ठ अध्यक्ष, नरेश वाढेर, बाबा चौहान दुर्ग संरक्षक, विजय लहरे दुर्ग अध्यक्ष आदि वक्ताओं ने देय तिथि से केन्द्र के समान 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता तथा सातवां वेतनमान पर गृहभाड़ा भत्ता दिए जाने की मांग के समर्थन में 25 से 29 जुलाई तक सामूहिक अवकाश लेकर कलम बंद-काम बंद आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशेष तौर पर उपस्थित हुए कर्मचारी-अधिकारी फैडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा व प्रांतीय सचिव-प्रदेश प्रभारी राजेश चटर्जी ने भी अधिवेशन को संबोधित किया। कमल वर्मा ने अपने वक्तव्य में उपस्थित साथियों को संबोधित करते हुए कहा कि छग प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ का अपना एक विशिष्ट पहचान रही है कि जब कोई कर्मचारी फैडरेशन के बारे में बोलते हैं तो कहते हैं कि कौन सी वाली, पीआर यादव वाली, विजय झा वाली, अजय तिवारी वाली फैडरेशन, तो यह स्थान है तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ का। फैडरेशन का निर्माण करने में तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इस संघ के नाम अविभाजित मध्यप्रदेश से लेकर अब तक कर्मचारी हितों को लेकर संघर्ष का लंबा इतिहास दर्ज है।
अधिवेशन में सभी उपस्थित अध्यक्षों, वरिष्ठजनों आदि को शाल श्रीफल व मोमेंटो स्मृति चिह्न भेंट कर सत्कार व मान किया गया।
इस अवसर पर राजनांदगांव शाखा से अध्यक्ष अरूण देवांगन, हरीश भाटिया, सचिव आनंद कुमार श्रीवास्तव, मोहला-मानपुर-चौकी शाखा अध्यक्ष आरके महानदिया, खैरागढ़ शाखा अध्यक्ष सीएस माली, कमलेश ढीमर, यशवंत साहू, रूप सिंह साहू, राजेश कामड़े, खोब्रागढ़े आदि सहित कर्मचारी साथी उपस्थित हुए।
अपराध
घर में अकेली पाकर नाबालिग से दुष्कर्म, तुमडीबोड़ पुलिस ने चंद घंटों में आरोपी को दबोचा
राजनांदगांव। महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस द्वारा चलाए जा रहे कड़े अभियान के तहत तुमडीबोड़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। घर में अकेली पाकर 17 वर्षीय एक नाबालिग बालिका के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सूने मकान का आरोपी ने उठाया फायदा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला तुमडीबोड़ चौकी क्षेत्र के ग्राम धौराभाठा का है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में महिला और बालकों से जुड़े अपराधों पर पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में 14 जून को पीड़िता की मां ने तुमडीबोड़ चौकी पहुंचकर आपबीती सुनाई और लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत के मुताबिक, रविवार को प्रार्थिया अपने पति के साथ किसी काम से राजनांदगांव गई हुई थी। घर पर उनकी 17 वर्षीय बेटी अकेली थी। इसी दौरान सूनेपन का फायदा उठाकर पड़ोस में रहने वाला आरोपी कुणाल जोशी (20 वर्ष) उनके घर में जबरन दाखिल हो गया।
पड़ोसियों ने दी सूचना, कूलर के पीछे छिपा मिला आरोपी
दोपहर करीब 1:00 बजे जब पड़ोसियों को कुछ आहट हुई और घर में किसी अज्ञात व्यक्ति के घुसने का शक हुआ, तो उन्होंने तत्काल फोन पर इसकी सूचना पीड़िता के माता-पिता को दी। सूचना मिलते ही दंपती दोपहर करीब 2:00 बजे आनन-फानन में अपने घर वापस लौटे।
दरवाजा खुलते ही भागा आरोपी
जब माता-पिता घर पहुंचे तो अंदर का दरवाजा बंद था। काफी आवाज देने और खटखटाने के बाद जब दरवाजा खुला, तो भीतर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। संदेह के आधार पर जब घर की तलाशी ली गई, तो आरोपी कुणाल जोशी कमरे में रखे कूलर के पीछे छिपा हुआ पाया गया। जैसे ही माता-पिता ने शोर मचाकर पड़ोसियों को एकत्र किया, आरोपी मौका पाकर वहां से भाग निकला। इसके बाद जब मां ने डरी-सहमी बेटी से पूछताछ की, तो पीड़िता ने रोते हुए आपबीती सुनाई और बताया कि आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती अनाचार किया है।
बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए तुमडीबोड़ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धनीराम नारंगे ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल टीम गठित की। पुलिस ने आरोपी कुणाल जोशी के खिलाफ अपराध क्रमांक 258/26, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 64 तथा धारा 04 पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की मुस्तैदी के कारण घेराबंदी कर आरोपी को चंद घंटों के भीतर ही उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया गया। वैधानिक कार्रवाई पूरी होने के बाद सोमवार को आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय के आदेश पर उसे जेल दाखिल कर दिया गया है।
सराहनीय भूमिका: इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धनीराम नारंगे, सहायक उपनिरीक्षक चुन्नीलाल साहू, आरक्षक लोकेश कुमार साहू, महिला आरक्षक रानी साहू, महिला आरक्षक पूनम बैस तथा तुमडीबोड़ चौकी स्टाफ की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही।
राजनांदगांव
नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा की तैयारियां तेज, 21 जून को होगी परीक्षा, 6 केंद्रों में 1982 परीक्षार्थी शामिल होंगे
राजनांदगांव। जिले में नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में केंद्राध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर परीक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में बताया गया कि नीट (यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित होगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक संपन्न होगी, जबकि परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। जिले में कुल 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 1982 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा की तैयारियों को परखने के लिए 20 जून को सभी परीक्षा केंद्रों में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसमें प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, तकनीकी व्यवस्थाओं और परीक्षा संचालन से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का परीक्षण किया जाएगा।
अधिकारियों ने केंद्राध्यक्षों को एनटीए द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। परीक्षा सामग्री के सुरक्षित संधारण, पहचान सत्यापन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
बैठक में सभी केंद्राध्यक्षों से आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की गई। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष उपस्थित रहे।
राजनांदगांव
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी शुरू
राजनांदगांव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा महावीर चौक स्थित फ्लाईओवर के नीचे तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। 15 से 17 जून तक चलने वाली इस प्रदर्शनी का शुभारंभ सांसद संतोष पाण्डेय एवं महापौर मधुसूदन यादव ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ली।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश एवं छत्तीसगढ़ में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों को चित्रों और जानकारीपूर्ण प्रदर्शनों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। साथ ही एलईडी स्क्रीन के जरिए भी केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी नागरिकों को दी जा रही है।
प्रदर्शनी में किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को दी गई आर्थिक सहायता, कृषि क्षेत्र में सुधार, ई-नाम पोर्टल का विस्तार, गरीब कल्याण योजनाओं के तहत पक्के आवास निर्माण, मुफ्त राशन वितरण तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों को प्रमुखता से दर्शाया गया है।
देश की सुरक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए रक्षा उत्पादन और निर्यात में हुई वृद्धि, स्वदेशी हथियार निर्माण तथा आधुनिक सैन्य क्षमताओं से संबंधित उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा विश्व के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज, अटल सेतु, राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के विस्तार और वंदे भारत ट्रेनों जैसी अधोसंरचना परियोजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शनी में दी गई है।
फोटो प्रदर्शनी में डिजिटल इंडिया, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, युवा सशक्तिकरण, लखपति दीदी अभियान, पोषण योजनाएं तथा अयोध्या में निर्मित भव्य राम मंदिर सहित विभिन्न विषयों पर आधारित प्रदर्श सामग्री आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा आगंतुकों को जनमन पत्रिका एवं सुशासन के नवीन आयाम पुस्तक का वितरण भी किया जा रहा है। कार्यक्रम में दिनेश गांधी, राजेश श्यामकर, रघु शर्मा, बलवंत साहू, प्रखर श्रीवास्तव, आशुतोष सिंह, ईशान शर्मा, अरविंद बैद, हेतल भोजानी, सज्जन सिंह ठाकुर, सतीश यादव, अश्विनी, परमेश्वर लहरे, मनोज साहू सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एशियन गेम्स में आब्सर्वर बनाये गये।*
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के रॉ टेलेंटेड बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।*
-
राजनांदगांव3 years agoविषयवार हो शिक्षकों की भर्ती, हाईकोर्ट में याचिका दायर, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने दर्ज की याचिका
-
राजनांदगांव4 years agoछत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी संघ भी हुआ शामिल
-
छत्तीसगढ़3 years agoसरकारी स्कूलों को बंद करने की साजिश, राज्यपाल करें हस्ताक्षेप : क्रिष्टोफर पॉल
-
राजनांदगांव3 years agoहेडमास्टर बनाने में हद पार, पैसे दो और मनचाहे स्कूल में जाओ
-
राजनांदगांव1 month agoघुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
-
राजनांदगांव4 years ago
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव। धारा 144 लागू किसी प्रकार के आयोजन, रैली, सामाजिक तथा अन्य आयोजन प्रतिन्धित
