राजनांदगांव
मुख्यमंत्री ने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की घोषणा की
राजनांदगांव। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लाल बहादुर नगर को नगर पंचायत बनाने सहित कई घोषणाएं की है। उन्होंने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में लोगों को शासकीय कार्यक्रमों के क्रियान्वयन से मिल रहे लाभ के बारे में रूबरू जानकारी ली। उन्होंने आज राजनांदगांव जिले के ग्राम लाल बहादुर नगर में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम की शुरूआत वहां के हनुमान मंदिर और सांई मंदिर में पूजा-अर्चना और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर की। मुख्यमंत्री का भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में पहुंचने पर लोगों ने खुमरी पहनाकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में ग्रामीणों से चर्चा के दौरान लोगों की मांग पर लाल बहादुर नगर को नगर पंचायत बनाने, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल शुरू करने, आलिवारा में हाईस्कूल का हायर सेकंडरी स्कूल में उन्नयन व किसान सुविधा केंद्र, मांगीखुटा जलाशय निर्माण, जमारी डायवर्सन क्रमांक 2 के प्रशासकीय स्वीकृति और ग्राम माटेकसा से पिनकापार वृहद पुल निर्माण की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने विभिन्न विभागीय योजनाओं के 77 हितग्राहियों को मोटराइज्ड सायकल, ट्राय सायकल, पोषण किट, सिलाई मशीन, गैस सिलेण्डर, बीज किट आदि वितरण किया।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि विधानसभा में बैठकर हम योजना बनाते हैं। सचिवालय में इस पर बारीकी से कार्य होता है, फिर जिला प्रशासन इसे कार्यान्वित करता है। इन योजनाओं का ठीक से क्रियान्वयन हो रहा है या नहीं, यह जानने के लिए आया हूं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में कार्य कर रही है। सबसे पहले किसानों को भारी भरकम खेती-किसानी के कर्ज से मुक्त करने का फैसला किया। इसके लिए हमने अल्पकालीन कृषि ऋण माफी योजना के माध्यम से किसानों को कर्ज से मुक्ति दिलाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने किसानों के हित में अनेक निर्णय लिए, जिससे किसानों का आत्मविश्वास बढ़ा है। युवा वर्ग खेती-किसानी के प्रति भी रूचि ले रहे है। पंजीकृत किसानों की संख्या और खेती का रकबा भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उत्पाद का सही मूल्य दिलाने के लिए राजीव गांधी किसान न्याय योजना शुरू की है। धान के अलावा कोदो, कुटकी का भी समर्थन मूल्य तय किया है, जिसका लाभ सभी किसानों को मिल रहा है। गन्ना उत्पादन करने वाले किसानों को भी अच्छी कीमत मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भूमिहीन श्रमिकों के लिए भी योजना बनाकर राशि देने का काम किया है। राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना से भूमिहीन श्रमिकों को साल में 7 हजार रूपए दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सार्वभौम पीडीएस से लोगों को आसानी से राशन मिल रहा है। लोगों को खाद्यान्न सुरक्षा देने के लिए चलाई जा रही इस योजना में पात्र लोगों को अब राशन कार्ड बनाना आसान हो गया है।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने चिटफण्ड कंपनियों के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि इन कम्पनियों ने निवेशकों को आर्थिक क्षति पहुंचाई है। उनके द्वारा झूठे वादे किए गये और लोगों को नुकसान पहुंचाया है। राज्य सरकार इन पर लगातार कार्रवाई कर रही है। देश में पहली बार निवेशकों की राशि वापस हुई। छत्तीसगढ़ में ऐसी कार्रवाई पहली बार हुई है, लेकिन यह राहत की शुरूआत है। हम इस पर लगातार काम कर रहे हैं। इन कम्पनियों के कई डाइरेक्टर्स गिरफ्तार हुए हैं। इन कंपनियों की संपत्ति भी खंगाली है। राजनांदगांव जिले में 19 हजार लोगों के 15 करोड़ रुपये वापस भी हुए।
मुख्यमंत्री ने भेंट-मुलाकात के दौरान संवेदनशील पहल करते हुए दुर्लभ बीमारी हीमोफीलिया से ग्रसित दो बच्चों के इलाज के लिए शासन से राशि स्वीकृति करने की सहमति दी। उन्होंने इन बच्चों के पिता माखनलाल से कहा कि बच्चों के इलाज की चिंता हमारी भी है। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर डोमन सिंह को तुरंत इलाज आरम्भ कराने और हरसंभव सहायता के निर्देश दिए। ग्राम छुरिया निवासी माखनलाल निर्मलकर ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके दोनों बच्चे हीमोफीलिया बीमारी से ग्रसित है, जिससे खून का थक्का नहीं जमता है। थोड़ी भी चोट लगती है तो, खून बह जाता है। इन्हें 16-16 हजार रूपए के इंजेक्शन लगते हैं। दो साल पहले बेंगलुरू में इन बच्चों का ऑपरेशन हुआ था। काफी इलाज कराने के बाद भी ठीक नहीं हो रहा है। राजनांदगांव जिले में इस बीमारी के केवल दो ही मरीज हैं। वह गरीब है और आगे का इलाज कराने में समर्थ नहीं है।
मुख्यमंत्री से चर्चा करते हुए निरूपमा माली ने सार्वभौम पीडीएस योजना की प्रशंसा करते हुए बताया कि उनका राशन कार्ड बन गया है। उनके परिवार में कुल 09 सदस्य हैं। प्रति व्यक्ति 7 किलो की दर से 63 किलो चावल मिलता है। चावल के अलावा नमक, शक्कर भी समय पर मिल जाता है। नारायणगढ़ निवासी प्रकाश गंधर्व ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहली बार भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए अलग से योजना बनी है, जिसका लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के तहत आवेदन जमा किया था। इस वर्ष योजना के तहत चारों किस्त मिल गया है। ग्राम बोरतालाब के कार्तिक नंदेश्वर ने किसान हितकारी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना इस साल की 3 किश्त मिल गई है। हम सब आपकी योजनाओं से बहुत खुश हैं। किसानों की ऋण माफी हुई। खेती-किसानी के प्रति लोगों का उत्साह बढ़ा है।
लाल बहादुर नगर की श्रीमती कुलेश्वरी ने गोधन न्याय योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि उसने कभी सोची नहीं थी कि गोबर से भी पैसा मिलेगा। उन्होंने इस योजना के तहत अब तक 13 हजार रूपए का गोबर बेच चुकी हैं। उनके समूह ने 93 हजार का वर्मी कम्पोस्ट खाद और 2 लाख रूपए का केंचुआ बेचा है। इस कमाई से बच्चों के लिए भी समान और अपने लिए जेवर खरीदा है। मुख्यमंत्री ने यह सुनकर चुटकी लेते हुए कहा कि ‘तभे सराफा बाजार में अतका भीड़ दिखत हे’ इस पर श्रीमती कुलेश्वरी मुस्कुराने लगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि खूब कमाओ और अपने परिवार के लिए बढ़िया काम करो।
मुख्यमंत्री से चर्चा करते हुए श्री दुबे लाल ने मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना को जरूरतमंदों के लिए सुविधाजनक बताते हुए कहा कि उन्हें इस योजना से निःशुल्क इलाज की सुविधा मिल रही है। इसके लिए वे हर रविवार को रेंगाकठेरा के साप्ताहिक बाजार में जाते हैं। भेंट-मुलाकात के दौरान अध्यक्ष छत्तीसगढ़ अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण व डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू, अध्यक्ष अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण एवं डोंगरगढ़ विधायक भुनेश्वर बघेल, खुज्जी विधायक श्रीमती छन्नी साहू, अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित नवाज खान, समाजसेवी पदम कोठारी, सचिव मुख्यमंत्री डॉ. एस भारतीदासन, संभागायुक्त दुर्ग महादेव कावरे, आईजी बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर डोमन सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, एसडीएम डोंगरगढ़ गिरीश रामटेके सहित जिला, जनपद और नगर पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
राजनांदगांव
145 पथ विक्रेताओं ने कराया पंजीयन, स्वनिधि महोत्सव में बांटे गए ऋण स्वीकृति पत्र
राजनांदगांव। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को नगर निगम द्वारा टाउन हॉल में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 145 स्ट्रीट वेंडर्स ने ऋण प्राप्त करने के लिए पंजीयन कराया। महापौर मधुसूदन यादव ने विभिन्न बैंकों से स्वीकृत ऋण प्रकरणों के हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के 16 पात्र हितग्राहियों को आवास आबंटन पत्र भी सौंपे गए।
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू की गई पीएम स्वनिधि योजना से पथ विक्रेताओं और छोटे व्यवसायियों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध हो रहा है, जिससे वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर आर्थिक रूप से मजबूत बन रहे हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों से योजना का लाभ लेने की अपील की।
नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि योजना के तहत पहले चरण में 15 हजार, दूसरे चरण में 25 हजार और तीसरे चरण में 50 हजार रुपए तक का ऋण दिया जाता है। नियमित रूप से ऋण चुकाने वाले हितग्राहियों को ब्याज में 7 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ भी मिलता है।
महोत्सव में कुल 145 वेंडर्स ने पंजीयन कराया, जिनमें 90 नए आवेदन शामिल रहे, जबकि 55 लंबित प्रकरणों के हितग्राही भी उपस्थित हुए। महापौर ने निगम अध्यक्ष टोपेंद्र सिंह पारस वर्मा, एमआईसी सदस्यों और पार्षदों की मौजूदगी में हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम में लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि योजना से प्राप्त ऋण ने उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। महोत्सव में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और वेंडर्स के ऋण संबंधी पंजीयन किए।
इस अवसर पर निगम के कार्यपालन अभियंता यूके रामटेके, प्रभारी सहायक अभियंता गरिमा वर्मा, सुषमा साहू सहित निगम अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
राजनांदगांव
अतिक्रमण व गंदगी पर निगम सख्त : फल दुकान का सामान जब्त कर लगाया जुर्माना, 10 दुकानें सील
राजनांदगांव। शहर को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिक निगम ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। निगम के अमले ने गुरुवार को जीई रोड और मोहारा फ्लाई ओवर के पास बड़ी कार्रवाई की। जीई रोड पर मुंदड़ा कुंज के पास सड़क पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने और गंदगी फैलाने वाले एक फल विक्रेता का सामान जब्त कर 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, मोहारा फ्लाई ओवर के नीचे मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत बनी 10 दुकानों से अवैध कब्जा हटाकर उन्हें सील कर दिया गया।
शहर में स्वच्छ वातावरण निर्मित करने और सड़कों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए उच्च अधिकारियों के निर्देश पर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि यातायात बाधित कर ठेला-खोमचा लगाने, नाली व सड़क पर कब्जा करने और गंदगी फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने राजस्व और स्वास्थ्य अमले को निर्देश दिए हैं कि जहां भी अतिक्रमण या सड़क पर मलबा-गंदगी दिखे, तुरंत सख्त कार्रवाई करें।
निगम से मिली जानकारी के अनुसार, मोहारा फ्लाई ओवर के नीचे मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत निर्मित कई दुकानों में लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर अपना सामान भर दिया था। अमले ने ऐसे 10 दुकानों के भीतर रखा सामान जब्त कर उन्हें पूरी तरह सील कर दिया। निगम अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र की अन्य दुकानों की भी जांच की जा रही है, जहां भी गड़बड़ी मिलेगी वहां सीलबंदी की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। आयुक्त ने राजस्व विभाग को निर्देश दिए हैं कि जिन दुकानदारों ने अनुबंध नहीं कराया है या किराया जमा नहीं कर रहे हैंए उन्हें नोटिस थमाकर दुकानें सील की जाएं।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान प्रमुख रूप से प्रभारी राजस्व अधिकारी हितेश ठाकुर, राजस्व उप निरीक्षक रविन्द्र ठाकुर, श्रीमती द्रोपती हरिहारनो, सहायक उद्यान प्रभारी दिलीप गिरी, समयपाल चिराग मेश्राम, प्रभारी पटवारी मिलिन्द रेड्डी व गणेश झा सहित निगम का अतिक्रमण विरोधी दस्ता और स्वास्थ्य अमला मौजूद था।
राजनांदगांव
बेहतर काम करने वाली पंचायतों को मिलेंगे 60 लाख, कर संग्रहण व सोलर विलेज पर कलेक्टर ने दिया जोर
राजनांदगांव। डोंगरगांव जनपद पंचायत के सभाकक्ष में कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने ग्राम पंचायतों के सरपंचों और सचिवों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में जिला पंचायत की सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस दौरान कलेक्टर ने मनरेगा, स्वच्छता अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, फसल चक्र परिवर्तन और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। कलेक्टर ने घोषणा की कि जो ग्राम पंचायतें शासकीय योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी, उन्हें मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों के लिए 60 लाख रुपये तक की विकास राशि स्वीकृत की जाएगी।
स्कूलों के शौचालयों की मरम्मत और नाली निर्माण प्राथमिकता में
कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं पर सरपंचों से सीधे सुझाव और प्रतिक्रिया ली। उन्होंने गांवों में नाली निर्माण, स्कूलों में निर्मित शौचालयों की मरम्मत और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को समय-सीमा के भीतर प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता अभियान के अंतर्गत माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने की हिदायत दी।
आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें पंचायतें, टैक्स वसूली बढ़ाएं
पंचायतों को वित्तीय रूप से मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कलेक्टर ने कहा कि ग्राम पंचायतें टैक्स संग्रहण बढ़ाएं। इसके अलावा सामुदायिक भवनों और व्यावसायिक परिसरों का निर्माण कराएं, ताकि उनसे मिलने वाला किराया पंचायतों की नियमित आय का जरिया बन सके। समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन कर मांग जनरेट करने में उल्लेखनीय कार्य करने वाली ग्राम पंचायत कोकपुर और अर्जुनी के सरपंच-सचिवों की उन्होंने सराहना की।
‘सोलर विलेज’ के रूप में विकसित होंगे गांव
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत गांवों को ‘सोलर विलेज’ के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि ग्राम पंचायत अर्जुनी में सबसे अधिक 43 सोलर कनेक्शन स्थापित किए गए हैं। इस शानदार उपलब्धि पर कलेक्टर ने अर्जुनी की सरपंच श्रीमती ललिता साहू को सम्मानित किया। इसके साथ ही खुज्जी, तुमड़ीबोड़ और दीवानभेड़ी पंचायत के प्रयासों की भी सराहना की गई।
फसल चक्र परिवर्तन: ग्रीष्मकालीन धान का रकबा किया शून्य
खेती-किसानी की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने धान के बदले दलहन, तिलहन और अन्य लाभकारी फसलों को बढ़ावा देने की बात कही। इस दिशा में मिसाल पेश करने वाले ग्राम पंचायत खुज्जी के सरपंच श्री अजय कुमार पंसारी और ग्राम पंचायत बड़गांव चारभांठा की सरपंच श्रीमती ज्योति साहू को सम्मानित किया गया। इन दोनों पंचायतों ने किसानों को प्रेरित कर ग्रीष्मकालीन धान के रकबे को पिछले वर्ष की तुलना में पूरी तरह ‘शून्य’ कर दिया है और अन्य फसलों की बुआई सुनिश्चित की है।
इस अवसर पर डोंगरगांव जनपद पंचायत की सीईओ श्रीमती रोशनी भगत सहित क्षेत्र के सभी ग्राम पंचायतों के सरपंच और सचिव उपस्थित थे।
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एशियन गेम्स में आब्सर्वर बनाये गये।*
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के रॉ टेलेंटेड बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।*
-
राजनांदगांव3 years agoविषयवार हो शिक्षकों की भर्ती, हाईकोर्ट में याचिका दायर, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने दर्ज की याचिका
-
राजनांदगांव4 years agoछत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी संघ भी हुआ शामिल
-
छत्तीसगढ़3 years agoसरकारी स्कूलों को बंद करने की साजिश, राज्यपाल करें हस्ताक्षेप : क्रिष्टोफर पॉल
-
राजनांदगांव3 years agoहेडमास्टर बनाने में हद पार, पैसे दो और मनचाहे स्कूल में जाओ
-
राजनांदगांव1 month agoघुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
-
राजनांदगांव4 years ago
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव। धारा 144 लागू किसी प्रकार के आयोजन, रैली, सामाजिक तथा अन्य आयोजन प्रतिन्धित
