राजनांदगांव
दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए लगाए जाएंगे निःशुल्क जांच व परामर्श शिविर
राजनांदगांव। दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण से संबंधित क्रिया-कलापों को गति देने के उद्देश्य से स्पीच एंड हियरिंग एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ का पुनर्गठन किया गया है। एसोसिएशन के सदस्यों के द्वारा लोगों से अपील की गई है कि श्रवण (सुनने) या वाक (बोलने) बाधा से संबंधित समस्या का समाधान करने के लिए किसी भी बिना योग्यताधारी से संपर्क नहीं कराएं बल्कि कान, नाक, गला रोग विशेषज्ञ और केवल भारतीय पुनर्वास परिषद नई दिल्ली से पंजीकृत ऑडियोलॉजिस्ट व स्पीच लैंग्वेज पैथोलॉजिस्ट से ही जांच या उपचार कराएं।
श्रवण, दृष्टि तथा वाक् बाधा की शीघ्र पहचान व हस्तक्षेप कर इस समस्या पर नियंत्रण किया जा सकता है। इसीलिए दिव्यांगजनों के हित के लिए जिले में विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। विशेष विद्यालय में विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा सुनने, देखने तथा बोलने की विशेष विधि का प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि पीड़ित को समस्या से मुक्त किया जा सके। इसी क्रम में बेजुबान, देख व सुन पाने में अक्षम को भाषा एवं संप्रेषण सिखाने वाले भारतीय पुनर्वास परिषद, नई दिल्ली से पंजीकृत ऑडियोलॉजिस्ट एवं स्पीच लैंग्वेज पैथोलॉजिस्ट प्रोफेशनल ने पुनः एकजुट होने के के लिए एसोसिएशन गठित किया है। संगठन का मुख्य उद्देश्य सभी प्रोफेशनल को एकजुट कर स्पीच एंड हियरिंग से संबंधित परेशानियों की शीघ्र पहचान, परीक्षण, समाधानए हस्तक्षेप तथा प्रबंधन के बारे में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में श्रवण एवं भाषा जांच हेतु निशुल्क शिविर, पालक जागरूकता कार्यक्रम एवं सेमिनार का आयोजन करना है जिससे लोगों को बोलने एवं सुनने से संबंधित समस्या के बारे में पर्याप्त जानकारी हो और सही इलाज कराया जा सके।
स्पीच एंड हियरिंग एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के नव निर्वाचित अध्यक्ष गजेंद्र कुमार साहू (ऑडियोलॉजिस्ट) ने बतायाः सुनने व बोलने से संबंधित समस्या बहुत ही गंभीर एवं निराशाजनक है, लेकिन शीघ्र पहचान कर समस्या का निदान किया जा सकता है। श्रवण और वाणी दिव्यांगता से बचा जा सकता है। वहीं यह तभी संभव होगा, जब सभी शासकीय मेडिकल कॉलेज, सभी शासकीय जिला अस्पताल एवं सभी सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नियमित ऑडियोलॉजिस्ट एवं स्पीच लैंग्वेज पैथोलॉजिस्ट का भारतीय पुनर्वास परिषद नई दिल्ली के नियम के अनुसार भर्ती की जाएगी। इस तरह की व्यवस्था बनाए जाने से श्रवण और वाणी दिव्यांगता पर नियंत्रण करने के लिए सभी लोगों को उनके विकासखंड स्तर या जिला स्तर पर ही जांच, परीक्षण, निदान एवं प्रबंधन की सुविधा मिल सकेगी। आगे उन्होंने बतायाः पुनर्गठित एसोसिएशन में हितेश कुमार कश्यप उपाध्यक्ष, लेखराज सोनकर परामर्श दाता, हिमांशु सिन्हा सचिव, धीरज धु्रव कोषाध्यक्ष, मनोज साहू सह सचिव, अनामिका संगठन महामंत्री, मीना राव संगठन संयोजक और गिरीश मिडिया प्रभारी बनाए गए हैं।
राजनांदगांव
गंजपारा स्कूल पहुंचे महापौर : व्यवस्थाओं का लिया जायजा, विद्यार्थियों से की आत्मीय चर्चा
राजनांदगांव। महापौर मधुसूदन यादव ने शुक्रवार को हीरामोती वार्ड क्रमांक 39 स्थित इग्नाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल (गंजपारा स्कूल) का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ वार्ड पार्षद रवि सिन्हा भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल का अवलोकन किया और उप अभियंता अनुप पाण्डे को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
महापौर ने विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया की भी जानकारी ली। प्राचार्य श्रीमती राबिया सादाब से लॉटरी के माध्यम से विद्यार्थियों के चयन और प्रवेश संबंधी व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने विद्यार्थियों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी पढ़ाई, खेलकूद और अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर अध्ययन करने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
पार्षद रवि सिन्हा ने विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही। वहीं महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि नगर निगम एवं प्रशासन शासकीय विद्यालयों में निजी स्कूलों की तर्ज पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आधारभूत संरचनाओं का विस्तार प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है।
राजनांदगांव
नीलगिरी पार्क में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का महापौर ने किया लोकार्पण, वार्डवासियों को मिली बड़ी सौगात
राजनांदगांव। नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा स्टेडियम वार्ड क्रमांक-22 के नीलगिरी पार्क कॉलोनी में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का शुक्रवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। विधायक एवं सांसद निधि से 10 लाख रुपए की लागत से तैयार इस भवन का लोकार्पण महापौर मधुसूदन यादव ने वार्डवासियों की गरिमामयी उपस्थिति में फीता काटकर और पट्टिका का अनावरण कर किया।
इस अवसर पर आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु और वार्ड पार्षद श्रीमती प्रियंका कुरंजेकर विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि वार्डवासियों की लंबे समय से इस क्षेत्र में एक सर्वसुविधायुक्त भवन की मांग थी, जिसे देखते हुए इस सामुदायिक भवन का निर्माण कराया गया है। इसके बन जाने से अब स्थानीय नागरिकों को सामाजिक, धार्मिक, पारिवारिक एवं अन्य मांगलिक आयोजनों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें कॉलोनी में ही एक उचित स्थान मिल सकेगा।
महापौर ने विकास कार्यों का श्रेय देते हुए कहा कि हमारे पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान विधायक डॉ. रमन सिंह एवं सांसद संतोष पांडेय के सतत सहयोग से शहर के सभी वार्डों में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने वार्डवासियों की ओर से विधायक और सांसद के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
सामुदायिक भवन के लोकार्पण से पूर्व वार्डवासियों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। पुष्प-गुच्छ से स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से आदित्य पराते, कृष्णा तिवारी, बीरबल दादा, श्रवण मिश्रा, रामजी गजबल्ला, श्रीमती सातोबाई साहू, सुधीर शेंडे, श्रीमती आभा श्रीवास्तव, महेश चौहान, कमलेश दास, चंदन सिंह, ओमप्रकाश शर्मा, अनमोल विश्वास, संजीव वर्मा, हार्दिक चौहान और दक्ष साहू शामिल रहे।
इसके बाद मुख्य अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ भवन को जनता को समर्पित किया। कार्यक्रम में पार्षद मनोहर यादव, सतीश साहू, सेवक उईके, पूर्व पार्षद अतुल रायजादा, विजय राय, पार्षद प्रतिनिधि पंकज कुरंजेकर, राजेश यादव, अभय पारख सहित निगम के उप अभियंता अनुप पाण्डे, मोनेन्द्र साठिया एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।
राजनांदगांव
अवैध गिट्टी परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, दो वाहन जब्त
राजनांदगांव। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में विभागीय टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण कर चूना पत्थर (गिट्टी) के अवैध परिवहन में संलिप्त दो वाहनों को जब्त किया है।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने बीजाभांठा, तुमड़ीबोड़, कोहका, मारगांव, दीवानभेड़ी, मचानपार, मटिया और डोंगरगांव क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान कोहका क्षेत्र में बिना वैध दस्तावेजों के गिट्टी का परिवहन करते पाए जाने पर माजदा वाहन क्रमांक सीजी 08-एएफ 0152 और हाईवा क्रमांक सीजी 08-एएन 8053 को जब्त किया गया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार माजदा वाहन ग्राम पटपर निवासी भोला देवदास के स्वामित्व का है, जिसे चालक मनोज चला रहा था। वहीं हाईवा वाहन चिचोला निवासी अशरफ अली के स्वामित्व का है, जिसे चालक भैयालाल संचालित कर रहा था। दोनों वाहनों से चूना पत्थर (गिट्टी) का अवैध परिवहन किया जा रहा था।
जब्त वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए थाना तुमड़ीबोड़ के सुपुर्द कर दिया गया है। प्रकरण में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर निगरानी लगातार जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एशियन गेम्स में आब्सर्वर बनाये गये।*
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के रॉ टेलेंटेड बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।*
-
राजनांदगांव3 years agoविषयवार हो शिक्षकों की भर्ती, हाईकोर्ट में याचिका दायर, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने दर्ज की याचिका
-
राजनांदगांव4 years agoछत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी संघ भी हुआ शामिल
-
छत्तीसगढ़3 years agoसरकारी स्कूलों को बंद करने की साजिश, राज्यपाल करें हस्ताक्षेप : क्रिष्टोफर पॉल
-
राजनांदगांव3 years agoहेडमास्टर बनाने में हद पार, पैसे दो और मनचाहे स्कूल में जाओ
-
राजनांदगांव1 month agoघुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
-
राजनांदगांव4 years ago
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव। धारा 144 लागू किसी प्रकार के आयोजन, रैली, सामाजिक तथा अन्य आयोजन प्रतिन्धित
