Connect with us

राजनांदगांव

कोविड-19 से मृत्यु होने वाले व्यक्तियों के परिजनों को आपदा राहत मद से राशि देने का कार्य प्राथमिकता से करें : कलेक्टर

Published

on

राजनांदगांव। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि जिले के सभी जर्जर स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केन्द्र एवं अन्य शासकीय भवन के संबंध में शीघ्र जानकारी उपलब्ध कराएं। ऐसे शासकीय भवन जो क्षतिग्रस्त है, उनकी मरम्मत कराएं तथा ऐसे जर्जर भवन जो मरम्मत के योग्य नहीं है, वहां कार्यालय न लगाएं। उन्होंने सभी एसडीएम से कहा कि जर्जर भवनों के संबंध में सभी बीएमओ, बीईओ एवं सीडीपीओ से प्रमाण पत्र प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से मृत्यु होने वाले व्यक्तियों के परिजनों को आपदा राहत मद से राशि दी जानी है। इसके लिए प्राथमिकता से कार्य करें। जिले में कोविड-19 से 515 लोगों की मृत्यु हुई है। अन्य जिले का निवासी होने की स्थिति में संबंधित जिले से ही दावा राशि प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम आश्रम एवं छात्रावासों का निरीक्षण करें तथा विशेष रूप से बालिका छात्रावास में महिला होमगार्ड की ड्यूटी लगाएं। बालिका छात्रावास में महिला अधीक्षक की ड्यूटी लगाएं। उन्होंने कहा कि जिले के 74 छात्रावासों का निरीक्षण करें। उन्होंने आदिवासी विभाग को निरीक्षण के लिए ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता महत्वपूर्ण है और इससे समझौता नहीं किया जाएगा। सभी निर्माण विभाग भवनों एवं सड़कों का निरीक्षण करें। गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी। उक्त बातें कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कही।
कलेक्टर श्री सिन्हा ने राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए यह योजना बहुत उपयोगी है। ऐसे जरूरतमंद हितग्राहियों का चिन्हांकन करें। उन्होंने वनमंडलाधिकारी से हाथी प्रभावित मुआवजा के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी मितान क्लब योजना के अंतर्गत आजादी के अमृत महोत्सव पर 2 अक्टूबर महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर विभिन्न खेलकूद, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां प्रारंभ की जानी है। सभी जनपद सीईओ इस दिशा में कार्य करें। राजीव गांधी मितान क्लब योजना के अंतर्गत युवाओं के उत्थान के लिए सकरात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। ग्राम, संकुल एवं जिला स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत ऐसे किसान जिन्होंने पिछले वर्ष धान की फसल ली थी तथा दूसरी बार अन्य फसल ली है, उन्हें 10 हजार रूपए अनुदान राशि की पात्रता होगी। उन्होंने सभी एसडीएम को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का 15 दिन में निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इसके लिए रिक्त पदों पर भर्ती पर की जा रही है। सघन सुपोषण अभियान के तहत जिले के मानपुर, मोहला एवं छुईखदान में कुपोषण दूर करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। सभी बीएमओ इसमें विशेष रूप से अपना योगदान दें। आंगनबाड़ी केन्द्र में रेडी-टू-ईट गुणवत्ता की जांच भी जरूर करें। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री सस्ती दवाई योजना, मुख्यमंत्री हॉट बाजार योजना, मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना में प्रगति की जानकारी ली।
जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर ने सभी जनपद सीईओ को वर्मी कम्पोस्ट निर्माण की गति बढ़ाने के लिए कहा। उन्होंने मनरेगा योजनांतर्गत श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए अंतिम तिथि 30 सितम्बर है। इस कार्य में गति लाएं। यथा शीघ्र जर्जर भवनों के संबंध में जानकारी भेजें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी ने कहा कि जिले में आरटीपीसीआर एवं एन्टीजन टेस्ट बढ़ाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हॉट बाजार योजना के अंतर्गत पोर्टल में एन्ट्री करना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी राजनांदगांव एन गुरूनाथन, वनमंडलाधिकारी खैरागढ़ संजय यादव, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम मुकेश रावटे सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान सभी एसडीएम, जनपद सीईओ वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्मय से जुड़े रहे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ, जिला साहू संघ ने गुरू पूर्णिमा पर किया पौधरोपण

Published

on

राजनांदगांव। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कबीर कुटीर सुंदरा में जिला साहू संघ राजनांदगांव द्वारा पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान को समर्पित एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ जिला साहू संघ के जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए जिलेभर में इस जनअभियान को व्यापक रूप से चलाने की घोषणा की।
जिला साहू संघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
जिलाध्यक्ष नोबल साहू ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान मातृत्व के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण का अनूठा संगम है। उन्होंने बताया कि जिला साहू संघ इस अभियान को जिले के प्रत्येक गांव, परिक्षेत्र और तहसील स्तर तक पहुंचाएगा। समाज के सभी पदाधिकारियों एवं युवाओं को इस अभियान से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाया जाएगा, ताकि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उन्हें वृक्ष बनाने का जनआंदोलन बन सके।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक असंतुलन से निपटने का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, जिला साहू संघ के संरक्षक भागवत साहू, जिलाध्यक्ष नोबल साहू, महामंत्री नीलमणि साहू, डॉ. महेश साहू, तहसील अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, नगर अध्यक्ष राजेश साहू, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, सुंदरा सरपंच हीपेंद्र साहू, टेड़ेसरा सरपंच खिलेश्वर साहू, भेड़ीकला के पूर्व सरपंच कृष्णा साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधरोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम की जानकारी जिला साहू संघ के नव नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के सचिव परदेशी राम साहू ने दी।

Continue Reading

राजनांदगांव

आसिफ अली की पहल पर रेलवे ने हटाई नाली की दीवार, अंडरब्रिज क्षेत्र में जलनिकासी बहाल

Published

on

राजनांदगांव। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन रेलवे अंडरब्रिज के पास जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई थी। पानी निकासी बाधित होने से गंदा पानी आसपास के रहवासियों के घरों में घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
समस्या की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली ने स्टेशन प्रबंधक श्री बर्मन से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा नाली पर दीवार बना दिए जाने के कारण बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा है और लोगों के घरों में भर रहा है।
शिकायत मिलते ही स्टेशन प्रबंधक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रेलवे कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने नाली पर बनी दीवार को तोड़कर पानी निकासी की व्यवस्था बहाल कर दी, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर हो गई।
रेलवे की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय रहवासियों को राहत मिली। लोगों ने जनहित में तत्काल कदम उठाने के लिए रेलवे प्रशासन तथा समस्या को प्रमुखता से उठाने पर कांग्रेस नेता आसिफ अली की सराहना की।

Continue Reading

राजनांदगांव

विपिन यादव ने संगठन सुदृढ़ीकरण के लिए की अहम नियुक्तियां, महामंत्रियों को मिली ब्लॉकों की जिम्मेदारी

Published

on

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव ने जिले में महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियां की हैं। जारी आदेश के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रितेश जैन को जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्रियों को विभिन्न ब्लॉकों का प्रभारी बनाया गया है। इसके तहत महेंद्र यादव को राजनांदगांव ग्रामीण, पंकज बांधव को घुमका, हेमंत बैष्णव को डोंगरगढ़ (ग्रामीण), राजकुमार सिन्हा को डोंगरगढ़ (शहर), रवि साहू को एलबी नगर, राजू सिंह राजपूत को छुरिया, शिशुपाल भारती को कुमरदा तथा चुम्मन साहू को डोंगरगांव ब्लॉक का प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी महामंत्री राहुल तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अनीस खान ने बताया कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाना है। नियुक्त सभी ब्लॉक प्रभारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों, अभियानों एवं संगठनात्मक गतिविधियों का अपने-अपने ब्लॉकों में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही वे अपने प्रभार क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ सतत समन्वय बनाए रखने तथा बूथ, पंचायत एवं वार्ड स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को गति देंगे। वहीं जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी रितेश जैन जिले में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समन्वय तथा कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण का दायित्व निभाएंगे।
अनीस खान ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान निरंतर जारी है। इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को अधिक सक्रिय एवं अनुशासित बनाते हुए जनता से निरंतर संवाद स्थापित करना, गांव-गांव तक कांग्रेस की पहुंच को सशक्त करना तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि आने वाले समय में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी भूमिका निभा सके।
उन्होंने बताया कि इन सभी नियुक्तियों की सूचना विधिवत छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रेषित कर दी गई है। विश्वास है कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में सभी नियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए जिले में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं गतिशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Continue Reading

Trending