राजनांदगांव
टीबी एवं कुष्ठ रोग के उन्मूलन के लिए समुदाय में प्रत्येक मरीज की होगी पहचान
राजनांदगांव। टीबी एवं कुष्ठ रोग के उन्मूलन हेतु जिले में 1 दिसंबर से श्सघन टीबी एवं कुष्ठ खोज अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत समुदाय में प्रत्येक मरीज की पहचान कर जांच एवं उपचार किया जाएगा। अभियान के दौरान मितानिन के द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में घर-घर भ्रमण कर टीबी एवं कुष्ठ रोग के लक्षण के आधार पर संभावित मरीजों की पहचान की जाएगी। अभियान की सार्थकता के लिए वृहद पैमाने पर तैयारी की जा रही है।
टीबी (क्षय) रोग पर नियंत्रण तथा इससे बचाव के लिए कलेक्टर डोमन सिंह के दिशा-निर्देश, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार बसोड़ के मार्गदर्शन और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अल्पना लूनिया के नेतृत्व में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सघन टीबी एवं कुष्ठ खोज अभियान दो चरणों में पूर्ण किया जाएगा। प्रथम चरण में 1 से 21 दिसंबर तक घर-घर भ्रमण कर टीबी एवं कुष्ठ रोग के लक्षण के आधार पर संभावित मरीजों की पहचान की जाएगी। वहीं द्वितीय चरण में 2 से 17 जनवरी तक सभी निजी चिकित्सालयों, नर्सिंग होम, प्राइवेट प्रैक्टिशनरों व केमिस्टों द्वारा चिन्हांकित टीबी व कुष्ठ रोग के संभावित मरीजों की दैनिक सूची लेकर इसे टीबी व कुष्ठ रोग के पोर्टल में दर्ज किया जाएगा। अगर किसी मरीज को जांच की आवश्यकता हुई तो निःशुल्क जांच के लिए सैंपल एकत्र किया जाएगा।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार बसोड़ ने बतायाः सघन टीबी एवं कुष्ठ खोज अभियान की गतिविधियों के अंतर्गत मितानिन के द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में 1 से 15 दिसंबर तक घर-घर भ्रमण कर टीबी एवं कुष्ठ रोग के लक्षण के आधार पर संभावित मरीजों की पहचान की जाएगी। साथ ही 16 से 21 दिसंबर तक अवधि के दौरान मितानिन द्वारा खोजे गए संभावित टीबी एवं कुष्ठ के मरीजों का पुनः परीक्षण संबंधित क्षेत्र के एमपीडब्ल्यू एवं एनएमए द्वारा किया जाएगा। प्रत्येक घर जाकर सभी व्यक्तियों में लक्षणों का पता लगाया जाएगा। वहीं ऐसे क्षेत्र जहां मितानिन कार्यरत नहीं है, वहां निकट के पारा की मितानिन अथवा कुष्ठ मित्र, टीबी चैंपियन, टीबी मितान या स्वयंसेवी व्यक्तियों की सेवाएं ली जाएगी। शहरी क्षेत्रों (मुख्यतः गैर श्रमिक बाहुल्य) में मितानिन की उपलब्धता न होने की स्थिति में यूएचडब्ल्यूसी के आरएचओ (पुरुष-महिला) की सेवा ली जाएगी। मितानिन द्वारा गृह भेटों के माध्यम से चिन्हांकित टीबी एवं कुष्ठ संभावित रोगियों को निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर जांच कराने की सलाह दी जाएगी। आगे उन्होंने बतायाः मितानिन द्वारा गृह भेंट के दौरान परीक्षण के पश्चात घर की बाहरी दीवार पर क्रमशः एल-1/तारीख, एल-2/तारीख लिखी जाएगी। गृह भेंट के दौरान घर बंद पाए जाने या घर के कोई सदस्य का शारीरिक परीक्षण न किए जाने की स्थिति में घर की बाहरी दीवार पर एक्स-3/तारीख चिन्हित की जाएगी। एक्स चिन्हित घरों में दूसरे दिन पुनः भ्रमण कर छूटे हुए सदस्यों का परीक्षण किया जाएगा। मितानिन द्वारा इस कार्य की निगरानी संबंधित क्षेत्र के मितानिन प्रशिक्षक एवं ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (पुरुष) द्वारा की जाएगी। प्रत्येक मितानिन प्रशिक्षक-ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (पुरुष) द्वारा अपने कार्यक्षेत्र की सभी मितानिनों से उपरोक्त चिन्हांकित संभावित रोगियों की सूची संलग्न प्रपत्र में दर्ज कर सप्ताह के प्रत्येक गुरुवार को संबंधित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में जमा की जाएगी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा प्रत्येक सप्ताह के शुक्रवार तक उपरोक्त सूची की कम्प्यूटर प्रविष्टी संलग्न प्रारूप अनुसार की जाएगी।
पीएचसी प्रभारी को भी अहम जिम्मेदारी…
सूची प्राप्त होने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी की जवाबदारी होगी कि वह सूची में दर्ज सभी संभावित मरीजों की जांच अपने स्वास्थ्य केन्द्र में यथा शीघ्र करवाएं। वहीं टीबी एवं कुष्ठ कार्यक्रम से संबंधित कर्मचारी यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके कार्यक्षेत्र के अंतर्गत प्रत्येक संभावित मरीज की जांच एवं उपचार किया जाए। अभियान प्रारंभ तिथि 1 दिसंबर से सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले टीबी एवं कुष्ठ के संभावित मरीजों की सूची पृथक से संधारित की जाएगी, जिससे अभियान के दौरान मितानिन द्वारा प्राप्त सूची से मिलान किया जा सके।
अभियान के दौरान घर-घर भ्रमण कर चिन्हांकित एवं पंजीकृत किए गए सभी टीबी व कुष्ठ के संभावित मरीज निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जांच हेतु उपस्थित नहीं होते हैं, तो ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (पुरुष) या एएनएम द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से संभावित टीबी एवं कुष्ठ मरीजों की सूची प्राप्त कर घर भेंट कर सैंपल एकत्रित कर नजदीकी डीएमसी या जांच केंद्र तक पहुंचाया जाएगा। कुष्ठ संभावित मरीज हेतु एमपीब्ल्यूए एनएमए द्वारा जांच कर कुष्ठ की पुष्टि होने पर पुनः मेडिकल आफिसर से पुष्टि कराई जाएगी।
संभावित टीबी के लक्षण-
एक हफ्ते से ज्यादा की खांसी। बलगम में खून आना। दो हफ्तों से ज्यादा बुखार। वजन कम होना।
संभावित कुष्ठ के लक्षण-
चमड़ी पर दाग, चकत्ते जिसमे सुन्नपन हो। घाव जो भर न रहे हों, चमड़ी पर तेलिया तामिया चमक हो। चमड़ी पर (खासकर चेहरे पर), भौहों के ऊपर, ठुढी पर या कानों में गठानें, सूजन या मोटापन हो। तंत्रिकाओं में मोटापन। सूजन हो। दबाने से दर्द होता हो। हाथ पैरों में झुनझुनी या सुन्नपन हो।
राजनांदगांव
गंजपारा स्कूल पहुंचे महापौर : व्यवस्थाओं का लिया जायजा, विद्यार्थियों से की आत्मीय चर्चा
राजनांदगांव। महापौर मधुसूदन यादव ने शुक्रवार को हीरामोती वार्ड क्रमांक 39 स्थित इग्नाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल (गंजपारा स्कूल) का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ वार्ड पार्षद रवि सिन्हा भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल का अवलोकन किया और उप अभियंता अनुप पाण्डे को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
महापौर ने विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया की भी जानकारी ली। प्राचार्य श्रीमती राबिया सादाब से लॉटरी के माध्यम से विद्यार्थियों के चयन और प्रवेश संबंधी व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने विद्यार्थियों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी पढ़ाई, खेलकूद और अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर अध्ययन करने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
पार्षद रवि सिन्हा ने विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही। वहीं महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि नगर निगम एवं प्रशासन शासकीय विद्यालयों में निजी स्कूलों की तर्ज पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आधारभूत संरचनाओं का विस्तार प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है।
राजनांदगांव
नीलगिरी पार्क में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का महापौर ने किया लोकार्पण, वार्डवासियों को मिली बड़ी सौगात
राजनांदगांव। नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा स्टेडियम वार्ड क्रमांक-22 के नीलगिरी पार्क कॉलोनी में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का शुक्रवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। विधायक एवं सांसद निधि से 10 लाख रुपए की लागत से तैयार इस भवन का लोकार्पण महापौर मधुसूदन यादव ने वार्डवासियों की गरिमामयी उपस्थिति में फीता काटकर और पट्टिका का अनावरण कर किया।
इस अवसर पर आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु और वार्ड पार्षद श्रीमती प्रियंका कुरंजेकर विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि वार्डवासियों की लंबे समय से इस क्षेत्र में एक सर्वसुविधायुक्त भवन की मांग थी, जिसे देखते हुए इस सामुदायिक भवन का निर्माण कराया गया है। इसके बन जाने से अब स्थानीय नागरिकों को सामाजिक, धार्मिक, पारिवारिक एवं अन्य मांगलिक आयोजनों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें कॉलोनी में ही एक उचित स्थान मिल सकेगा।
महापौर ने विकास कार्यों का श्रेय देते हुए कहा कि हमारे पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान विधायक डॉ. रमन सिंह एवं सांसद संतोष पांडेय के सतत सहयोग से शहर के सभी वार्डों में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने वार्डवासियों की ओर से विधायक और सांसद के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
सामुदायिक भवन के लोकार्पण से पूर्व वार्डवासियों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। पुष्प-गुच्छ से स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से आदित्य पराते, कृष्णा तिवारी, बीरबल दादा, श्रवण मिश्रा, रामजी गजबल्ला, श्रीमती सातोबाई साहू, सुधीर शेंडे, श्रीमती आभा श्रीवास्तव, महेश चौहान, कमलेश दास, चंदन सिंह, ओमप्रकाश शर्मा, अनमोल विश्वास, संजीव वर्मा, हार्दिक चौहान और दक्ष साहू शामिल रहे।
इसके बाद मुख्य अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ भवन को जनता को समर्पित किया। कार्यक्रम में पार्षद मनोहर यादव, सतीश साहू, सेवक उईके, पूर्व पार्षद अतुल रायजादा, विजय राय, पार्षद प्रतिनिधि पंकज कुरंजेकर, राजेश यादव, अभय पारख सहित निगम के उप अभियंता अनुप पाण्डे, मोनेन्द्र साठिया एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।
राजनांदगांव
अवैध गिट्टी परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, दो वाहन जब्त
राजनांदगांव। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में विभागीय टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण कर चूना पत्थर (गिट्टी) के अवैध परिवहन में संलिप्त दो वाहनों को जब्त किया है।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने बीजाभांठा, तुमड़ीबोड़, कोहका, मारगांव, दीवानभेड़ी, मचानपार, मटिया और डोंगरगांव क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान कोहका क्षेत्र में बिना वैध दस्तावेजों के गिट्टी का परिवहन करते पाए जाने पर माजदा वाहन क्रमांक सीजी 08-एएफ 0152 और हाईवा क्रमांक सीजी 08-एएन 8053 को जब्त किया गया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार माजदा वाहन ग्राम पटपर निवासी भोला देवदास के स्वामित्व का है, जिसे चालक मनोज चला रहा था। वहीं हाईवा वाहन चिचोला निवासी अशरफ अली के स्वामित्व का है, जिसे चालक भैयालाल संचालित कर रहा था। दोनों वाहनों से चूना पत्थर (गिट्टी) का अवैध परिवहन किया जा रहा था।
जब्त वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए थाना तुमड़ीबोड़ के सुपुर्द कर दिया गया है। प्रकरण में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर निगरानी लगातार जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एशियन गेम्स में आब्सर्वर बनाये गये।*
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के रॉ टेलेंटेड बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।*
-
राजनांदगांव3 years agoविषयवार हो शिक्षकों की भर्ती, हाईकोर्ट में याचिका दायर, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने दर्ज की याचिका
-
राजनांदगांव4 years agoछत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी संघ भी हुआ शामिल
-
छत्तीसगढ़3 years agoसरकारी स्कूलों को बंद करने की साजिश, राज्यपाल करें हस्ताक्षेप : क्रिष्टोफर पॉल
-
राजनांदगांव3 years agoहेडमास्टर बनाने में हद पार, पैसे दो और मनचाहे स्कूल में जाओ
-
राजनांदगांव1 month agoघुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
-
राजनांदगांव4 years ago
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव। धारा 144 लागू किसी प्रकार के आयोजन, रैली, सामाजिक तथा अन्य आयोजन प्रतिन्धित
