राजनांदगांव
शासकीय मेडिकल कालेज अस्पताल में अव्यवस्थाओं पर मुख्यमंत्री की खामोशी समझ से परे : मोनु बहादुर सिंह
राजनांदगांव। कोरोना काल के समय और वर्तमान में आम गरीबो के साथ अन्याय होने पर जिला भाजयुमो अध्यक्ष मोनु बहादुर की टीम ने लड़ाई लड़कर न्याय दिलाने की पहल की है और स्वास्थ्य की गड़बड़ाई व लचर व्यवस्था को लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री में व्याप्त अव्यवस्था को लेकर प्रशासन व शासन को चेतावनी दी है कि एक हप्ते में सात सूत्रीय अत्यावश्यक व जनहित की मांग पूरी नहीं हुई तो हम चरणबद्ध आंदोलन करेंगे।
आज जिले के पेंड्री स्थित भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सह मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा सुविधाएं हाशिए पर होने की शिकायतों पर कॉलेज प्रबंधन, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और राज्य सरकार की उदासीनता का खामियाजा मरीज और उनके परिजन भोग रहे हैं। उक्ताशय का आरोप लगाते हुए जिला भाजयुमो अध्यक्ष मोनु बहादुर सिंह ने आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि विपक्षी दल नेता ही नहीं बल्कि जिम्मेदार नागरिक होने के चलते हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस विषय पर बात कर समस्याओं के समाधान पर मिल-जुलकर काम करें, लेकिन स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐसा मुमकिन नहीं हो पा रहा है। राज्य सरकार, कॉलेज प्रबंधन, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए हमारी और नागरिकों को वास्तविक मांगों पर किसी तरह का अमल नहीं किया जा रहा है। एक प्रश्न के उत्तर में जिला भाजयुमो अध्यक्ष मोनु बहादुर सिंह ने कहा कि राजनांदगांव में निजी अस्पतालों की मनमानी पर भी हमारा ध्यान है और हम वहां की भी कारगुजारी को लेकर प्रदर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, महापौर हेमा देशमुख तथा तमाम लालबत्तीधारी नेताओं ने आज तक मेडिकल कालेज अस्पताल का मुआयना तक नहीं किया और नहीं यहां की अव्यवस्थाओं को दूर करने की पहल की। एक अन्य सवाल के उत्तर मे जिला भाजयुमो अध्यक्ष ने कहा कि डा. रमन सिंह भी विपक्ष मे रहने के बाद मेडिकल कालेज अस्पताल मे अव्यवस्था का आज तक मुआयना नहीं किये। हम जल्द उनको यह बात कहेगे।
पत्रकारों को सिंह ने बताया कि गत दिनों हमने एक बार फिर पेंड्री स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टर, नर्स सहित स्टॉफ की कमी, उपकरणों की आवश्यकता, अस्पताल आवागमन की सुविधा, दवाईयों इंजेक्शनों की कमी सहित मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान की गई एमआरआई-सीटी स्कैन मशीन की घोषणा पर अमल न होने सहित कई बिंदुओं को लेकर प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सिटी स्कैन मशीन व एमआरआई मशीन का वर्षों से अभाव बना हुआ है। इसके चलते मरीजों और परिजनों को निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों में अधिक राशि का भुगतान कर जांच कराने मजबूर होना पड़ रहा है। इसी तरह शासकीय जांच जिला अस्पताल में ही उपलब्ध है। सिर की चोट और ऐसे ही गंभीर मामलों में मरीज को मेडिकल अस्पताल से यहां भेजा जाता है जिससे मरीजों को जांच के लिए काफी दूर लाना ले जाना पड़ता है इससे उन्हें काफी तकलीफें भी झेलनी पड़ती हैं। इन उपकरणों के लिए बीते महिनों भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंच से घोषणा भी की थी जिस पर अब तक अमल नहीं किया गया है। दुर्घटना के मामलों में आपातकालीन उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ट्रामा सेंटर की जरुरत है। इस विषय को कई बार शासन-प्रशासन के सामने रखा गया है, लेकिन इस पर भी अब तक कोई सार्थक नतीजा नहीं मिला है, यहां 50 प्रतिशत डॉक्टर एवं स्टाफ नर्स के पद रिक्त हैं, जिसका सीधा असर चिकित्सकीय सुविधाओं पर पड़ रहा है। लंबे समय से मेडिकल कॉलेज अस्पताल में यहां न्यूरोसर्जन एवं न्यूरो फीजिशियन की मांग की जा रही है। इस आवश्यकता पर पहल नहीं हो रही है। तृतीय श्रेणी वार्ड ब्वॉय और पैरामेडिकल स्टॉफ के पद रिक्त होने के चलते भी अस्पताल की व्यवस्था लड़खड़ा रही है और नागरिकों को तकलीफ हो रही है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दवाईयों और इंजेक्शन की कमी की शिकायतें लगातार आ रही हैं। गरीब मरीजों और परिजन निजी दुकानों से दवाईयां खरीदने मजबूर हैं। मेडिकल कॉलेज अस्पताल तक आवागमन की समस्या काफी बड़ी है। मरीज और उनके परिजनों के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचने हेतु किसी तरह के साधन उपलब्ध नहीं है। बाहर से आने वालों को ऑटो-टैक्सी का किराया काफी ज्यादा चुकाना पड़ता है। इस समस्या से निपटने के लिए यहां से सिटी बस संचालन का संचालन शुरु किया जाए। इसके अतिरिक्त नेशनल हाईवे पर अस्पताल की ओर मुड़ने के लिए डिवाईडर में मिडिल कट न होने से दुर्घटनाएं हो रही हैं। अतः यहां मिडिल कट दिया जाए, जिससे आवागमन सुलभ हो और दुर्घटना की आशंकाए कम हों।
जनहित के उक्त सात सूत्रीय मुद्दों पर प्रशासन द्वारा एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी हमारे ज्ञापन और मांगों की नज़र अंदाज किया जा रहा है। राजनांदगांव जिले के अलावा आसपास के पडोसी तीन-चार जिलों के नागरिक उपचार के लिए इस मेडिकल कॉलेज अस्पताल पर ही आश्रित हैं। इस मेडिकल कालेज सह अस्पताल में स्टॉफ की कमी, चिकित्सकीय उपकरणों का न होना निराशाजनक और नागरिकों के जीवन से खिलवाड़ है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पसरी इन अव्यवस्थाओं में सुधार, आवश्यकताओं की पूर्ति और रिक्त पदों पर भर्तियों सहित अन्य विषयों को लेकर भाजयुमो ने पहले भी प्रदर्शन किए हैं। बीते दिनों हमने मौन धरना प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। हमने कहा था कि अगर इस पर जल्द कार्रवाई नहीं की जाती है तो हम व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। हम जिला प्रशासन, मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन, स्वास्थ्य विभाग और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार को एक व्यापक आंदोलन की शुरुआत से पहले एक हफ्ते में सुधार का समय दे रहे हैं। अगर इस बीच भी चिकित्सा सुविधाओं में सकारात्मक परिवर्तन नहीं होते हैं तो अर्थी यात्रा, मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों के आगमन पर घेराव-विरोध प्रदर्शन, चक्काजाम जैसे प्रदर्शन शुरु होंगे। इस अवसर पर उत्तर मंडल के सज्जन सिंह ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि व दक्षिण मंडल के प्रखर श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष देवाशीष झा भी उपस्थित थे।
राजनांदगांव
राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे जय प्रकाश साहू
राजनांदगांव। युवा कांग्रेस जिला महामंत्री जयप्रकाश साहू ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की। जन्मदिन के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में सुबह से ही बड़ी संख्या में नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंच रहे थे तथा पूरे परिसर में उत्साह का माहौल बना हुआ था।
जयप्रकाश साहू ने कहा कि राहुल गांधी ने हमेशा युवाओं को आगे बढ़ाने और उनकी आवाज को मजबूती से उठाने का काम किया है। शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर उनकी सक्रियता लगातार देखने को मिलती है। युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता का मुख्य कारण उनका सरल स्वभाव और लोगों से सीधे जुड़ने की शैली है। उन्होंने कहा कि युवाओं को समाज और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करना आज समय की आवश्यकता है।
राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में कई राज्यों से आए कार्यकर्ताओं और नेताओं की मौजूदगी देखने को मिली। पूरे दिन शुभकामनाओं का सिलसिला जारी रहा और आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यकर्ताओं में अपने नेता के प्रति विशेष उत्साह और सम्मान देखने को मिला। इस अवसर पर जय प्रकाशसाहू ने राहुल गांधी के अच्छे स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राजनांदगांव
हल्बा समाज सबसे संगठित और जागरूक आदिवासी समुदाय : डॉ. रमन सिंह
राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज राजनांदगांव स्थित पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज केन्द्रीय कर्मचारी प्रकोष्ठ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह सह प्रथम सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल हुए। विधानसभा अध्यक्ष्य डॉ. सिंह की उपस्थिति में नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने शपथ लिया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने हल्बा समाज की मांग पर राजनांदगांव के वार्ड क्रमांक 22 रेवाडीह में समाज के लिए उपलब्ध भूमि पर सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 10 लाख रूपए प्रदान करने की घोषणा की। विधानसभा अध्यक्ष्य डॉ. सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामाजिक चेतना के नवजागरण का उत्सव है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि हल्बा समाज छत्तीसगढ़ के सबसे संगठित और जागरूक आदिवासी समुदायों में से एक है, जिसकी पहचान केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं है, बल्कि महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और ओडिशा सहित अन्य राज्यों में भी समाज के लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़कर महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज की राष्ट्रीय महासभा की संगठनात्मक संरचना की सराहना की। यह संगठन आदिवासी समाज की सशक्त आवाज बनकर कार्य कर रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आदिवासी हल्बा समाज की वीरता और बलिदान की अनेक गाथाएं हैं। आदिवासी समाज ने न केवल स्वतंत्रता संग्राम में बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रत्येक यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संदेश आदिवासी समाज सदियों से अपने जीवन में उतारकर चल रहा है, जो आज पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी समाज के सम्मान, अधिकार और विकास को नई दिशा मिली है। बिरसा मुंडा जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का विस्तार, वनधन विकास केंद्रों की स्थापना तथा विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के लिए संचालित योजनाएं आदिवासी विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का नेतृत्व आदिवासी समाज के गौरव का प्रतीक है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से समाज के युवाओं को शिक्षा से जोड़ने, महिलाओं को सशक्त बनाने, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा समाज की गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने कहा। उन्होंने कहा कि समाज की सबसे बड़ी शक्ति उसकी परंपरा और प्रगति के बीच संतुलन बनाए रखने में है। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय हल्बा आदिवासी समाज राष्ट्रीय महासभा मन्तूराम पवार, नवनियुक्त केन्द्रीय अध्यक्ष केन्द्रीय कर्मचारी प्रकोष्ठ गोविंद राम चुरेन्द्र, पूर्व अध्यक्ष अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी समाज केन्द्रीय कर्मचारी प्रकोष्ठ पीआर नाईक, पूर्व अध्यक्ष अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज केन्द्रीय कर्मचारी प्रकोष्ठ आरएस नायक ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर समाजसेवी कोमल सिंह राजपूत, पूर्व अध्यक्ष अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज राष्ट्रीय महासभा जीआर राना सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।
राजनांदगांव
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस : योग स्वस्थ, संतुलित और सार्थक जीवन का मार्ग : डॉ. रमन सिंह
राजनांदगांव। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अभूतपूर्व उमंग एवं उल्लास के माहौल में स्वस्थ आयु के लिए योग थीम पर जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन आज सुबह दिग्विजय स्टेडियम राजनांदगांव में किया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के स्वस्थ और निरोग जीवन की कामना की। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने सभी नागरिकों से इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि योग केवल एक वार्षिक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सार्थक जीवन का मार्ग है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं प्रतिदिन योग करते हैं तथा हाल ही में हुई सर्जरी के कारण कार्यक्रम में योगाभ्यास नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से वे शीघ्र ही पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर अगले वर्ष योगाभ्यास में शामिल होंगे। उन्होंने अबूझमाड़ से आए बच्चों द्वारा प्रस्तुत मल्लखंब प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इन बच्चों ने अद्भुत संतुलन और कौशल का परिचय दिया है। राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप स्वेच्छानुदान मद से 51 हजार रूपए प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि योग में केवल शारीरिक अभ्यास नहीं है। योग मन को स्थिर करता है और सर्वोच्च स्थान पर पहुंचाता है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संयुक्त राष्ट्र महासभा में किए गए प्रस्ताव के बाद आज योग विश्व के 177 से अधिक देशों तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि योग भारत की उस परंपरा का प्रतीक है जो पूरी दुनिया को एक साथ जोड़ने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि योग मन, शरीर और आत्मा का समन्वय है। योग व्यक्ति को प्रकृति, समाज और ईश्वर से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से केवल 21 जून को ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष नियमित रूप से योग करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को स्वयं को समझने, आत्मचिंतन करने और जीवन को सकारात्मक दिशा देने की प्रेरणा देता है। आज के समय में जब लोग बाहरी दुनिया और परिस्थितियों पर अधिक ध्यान केंद्रित करते हैं, योग हमें अपने भीतर झांकने और स्वयं को बेहतर बनाने का अवसर प्रदान करता है। कलेक्टर ने कहा कि स्वयं की सेवा और आत्मविकास ही समाज सेवा की मजबूत आधारशिला है, क्योंकि जब व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होता है, तभी वह दूसरों की बेहतर सेवा कर सकता है। उन्होंने कहा कि योग जीवन का अभिन्न हिस्सा है और सभी नागरिकों से इसे नियमित दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
मंगलाचरण वंदन प्रार्थना के साथ योग सत्र प्रारंभ किया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि योग-प्राणायाम ध्यान की त्रिवेणी है। योग प्रशिक्षक ने बताया कि योग शरीर को तथा प्राणायाम मन एवं बुद्धि को मजबूत बनाते हैं। योग अंतर्गत शिथलीकरण की प्रक्रिया, कड़ी संचालन, गर्दन के लिए योगाभ्यास सिखाया गया। जो सर्वाइकल स्पांडिलाइटिस की बीमारी के लिए फायदेमंद है। नागरिकों को ताड़ासन कराया गया। ताड़ासन मानसिक तनाव दूर करने में उपयोगी है। ताड़ासन से शरीर का संतुलन बना रहता है। वृक्ष की तरह प्रणाम की मुद्रा में आसन करना होता है। त्रिकोणासन कराया गया। साथ ही यह जानकारी दी गई की यह मांसपेशियों को मजबूत बनाता है। भद्रासन से पैरों की मांसपेशियां तथा घुटने मजबूत बनते हैं। वज्रासन से पेट की तकलीफ, मानसिक तनाव दूर होता है। योग प्रशिक्षकों ने बताया कि वज्रासन स्ट्रेस मैनेजमेंट के लिए कार्य करता है। वक्रासन डायबिटीज की बीमारी के लिए उपयोगी है। इस अवसर पर मकरासन, सेतुबंध आसन, पवनमुक्तासन, शवासन किया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि ज्ञानमुद्रा से जोड़ों का दर्द दूर होता है। कपालभाति प्राणायाम मास्टर प्राणायाम है, जिससे 99 प्रतिशत बीमारियां दूर होती है। कपालभाति प्राणायाम से शरीर की प्रत्येक कोशिका में ऑक्सीजन की आपूर्ति होती है। इस आसन से तनाव दूर होता है तथा स्वस्थ होने की अनुभूति होती है। योग करने से शरीर की नकारात्मकता दूर होती है और सकारात्मक ऊर्जा का स्तर बढ़ता है। इससे शुगर, ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियां दूर होती हैं। मास्टर प्राणायाम अनुलोम-विलोम प्राणायाम से शरीर में शक्ति जाग्रत होती है और विभिन्न तरह की व्याधियां दूर होती हैं। इसके साथ ही निर्णय लेने की क्षमता बढ़ती है। इस प्राणायाम से एकाग्रता एवं जीवन शक्ति बढ़ती है तथा तनाव कम होता है। शीतलीकरण प्राणायाम से मस्तिष्क को शीतलता मिलती है तथा इससे रोगप्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
सामूहिक योगाभ्यास के पश्चात अबूझमाड़ मल्लखंब अकादमी के बच्चों द्वारा विशेष मल्लखंब योग प्रदर्शन एवं योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योग से निरोग रहने के लिए तथा नियमित योग अभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का संदेश दिया।
आयुष विभाग राजनांदगांव की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित सभी नागरिकों को रोगप्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले स्वास्थ्यवर्धक काढ़ा का वितरण किया गया। इस दौरान अंकुरित मंूग, चना, मूंगफल्ली एवं केला का नाश्ता दिया गया। कार्यक्रम में पतंजलि, उदयाचल एवं अन्य स्वयं सेवी संस्थाओं की भी सहभागिता रही। इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल नीलू शर्मा, अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित सचिन बघेल, अध्यक्ष राजगामी संपदा न्याय श्रीमती पूर्णिमा साहू, पूर्व विधायक रामजी भारती, खूबचंद पारख, कोमल सिंह राजपूत, संतोष अग्रवाल, आईजी बालाजी राव, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, एसडीएम गौतम पाटिल सहित अन्य पार्षद, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बच्चे, खिलाड़ी, नागरिकगण उपस्थित थे।
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एशियन गेम्स में आब्सर्वर बनाये गये।*
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के रॉ टेलेंटेड बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।*
-
राजनांदगांव3 years agoविषयवार हो शिक्षकों की भर्ती, हाईकोर्ट में याचिका दायर, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने दर्ज की याचिका
-
राजनांदगांव4 years agoछत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी संघ भी हुआ शामिल
-
छत्तीसगढ़3 years agoसरकारी स्कूलों को बंद करने की साजिश, राज्यपाल करें हस्ताक्षेप : क्रिष्टोफर पॉल
-
राजनांदगांव3 years agoहेडमास्टर बनाने में हद पार, पैसे दो और मनचाहे स्कूल में जाओ
-
राजनांदगांव1 month agoघुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
-
राजनांदगांव4 years ago
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव। धारा 144 लागू किसी प्रकार के आयोजन, रैली, सामाजिक तथा अन्य आयोजन प्रतिन्धित
