राजनांदगांव
एक वर्ष से अपहृत नाबालिक बालिका अपहरणकर्ता के कब्जे से बरामद
राजनांदगांव। दिनांक 05.06.22 को थाना क्षेत्र के प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसकी नाबालिक नातिन को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर अपहरण कर ले गया है कि रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध धारा 363 भादवि कायम कर विवेचना में लिया गया। पुलिस अधीक्षक खैरागढ़-छुईखदान-गंडई सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पाण्डेय के निर्देशन एवम पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत खाण्डे के दिशा निर्देश में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल शर्मा के नेतृत्व में थाना गंडई द्वारा नये सिरे से अपहृत बालिका के पता तलास हेतु नये मुखबिर तैनात कर लगातार अथक प्रयास कर सूचना प्राप्त कर सूचना के आधार पर टीम तैयार कर जिला मुंगेली भेजा गया। टीम के द्वारा उत्कृष्ट पुलिसिंग का परिचय देते हुये दिनांक 28.03.2023 को अपहरणकर्ता आरोपी जलेश्वर साहू के कब्जे से अपहृता को बरामद किया गया नियमानुसार पूछताछ पर अपहृत बालिका के साथ आरोपी द्वारा शादी का प्रलोभन देकर अपहरण कर हैदराबाद ले जाकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाये जाने स्वीकार करने पर प्रकरण में धारा 366(क), 376(2)(छ) भा0द0स0 4, 6 पाक्सों एक्ट जोडा गया एवं आरोपी को ज्यूडिशियल रिमाण्ड पर जेल भेजा गया है। उक्त कार्यवही में उप निरी प्रियंका पैकरा, सउनि मयाराम नेताम, आरक्षक भूपेन्द्र कौशिक, नरेश ठाकुर, मनोज बंजारे ईश्वर मरकाम, लकेश्वर पटेल एवं म0आर0 शिखा निर्मलकर एवम सायबर सेल खैरागढ़ का सराहनीय भूमिका रहा।
राजनांदगांव
सुबह-सुबह शहर के दौरे पर निकले निगम आयुक्त, गंज चौक और इंदिरा नगर में नाला सफाई का देखा काम
राजनांदगांव। मानसून की आमद से पहले शहर को जलभराव (वॉटर लॉगिंग) की मुसीबत से बचाने के लिए नगर निगम ने ताकत झोंक दी है। पहले चरण की सफाई के बाद अब दूसरे चरण का काम भी युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। बुधवार सुबह नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने खुद मोर्चा संभाला और ग्राउंड जीरो पर उतरकर इंदिरा नगर, गंज चौक, गोल बाजार और तुलसीपुर में नाला सफाई व निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। आयुक्त ने कड़े लहजे में कहा कि केवल खानापूर्ति के लिए सफाई न करें, नालों की तलहटी (निचले स्तर) से कचरा निकाला जाए ताकि बारिश में पानी बस्तियों में न भरे।
दौरे के दौरान आयुक्त सबसे पहले इंदिरा नगर और गंज चौक पहुंचे। यहां चल रहे नाला सफाई कार्य की धीमी गति और तरीके को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों के ऊपर लगी लोहे की जालियां हटाई जाएं, ताकि अंदर जमा सिल्ट और कचरे को पूरी तरह बाहर निकाला जा सके। उन्होंने कहा कि सफाई का पैमाना ऐसा होना चाहिए जिससे भारी बारिश के दौरान भी पानी का बहाव न रुके।
इसके बाद आयुक्त का काफिला गोल बाजार पहुंचा। बाजार क्षेत्र की नालियों की स्थिति देख उन्होंने स्वच्छता अमले को यहां रोजाना सफाई करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने स्वच्छता निरीक्षकों से कहा कि वे सब्जी पसरा लगाने वाले दुकानदारों को बुलाकर साफ तौर पर समझाएं कि नाली में कचरा और सड़ी-गली सब्जियां न फेंकें। अगर नाली ब्लॉक हुई तो पहली ही बारिश में पूरा बाजार जलमग्न हो जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने बाजार में बने ‘आकांक्षी शौचालय’ को भी जल्द से जल्द आम जनता के लिए शुरू करने की डेडलाइन तय की।
तुलसीपुर क्षेत्र में चल रहे नई नाली के निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए आयुक्त विश्वकर्मा ने काम की रफ्तार बढ़ाने और इसे समय-सीमा में पूरा करने को कहा। उन्होंने इंजीनियरिंग विभाग को तकनीकी हिदायत देते हुए कहा कि नाली निर्माण में ढलान (स्लोप) का विशेष ध्यान रखा जाए। अगर ढलान सही नहीं होगा, तो पानी की निकासी नहीं होगी और निर्माण का कोई फायदा नहीं मिलेगा।
आयुक्त ने स्वच्छता निरीक्षकों को आदेश दिए हैं कि शहर के उन सभी निचले इलाकों की सूची तैयार करें जहां हर साल पानी भरता है। उन जगहों पर बारिश से पहले ही ड्रेनेज क्लियर रखने की जिम्मेदारी वार्ड प्रभारियों की होगी।
राजनांदगांव
बारिश से पहले निगम की तैयारी तेज, नालों की सफाई से लेकर सड़क सुधार तक अभियान जारी
राजनांदगांव। मानसून की दस्तक के साथ ही नगर पालिक निगम राजनांदगांव ने शहर में सफाई, जल निकासी, सड़क मरम्मत और सौंदर्यीकरण कार्यों को तेज कर दिया है। बारिश पूर्व तैयारियों के तहत शहर के छोटे-बड़े नालों और नालियों की सफाई जेसीबी मशीनों एवं सफाई गैंग के माध्यम से कराई जा रही है।
नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने विभिन्न क्षेत्रों से मिली शिकायतों और सुझावों पर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। निगम प्रशासन का फोकस बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को रोकने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर है।
नालों की सफाई, जलभराव वाले क्षेत्रों पर नजर
निगम स्वास्थ्य अमले द्वारा शहर के वार्डों के साथ फ्लाईओवर के नीचे नियमित सफाई अभियान चलाया जा रहा है। आंधी-तूफान से जमा सूखे पत्तों और कचरे को हटाया गया है। बारिश पूर्व अभियान के तहत नालों और नालियों की प्रथम चरण की सफाई पूरी होने के बाद दूसरे चरण का काम जारी है।
कलेक्टोरेट परिसर, डॉक्टर कॉलोनी, बलदेव बाग सहित जलभराव वाले क्षेत्रों में नालियों की सफाई की जा रही है। वहीं नालियों पर हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी प्रस्तावित है, ताकि बारिश के पानी की निकासी सुचारू हो सके।
सड़कों की मरम्मत और पेचवर्क की तैयारी
शहर की पुरानी सड़कों के सुधार के लिए भी निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। स्टेशनपारा से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क सहित कई मार्गों के डामरीकरण का प्रस्ताव है। डामर उपलब्ध नहीं होने से कुछ कार्य प्रभावित हुए हैं, जिसके लिए संबंधित ठेकेदारों को जल्द काम शुरू करने नोटिस जारी किए गए हैं।
मोहारा-सिंगदई मार्ग, कलेक्टोरेट गार्डन के पास सर्विस रोड, गौरव पथ सहित अन्य मार्गों की स्थिति सुधारने के लिए संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं। वार्डों में सीसी रोड और नाली निर्माण के प्रस्ताव भी शासन को भेजे गए हैं।
पौधों की सुरक्षा और शहर का सौंदर्यीकरण
गर्मी से बचाने के लिए डिवाइडरों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे पौधों की नियमित सिंचाई टैंकरों से की जा रही है। झुके हुए पौधों को व्यवस्थित करने के साथ बड़े वृक्षों की छंटाई भी कराई जा रही है।
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और डिवाइडरों के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू किए जाएंगे। रानी सागर और बूढ़ा सागर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए बजट में प्रावधान किया गया है। वहीं लक्ष्मण झूला की मरम्मत प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
मोहारा जल संयंत्र की विद्युत व्यवस्था सुधरी
आंधी-बारिश के कारण 33/11 केवी सब स्टेशन में आई तकनीकी खराबी से मोहारा जल संयंत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। निगम और विद्युत अमले ने समय पर सुधार कर आपूर्ति बहाल कर दी है। बिजली मिलने के बाद टंकियों को भरकर नियमित जलापूर्ति शुरू कर दी गई है।
मोहारा सर्विस रोड की बंद स्ट्रीट लाइटों को भी शॉर्ट सर्किट के बाद दुरुस्त कर दिया गया है।
आवारा कुत्तों पर चलेगा विशेष अभियान
सन सिटी क्षेत्र की घटना के बाद नगर निगम ने आवारा और आक्रामक कुत्तों के नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई है। सूचना मिलने पर ऐसे कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई
निगम क्षेत्र में खाली प्लॉट और निर्माणाधीन क्षेत्रों में कचरा फेंकने वालों को समझाइश दी जा रही है। भू-स्वामियों को भी साफ-सफाई बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने कहा गया है।
अवैध विज्ञापन लगाने वालों को नोटिस जारी कर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की गई है। सार्वजनिक स्थानों पर लगे डस्टबिन को नुकसान पहुंचाने वालों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।
शिकायतों के निराकरण पर भी जोर
नगर निगम में प्राप्त शिकायतों के निराकरण के लिए जांच समितियां गठित की जा रही हैं। आम रास्ता बंद होने की शिकायत पर आयुक्त ने स्वयं मौके का निरीक्षण कर भूमि अभिलेखों की जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
निगम द्वारा निर्मित व्यावसायिक परिसरों की दुकानों का नियमानुसार नीलामी और आबंटन किया गया है। लंबे समय से बंद दुकानों को नोटिस जारी किए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर आबंटन निरस्त कर पुन: नीलामी की जाएगी।
नागरिकों से सहयोग की अपील
नगर निगम ने शहरवासियों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने, नालियों में कचरा नहीं डालने, सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा करने और पौधों के संरक्षण में सहयोग की अपील की है। साथ ही विसर्जन कुंड निर्माण संबंधी सुझावों पर भी सकारात्मक पहल करने की बात कही गई है।
अपराध
बाइक पर अवैध शराब बेचते अधेड़ गिरफ्तार, गैंदाटोला पुलिस की कार्रवाई, महाराष्ट्र निर्मित देसी मदिरा जब्त
राजनांदगांव। नशे के कारोबार के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गैंदाटोला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम आलीवारा के पास घेराबंदी कर एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर अवैध रूप से शराब बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से महाराष्ट्र निर्मित देसी शराब और परिवहन में प्रयुक्त बाइक जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फगढुटोला मोड़ के पास की नाकेबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी श्रीमती मंजू लता बाज के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध शराब, गांजा और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 23 जून को गैंदाटोला पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ग्राम आलीवारा के पास फगढुटोला जाने वाले मोड़ पर एक व्यक्ति बाइक पर शराब रखकर अवैध रूप से बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर नाकेबंदी की और रेड की कार्रवाई की।
आलीवारा का रहने वाला है आरोपी, कुल ₹17,500 का मशरूका जब्त
पुलिस ने मौके से मोटरसाइकिल पर शराब बेच रहे व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम तोखराम साहू (55 वर्ष), पिता पुहुपदास साहू, निवासी वार्ड नंबर 01, ग्राम आलीवारा (थाना गैंदाटोला) बताया।
जब पुलिस ने उसके पास रखे सामान की तलाशी ली, तो उसके पास से बिना किसी वैध दस्तावेज के बेची जा रही महाराष्ट्र निर्मित ‘देशी दारू प्रीमियम डीलक्स सुपर संतरा’ के 20 नग सीलबंद पौवे (प्रत्येक 90 एमएल, कुल मात्रा 1.8 बल्क लीटर) बरामद हुए। इसकी कुल कीमत 900 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से शराब बिक्री की नगद रकम 1,600 रुपये और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हीरो एचएफ मोटरसाइकिल (क्रमांक CG08R7118, कीमत करीब 15,000 रुपये) को भी जब्त किया है।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
थाना गैंदाटोला पुलिस ने आरोपी तोखराम साहू के कब्जे से कुल 17,500 रुपये मूल्य का मशरूका जब्त कर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत विधिवत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। स्थानीय स्तर पर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एशियन गेम्स में आब्सर्वर बनाये गये।*
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के रॉ टेलेंटेड बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।*
-
राजनांदगांव3 years agoविषयवार हो शिक्षकों की भर्ती, हाईकोर्ट में याचिका दायर, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने दर्ज की याचिका
-
राजनांदगांव4 years agoछत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी संघ भी हुआ शामिल
-
छत्तीसगढ़3 years agoसरकारी स्कूलों को बंद करने की साजिश, राज्यपाल करें हस्ताक्षेप : क्रिष्टोफर पॉल
-
राजनांदगांव3 years agoहेडमास्टर बनाने में हद पार, पैसे दो और मनचाहे स्कूल में जाओ
-
राजनांदगांव2 months agoघुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
-
राजनांदगांव4 years ago
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव। धारा 144 लागू किसी प्रकार के आयोजन, रैली, सामाजिक तथा अन्य आयोजन प्रतिन्धित
