राजनांदगांव
तहसील कार्यालय पहुंचे कलेक्टर, ग्रामीणों से सीधे संवाद कर सुनी समस्याएं
राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने गुरुवार को डोंगरगांव तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर राजस्व प्रकरणों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम बाकल निवासी तोरण खूंटे वर्ष 2000 से 2024 तक की बी-1 नकल प्राप्त करने के लिए आवेदन लेकर पहुंचे थे। कलेक्टर ने मामले में संज्ञान लेते हुए निर्धारित अवधि में दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम आलीखुंटा के बुजुर्ग बल्दु राम सीमांकन नहीं होने की समस्या लेकर पहुंचे थे। कलेक्टर के निर्देश पर उनका आवेदन तत्काल दर्ज कर सीमांकन की प्रक्रिया शुरू कराई गई।
ग्राम पैरी निवासी छन्नू लाल साहू जन्म प्रमाण पत्र संबंधी समस्या लेकर तहसील कार्यालय पहुंचे थे। कलेक्टर ने उनके प्रकरण के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करते हुए कार्यप्रणाली की समीक्षा की और कहा कि अपील अवधि पूर्ण हो चुके राजस्व प्रकरणों के अभिलेख नियमानुसार रिकॉर्ड रूम में जमा कर सुरक्षित रखे जाएं।
कलेक्टर ने पूर्व में निराकृत राजस्व मामलों के आदेशों का भी अवलोकन किया तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए पेशी तिथियां कम अंतराल में निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चालक अनिल कुमार के वेतन भुगतान संबंधी प्रकरण को स्वयं ई-कोष पोर्टल पर प्रोसेस कर त्वरित कार्य निष्पादन का उदाहरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने कार्यालय के प्रत्येक कक्ष और शाखा के बाहर स्पष्ट सूचना एवं साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि आम नागरिकों को संबंधित कार्यों की जानकारी आसानी से मिल सके। कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
राजनांदगांव
जनदर्शन की शिकायत पर एक्शन : पटेवा में शासकीय जमीन से हटाया अतिक्रमण, किसान के खेत तक पहुंच का रास्ता खुला
राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर घुमका तहसील के ग्राम पटेवा में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। जनदर्शन में शिकायत मिलने के बाद राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जिससे आवेदक के खेत तक आवागमन का मार्ग सुगम हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम पटेवा निवासी ऐमन कुमार ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर बताया था कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे के कारण उनके खेत तक पहुंचने और कृषि कार्य करने में परेशानी हो रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद एसडीएम गौतम कुमार पाटिल के नेतृत्व में तहसीलदार मुकेश ठाकुर, राजस्व निरीक्षक, हल्का पटवारी और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। टीम ने अतिक्रमणकर्ता जगदीश साहू द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने कहा कि जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा और शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
राजनांदगांव
बोरतलाव हादसे की जांच तेज : अधिकारियों ने घटनास्थल का किया संयुक्त निरीक्षण, उत्खनन क्षेत्र का कराया सीमांकन
राजनांदगांव। ग्राम बोरतलाव में तीन बच्चों की डूबने से हुई मौत के मामले में प्रशासनिक जांच तेज कर दी गई है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की।
निरीक्षण दल में अपर कलेक्टर सीएल मार्कण्डेय, डिप्टी कलेक्टर श्रीकांत कोराम, एसडीएम विश्वास कुमार, डिप्टी कलेक्टर एवं तहसीलदार अमीय श्रीवास्तव, थाना प्रभारी अवनीश श्रीवास, खनिज निरीक्षक भरत बंजारे तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीनिवास मिश्रा शामिल रहे। अधिकारियों ने ग्राम पंचायत के सरपंच, मृतक बच्चों के परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में घटनास्थल का जायजा लिया।
जलभराव, सुरक्षा व्यवस्था और उत्खनन की जांच
अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान उत्खनन स्थल, जलभराव की स्थिति, सुरक्षा इंतजाम और अन्य परिस्थितियों का बारीकी से परीक्षण किया। साथ ही ठेकेदार द्वारा किए गए उत्खनन क्षेत्र का सीमांकन कर आवश्यक तथ्य और साक्ष्य एकत्र किए गए।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने बताया कि संबंधित विभागों से आवश्यक प्रतिवेदन और अभिलेख मंगाए जा रहे हैं। सभी तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर विस्तृत जांच प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के निष्कर्षों के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
राजनांदगांव
फसल परिवर्तन योजना से बदली गांतापार के किसान की तकदीर : पानी की किल्लत के बीच राकेश ने अपनाई अरहर की खेती
राजनांदगांव। पानी की कमी से जूझ रहे किसानों के लिए राज्य सरकार की ‘फसल परिवर्तन योजना’ वरदान साबित हो रही है। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम गांतापार के किसान राकेश कुमार यादव ने इस योजना का लाभ उठाते हुए पारंपरिक धान की खेती छोड़ अरहर (रहर) की खेती अपनाई है। कम पानी में बेहतर फसल की उम्मीद और शासन से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि ने उनकी राह आसान कर दी है।
किसान राकेश यादव के पास कुल 5 एकड़ कृषि भूमि है। उन्होंने बताया कि उनकी अधिकांश जमीन असिंचित होने के कारण धान की खेती में पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता था, जिससे हर साल अच्छी उपज नहीं मिलती थी। इस समस्या से निजात पाने के लिए उन्होंने इस वर्ष 3 एकड़ भूमि में अरहर और केवल 2 एकड़ में धान की फसल लगाई है।
15 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि से मिला प्रोत्साहन
किसान राकेश यादव ने बताया कि शासन द्वारा फसल परिवर्तन (क्रॉप डायवर्सिफिकेशन) अपनाने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर 15,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। इस आर्थिक मदद से किसानों को नई और वैकल्पिक फसलें अपनाने की प्रेरणा मिल रही है।
उन्होंने कहा, “पानी की कमी को देखते हुए धान के बजाय अरहर की खेती करना बेहद उपयुक्त है। यह योजना हम जैसे असिंचित क्षेत्र के किसानों के लिए एक बहुत अच्छी और दूरगामी पहल है।”
दूसरे किसानों से भी की वैकल्पिक खेती की अपील
कम लागत और कम पानी में बेहतर आय की उम्मीद जताते हुए राकेश कुमार यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने अन्य किसानों से भी अपील की है कि वे अपनी भूमि की स्थिति और पानी की उपलब्धता के अनुसार धान के मोह से बाहर निकलकर अरहर जैसी वैकल्पिक फसलों की खेती करें और शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एशियन गेम्स में आब्सर्वर बनाये गये।*
-
छत्तीसगढ़3 years ago*अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाॅल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के रॉ टेलेंटेड बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।*
-
राजनांदगांव3 years agoविषयवार हो शिक्षकों की भर्ती, हाईकोर्ट में याचिका दायर, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने दर्ज की याचिका
-
राजनांदगांव4 years agoछत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी संघ भी हुआ शामिल
-
छत्तीसगढ़3 years agoसरकारी स्कूलों को बंद करने की साजिश, राज्यपाल करें हस्ताक्षेप : क्रिष्टोफर पॉल
-
राजनांदगांव3 years agoहेडमास्टर बनाने में हद पार, पैसे दो और मनचाहे स्कूल में जाओ
-
राजनांदगांव2 months agoघुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
-
राजनांदगांव5 years ago
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव। धारा 144 लागू किसी प्रकार के आयोजन, रैली, सामाजिक तथा अन्य आयोजन प्रतिन्धित
