Connect with us

राजनांदगांव

पेंशनर्स एसोसिएशन की आमसभा में विभिन्न मांगों पर आंदोलन का निर्णय

Published

on

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन की द्वितीय वार्षिक आमसभा जांजगीर जिले के खोखरा स्थित मनका दाई मंदिर के पास आर्या मैरिज गार्डन में आयोजित की गई। आमसभा में पेंशनरों की लंबित मांगों को लेकर शासन को ज्ञापन भेजने तथा जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन-आंदोलन करने का निर्णय लिया गया।
आमसभा के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक व्यास कश्यप थे, जबकि अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष पीआर यादव ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना, पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि व्यास कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि जांजगीर में सियान सदन (पेंशनर भवन) निर्माण कराने का प्रयास किया जाएगा तथा पेंशनरों की समस्याओं और मांगों को लेकर विधानसभा से लेकर सड़क तक संघर्ष में साथ दिया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष पीआर यादव ने कहा कि संगठन के गठन के एक वर्ष के भीतर ही 1100 से अधिक संरक्षक और आजीवन सदस्य जुड़ चुके हैं। उन्होंने अगले वर्ष तक सदस्य संख्या दोगुनी करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पेंशनर्स एसोसिएशन ने वर्ष 2025 में विभिन्न मांगों को लेकर फेडरेशन एवं प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के साथ मिलकर दो बार प्रदर्शन किया था। साथ ही ज्ञापन, सभा-सम्मेलन और पेंशनर दिवस जैसे आयोजनों के माध्यम से शासन का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित किया गया।
आमसभा के द्वितीय सत्र में कार्यकारिणी समिति द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर चर्चा हुई। अध्यक्ष एवं महामंत्री ने संगठन की उपलब्धियों और गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसे ध्वनिमत से पारित किया गया। वहीं कोषाध्यक्ष द्वारा वर्ष 2025-26 का ऑडिटेड आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसे सदस्यों ने स्वीकृति दी।
सदस्यों ने संगठन के विस्तार एवं पदाधिकारियों की आवश्यकताओं को देखते हुए नियमावली में संशोधन का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए वार्षिक आमसभा मई के स्थान पर अप्रैल माह में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। स्वास्थ्यगत कारणों से इस्तीफा देने वाले एक पदाधिकारी के स्थान पर नए पदाधिकारी की नियुक्ति भी की गई।
आमसभा में पेंशनरों की विभिन्न मांगों को लेकर प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें लंबित 2 प्रतिशत महंगाई राहत भत्ता केंद्र सरकार के पेंशनरों के समान देय तिथि से प्रदान करना, कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करना, 70 वर्ष की आयु पर 20 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन देना, तीर्थ यात्रा योजना में पेंशनरों को शामिल करना तथा सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी स्वत्वों का भुगतान सुनिश्चित करना प्रमुख हैं। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट एवं हाई कोर्ट के निर्णयों के अनुरूप लंबित एरियर्स भुगतान की मांग भी उठाई गई।
संगठनात्मक स्तर पर सभी जिलों में इकाइयों के विस्तार और अधिकाधिक पेंशनरों को सदस्य बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही वर्ष में एक बार संगठन के सदस्यों के लिए पर्यटन स्थलों के भ्रमण कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
आमसभा को प्रदेश अध्यक्ष पीआर यादव, महामंत्री बिंदेश्वर राम रौतिया, उमेश मुदलियार, ललित पांडेय, जीएस यादव, एमपी आड़े, सीएल दूबे, डीएल डहरिया, सुरेश द्विवेदी, विमला चंद्र कुंडू सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों ने संबोधित किया। विशेष आमंत्रित अतिथियों में प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन शर्मा, महामंत्री हिमाचल साहू एवं जांजगीर-चांपा अध्यक्ष व्हीएस परिहार शामिल रहे।
कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी जांजगीर-चांपा इकाई के अध्यक्ष एमपीण राठौर, सचिव जीएस उपाध्याय एवं उनकी टीम ने संभाली। प्रदेश से आए पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भीषण गर्मी और बिजली बाधित होने जैसी परिस्थितियों के बावजूद बेहतर व्यवस्था एवं आतिथ्य के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। विशेष रूप से लखनलाल थवाईत को आमसभा की व्यवस्थाओं के लिए धन्यवाद दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन जीएस उपाध्याय ने किया तथा आभार प्रदर्शन एमपी राठौर ने किया। रायपुर और बिलासपुर से सदस्य एसी ट्रैवलर बसों से पहुंचे, जबकि अन्य जिलों से बड़ी संख्या में सदस्य निजी वाहनों से शामिल हुए। आमसभा के बाद सभी ने मनका दाई मंदिर पहुंचकर आशीर्वाद लिया।
उक्त जानकारी पेंशनर्स एसोसिएशन के संरक्षक आनंद कुमार श्रीवास्तव ने दी।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राजनांदगांव

सुशासन तिहार : गोपालपुर शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 15 पंचायतों के ग्रामीणों ने दिए 1092 आवेदन

Published

on

राजनांदगांव। ‘सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत गोपालपुर में एक वृहद जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, जनपद पंचायत राजनांदगांव के अध्यक्ष संजय सिन्हा और कलेक्टर जितेंद्र यादव विशेष रूप से उपस्थित थे। इस दौरान कलेक्टर ने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को बेहद संजीदगी से सुना तथा मौके पर मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर उनके गुणवत्तापूर्ण निराकरण के कड़े निर्देश दिए।

मांगों के आवेदनों की रही भरमार, मौके पर हुआ निपटारा
गोपालपुर में आयोजित इस महाशिविर में क्षेत्र की कुल 15 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। इनमें मुख्य रूप से भर्रीटोला आंको, बूचाटोला, गोपालपुर, केशोटोला, खोभा, लाममेटा, पाटेकोहरा, पेंड्रीडीह, रानीतलाब, सड़कचिरचारी एवं तेलिनबांधा के ग्रामीण शामिल हुए।

शिविर में जिला प्रशासन को कुल 1092 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मांगों की संख्या सबसे अधिक रही:

मांग संबंधी आवेदन: 1079

शिकायत संबंधी आवेदन: 13

अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए शिविर में प्राप्त आवेदनों में से उन मामलों का तत्काल (ऑन द स्पॉट) निराकरण किया, जो मौके पर सुलझाए जा सकते थे। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को ट्रांसफर कर जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

योजनाओं से महके हितग्राही, मिला योजनाओं का सीधा लाभ
शिविर के माध्यम से शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को सीधे लाभान्वित किया गया।

इन सामग्रियों का हुआ वितरण:

पीएम आवास: प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के स्वीकृत हितग्राहियों को ‘अभिनंदन पत्र’ सौंपे गए।

राशन व पेंशन: जरूरतमंदों को नवीन राशन कार्ड और पात्र बुजुर्गों व महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की स्वीकृति प्रदान की गई।

समूहों को संबल: महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए बैंक ऋण के चेक वितरित किए गए।

अन्य प्रोत्साहन: ग्रामीणों को स्वच्छता सामग्री किट और स्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही, महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर पारंपरिक रूप से गर्भवती महिलाओं का गोद भराई संस्कार संपन्न कराया गया और माताओं को कुपोषण निवारण किट प्रदान की गई। शिविर में पंचायत, राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य समेत सभी प्रमुख विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी।

जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अमला रहा मुस्तैद
इस वृहद शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बिरम मण्डावी, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत प्रशांत ठाकुर, जनपद सदस्य भेष भाई साहू, श्रीमती सुनीता कंवर, श्रीमती भान बाई मण्डावी, श्रीमती उत्तरा निषाद, उभेराम राम मण्डावी, श्रीमती राधिका चंद्रवंशी, एमडी ठाकुर, चन्द्रिका प्रसाद डड़सेना, रविंद्र वैष्णव, कांता साहू उपस्थित थे।

प्रशासनिक टीम से एडीएम सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, एसडीएम श्रीकांत कोराम, तहसीलदार श्रीमती आकांक्षा साहू, जनपद सीईओ होरी लाल साहू सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और वनांचल क्षेत्र के ग्रामीण जन उपस्थित थे।

Continue Reading

राजनांदगांव

पल्स पोलियो अभियान : राजनांदगांव जिले में 90 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, कलेक्टर ने ली बैठक

Published

on

राजनांदगांव। जिले में आगामी 28 जून से 30 जून 2026 तक तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सफल और शत-प्रतिशत संचालन को लेकर आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर जितेंद्र यादव की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंद्ध विभागों के अधिकारियों को जिले में अभियान को पूरी गंभीरता और मुस्तैदी से संचालित करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा पल्स पोलियो अभियान को लेकर अब तक की गई तैयारियों और रूट चार्ट की विस्तृत समीक्षा की।

360 बूथों पर तैनात रहेंगी 720 टीमें, 77 सुपरवाइजर करेंगे मॉनिटरिंग
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. नेतराम नवरतन ने बैठक में तैयारियों का ब्यौरा देते हुए बताया कि इस वर्ष पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले में शून्य से 5 वर्ष तक के कुल 90,036 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

इस वृहद लक्ष्य को हासिल करने के लिए जिले भर में व्यापक तैयारियां की गई हैं:

कुल बूथ: जिले में कुल 360 पोलियो बूथ बनाए गए हैं।

टीमें: बूथों पर बच्चों को दवा पिलाने के लिए 720 टीमों का गठन किया गया है।

निरीक्षण व्यवस्था: पूरे कार्यक्रम की बारीकी से मॉनिटरिंग करने के लिए 77 सुपरवाइजर तैनात रहेंगे। इसके साथ ही विकासखंड स्तर पर भी जिला स्तरीय मॉनिटरिंग टीम विशेष नजर रखेगी।

छूटे बच्चों के लिए दो दिन चलेगा ‘घर-घर दस्तक’ अभियान
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल तुलावी ने बताया कि अभियान के पहले दिन यानी 28 जून 2026 को निर्धारित सभी बूथों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। जो बच्चे किसी कारणवश पहले दिन बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए 29 और 30 जून को स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर ‘द दस्तक’ अभियान के तहत पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।

ईंट भट्ठों और रेलवे स्टेशनों पर भी रहेगी नजर
स्वास्थ्य विभाग द्वारा मैदानी अमले को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है। आम नागरिकों के अलावा संवेदनशील क्षेत्रों जैसे ईंट भट्ठा, मदरसा, छात्रावास, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर आने-जाने वाले बच्चों के लिए ‘ट्रांजिट टीमें’ मुस्तैद रहेंगी, ताकि कोई भी बच्चा दवा पीने से वंचित न रहे।

बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम डोंगरगढ़ एम भार्गव, एसडीएम राजनांदगांव गौतम पाटिल, एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोराम सहित स्वास्थ्य विभाग और जिला स्तर के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Continue Reading

राजनांदगांव

कृषक उन्नति योजना अंतर्गत किसानों को फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए करें प्रोत्साहित : कलेक्टर

Published

on

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि शासन ने खरीफ 2026 से कृषक उन्नति योजना अंतर्गत फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने का निर्णय लिया है। उन्होंने किसानों को धान के बदले दलहन, तिलहन एवं अन्य फसल लेने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने कहा। इस योजना अंतर्गत किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रूपए की आदान सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने सभी ग्रामों में कृषि चौपाल का आयोजन कर अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम आशा योजना सहित अन्य योजनाओं के तहत दलहन तिलहन, कोदो, कुटकी सहित अन्य फसलों को बढ़ावा देने के लिए कहा। कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय की मरम्मत एवं अधोसंरचना की मजबूती के लिए विधानसभा अध्यक्ष द्वारा की गई घोषणा को प्राथमिकता देते हुए पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने महतारी वंदन योजना अंतर्गत ई-केवायसी की स्थिति एवं प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना के तहत लाभान्वितों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऐसे हितग्राही जो इन योजनाओं के तहत लाभान्वित हो रहे है, उन्हें श्रम विभाग में पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में कुपोषण को ध्यान में रखते हुए बच्चों को पौष्टिक आहार देने की दिशा में विशेष तौर पर कार्य करें। आंगनबाड़ी मरम्मत कार्य के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने एलिम्को के सहयोग से दिव्यांगजनों के लिए आयोजित कार्यक्रम हेतु समाज कल्याण विभाग की टीम की प्रशंसा की। कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा, पीजीएन, पीजी पोर्टल एवं जनदर्शन के लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की।
कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन के लिए जनसामान्य को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करें। शासन की यह योजना बिजली बिल शून्य करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस योजना के लिए कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने भूमि अर्जन एवं मुआवजा के प्रकरणों, सुशासन तिहार, सीएम हेल्पलाईन सहित शासन की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। कार्यपालन अभियंता लोक सेवा यांत्रिकी विभाग को जल जीवन मिशन के कार्य पूर्ण होने पर संबंधितों को भुगतान की कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास अंतर्गत छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्रम एवं छात्रावासों में बेहतर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार अंतर्गत लंबित प्रकरणों का निराकरण सभी विभाग शीघ्रता से करें। उन्होंने सीएम हेल्पलाईन के संबंध में सभी को अच्छी तरह से प्रशिक्षण लेने के लिए कहा। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम डोंगरढ़ श्री एम भार्गव, एसडीएम राजनांदगांव श्री गौतम पाटिल, एसडीएम डोंगरगांव श्री श्रीकांत कोराम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Continue Reading

Trending